You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लखनऊ पहुंचे राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा, निशाने पर मोदी सरकार

यशवंत सिन्हा ने कहा कि भारत की सरकार कुछ ऐसा कर रही है जिससे प्रजातंत्र का नुकसान हो रहा है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. चोट के चलते नडाल विंबलडन से बाहर

    22 बार ग्रैंड स्लैम जीतने वाले मशहूर टेनिस खिलाड़ी रफ़ाल नडाल चोटिल होने की वजह से विंबलडन से बाहर हो गए हैं.

    वह शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी निक किरगियोस के साथ सिंगल्स सेमीफाइनल खेलने वाले थे.

  2. पाकिस्तान में पत्रकारों के उत्पीड़न को लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री में टकराव

    पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ आरिफ़ अल्वी ने गुरुवार को पत्रकारों और मीडियाकर्मियों के हालिया उत्पीड़न पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ़ को एक पत्र लिखकर चिंता ज़ाहिर की है.

    इस पत्र में उन्होंने कहा कि स्वतंत्र राय रखने वाले और आलोचना करने वाले पत्रकारों पर दबाव डाला जा रहा है. भय और आतंक पैदा करने के लिए पत्रकारों की गिरफ़्तारी, उनसे मारपीट और उनका उत्पीड़न किया जा रहा है. इसमें राजद्रोह के मामले भी शामिल हैं.

    राष्ट्रपति अल्वी ने कहा कि पत्रकारों के ख़िलाफ़ हिंसा की हालिया घटनाएं असहिष्णुता को दिखाती हैं, जिसका देश में लोकतंत्र के भविष्य और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर नकारात्मक असर पड़ेगा.

    उन्होंने कहा इस तरह के मामलों से पाकिस्तान की छवि दुनिया भर में ख़राब होती है. प्रेस की स्वतंत्रता सूचकांक 2022 में पाकिस्तान 157वें स्थान पर है और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने पत्रकारों के ख़िलाफ़ उत्पीड़न और हिंसा को इसका मुख्य कारण बताया है.

    इस पत्र में कई पत्रकारों का ज़िक्र किया गया है जिनकी बीते कुछ समय में या तो हत्या की गई है या फिर उन्हें अगवा किया गया है.

    इसके साथ ही उन पत्रकारों के बारे में भी कहा गया है जिनकी आवाज़ दबाने के लिए देश भर के कई शहरों में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

  3. लखनऊ पहुंचे राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा, निशाने पर मोदी सरकार

    विपक्ष की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

    लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "भारत की सरकार कुछ ऐसा कर रही है जिससे प्रजातंत्र का नुकसान हो रहा है, जैसे चुनी हुई प्रदेश की सरकारों को गिराना. हमने देखा महाराष्ट्र में क्या हुआ, उसके पहले कर्नाटक, मध्य प्रदेश मेघालय जैसे राज्यों में क्या हुआ. हम सब जानते हैं कि क्या खेल हुआ."

    उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई स्थिति आती है तो राष्ट्रपति का कर्तव्य बनता है कि भारत सरकार को रोका जाए.

    यशवंत सिन्हा ने कहा कि अगर वह राष्ट्रपति चुने जाते हैं तो वे सिर्फ और सिर्फ संविधान के प्रति जवाबदेह होंगे. साथ ही कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए ही विपक्ष ने मुझे राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है.

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी मौजूद थे.

    यशवंत सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "मोदी जी से मेरी व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है. मेरी दो बातों को लेकर लड़ाई है एक तो उनकी शैली और दूसरा उनकी नीतियां. कोई याद करता है नोटबंदी को. सारा का सारा काला धन सफेद हो गया था क्योंकि सारी करेंसी बैकिंग सिस्टम में आ गई. मैंने जोर देकर बार बार कहा कि नोटबंदी इस सदी का सबसे बड़ा घोटाला है."

  4. मोहम्मद ज़ुबैर का सीतापुर पुलिस को 6 दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड मिला

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए

    ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक मोहम्मद ज़ुबैर को सीतापुर की अदालत में गुरुवार को दोबारा पेश किया. उन पर सीतापुर के राष्ट्रीय शेर सेना के राष्ट्रीय संरक्षक महंत बजरंग मुनि के ख़िलाफ़ एक ट्वीट करने का आरोप है.

    कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर दो घंटे बहस चली जिसके बाद उनकी जमानत याचिका को ख़ारिज कर दिया गया. कोर्ट ने सीतापुर पुलिस को उनका 6 दिन का पुलिस रिमांड दिया है. हालांकि पुलिस ने 12 दिनों के पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की थी.

