You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ममता सरकार की दिक्कतें बढ़ीं, ईडी को अर्पिता मुखर्जी के दूसरे घर से भी भारी कैश मिला

प्रवर्तन निदेशालय ने अर्पिता मुखर्जी के दूसरे घर छापा मारा है जहां से उन्हें भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल, चंदन शर्मा and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. यासीन मलिक अस्पताल में भर्ती, तिहाड़ जेल में कर रहे थे भूख हड़ताल

    कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वे दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद थे और वहाँ भूख हड़ताल पर थे. समाचार एजेंसी एएनआई ने जेल अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी है.

    एएनआई के मुताबिक़ ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस साल मई में यासीन मलिक को एनआईए की एक अदालत ने टेरर फ़ंडिंग के मामलों में दोषी क़रार देते हुए उम्र कैद की सज़ा सुनाई थी.

    यासीन मलिक को दो अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सज़ा मिली है. इसके अलावा दस मामलों में 10-10 साल की सज़ा सुनाई गई है. सभी सज़ाएं साथ में चल रही हैं. इसके अलावा यासीन मलिक पर 10 लाख का जुर्माना लगाया गया था.

    एक दिन पहले ही यासीन मलिक के समर्थन में पाकिस्तान के पूर्व प्रधनमंत्री इमरान ख़ान ने भी ट्वीट किया था. इमरान ख़ान ने मंगलवार को ट्वीट करके भारत की मोदी सरकार को फ़ासीवादी करार दिया है और सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने यासीन मलिक को प्रताड़ित किया और उन्हें भूख हड़ताल पर जाने को मजबूर किया है.

    उन्होंने लिखा, ‘‘मैं तिहाड़ जेल में बंद कश्मीरी नेता यासीन मलिक को प्रताड़ित करने और भूख हड़ताल पर जाने को मजबूर करने के फासीवादी मोदी सरकार के प्रयास की कड़ी निंदा करता हूं. वहां उनकी जान को बहुत ख़तरा है. मैं संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार हाई कमिश्नर, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से अनुरोध करता हूं कि वे भारत के खि़लाफ़ कार्रवाई करें और यासीन मलिक की जान बचाएं.’’

    यासीन मलिक पर देश के विरुद्ध युद्ध छेड़ने, आपराधिक साज़िश रचने और ग़ैरक़ानूनी गतिविधियों में शामिल होने जैसे संगीन आरोप थे. उन्होंने अदालत में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को स्वीकार कर लिया था. यासीन मलिक पर UAPA की धारा 16, धारा 17, धारा 18 और धारा 20 के तहत दोषी पाया था. इन धाराओं में आतंकवादी गतिविधि, आतंकवादी गतिविधि के लिए धन जुटाना, आतंकवादी कृत्य की साज़िश रचना और आतंकवादी समूह की या संगठन का सदस्य होने जैसे अपराध शामिल होना.

    यासीन मलिक प्रतिबंधित जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ़्रंट (JKLF) के अध्यक्ष तो थे ही साथ ही इसके संस्थापकों में से भी एक थे.

    इस संगठन ने 1989 और उसके कुछ सालों बाद तक मूल रूप से कश्मीर घाटी में सशस्त्र उग्रवाद का नेतृत्व किया था. यासीन मलिक जम्मू और कश्मीर को भारत और पाकिस्तान दोनों से आज़ादी दिलाने की वकालत करते हैं.

    बाद में उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया और बातचीत का रास्ता अपनाया, लेकिन वो कश्मीर की भारत और पाकिस्तान दोनों से आज़ादी की वकालत करते रहे. 1966 में श्रीनगर में जन्मे मलिक अभी तिहाड़ जेल में क़ैद हैं.

    वो कई बार जेल जा चुके हैं. पहली बार उन्हें जब जेल भेजा गया था तो उनकी उम्र केवल 17 साल थी. उनका दावा है कि उन्होंने 1980 में भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा हिंसा को देखने के बाद हथियार उठाए थे.

  2. सोनिया गांधी के मामले में विरोध प्रदर्शनों पर जेपी नड्डा ने कहा- ये सत्याग्रह नहीं, असत्य के लिए आग्रह

    सोनिया गांधी से ईडी की चल रही पूछताछ के विरोध में कांग्रेस पार्टी देश भर में विरोध प्रदर्शन कर रही है.

