You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की रेस में शामिल हुए ऋषि सुनक

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कैबिनेट में वित्त मंत्री रहे ऋषि सुनक ने घोषणा की है कि वे कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री बनने के लिए खड़े होंगे.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and चंदन शर्मा

  1. लालू यादव का स्वास्थ्य अब कैसा है, उनकी बेटी और सांसद मीसा भारती ने दी जानकारी

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की स्थिति अब बेहतर है.

    उनकी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है.

    रविवार को लालू यादव पटना में अपने घर की सीढ़ियों से गिर गए थे. उनके दाएँ कंधे पर चोट आई थी. इसके बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    लेकिन बाद में उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया. पहले भी लालू यादव का एम्स में ही इलाज होता रहा है.

    लालू यादव को किडनी की भी समस्या है.

    मीसा भारती ने ट्वीट कर लिखा है- आप सबकी दुआओं और एम्स दिल्ली की अच्छी चिकित्सीय देख-रेख से आदरणीय श्री लालू प्रसाद जी की तबियत में काफ़ी सुधार है. अब आपके लालू जी बिस्तर से उठकर बैठ पा रहे हैं. सहारा लेकर खड़े हो पा रहे हैं. हर मुसीबत से लड़कर बाहर आने की कला लालू जी से बेहतर कौन जानता है.

    उन्होंने शुक्रवार सुबह की तस्वीरें ट्वीट करते हुए लिखा है- अपने मनोबल और आप सबकी दुआओं की बदौलत लालू जी की स्थिति अब काफ़ी बेहतर है. कृपया अफ़वाहों पर ध्यान ना दें. साथ बनाए रखें, दुआओं में.

  2. शिंज़ो आबे को गोली मारे जाने पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया दुख

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के पूर्व प्रधान मंत्री शिंज़ो आबे को गोली मारे जाने पर गहरा दुख जताया है.

    पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ''मेरे प्रिय मित्र शिंज़ो आबे पर हुए हमले से बहुत दुखी हूँ. हमारी संवेदनाएँ और दुआएँ उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं.''

    राहुल गांधी ने भी जताया दुख

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिंज़ो आबे को गोली मारे जाने की घटना पर लिखा, ''जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे पर हमले की ख़बर सुनकर स्तब्ध हूँ. उन्होंने भारत और जापान के संबंधों को प्रगाढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है. उनके ठीक होने की दुआ करते हैं. मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार के साथ है.''

    अमेरिका और इंडोनेशिया ने भी जताया दुख

    इस घटना पर अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने शुक्रवार को अपनी चिंता जताते हुए गहरा दुख जताया है.

    G-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने इंडो​नेशिया के बाली पहुँचे एंटनी ब्लिंकेन ने संवाददाताओं से कहा, "यह पल बहुत ज़्यादा दुखद है. इस घटना पर अमेरिका बहुत दुखी और चिंतित है.''

    उन्होंने कहा, "हमें उनकी दशा नहीं मालूम, लेकिन हमारी संवेदनाएँ, हमारी दुआएँ उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं."

    वहीं इंडोनेशिया की विदेश मंत्री रेटनो मार्सुदी ने भी शिंज़ो आबे के जल्द ठीक होने की कामना की है.

  3. एकनाथ शिंदे को सरकार बनाने का न्यौता दिए जाने को उद्धव ठाकरे गुट ने दी सुप्रीम कोर्ट में चुनौती

    उद्धव ठाकरे की अगुआई वाली शिवसेना ने एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र में सरकार बनाने का न्यौता दिए जाने के फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. इस मामले पर सुनवाई सोमवार 11 जुलाई को होगी. 30 जून को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एकनाथ शिंदे को सरकार बनाने का न्यौता दिया था.

    एकनाथ शिंदे ने बीजेपी की मदद से राज्य में सरकार बनाई है. इसके बाद ही महाराष्ट्र विधानसभा में स्पीकर का चुनाव हुआ, जिसमें बीजेपी के राहुल नार्वेकर जीत गए. फिर एकनाथ शिंदे की सरकार ने बहुमत भी हासिल कर लिया.

    उद्धव ठाकरे गुट के वरिष्ठ वकील देवदत्त कामत ने सुप्रीम कोर्ट के वेकेशन बेंच के सामने तुरंत सुनवाई ने लिए याचिका दाख़िल की थी. महाराष्ट्र में कई दिनों तक चली उठापटक के बाद एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बने हैं, जबकि बीजेपी के देवेंद्र फडणवीस को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है.

    एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के ज़्यादातर विधायकों ने बग़ावत कर दी थी और असम चले गए थे. जब राज्यपाल ने उद्धव ठाकरे को विश्वास मत हासिल करने को कहा, तो उनका गुट सुप्रीम कोर्ट चला गया.

    सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने पर उद्धव ठाकरे ने इस्तीफ़ा दे दिया था. सुप्रीम कोर्ट के पास एकनाथ शिंदे के गुट के कुछ विधायकों को अयोग्यता के लिए नोटिस भेजने का मामला भी है, इस पर भी सुनवाई 11 जुलाई को ही है. ये नोटिस महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष ने एकनाथ शिंदे गुट के कुछ विधायकों को भेजा था.

  4. चीन का दावा, ताइवान स्ट्रेट में उसकी सेना ने हाल में किया संयुक्त अभ्यास

    चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने शुक्रवार को बताया है कि उसने हाल में ताइवान के पास के समुद्र में युद्ध के लिए तैयार होने वाले एक संयुक्त अभ्यास को अंज़ाम दिया है.

    उसने यह भी बताया है कि उसके जहाजों और विमानों ने ताइवान के समुद्री इलाक़ों और एयरस्पेस में गश्त भी की है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि चीन की सेना की पूर्वी थिएटर कमान के प्रवक्ता कर्नल शी यी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एकाउंट पर इस बारे में जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, ''ताइवान की 'अलगाववादी ताक़तों' को हाल में अमेरिका का व्यर्थ समर्थन मिला है, जिससे केवल ताइवान स्ट्रेट के इलाक़े की शांति को नुक़सान पहुंचेगा.''

  5. मुग़ल-ए-आज़म को सिर्फ़ के आसिफ़ ही बना सकते थे

    मुग़ल-ए-आज़म के बारे में एक बार मशहूर चित्रकार मक़बूल फ़िदा हुसैन ने कहा था, "ये फ़िल्म अपने आप में आँखों की राहत का एक सामाँ है. निर्देशक के आसिफ़ ने जिस तरह तमाम कारनामे को तसव्वुर करके अंजाम दिया है वो उसी तरह है जिस तरह एक पेंटिंग बनाना. मैं समझता हूँ कि ऐसी फ़िल्म अगर फिर बनाना हो तो के आसिफ़ को ही इस दुनिया में वापस आना होगा. कोई और इस कारनामे को अंजाम नहीं दे सकता."

    मुग़ल-ए-आज़म के प्रति के आसिफ़ के जुनून के कई किस्से मशहूर हैं. एक बार जब मशहूर संगीतकार नौशाद उड़नखटोला फ़िल्म का संगीत देने में व्यस्त थे, आसिफ़ उनके घर जा पहुंचे और बोले कि तुम कहा करते थे कि बड़ी-बड़ी बातें करने के बजाए तुम कुछ बड़ा करो. वो दिन आ पहुंचा है. मैं मुग़ल-ए-आज़म बनाने जा रहा हूँ और तुम्हें इसका संगीत देना है.

    नौशाद ने उर्दू पत्रिका शमा के अगस्त, 1984 में प्रकाशित लेख 'नौशाद की कहानी नौशाद की ज़ुबानी' में लिखा, "मैंने उनसे कहा कि मुझे माफ़ करें क्योंकि मैं बहुत मसरूफ़ हूँ और मेरी तबीयत भी ठीक नहीं चल रही है. उन्होंने एक लाख रुपये की गड्डी निकाली और मेरे हारमोनियम पर रखते हुए कहा, ये एडवांस है. मैंने नाराज़ होकर उस गड़्डी को फेंक दिया. सारे नोट कमरे में बिखर गए."

    "आसिफ़ मुस्कराते रहे. इस बीच नौकर चाय की ट्रे लेकर कमरे में घुसा. जब उसने कमरे का नज़ारा देखा तो ट्रे वहीं रख कर मेरी बीबी को बताने दौड़ा कि कमरे में चारों तरफ़ नोट फैले पड़े हैं. जब मेरी बीबी ऊपर आईं तो उसने देखा कि नौकर की बताई बात सही थी."