    बीबीसी से उनके पुलिस रिमांड की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, "उनकी ज़मानत अर्ज़ी को ख़ारिज करके उन्हें सीतापुर जेल भेज दिया गया है."

    मोहम्मद ज़ुबैर को 4 जुलाई को सीतापुर की अदालत में पहली बार पेश किया गया था जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फ़ैसला सुनाया था और दिल्ली पुलिस उन्हें दिल्ली ले गई थी.

    क्या है ज़ुबैर के ख़िलाफ़ सीतापुर का मुक़दमा?

    मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ सीतापुर में उनके ट्वीट से जुड़ा एक मामला दर्ज है जिसमे शिकायतकर्ता भगवान शरन (हिंदू शेर सेना के जिलाध्यक्ष) की शिकायत पर 1 जून को मामला दर्ज हुआ है.

    एफआईआर के मुताबिक़ इसमें ज़ुबैर पर आरोप है कि 27 मई 2022 को ट्विटर पर उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया था. इस ट्वीट में उन्होंने राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय संरक्षक महंत बजरंग मुनि जी को हेट मोन्गर्स (HATE MONGERS) जैसे अपशब्द से संबोधित किया था.

    उसी ट्वीट में ज़ुबैर पर यति नरसिंहानंद सरस्वती और स्वामी आनंद स्वरूप को भी अपमानित करने का आरोप है.

    कुछ समय पहले मोहम्मद ज़ुबैर ने ही बजरंग मुनि का एक वीडियो ट्वीट कर उन पर हेटस्पीच देने का आरोप लगाया था. वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीतापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर महंत बजरंग मुनि को गिरफ़्तार किया था.

    मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर में उनके ख़िलाफ़ धार्मिक भावनाएं आहत करने और आईटी एक्ट की धाराओं में खैराबाद थाने में मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    एफआईआर में शिकायतकर्ता ने मोहम्मद ज़ुबैर पर विदेशी साजिश के तहत समाज में विद्वेष फैलाने, हिंदूवादी लोगों के ख़िलाफ़ मुसलमानों को भड़काने और उनकी हत्या के लिए उकसाने का भी आरोप है.

    मोहम्मद ज़ुबैर ने इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में इस एफआईआर को ख़ारिज करने की याचिका दायर की थी लेकिन कोर्ट ने उसे ख़ारिज कर दिया है. कोर्ट ने ज़ुबैर की अग्रिम ज़मानत की मांग को भी ख़ारिज कर दिया है.

    अब शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट मोहम्मद ज़ुबैर के हाई कोर्ट के फ़ैसले को चुनौती देने वाली अपील की सुनवाई करेगा.

  5. मोहम्मद जुबैर की गिरफ्तारी पर जर्मनी के तंज का भारत ने दिया जवाब

    ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक मोहम्मद ज़ुबैर की गिरफ़्तारी पर जर्मनी के विदेश मंत्रालय के बयान को भारत सरकार ने ख़ारिज किया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "ये भारत का घरेलू मामला है. इस मामले की न्यायिक जांच अभी चल रही है. मुझे नहीं लगता कि इस मामले में मेरा या किसी का भी टिप्पणी करना ठीक है."

    बुधवार को जर्मन विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मोहम्मद ज़ुबैर की गिरफ़्तारी पर सवाल पूछा गया था.

    जर्मन विदेश मंत्रालय ने जवाब में कहा, ''भारत ख़ुद को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहता है. ऐसे में उससे अभिव्यक्ति और प्रेस की आज़ादी जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों की उम्मीद की जा सकती है. प्रेस को ज़रूरी स्पेस दिया जाना चाहिए. हम अभिव्यक्ति की आज़ादी को लेकर प्रतिबद्ध हैं. दुनिया भर में प्रेस की आज़ादी का हम समर्थन करते हैं. यह ऐसी चीज़ है, जिसकी काफ़ी अहमियत है. और यह भारत में भी लागू होता है. स्वतंत्र रिपोर्टिंग किसी भी समाज के लिए बेहद ज़रूरी है. पत्रकारिता पर पाबंदी चिंता का विषय है. पत्रकारों को बोलने और लिखने के लिए जेल में नहीं डाला जा सकता है."

    जर्मन विदेश मंत्रालय ने कहा, ''हमें भारत में हुई उस गिरफ़्तारी के बारे में जानकारी है. नई दिल्ली स्थित हमारे दूतावास की नज़र इस पर है. हम इस मामले में ईयू से भी संपर्क में हैं. ईयू का भारत के साथ मानवाधिकारों को लेकर संवाद है. इसमें अभिव्यक्ति और प्रेस की आज़ादी निहित है.''