    कांग्रेस के इस प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने निशाना साधा है.

    जेपी नड्डा ने कहा है, ‘‘कांग्रेस का विरोध ‘सत्याग्रह’ नहीं है, ये असत्य के लिए आग्रह है. और सच बात तो ये है कि सत्य को ग्रहण लगाने की कोशिश है. ये जो मसला कांग्रेस पार्टी वाले उठा रहे हैं, वह न तो देश के लिए आवश्यक है और न ही पार्टी के लिए. ये एक परिवार को बचाने का घिनौना प्रयास है.’’

    उन्होंने आरोप लगाया है, ‘‘करोड़ों करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है. उस घोटाले के बारे में एजेंसी को जवाब देना, ये उनकी आवश्यकता है, लेकिन यह परिवार अपने आप को देश और क़ानून से ऊपर समझता है. यदि कोई हिमाक़त करे, ये इन्हें नागवार लगता है.’’

    मनी लाॅन्ड्रिंग क़ानून पर बुधवार को आए सुप्रीम कोर्ट के फै़सले का ज़िक करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अभी अभी सुप्रीम कोर्ट का फै़सला आया है जिसमें पीएमएलए और ईडी के क्षेत्राधिकार को बरकरार रखा गया है.''

    ''क़ानून अपना काम कर रहा है और क़ानून के सामने अपनी बात को रखना किसी व्यक्ति का अधिकार भी है और आवश्यक भी.’’

    उन्होंने आगे कहा, ‘‘क़ानून से ऊपर समझने की कांग्रेस पार्टी की सोच चलने वाली नहीं है. देश नियमों से चलता है और नियम सबके लिए बराबर हैं. नियम और क़ानून का जवाब देना सबकी ज़िम्मेदारी है. मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी और इस परिवार को नियम के अनुसार चलना चाहिए.’’

    कांग्रेस के आरोप

    इससे पहले बुधवार की सुबह कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेताओं अशोक गहलोत, ग़ुलाम नबी आज़ाद, आनंद शर्मा और जयराम रमेश ने राजधानी दिल्ली में एक साझा प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.

    उन्होंने सरकार पर ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में इन दिनों ईडी ने आतंक मचा रखा है.

  3. असदुद्दीन ओवैसी कांवड़ियों का स्वागत करने को लेकर क्यों हैं नाराज़

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन आवैसी ने देश में ख़ासकर उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक जगहों पर सरकार द्वारा कांवड़ियों का स्वागत करने को लेकर सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- यदि इन पर फूल बरसा रहे हैं, तो कम से कम हमारे घर तो मत तोड़िए.

    उन्होंने आगे कहा, ‘‘पुलिस ने पंखुड़ियों की बौछार कीं, कांवड़ियों का झंडों से इस्तक़बाल (स्वागत) किया, उनके पैरों पर लोशन लगाया और उनके साथ इंतेहाई शफ़क़त (बहुत स्नेह) से पेश आए.''

    ''दिल्ली पुलिस ने लोहारों को हटाने की बात की, ताकि कांवड़िया नाराज़ न हो जाएं, उत्तर प्रदेश हुकूमत ने यात्रा के रास्तों पर गोश्त पर पाबंदी लगा दी.''

    असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘‘यह 'रेवड़ी कल्चर' नहीं है? मुसलमान, खुली जगह पर चंद मिनट के लिए के नमाज़ भी अदा करे तो “बवाल” हो जाता है.''

    ''मुसलमानों को सिर्फ मुसलमान होने की वजह से पुलिस की गोलियों, हिरासती तशद्दुद (मारपीट), NSA, UAPA, लिंचिंग, बुलडोज़र और तोड़-फोड़ का सामना करना पड़ रहा है.''

    ओवैसी के अनुसार, ''कांवड़ियों के जज़्बात इतने मुतज़लज़ल (अस्थिर) हैं कि वे किसी मुसलमान पुलिस अहलकार (कर्मी) का नाम भी बर्दाश्त नहीं कर सकते. यह भेदभाव क्यों?''

    ''यकसानियत (एकरूपता) नहीं होनी चाहिए? एक से नफ़रत और दूसरों से मोहब्बत क्यों? एक मज़हब के लिए ट्रैफिक डाइवर्ट और दूसरे के लिए बुलडोज़र क्यों?''