    "आसिफ़ साहब मुस्कराते हुए चाय की चुस्कियाँ ले रहे थे. जब मेरी बीबी ने पूछा कि माजरा क्या है तो आसिफ़ ने कहा- अपने मियाँ से पूछिए. मेरी बीबी और नौकर फ़र्श पर पड़े नोट उठाने लगे. आसिफ़ ने मुझसे कहा- नौशाद साहब ज़िद मत करिए. पैसे रख लीजिए. आप ही मेरे साथ काम करेंगे. मैं भी मुस्करा दिया और बोला - अपने पैसे वापस लीजिए. हम लोग साथ काम करेंगे."

  6. उत्तराखंड: नैनीताल में नदी की तेज़ धार में कार के गिरने से नौ की मौत, एक घायल

    उत्तराखंड के नैनीताल ज़िले की ढेला नदी की तेज़ धार में एक कार के गिर जाने से पंजाब के नौ पर्यटकों की मौत हो गई है. इस दुर्घटना में घायल एक लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने कुमाऊं रेंज के डीआइजी नीलेश आनंद भारणे के हवाले से बताया है कि यह हादसा रामनगर में हुआ है. अधिकारी के अनुसार, इस हादसे में घायल लड़की को रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    ख़बरों के अनुसार, इस हादसे में मारे गए चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अभी भी पांच लोगों के शव दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे होने की आशंका है. फंसे हुए शवों को बाहर निकालने की कोशिशें चल रही है.

    मुख्यमंत्री ने जताया दुख वहीं इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है.

    उन्होंने कहा, ''भारी जल प्रवाह के बीच रामनगर की ढेला नदी में एक कार के बह जाने से कार सवारों की मृत्यु का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. अन्य कार सवारों के बचाव के लिए तेजी से राहत कार्य चलाने हेतु स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया गया है.''

  7. स्पाइस जेट को भेजे गए नोटिस में हैं सुरक्षा के अलावा और भी कई सवाल

    स्पाइस जेट की उड़ान में तकनीकी ख़ामी की ताज़ा घटना के बाद नियामक संस्था ने विमान कंपनी को जो कारण बताओ नोटिस जारी किया है उसमें एयरलाइंस द्वारा 'सुरक्षा की अनदेखी' और 'रख-रखाव की कमी' के अलावा ये बात भी सामने आती है कि कंपनी की आर्थिक स्थिति तंग है.

    नागरिक उड्डन पर निगरानी रखनेवाली संस्था डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन ने एयरलाइन कंपनी को जारी नोटिस में कहा है कि तंग आर्थिक हालात की वजह से स्पेयर पार्ट्स की कमी पड़ जाती है.

    डीजीसीए ने कंपनी को जारी कारण बताओ नोटिस में MEL की ज़िक्र भी किया है, ये वो उपकरण हैं जिनका चालू होना विमान के सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक है.

    नियामक संस्था ने पिछले साल कंपनी का जो आर्थिक लेखा-जोखा लिया था उसमें ये बात सामने आई थी कि कंपनी माल सप्लाई करने वालों को नियमित तौर पर पेमेंट नहीं कर पा रही है.

  8. स्नेक आईलैंड पर फहराता हमारा झंडा बता रहा है कि यूक्रेन को तोड़ना संभव नहीं: ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने गुरुवार की रात जारी एक वीडियो संदेश में कहा है कि ब्लैक सी के स्नेक द्वीप पर उनके देश का झंडा लहराने का मतलब है कि यूक्रेन को तोड़ना संभव नहीं है.

    इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों को चुनौती देते हुए गुरुवार को कहा था कि यदि वे रूस को हराने की मंशा रखते हैं तो युद्ध के मैदान में उनका स्वागत है.

    पुतिन ने साथ ही कहा कि लेकिन ऐसा करना यूक्रेन के लिए त्रासदी लेकर आएगा. उन्होंने यह भी कहा कि यह लड़ाई जितनी लंबी खींचेगी, समझौते की गुंजाइश उतनी कम होती जाएगी.

    रूसी संसद के नेताओं को दिए और टीवी पर प्रसारित अपने संबोधन में पुतिन ने कहा, ''हमने कई बार सुना कि पश्चिमी देश यूक्रेन के अंतिम व्यक्ति के बचने तक हमसे लड़ाई लड़ेंगे. यह यूक्रेन के लोगों के लिए त्रासदी है, लेकिन ऐसा लगता है कि हालात उसी दिशा की ओर जा रहे हैं.''

