सलमान रुश्दी के हमलावर पर हत्या की कोशिश और हमले का आरोप दर्ज

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक सलमान रुश्दी के हमलावर पर हत्या की कोशिश और हमले का आरोप दर्ज किया गया है. रुश्दी पर हमला करने वाले हादी मतर को रिमांड पर भेज दिया गया है.
हमले के बाद रुश्दी को पेनसिल्वेनिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर है. उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है. एक साहित्यिक मंच पर भाषण देने के जाने के वक्त हादी मतर नाम के युवक पर चाकू से उनकी गर्दन और शरीर पर कई जगह हमले किए थे.
पांच दशकों से साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय रुश्दी अपने काम की वजह से धमकियां और जान से मारने की चेतावनियां झेलते रहे थे. 75 वर्षीय सलमान रुश्दी की कई किताबें बेहद लोकप्रिय हुई हैं.
इनमें उनकी दूसरी किताब 'मिडनाइट चिल्ड्रन' भी शामिल है जिसे साल 1981 का बुकर सम्मान मिला था. लेकिन उनका सबसे विवादित काम 1988 में आया उनका चौथा उपन्यास 'सैटेनिक वर्सेज़' रहा.
इस उपन्यास को लेकर दुनिया भर में अभूतपूर्व हंगामा हुआ था. उन्हें जान से मारने का फतवा जारी किया गया था.

