  4. संजय सिंह भी इस हफ़्ते के लिए राज्यसभा से निलंबित, अब तक 24 सांसदों पर हुई है कार्रवाई

    संसद के मॉनसून सत्र में विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी है. इन सबके बीच अभी तक राज्यसभा के 20 सांसदों को निलंबित किया जा चुका है. इनमें सबसे ताज़ा नाम है आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह.

    राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश ने संजय सिंह को निलंबित किए जाने की घोषणा की. उन्होंने बताया कि उन्हें इस सप्ताह के बाक़ी सत्र से निलंबित किया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने नारेबाज़ी की और पेपर फाड़ कर सभापति के आसन की ओर फेंका.

    राज्यसभा के 20 सांसदों के अलावा लोकसभा के चार सांसदों को भी सदन से निलंबित किया जा चुका है. इन सांसदों को नारेबाज़ी और हंगामा करने के कारण निलंबित किया गया है. विपक्ष का आरोप है कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोज़गारी और अन्य अहम मुद्दों पर सवालों के जवाब नहीं देना चाहती.

    कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर लिखा है कि निलंबन उनकी आवाज़ नहीं दबा सकता. कई सांसद संसद परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं.

    टीएमसी का कहना है कि उनके सांसदों को निलंबित करने की बजाए, सरकार को महंगाई जैसे अहम मुद्दों पर बहस करनी चाहिए.

  5. राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी पर किया तंज़ और कहा- राजा को लोकतंत्र के मंदिर में सवालों से लगता है डर

    कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने महंगाई और बेरोज़गारी को लेकर एक बार फिर नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने ट्वीट कर सांसदों को निलंबित करने और उनकी गिरफ़्तारी को लेकर भी सवाल उठाए हैं.

    राहुल गांधी ने सिलेंडर, दही, अनाज और सरसो तेल की क़ीमतों पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने नरेंद्र मोदी को राजा कहकर तंज़ भी किया है. राहुल गांधी ने लिखा है- राजा को लोकतंत्र के मंदिर में सवाल से डर लगता है, पर तानाशाहों से लड़ना हमें बख़ूबी आता है.

    इस समय संसद का मॉनसून सत्र चल रहा है. इस दौरान लोकसभा के चार और राज्यसभा के 19 सांसदों को निलंबित किया गया है. उन्हें सदन के वेल में आकर हंगामा करने और नारेबाज़ी करने के मामले में निलंबित किया गया है.

  6. रेल भर्ती घोटोले में लालू प्रसाद यादव के क़रीबी भोला यादव गिरफ़्तार

    रेल भर्ती घोटाले की जाँच कर रही सीबीआई ने पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के क़रीबी रहे राजद नेता भोला यादव को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह मामला रेलवे में ‘ज़मीन के बदले नौकरी’ देने का है.

    अभी तक मिली जानकारी के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने कहा है कि बिहार में पटना और दरभंगा के चार ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

    भोला यादव 2004 से 2009 के बीच तब के रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के ओएसडी रहे थे. वो लालू प्रसाद यादव के परिवार से सालों से जुड़े रहे हैं.

    राबड़ी देवी जब बिहार की जब सीएम थीं, तब वो उनके निजी सचिव हुआ करते थे. वो एमएलसी और एमएलए भी रह चुके हैं.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारों पर लगाई मुहर

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तरह गिरफ़्तारी करने के प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारों को सही ठहराया है. जस्टिस एएम खानविल्कर की अगुआई वाली तीन सदस्यी बेंच ने कहा है कि गिरफ़्तारी की प्रक्रिया मनमानी नहीं है.

    इस खंडपीठ में जस्टिस दिनेश माहेश्वरी और जस्टिस सीटी रवि कुमार भी शामिल थे. सुप्रीम कोर्ट ने अपने फ़ैसले में कहा है कि अपराधी की आय, तलाशी और उसे जब्त करने, गिरफ़्तारी की शक्ति, संपत्ति कुर्क करना और ज़मानत की शर्तों के संबंध में मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की कड़ी प्रक्रिया सही है.

    सुप्रीम कोर्ट ने अपने फ़ैसले में ये भी स्पष्ट किया है कि ये ईडी के अधिकारियों के लिए अनिवार्य नहीं है कि वे मनी लॉन्ड्रिंग केस में किसी अभियुक्त को हिरासत में लिए जाने के समय गिरफ़्तारी की वजह बताएँ.

