You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जामनगर के होटल एलेंटो में लगी भीषण आग, कई लोग फंसे

हादसे में हताहत लोगों की संख्या के बारे में सूचना का अभी इंतज़ार है. शुरुआती जांच में पता चला है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and चंदन शर्मा

  1. आरजेडी के विधायक हैं ज़्यादा, फिर भी नीतीश के डिप्टी क्यों बने तेजस्वी?

    बिहार में सत्ता के लिए गठबंधन बनते-बिगड़ते रहे हैं. बीजेपी का साथ छोड़ अब फिर से राजद के साथ आए नीतीश कुमार बीते दो दशकों से इन सत्ता गठबंधनों के केंद्र में रहे हैं.

    बुधवार को नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल के सहयोग से आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. विधानसभा में अधिक संख्याबल होने के बावजूद राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव दूसरी बार उनके डिप्टी बने हैं.

    राष्ट्रीय जनता दल बिहार में 2005 के बाद से सत्ता से बाहर थी. साल 2015 में नीतीश के साथ गठबंधन में राजद फिर से सत्ता में आई लेकिन नीतीश ने 2017 में राजद पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पाला बदला और बीजेपी के साथ सरकार बना ली.

    2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश ने बीजेपी गठबंधन के साथ और तेजस्वी की राजद ने कांग्रेस और वामपंथी दलों के साथ मिलकर लड़े. इस बार फिर नीतीश के गठबंधन की जीत हुई और बहुत कम अंतर से तेजस्वी सत्ता से दूर हो गए.

  2. दिल्ली में पब्लिक प्लेस पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य हुआ

    दिल्ली सरकार ने सभी सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

    हालांकि इस आदेश में कुछ छूट भी दी गई है.

    अधिसूचना के इस प्रावधान के तहत निजी चार पहिया वाहनों में एक साथ यात्रा करने वाले व्यक्तियों पर जुर्माना लागू नहीं होगा.

  3. जिन्ना और गांधी: भारत-पाक ख़ूनी बंटवारे के बावजूद एक-दूसरे के लिए 'नरम दिल' रखने वाले नेता

    ब्रिटेन से आज़ादी मिलने के बाद उपमहाद्वीप को दो देशों पाकिस्तान और भारत में विभाजित हुए अभी कुछ ही महीने हुए थे. दोनों देश ख़ूनी पलायन से आहत थे, लेकिन किसी भी देश के नेताओं के लहज़े में कड़वाहट नहीं थी.

    उस समय पाकिस्तान की राजधानी कराची थी. यहीं समुद्र तट पर चलते हुए पाकिस्तान के संस्थापक और गवर्नर-जनरल मुहम्मद अली जिन्ना ने अमेरिकी राजदूत पॉल आलिंग से कहा था कि वह चाहते हैं कि पाकिस्तान और भारत के संबंध 'अमेरिका और कनाडा की तरह' हों.

    यह संकेत लगभग 9 हज़ार किलोमीटर की सीमा साझा करने वाले इन देशों के बीच माल और लोगों की आवाजाही में सहयोग करने की तरफ़ था, ताकि दोनों देशों में ख़ुशहाली रहे.

    दक्षिण एशिया के विशेषज्ञ डेनिस कुक्स ने अमेरिकी विदेश विभाग में 20 साल काम किया और चार साल पाकिस्तान में बिताए.

  4. संयुक्त राष्ट्र ने बताया- भारत में कितने लोगों के पास है क्रिप्टोकरेंसी

    संयुक्त राष्ट्र के अनुसार भारत की सात प्रतिशत से अधिक आबादी के पास डिजिटल करेंसी है.

    संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास निकाय (यूएनसीटीएडी) के मुताबिक़, साल 2021 में लोगों के पास क्रिप्टोकरेंसी के मामले में 20 देशों की सूची में 15 विकासशील देश शामिल थे.

    यूएनसीटीएडी का कहना है कि कोविड महामारी के दौरान दुनियाभर में क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल अभूतपूर्व दर से बढ़ा है.

    इस सूची में यूक्रेन नंबर एक पर रहा है, जहां 12.7 प्रतिशत लोगों के पास क्रिप्टोकरेंसी थी. यूक्रेन के बाद रूस (11.9 प्रतिशत), वेनेजुएला (10.3 प्रतिशत), सिंगापुर (9.4 प्रतिशत), केन्या (8.5 प्रतिशत) और अमेरिका (8.3 प्रतिशत) का स्थान है.