    ज़ेलेंस्की ने कहा है, ''स्नेक आइलैंड पर फिर से क़ब्ज़ा करने की दो महीने से चल रही मुहिम रूसी बलों के लिए चेतावनी है. स्नेक आईलैंड पर लहरा रहा यूक्रेन का झंडा रूस के हर जहाज या विमान के कैप्टन को दिख रहा है. यह बताता है कि हमारे देश को तोड़ा नहीं जा सकता.''

    स्नेक आइलैंड यूक्रेन और रूस दोनों के लिए रणनीतिक तौर पर अहम माना जाता है. इसके ज़रिये ब्लैक सी (काला सागर) तक पहुँचा जा सकता है जो व्यापार और हथियारों के आयात के लिए एक अहम मार्ग है. साथ ही रूस इसे अपनी नौसेना के लिए एक अहम ठिकाना बना सकता है.

  9. बोरिस जॉनसन के इस्तीफ़े पर क्या कह रहे हैं एशियाई मूल के लोग

    ब्रिटेन में बड़ी संख्या में भारतीय और पाकिस्तानी समेत दक्षिण एशियाई मूल के लोग रहते हैं.

    उनका बोरिस जॉनसन के इस्तीफ़े पर क्या कहना है.

    बीबीसी संवाददाता गगन सभरवाल ने कुछ लोगों से बात की.

  10. गिरफ़्तारी से बचाव और केस खारिज़ करने की मोहम्मद ज़ुबैर की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

    फैक्ट चेक वेबसाइट ऑल्ट न्यूज़ के सह संस्थापक और पत्रकार मोहम्मद ज़ुबैर की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को यानी आज सुनवाई होगी.

    उनकी ये याचिका गिरफ़्तारी से बचाव और उन पर दर्ज़ मुक़दमे को रद्द करने की मांग को लेकर दाख़िल की गई है. इससे पहले मोहम्मद ज़ुबैर की याचिका को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज़ कर दिया था.

    अदालत ने चार साल पहले के उनके ट्वीट को लेकर दर्ज़ मुक़दमे को रद्द करने की उनकी मांग को मानने से इनकार कर दिया था.

    इससे पहले सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को इस मामले की तुरंत सुनवाई करने पर सहमत हो गया था. अब शुक्रवार को जस्टिस इंदिरा बनर्जी और जस्टिस जेके माहेश्वरी की अवकाश पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी.

    मोहम्मद ज़ुबैर की तरफ़ से पेश हुए सीनियर एडवोकेट कोलिन गोंजाल्विस ने पीठ को बताया था कि हिरासत में उनकी जान को गंभीर ख़तरा है.

  11. पाकिस्तान: तमिल हिंदुओं ने मनाया मारीअम्मन पर्व

    आखिरकार पाकिस्तान के कराची में रहने वाले तमिल हिंदू समुदाय ने अपना सालाना मारीअम्मन त्योहार मनाया.

    पिछले ही महीने मारीअम्मन मंदिर में तोड़फोड़ हुई थी जिसके बाद इस त्योहार को तीन हफ़्तों के लिए टाल दिया गया था पर पूजा और पालकी के समय में बदलाव कर ये त्योहार मना लिया गया.

    ज़्यादा जानकारी दे रही हैं कराची से बीबीसी संवाददाता शुमाएला ख़ान.

  12. वॉशिंगटन पोस्ट अख़बार का दावा- ट्विटर ख़रीदने से एलन मस्क कर सकते हैं इनकार, शेयरों में गिरावट

    अमेरिका के मशहूर अख़बार वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर के शेयरों में गुरुवार रात चार फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.

    समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, वॉशिंगटन पोस्ट की एक ख़बर में बताया गया है कि दुनिया के सबसे अमीर शख़्स एलन मस्क द्वारा ट्विटर को 44 अरब डॉलर में ख़रीदने का प्रस्तावित सौदा खटाई में पड़ सकता है.

    असल में एलन मस्क पहले ही ट्विटर के फ़ेक एकाउंट की बहुतायत को लेकर अपनी आशंका जता चुके हैं.

    इस ख़बर के अनुसार, ट्विटर के इंटरनल डेटा तक पहुंच उपलब्ध कराने के बावजूद एलन मस्क ट्विटर के फेक एकाउंट को लेकर आश्वस्त नहीं हो पाए हैं.

    एलन मस्क ट्विटर के फ़ेक एकाउंट की असल संख्या को वास्तविक से कहीं ज़्यादा बताते हुए पहले ही इस क़रार को पूरा होने को लेकर अपना संदेह जता चुके हैं. लेकिन इस ताज़ा रिपोर्ट ने एक अज्ञात स्रोत के हवाले से बताया है कि मस्क की टीम अपनी ​'दिशा बदलने' की सोच रही है.