    कई याचिकाकर्ताओं ने ईडी के अधिकारों को चुनौती दी थी. इन याचिकाकर्ताओं में अन्य लोगों के अल्वा पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती शामिल थीं.

  8. 'देश में ईडी ने आतंक मचा रखा है'- सोनिया गांधी की पेशी पर कांग्रेस नेताओं का एजेंसी पर हमला

    नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से लगातार दूसरे दिन हो रही पूछताछ पर नई दिल्ली में कांग्रेस के सीनियर नेताओं अशोक गहलोत, ग़ुलाम नबी आज़ाद, आनंद शर्मा और जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर विपक्ष को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा है.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया है कि देश के अंदर ईडी का तमाशा हो रहा है.

    उन्होंने कहा, ‘‘पहले राहुल गांधी जी को बुलाया गया और आज तीसरे दिन सोनिया जी को बुलाया है. देश के अंदर ईडी का आतंक है और ये जो आतंक मचा रखा है इसका फैसला जल्दी होना चाहिए.’’

    अशोक गहलोत के अनुसार, ‘‘इनका अलग ही तरीका है तफ्तीश करने का, अरेस्ट करने का भी और बयान लेने का भी. इनको एक तरह से सीबीआई से अधिक ताक़त मिली हुई है.

    उन्होंने ईडी के बहाने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ईडी का उपयोग सरकारें गिराने के लिए किया जा रहा है. लेकिन ईडी सरकारें गिराने का काम कर सकती है, लेकिन मंत्रिमंडल बनाने का काम नहीं कर सकती.’’

    गहलोत ने सरकार पर वाजिब मुद्दों से बचने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘लोकतंत्र आज किस दिशा में जा रहा है आप सोच सकते हैं. आज महंगाई और बेरोज़गारी की जो स्थिति है देश के अंदर, उसे लेकर पूरा देश चिंतित है. लेकिन इन मुद्दों पर संसद के अंदर बहस करने नहीं दिया जाता. लेकिन महंगाई और बेरोज़गारी शुरू से ही हमारा मुद्दा है.’’

    अशोक गहलोत ने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जयपुर में महंगाई के खि़लाफ़ हमने बड़ा सम्मेलन किया, लेकिन मीडिया ने कितना दिखाया. मीडिया दबाव में है. मीडिया के मालिक बहुत घबराए हुए हैं. कब ईडी पहुंच जाए, कब इनकम टैक्स पहुंच जाए, यह स्थिति है देश के अंदर.’’

    उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अभी जो आतंक की स्थिति बनी हुई है, वो देशहित में नहीं है. मैं यही कहना चाहता हूं कि सुप्रीम कोर्ट को आगे आकर जल्द फै़सला करना चाहिए.’’

    कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने भी केंद्र सरकार के रुख़ की कड़ी आलोचना करते हुए दावा किया कि इससे विपक्ष नहीं डरने वाला.

  9. प. बंगालः ईडी करेगा आज ममता बनर्जी के विधायक से पूछताछ

    पश्चिम बंगाल में कथित शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी आज तृणमूल कांग्रेस विधायक माणिक भट्टाचार्य से पूछताछ करेगा.

    भट्टाचार्य पश्चिम बंगाल सेकंडरी शिक्षा विभाग के अध्यक्ष रह चुके हैं.

    ईडी ने 22 जुलाई को भर्ती घोटाले में कथित रूप से शामिल जिन लोगों के यहां तलाशी अभियान चलाया था जिनमें भट्टाचार्य का नाम भी शामिल था.

    23 जुलाई को ईडी ने पश्चिम बंगाल के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को गिरफ्तार किया था. कथित घोटाले के समय पार्थ चटर्जी शिक्षा मंत्री थे.

    शनिवार सुबह पार्थ की क़रीबी रहीं अर्पिता मुखर्जी के आवास से ईडी ने 21 करोड़ से ज़्यादा की नक़दी, लाखों के गहने और विदेशी मुद्रा बरामद की थी.

  10. छत्तीसगढ़ ने केंद्र से कहा हसदेव में आवंटित कोयला खदानों को रद्द करें, विधानसभा में संकल्प पारित

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ विधानसभा ने एक 'अशासकीय संकल्प' पारित करके हसदेव अरण्य में आवंटित सभी कोयला खदानों को रद्द करने की मांग केंद्र सरकार से की है.