    अगर भारत की बात करें तो 2021 में 7.3 प्रतिशत आबादी के पास डिजिटल करेंसी थी, और भारत इस लिस्ट में सातवें नंबर पर है.

    फरवरी 2021 में क्रिप्टोकरेंसी की कीमतें अपने ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गई थी, लेकिन उसके बाद से इसमें करीब 90 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है.

  5. 'काले जादू' वाले पीएम मोदी के तंज़ पर राहुल गांधी का जवाब

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और उन पर 'काला-जादू' फैलाने का आरोप लगाया.

    अपने संबोधन में पीएम ने कहा, "निराशा और हताशा में डूबे कुछ लोग सरकार पर लगातार झूठा आरोप मढ़ने में जुटे हैं. लेकिन ऐसे लोगों पर से जनता का विश्वास पूरी तरह से उठ चुका है. यही वजह है कि अब वे काला जादू फैलाने पर उतर आए हैं."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काले जादू वाले इस भाषण को कांग्रेस के पांच अगस्त को महंगाई के ख़िलाफ़ प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है.

    दरअसल, पांच अगस्त को कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहनकर महंगाई के मुद्दे पर सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.

  6. 'नीतीश उपराष्ट्रपति बनना चाहते थे', सुशील मोदी के इस दावे पर नीतीश ने दिया जवाब

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी के उस दावे को बोगस बताया है जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार देश के उपराष्ट्रपति बनना चाहते थे और भारतीय जनता पार्टी से अलग होने का फ़ैसला, उनकी इस चाहत से जुड़ा हो सकता है.

    गुरुवार को पटना में पत्रकारों ने नीतीश कुमार से इस बाबत पूछा कि बीजेपी ने इस सरकार की समय सीमा छह से आठ महीने तय कर दी है. बीजेपी का दावा है कि ये सरकार इससे ज़्यादा नहीं चलेगी. इस पर उनका क्या कहना है?

    इस पर नीतीश कुमार ने जवाब दिया, "जिसे जो मन में आता है, वो कहता रहे. कौन-कौन लोग बोलता है. एक आदमी को देखे नहीं कि क्या बोल दिए मेरे बारे में कि हम उपराष्ट्रपति बनना चाहते थे. क्या मजाक है?"

    बुधवार को सुशील कुमार मोदी ने ये दावा किया था कि, "नीतीश कुमार देश के उपराष्ट्रपति बनना चाहते थे. जदयू के कई नेताओं ने बीजेपी के मंत्रियों से इस बारे में पूछा भी था कि क्या ये मुमकिन है?"

    नीतीश कुमार ने आगे कहा, "ये एकदम बोगस बात है. राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति बनने की हमारी कोई इच्छा नहीं थी. ये लोग भूल गए क्या कि राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनों के चुनाव में हमारी पार्टी ने कितना सपोर्ट किया था. जिस दिन ये सब ख़त्म हो गया, उसके बाद हम लोगों ने पार्टी की मीटिंग की. इसलिए वे बोल रहे हैं, उन्हें तो उनकी पार्टी ने कुछ बनाया नहीं. आजकल वे बोल रहे हैं, जो लोग बोल रहे हैं, वो अच्छा है, वो मेरे ख़िलाफ़ इतना बोलें कि उन्हें जगह मिल जाए."

  7. जेडीयू-आरजेडी के साथ आने से क्या बिहार में बदल जाएंगे जाति समीकरण

    बिहार में नीतीश कुमार ने एनडीए से पल्ला झाड़ते हुए एक बार फिर लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल से हाथ मिला लिया है. राज्य में एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव.

    अख़बारइकोनॉमिक टाइम्सने बिहार की बदली सियासत का विश्लेषण करते हुए एक रिपोर्ट प्रकाशित की है जिसमें कहा गया है कि बिहार में एनडीए गठबंधन से जेडीयू के अलग हो जाने के बाद बीजेपी के लिए 'नए महागठबंधन' के पक्ष में ओबीसी वोटों के एकीकरण को रोकना मुश्किल हो सकता है. आज के प्रेस रिव्यू में सबसे पहले ये ख़बर.

    इकोनॉमिक टाइम्सकी ख़बर के अनुसार, साल 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने 17 सीटों पर जीत हासिल की थीं. बिहार की अति पिछड़ी जातियों के मतदाताओं के बीच बीजेपी को समर्थन प्राप्त है. इसकी एक बड़ी वजह नीतीश कुमार थे.