    इस ख़बर के सामने आने के बाद ट्विटर के शेयर और चार फ़ीसदी गिर गए हैं. ट्विटर के शेयर पहले से ही मस्क द्वारा पेश की गई क़ीमत से कम स्तर पर कारोबार कर रहे थे.

    एक विश्लेषक डैन इवेस ने निवेशकों को भेजे एक नोट में कहा है, "ट्विटर सौदे ने साफ तौर पर ट्विटर पर अराजकता पैदा कर दी है."

    इवेस को उम्मीद थी कि एलन मस्क आने वाले हफ़्तों में फ़ेक एकाउंट को लेकर अपनी चिंताओं को ज़ाहिर करेंगे. इससे पहले पिछले महीने क़तर इकोनॉमिक फोरम के दौरान एलन मस्क ने कहा था कि फ़ेक एकाउंट की असल संख्या से जुड़े 'अहम सवालों' को लेकर ट्विटर की ख़रीद का सौदा रुका हुआ है.

    हालांकि ट्विटर के अधिकारी पहले ही बता चुके हैं कि फेक एकाउंट की असल संख्या पांच फ़ीसदी से कम ही हैं. उन्होंने कहा था कि वे अभी भी इस मामले के हल होने का इंतज़ार कर रहे हैं, जो कि एक बहुत ही अहम मसला है. मस्क ट्विटर के कर्ज़ को लेकर भी सवाल उठा चुके हैं.

    डैन इवेस को संदेह है कि एलन मस्क ने ट्विटर को जिस राशि की पेशकश की है, उस पर उसे ख़रीदेंगे. कुछ विश्लेषक का अनुमान है कि अब इस सौदे के लिए पहले से तय क़ीमत की 60 प्रतिशत राशि की पेशकश हो सकती है. इनके अनुसार, एक अरब डॉलर की 'ब्रेकअप फ़ीस' देकर एलन मस्क यह समझौता तोड़ सकते हैं.

  13. यहां क़ुरान पढ़ाने का तरीका बिल्कुल अलग है

    ये बच्चे उंगलियों के इशारे से क़ुरान पढ़ रहे हैं.

    इंडोनेशिया के योग्याकार्ता का ये इस्लामिक स्कूल न सुन पाने वाले बच्चों के लिए है.

    यहां 100 से अधिक बच्चे धार्मिक शिक्षा लेने के लिए आते हैं.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे पर जानलेवा हमला

    जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे पर जानलेवा हमले की रिपोर्टें मिल रही हैं.

    जापान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार, उन पर ये हमला उस वक़्त हुआ जब वे नारा शहर में एक कार्यक्रम के दौरान भाषण दे रहे थे.

    मोके पर मौजूद एनएचके के रिपोर्टर का कहना है कि उसने गोली चलने की आवाज़ सुनी और शिंज़ो आबे को ख़ून से लथपथ देखा.

    अभी इस घटना की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है.

  15. सविता पूनिया: 'द ग्रेट वॉल' कही जाने वाली हॉकी स्टार से मिलिए

    जिसे हरियाणा रोडवेज़ की बस में गोलकीपर की बड़ी सी हॉकी किट ले जाने के लिए रोज़-रोज़ कंडक्टर के ताने मिलते थे, वही लड़की आज भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान हैं और गोलकीपर भी.

    ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सविता पूनिया को द ग्रेट वॉल भी कहा जाता है. बीबीसी संवाददाता वंदना ने हॉकी कप्तान सविता से बातचीत की.

  16. पुतिन ने क्यों कहा- 'त्रासदी' की ओर बढ़ रहा है यूक्रेन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को पश्चिमी देशों पर अपने देश के ​ख़िलाफ़ दशकों से आक्रामक व्यवहार रखने का आरोप लगाया है.

    पुतिन ने पश्चिमी देशों को चुनौती देते हुए गुरुवार को कहा कि यदि वे रूस को हराने की मंशा रखते हैं तो युद्ध के मैदान में उनका स्वागत है. पुतिन ने साथ ही कहा कि पर ऐसा करना यूक्रेन के लिए त्रासदी लेकर आएगा.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, व्लादिमीर पुतिन का ताज़ा बयान शुक्रवार को इंडोनेशिया में होने वाली जी-20 के विदेश मंत्रियों की बैठक से ठीक पहले आया है. इस बैठक में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावारोव जी-20 के अपने समकक्षों से बंद कमरे में बातचीत करने वाले हैं.