    विधानसभा में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के विधायक धर्मजीत सिंह ने यह संकल्प पेश किया था.

    अनुमान लगाया जा रहा है कि अब छत्तीसगढ़ सरकार अपनी तरफ से जारी तमाम स्वीकृतियों को रद्द करने की प्रक्रिया शुरु कर सकती है.

    कोयला खदानों की अंतिम स्वीकृति राज्य सरकार ही जारी करती है.

    अशासकीय संकल्प पारित होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमने जन भावना के अनुरूप भारत सरकार से अनुरोध किया है कि वह हसदेव में आवंटित कोयला खदानों को रद्द करे.

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- "सारे जो आवंटन हैं, भारत सरकार के द्वारा किए जाते हैं. विभिन्न राज्यों को देने का काम भारत सरकार का है."

    साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने 450 वर्ग किलोमीटर का हाथी रिजर्व भी अधिसूचित नहीं किया था. हमारी सरकार ने आते ही 1900 वर्ग किलोमीटर से अधिक इलाके में लेमरू हाथी रिजर्व को अधिसूचित करने का काम किया.

    गौरतलब है कि 1 लाख 70 हजार हेक्टेयर में फैले हसदेव अरण्य में कोयला खदानों का पिछले एक दशक से विरोध चल रहा है. स्थानीय आदिवासी जैव विविधता, फर्जी ग्राम सभा और संबंधित क़ानूनों का हवाला देकर खदानों के आवंटन को रद्द करने की मांग करते रहे हैं.

    पिछले ही साल सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने अपने शोध के बाद हसदेव अरण्य में एक भी कोयला खदान खुलने पर गंभीर संकट की चेतावनी दी थी.

    लेकिन इन सबके बाद भी छत्तीसगढ़ सरकार ने नई कोयला खदानों को इस साल अंतिम स्वीकृति जारी की थी. हसदेव अरण्य में राजस्थान राज्य को आवंटित तीन कोयला खदानों को, राजस्थान सरकार ने एमडीओ आधार पर अडानी समूह को दिया है.

  11. नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में ना खेलने को लेकर क्या कहा

    इंग्लैंड के बर्मिंघम में इस साल 28 जुलाई से 8 अगस्त तक होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के उम्मीदों को गेम्स शुरू होने से दो दिन पहले झटका लगा है. टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा वहाँ हिस्सा नहीं ले पाएँगे.

    खेल अधिकारियों ने पहले ही ये जानकारी दी थी. अब ख़ुद नीरज चोपड़ा ने भी इसकी पुष्टि कर दी है.

    उन्होंने ट्वीट कर बताया है कि उन्हें वर्ल्ड चैंपियनशिप में चौथे थ्रो के दौरान आए स्ट्रेन कि वजह से कुछ तकलीफ महसूस हो रही थी और इसकी जांच करने पर एक छोटी चोट के बारे में पता लगा है. जिसके चलते मुझे कुछ हफ्ते के आराम करने की सलाह दी गई है.

    नीरज चोपड़ा ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा फोकस रिहैबिलिटेशन पर होगा जिससे वे जल्द फील्ड पर दोबारा लौटने की कोशिश करेंगे.

    पिछले सप्ताह नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के लिए रजत पदक जीता था. ये उपलब्धि हासिल करने वाले वो पहले भारतीय एथलीट हैं.

    उन्होंने यूजीन (अमेरिका) में चल रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष जैवलिन स्पर्धा में 88.13 मीटर के थ्रो से रजत पदक जीता था.

    इससे पहले भारत के लिए सिर्फ़ लॉन्ग जंपर अंजू बॉबी जॉर्ज ही कांस्य पदक जीत सकी थी. उन्होंने 2003 की पेरिस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था

    कॉमनवेल्थ गेम्स क्या है?

    कॉमनवेल्थ गेम्स यानी राष्ट्रमंडल खेल एक अंतरराष्ट्रीय खेल समारोह है. जो हर 4 साल में आयोजित किए जाते हैं. कॉमनवेल्थ गेम्स को अपना नाम कॉमनवेल्थ नेशंस से मिला है.

    ब्रिटिश राज के अधीन आने वाले देशों के बीच खेलों की शुरुआत की गई थी. अब ये ओलंपिक, एशियन गेम्स के बाद तीसरा सबसे बड़ा स्पोर्ट्स इवेंट हैं.