    नीतीश कुमार की जेडीयू जब तक बीजेपी के साथ रही, बीजेपी के लिए इन सबसे पिछड़ी जाति के वोटरों को अपनी ओर खींच पाना काफी आसान रहा है. दरअसल, जेडीयू को सबसे पिछड़ी जातियों के वोटरों और महिलाओं वोटरों को जुटाने में सफल पार्टी के तौर पर जाना जाता है.

  8. किम जोंग उन को हुआ था कोरोना के समय बुख़ार, बहन ने बताया

    उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के मुताबिक देश के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में जीत की घोषणा कर दी है. उन्होंने मई में लगाए गए प्रतिबंधों को उठाने का आदेश दिया है.

    देश के सरकारी मीडिया के मुताबिक उत्तर कोरिया में कोरोना वायरस से 74 मौत हुई है. किम जोंग उन ने दूसरे देशों के तुलना में इतनी कम मौतों को अभूतपूर्व चमत्कार बताया है.

    उत्तर कोरिया की स्थिति पर करीब से नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स का कहना है कि देश के आधिकारिक आँकड़ों से सच बाहर आने की संभावना नहीं है.

    उत्तर कोरिया ने कोई टीकाकरण कार्यक्रम शुरू नहीं किया है, इसके बजाय कोरोना से लड़ने के लिए लॉकडाउन और घरेलू उपचार का सहारा ले रहा है.

    किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने कहा कि उनके भाई ने कोरोना वायरस के लक्षण महसूस किए थे. उन्हें बुखार हुआ था जिससे लगता है कि उन्हें कोरोना हुआ था.

    किम यो जोंग ने देश में कोरोना वायरस के लिए दक्षिण कोरिया को जिम्मेदार बताया है, हालांकि दक्षिण कोरिया ने इन आरोपों का खंडन किया है.

  9. नैन्सी पेलोसी ने कहा- ताइवान यात्रा पर कोई पछतावा नहीं; चीन पर भी बोलीं

    अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने कहा कि अमेरिका चीन को इस बात की इजाज़त नहीं देता कि वो ताइवान पर दबाव बढ़ाए और उसे न्यू नॉर्मल यानी एक नई सहज बात की तरह ले.

    नैन्सी पेलोसी ने हाल ही में ताइवान की यात्रा की थी जिसके विरोध में चीन ने ताइवान के पास सैन्य अभ्यास किया. नैन्सी पेलोसी के ये बयान चीन के सैन्य अभ्यास के खत्म होने के बाद आया है.

    नैन्सी पेलोसी ने कहा कि वो ताइवान इसलिए गई थीं ताकि वे वहां के लोकतंत्र का समर्थन कर सकें और ये दिखा सकें कि ताइवान अकेला नहीं है.

    ताइवान यात्रा में नैन्सी पेलोसी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्रेगरी मीक्स ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि उन्हें इस यात्रा का कोई पछतावा नहीं है और ये दिखाना जरूरी था कि अमेरिका अपने दोस्तों के साथ खड़ा है.

    हालांकि चीन स्वशासित ताइवान को एक अलग प्रांत के तौर पर देखता है. चीन यह भी कहता है कि ज़रूरत पड़ी तो वह बल का इस्तेमाल कर ताइवान को अपने में मिला लेगा.

    नैन्सी पेलोसी को अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के रेस में दूसरे नंबर पर माना जाता है.

    1997 में अपने पूर्ववर्ती न्यूट गिंगरिच के ताइवान दौरे के बाद नैंसी पेलोसी अमेरिका की सबसे वरिष्ठ नेता हैं, जिन्होंने इस द्वीप का दौरा किया.

  10. जम्मू-कश्मीर: सेना कैंप के पास चरमपंथियों का हमला, 3 जवानों और 2 चरमपंथियों की मौत

      • Author, मोहित कंधारी
      • पदनाम, मोहित कंधारी, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए

    जम्मू कश्मीर के राजौरी ज़िले के दरहाल इलाके में आज सुबह भारतीय सेना के एक कैंप के पास सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ हुई.

    सेना के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में तीन भारतीय जवान मारे गए हैं, वहीं दो चरमपंथियों की भी मौत हुई है.

    वहीं जम्मू के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने एक लिखित बयान जारी कर हमले में दो चरमपंथियों के मारे जाने की पुष्टि की है.