  6. 7 जुलाई 2022 का दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर सुनिए मानसी दाश और अंजुम शर्मा के साथ

  7. तृणमूल सांसद ने कहा- महुआ मोइत्रा पर कार्रवाई पर अब भी विचार, पार्टी सही समय पर लेगी फ़ैसला

    तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा है पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा के विवादित बयान पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को लेकर अभी कोई फ़ैसला नहीं हुआ है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कहा- पार्टी अभी इस पर विचार कर रही है और सही समय पर इस पर कोई निर्णय लेगी.

    पिछले दिनों एक टीवी कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने देवी काली पर टिप्पणी की थी, जिस पर विवाद हो गया है. बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस से इस पर कार्रवाई की मांग की है.

    टीएमसी ने भी महुआ के बयान से किनारा कर लिया है और इसकी निंदा भी की है. देश में कई जगह महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ मामला भी दर्ज हुआ है.

    टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा- हम ऐसे बयानों का समर्थन नहीं करते. टीएमसी सभी धर्मों का सम्मान करती है और पार्टी किसी भी धार्मिक विवाद में नहीं पड़ना चाहती. धार्मिक मामलों में पार्टी का यही बयान है.

  8. ईडी ने बताया, चीन की मोबाइल कंपनी वीवो के ठिकानों पर छापेमारी में क्या मिला

    प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जाँच के लिए चाइनीज मोबाइल कंपनी वीवो और उससे जुड़ी कंपनियों के देशभर में 48 ठिकानों पर छापेमारी की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक भारत में टैक्स के भुगतान से बचने के लिए वीवो इंडिया ने अपने कारोबार के क़रीब 62 हजार करोड़ रुपए चीन भेजे हैं.

    छापेमारी को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने ट्वीट कर बताया, "ईडी ने वीवो मोबाइल्स इंडिया प्राइवेट और उससे संबंधित 23 कंपनियों के देश भर में 48 ठिकानों पर तलाशी ली है. जाँच एजेंसी ने 119 बैंक खातों में रखे 465 करोड़ रुपए ज़ब्त किए हैं. इसमें वीवो इंडिया की 66 करोड़ की एफ़डी, 2 किलो सोना और 73 लाख रुपए नकद शामिल हैं."

    प्रवर्तन निदेशालय के वीओ इंडिया पर छापेमारी पर भारत में चीनी दूतावास के प्रवक्ता वांग शियाओजियान ने भी बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, "हम मामले पर नज़र रख रहे हैं. चीन की सरकार हमेशा चीनी कंपनियों को विदेशों में क़ानूनों का पालन करने के लिए कहती है और उनके अधिकारों और हितों की रक्षा करने में मज़बूती से उनका साथ देती है."

    चीन दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि चीनी कंपनियों पर भारत की तरफ से लगातार जाँच न सिर्फ कंपनी के कामकाज को बाधित करती है बल्कि उसके नाम को भी ख़राब करती है. चीन चाहता है कि भारतीय पक्ष क़ानून के तहत जाँच करे और निष्पक्ष और ग़ैर-भेदभावपूर्ण कारोबारी माहौल को बनाने में मदद करे

  9. ममता बनर्जी पर टिप्पणी को लेकर टीएमसी ने बीजेपी नेता दिलीप घोष पर कार्रवाई की मांग की

    बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को लेकर दिए बयान पर टीएमसी ने कार्रवाई की मांग की है.

    उनके इस बयान के विरोध में तृणमूल कांग्रेस पार्टी का 8 सदस्यीय एक प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल के राज्यपाल से मिलने पहुँचा.

    इसमें कुणाल घोष, शशि पांजा, तापस रॉय, काकोली घोष दस्तीदार, नयना बंद्योपाध्याय, सजदा अहमद और माला रॉय शामिल थे. ये मुलाकात दोपहर क़रीब तीन बजे हुई है.

    राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मिलने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दिलीप घोष की टिप्पणी से हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गहरी चोट पहुँची है. हमने राज्यपाल से उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करने की मांग की है.

    दिलीप घोष ने एक न्यूज़ चैनल के एक कार्यक्रम में ममता बनर्जी को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था, "ममता जिस राज्य में जाती हैं ख़ुद को उस राज्य का बताने लगती हैं. जब ममता बनर्जी बंगाल जाती हैं तो ख़ुद को बंगाल की बेटी बोलती हैं, जब गोवा जाती हैं तो गोवा की बेटी बन जाती हैं. माँ बाप का कोई ठिकाना नहीं है, कभी भी कुछ भी बोल देती है."