    क्या है खास

    इस बार 72 देश इसमें हिस्सा लेंगे. 19 खेलों में 283 मेडल इवेंट इस कॉमनवेल्थ गेम्स में हैं और 4500 से ज़्यादा एथलीट इसमें शामिल होंगे

    24 साल के बड़े अंतराल के बाद क्रिकेट की एंट्री कॉमनवेल्थ गेम्स में हो रही है. ऐसा पहली बार होगा जब महिलाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता और टी20 क्रिकेट मैच का आयोजन कॉमनवेल्थ गेम्स में होने जा रहा है.

  12. सोनिया गांधी को आज ईडी ने फिर बुलाया, तीसरी बार करेगी पूछताछ

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के अनुसार, नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज फिर से ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है.

    आज तीसरे दौर की पूछताछ के लिए सोनिया गांधी ईडी दफ्तर जाएंगी.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सोनिया गांधी से मंगलवार को लगभग छह घंटों तक पूछताछ की गई. बताया गया है कि उनसे लगभग 55 सवाल पूछे गए, जो राहुल गांधी से पूछे गए सवालों से मिलते जुलते थे.

    सोनिया गांधी से हो रही पूछताछ को लेकर कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है, जो आज भी जारी रहेगा. मंगलवार को कांग्रेस के सांसदों ने दिल्ली में संसद भवन में गांधी मूर्ति के पास से विजय चौक के लिए मार्च निकाला था. मार्च में राहुल गांधी भी शामिल थे.

    इस बारे में दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर एसपी हुड्डा ने बताया कि मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान 57 सांसदों समेत कुल 259 नेताओं को हिरासत में लिया गया.

    इस दौरान दिल्ली के क्लेरिजेस होटल के पास एक मोटरसाइकिल में आग लगाने की घटना हुई.

  13. सेक्स रैकेट मामले में फंसे मेघालय बीजेपी के उपाध्यक्ष यूपी में गिरफ्तार

    मेघालय बीजेपी के उपाध्यक्ष बर्नार्ड एन मराक को राज्य में अपने फार्म हाउस पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उनकी गिरफ्तारी मंगलवार को हुई है. वेस्ट गारो हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेकानंद सिंह ने समाचार एजेंसी को बताया, “बर्नार्ड एन मराक उर्फ रिंपू को उत्तर प्रदेश के हापुड़ से गिरफ्तार किया गया है. उन्हें तुरा लाने के लिए टीम भेजी जा रही है.”

    विवेकानंद सिंह ने बताया कि मेघालय में अधिकारियों ने उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कारी किया था जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है.

    विवेकानंद सिंह ने समाचार एजेंसी यूएनआई को बताया कि बर्नार्ड को हापुड़ में कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा जिसके बाद उन्हें तुरा लाया जाएगा.

    इस समय बर्नार्ड एन मराक मेघालय प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष हैं और गारो हिल्स स्वायत्तशासी जिला परिषद के सदस्य भी हैं.

    शनिवार को पुलिस ने पूर्व में चरमपंथी नेता रहे बर्नार्ड एन मराक के वेस्ट गारो हिल्स जिले के तुरा में बने फार्म हाउस पर छापेमारी की थी. पुलिस के मुताबिक फार्म हाउस पर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था, जहां से पुलिस ने 6 नाबालिगों को छुड़ाया गया और 73 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.

    वेस्ट गारो हिल्स पुलिस के मुताबिक 22 जून को शाम 6 बजे फार्महाउस पर रेड की गई थी जो अगली सुबह 5 बजे तक चली.

    पुलिस ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि तीन मंजिला बिल्डिंग में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था. इस बिल्डिंग में दो फ्लोर बेसमेंट में थे, जिसमें करीब 30 छोटे कमरे थे. पुलिस जब वहां पहुंची तो कई लड़के और लड़कियां खुले में शराब पी रहे थे. कुछ लोग गाड़ियों के अंदर बिना कपड़ों के बैठे हुए थे.

    पुलिस ने फार्म हाउस से 36 वाहन, 47 मोबाइल फोन, 1 लाख 68 हजार 268 एमएल शराब, 500 कंडोम और दूसरा आपत्तिजनक सामान बरामद किया था.

  14. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 26 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.