    मुकेश सिंह ने अपने बयान में बताया कि सेना का कैंप दरहाल पुलिस स्टेशन से लगभग 6 किलोमीटर दूर है.

    मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल रवाना किये गए हैं और इलाके में अभी तलाशी अभियान जारी है.

  11. तेजस्वी यादव ने अपने समर्थकों से कहा- ये जश्न का वक़्त नहीं

    बिहार के उप मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद तेजस्वी यादव ने अपने सभी समर्थकों से जश्न मनाने की बजाय काम पर लग जाने की अपील की है.

    उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "धन्यवाद बिहार, ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि हर बिहारवासी की उम्मीदों पर खरा उतर सकूं. सभी समर्थकों से आग्रह है जश्न मनाने की बजाय काम पर लग जाएं. गरीब-गुरबा को गले लगाएं व ईमानदारी से उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें. आइये हम सब मिलकर बिहार को और अधिक बेहतर बनाएं."

    मंगलवार को नीतीश कुमार ने बीजेपी का साथ छोड़कर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद जेडीयू ने आरजेडी के साथ मिलकर सरकार बनाने का ऐलान किया था.

    बुधवार दोपहर नीतीश कुमार ने आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. सरकार बनाने में जेडीयू को सात पार्टियों ने अपना समर्थन दिया, जिसमें सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी है.

    बिहार का उप मुख्यमंत्री बनने के बाद तेजस्वी यादव ने चार और ट्वीट किए हैं, जिसमें वे बधाई संदेशों का शुक्रिया देते हुए नजर आ रहे हैं.

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को शुक्रिया कहते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा कि हम सब मिलकर इस विभाजनकारी और निरंकुश सरकार से लड़ेंगे.

    वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तेजस्वी यादव को बधाई देते हुए कहा कि बिहार में हुआ परिवर्तन 2024 का संकेत है और देश परिवर्तन के लिए तैयार है.

    इसके जवाब में तेजस्वी यादव ने लिखा कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है, होता रहता है और हो कर रहेगा.

  12. सुशील मोदी बिहार में सक्रिय होते तो क्या बच सकता था नीतीश से गठबंधन?

    बिहार में सुशील मोदी बीजेपी का एक परिचित चेहरा रहे हैं. वो नीतीश कुमार के साथ बतौर उपमुख्यमंत्री एनडीए सरकार का भी हिस्सा रहे. फिर उन्हें दिल्ली बुला लिया गया.

    इस सप्ताह बिहार में पूरी सियासी गहमागहमी के बीच बहुतों ने सुशील कुमार मोदी की अनुपस्थिति को महसूस किया.

  13. जगदीप धनखड़ आज लेंगे उपराष्ट्रपति पद की शपथ

    जगदीप धनखड़ आज दोपहर 12.30 बजे देश के 14वें उपराष्ट्रपति की शपथ लेंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नवनिवार्चित उपराष्ट्रपति को पद की शपथ दिलवाएंगी.

    2019 से पश्चिम बंगाल के गवर्नर रहने जगदीप धनखड़ ने इस महीने उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार के दौर विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराया था.

    राजस्थान ज़िले के झुंझुनू ज़िले के किठाना गाँव में 18 मई, 1951 को पैदा होने वाले जगदीप धनखड़ की शुरुआती पढ़ाई (कक्षा एक से पाँच तक) गाँव के ही सरकारी स्कूल में हुई. उसके बाद, उन्होंने स्कॉलरशिप हासिल करके चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल में दाख़िला लिया.

    धनखड़ ने जयपुर के प्रतिष्ठित महाराजा कॉलेज से बीएससी (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की है. उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से ही क़ानून (एलएलबी) की पढ़ाई भी की है.

    धनखड़ का राजनीतिक करियर वर्ष 1989 से शुरू हुआ. उस साल वे बीजेपी के समर्थन से जनता दल की टिकट पर झुंझुनू से लोकसभा चुनाव लड़े और जीत कर पहली बार संसद पहुंचे. वे केंद्र में मंत्री भी रहे हैं.

    केंद्र सरकार ने 20 जुलाई 2019 को धनखड़ को पश्चिम बंगाल का गवर्नर नियुक्त किया था. राज्यपाल के तौर पर बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के साथ उनके टकराव ने खूब सुर्खियां बटोरी.

  14. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 10 अगस्त के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.