    उनके इस बयान के बाद ममता बनर्जी के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री को ट्विटर पर टैग करते हुए ट्वीट किया था. उन्होंने दिलीप घोष को गिरफ्तार करने की मांग की थी.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे सिरीज़ में किया क्लीन स्वीप, श्रीलंका की टीम तीसरे वनडे में भी हारी

    भारत की महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे एक दिवसीय मैच में श्रीलंका को 39 रनों से हराकर 3-0 से सिरीज़ जीत ली है. तीसरे एक दिवसीय मैच में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नौ विकेट पर 255 रन बनाए थे.

    जवाब में श्रीलंका की महिला टीम 48वें ओवर में 216 रन बनाकर आउट हो गई. पहले दो वनडे मैचों में भी भारतीय महिलाओं ने जीत हासिल की थी.

    श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाज़ी के लिए उतारा था. लेकिन भारतीय महिला टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी की. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक 75 रनों की पारी खेली, जबकि पूजा वस्त्राकर ने 56 रन बनाए.

    शफ़ाली वर्मा ने 49 और यस्तिका भाटिया ने 30 रनों का योगदान दिया. भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 255 रन बनाए.

    जवाब में श्रीलंका की टीम 216 रन ही बना सकी. नीलाक्षी डी सिल्वा ने सबसे अधिक 48 रन बनाए. जबकि चमारी अटापट्टू ने 44 रन बनाए. भारतीय महिलाओं ने तीन टी-20 मैचों की सिरीज़ भी 2-1 से जीती थी.

  11. मुख़्तार अब्बास नक़वी और आरसीपी सिंह का अब क्या होगा?

  12. दिल्ली में महुआ मोइत्रा और लीना मणिमेकलाई के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज

    दिल्ली में बीजेपी के नेताओं ने फ़िल्ममेकर लीना मणिमेकलई और टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और अन्य के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है.

    इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 295, 505 (2), 153 बी, 509, 120 बी और आईटी अधिनियम की धारा 66 और 67 के तहत कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को आहत करने की शिकायत दी गई है.

    शिकायत करवाने वालों में दिल्ली बीजेपी के नेता हरीश खुराना और राजन तिवारी शामिल है.

    लीना मणिमेकलाई ने पिछले सप्ताह शनिवार को अपनी डॉक्यूमेंट्री 'काली' का एक पोस्टर ट्वीट किया था जिसके बाद इस मामले पर विरोध हो रहा है.

    वहीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एक टीवी कार्यक्रम में देवी काली को लेकर टिप्पणी की थी जिसके बाद उन पर धार्मिक भावनाएँ आहत करने का आरोप लग रहा है.

    दरअसल उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा था, "काली के कई रूप हैं. मेरे लिए माँ काली मांस खाने वाली और शराब स्वीकार करने वाली देवी हैं. अगर आप तारापीठ जाएंगे और उसके आसपास देखेंगे तो आपको वहां स्मोकिंग करते हुए साधु मिल जाएंगे. ये काली का रूप है जिसकी लोग पूजा करते हैं. मुझे लगता है कि हिंदू धर्म में रहते हुए मुझे काली को उस रूप में देखने की आज़ादी है."

    दिल्ली में शिकायत से पहले भोपाल में महुआ मोइत्रा के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है. उनके बयान की निंदा करते हुए मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि हिंदू देवी देवताओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

  13. सानिया मिर्ज़ा ने विंबलडन को कहा अलविदा, भावुक पोस्ट लिखकर जताया आभार

    भारत में टेनिस की जब भी बात होती है तो एक ही नाम हर किसी की ज़ेहन में आता है. वो नाम है सानिया मिर्ज़ा का. शोहरत की बुलंदियों से विवादों के तमाम दौर देखने वाली सानिया मिर्ज़ा को अब उनके चाहने वाले विंबलडन में खेलते हुए नहीं देख पाएँगे.

    सानिया मिर्जा ने विंबलडन में आख़िरी मैच खेलकर विदाई की घोषणा कर दी है.

    अपने आख़िरी मैच से पहले उन्होंने एक भावुक पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर किया.

    उन्होंने लिखा, "खेल आपसे मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से बहुत कुछ ले लेता है. जीत और हार, कड़ी मेहनत और कड़ी हार के बाद ऐसी रातें होती हैं जब नींद नहीं आती लेकिन ये आपको बदले में इतना कुछ देता है कि कई दूसरी नौकरियाँ आपको नहीं दे सकती हैं. इसके लिए मैं आभारी हूँ."