    फरवरी में यूक्रेन पर हमले के बाद पहली बार रूस के इतने बड़े कूटनीतिक ने कभी पश्चिमी देशों के कूटनी​तिकों से मुलाक़ात नहीं की है.

    रूसी संसद के नेताओं को दिए और टीवी पर प्रसारित हुए अपने संबोधन में व्लादिमीर पुतिन ने कहा, ''हमने कई बार सुना कि पश्चिमी देश यूक्रेन के अंतिम व्यक्ति के बचने तक हमसे लड़ाई लड़ेंगे. यह यूक्रेन के लोगों के लिए त्रासदी है, लेकिन ऐसा लगता है कि हालात उसी दिशा की ओर जा रहे हैं.''

    फरवरी में यूक्रेन पर हमला होने के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कठोर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं. इससे रूस को भले परेशानी हुई हो, लेकिन उसके क़दम रोक पाने में पश्चिमी देश नाकाम रहे हैं. पुतिन ने गुरुवार को कहा 'वैसा नहीं हुआ जैसा कि पश्चिमी देश चाहते थे.'

    हालांकि यूक्रेन के मुख्य मध्यस्थ मिखाइल पोदाल्याक ने व्लादिमीर पुतिन के बयानों को खारिज़ किया है. उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों की ऐसी कोई 'सामूहिक योजना' नहीं है.

    इस बीच यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में लड़ाई जारी है. वहीं प्रशासन का कहना है कि खारकीएव में हमले में तीन लोग मारे गए हैं.

  17. सैंड बैटरी के बारे में सुना है क्या कभी

    क्या आपने कभी सोचा है कि घर-दफ्तरों को गर्म रखने के लिए रेत मददगार साबित हो सकती है.

    क्या रेत आपके बिजली के बिल में कटौती कर सकती है.

    फिनलैंड में ऐसा ही किया जा रहा है. बीबीसी की ख़ास रिपोर्ट.

  18. बोरिस जॉनसन ने किया वादा, पीएम पद से हटने से पहले नहीं लेंगे कोई बड़ा फ़ैसला

    बोरिस जॉनसन ने अपने कैबिनेट से वादा किया है कि वो प्रधानमंत्री के तौर पर बचे समय का इस्तेमाल 'किसी बड़े बदलाव' के लिए नहीं करेंगे.

    जॉनसन ने टोरी पार्टी के नेता के पद से भले ही इस्तीफ़ा दे दिया है, लेकिन वो तब तक प्रधानमंत्री बने रहेंगे, जब तक कि उनकी पार्टी उनके विकल्प के तौर पर नए नेता का चुनाव नहीं कर लेती.

    उनके समर्थकों की संख्या में आई जबरदस्त कमी के चलते उनकी पार्टी के सांसदों ने उन्हें अपना पद छोड़ने को बाध्य किया.

    लेकिन कैबिनेट मंत्री के पद पर हाल में प्रमोट किए गए एक मंत्री का कहना है कि बोरिस जॉनसन 'कार्यवाहक' प्रधानमंत्री के तौर पर काम करने को तैयार हो गए हैं.

    टोरी पार्टी के नेता पद के लिए होने वाले चुनाव का आधिकारिक टाइम टेबल का एलान अगले हफ़्ते होने की उम्मीद है. हालांकि इस पद के दावेदारों ने अभी से कोशिश करना शुरू कर दिया है.

    टोरी पार्टी के नेता पद के चुनाव के लिए कोई तय समय सीमा नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि नए नेता का चुनाव सितंबर तक हो जाने की संभावना है. वैसे जो भी नया नेता होगा, वही देश का प्रधानमंत्री भी होगा.

    हालांकि अभी तक अटॉर्नी जनरल सुएला ब्रेवरमैन और सांसद टॉम टुगेंडहत ने ही अपनी उम्मीदवारी का एलान किया है, लेकिन आने वाले वक़्त में और नामों का एलान होना बाक़ी है.

    बीबीसी को पता चला है कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद और परिवहन मंत्री ग्रांट शैप्स भी अपनी उम्मीदवारी पर विचार कर रहे हैं. विदेश मंत्री लिज ट्रस, पूर्व वित्त मंत्री ऋ​षि सुनक और पूर्व विदेश मंत्री जेरेमी हंट भी इस रेस में शामिल हैं.

  19. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    07 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.