    "आँसू और ख़ुशी, लड़ाई और संघर्ष, हमने जो कुछ भी किया वो सब क़ीमती नज़र आता है जब अंत में देखते हैं. विंबलडन में खेलना और पिछले 20 सालों से यहाँ जीतते आना मेरे लिए सम्मान की बात की है. मुझे आपकी याद आएगी."

    सानिया मिर्जा को अपने करियर के आख़िरी विंबलडन में मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. सानिया का विंबलडन में ये आख़िरी मैच था.

    35 साल की सानिया छह ग्रैंड स्लैम ख़िताब जीत चुकी हैं, जिनमें तीन मिक्सड डबल्स ख़िताब हैं हालांकि वे विंबलडन में मिक्सड डबल्स कभी नहीं जीत सकी. उन्होंने 2009 ऑस्ट्रेलियाई ओपन और 2012 फ्रेंच ओपन महेश भूपति के साथ जीता था

  14. उदयपुर हत्याकांड पर पीएम नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर अशोक गहलोत ने उठाए सवाल

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उदयपुर हत्याकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए हुए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हम बार बार पीएम मोदी से राष्ट्र को शांति और एकता का संदेश देने की अपील कर रहे हैं क्योंकि इसका प्रभाव पड़ेगा. मुझे समझ नहीं आता है कि वे ऐसा क्यों नहीं कर रहे हैं. उन्हें सलाहकार कौन हैं जो उन्हें ऐसी सलाह दे रहा है? मेरा मानना है कि अगर वे अपील करते हैं तो ऐसी घटनाएँ नहीं होंगी."

    दूसरी तरफ राजस्थान सरकार ने पीड़ित कन्हैयालाल के दोनों बेटों को राज्य सरकार में नौकरी देने की फैसला लिया है.

    अशोक गहलोत ने कहा, "कन्हैयालाल के परिवार की स्थिति को देखते हुए हमने समय पर दोनों बच्चों को सरकारी नौकरी देने का फैसला लिया है. ये हमारा कर्तव्य है. मैं जनता से अपील करना चाहता हूं कि उकसावे के बावजूद हमें अपने अनुशासन बनाए रखना है."

    कन्हैयालाल के दोनों बेटों को नौकरी देने का फैसला राज्य सरकार ने बुधवार को हुई बैठक में लिया था. उनके बेटों यश और तरुण तेली को राजकीय सेवा में नियुक्ति के लिए नियमों में ढील दी गई है. हांलांकि अब तक ये स्पष्ट नहीं है कि इन दोनों लड़कों को नौकरी किस विभाग में दी जाएगी.

    उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की उनकी दुकान में हत्या कर दी गई थी. इसके बाद 30 जून को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उनके परिवार से मिलने पहुंचे थे.

    तब राज्य सरकार की ओर से परिवार को 51 लाख रुपये का चेक दिया गया था. साथ ही दोनों बेटों को नौकरी देने की बात भी कही गई थी.

  15. चीन के विदेश मंत्री से मिले एस जयशंकर, जानिए किन मुद्दों पर हुई बात

    इंडोनेशिया में हो रहे जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान एस जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाक़ात की है.

    इसकी जानकारी विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ख़ुद ट्वीट करके दी है.

    इस मुलाक़ात के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने वांग यी से पूर्वी लद्दाख़ और एलएसी के मुद्दे पर बात की और पहले की स्थिति बहाल करने पर ज़ोर दिया.

    उन्होंने लिखा, "बाली में मेरे दिन की शुरुआत चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात के साथ हुई. दोनों के बीच एक घंटे तक चर्चा चली. इस दौरान दोनों देशों के बीच चले आ रहे सीमा से जुड़े मुद्दों, छात्रों और उड़ानों समेत अन्य मामलों पर बात हुई."

    इस साल भारत को जी-20 देशों के शीर्ष नेताओं की मेज़बानी करनी है. कुछ मीडिया रिपोर्टों में ये दावा किया जा रहा है कि ये सम्मेलन जम्म-कश्मीर या लद्दाख़ में हो सकता है.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय समझौतों और प्रोटोकॉल के पालन को लेकर चर्चा हुई.

    दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि दोनों पक्षों के सैन्य अधिकारी नियमित तौर पर संपर्क में रहेंगे और जल्द ही सीनियर कमांडर स्तर की बैठक बुलाई जाएगी.

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि परस्पर सम्मान, परस्पर संवेदनशीलता और परस्पर हितों को ध्यान में रखकर ही दोनों देशों के बीच अच्छे रिश्ते बहाल हो सकते हैं.

    इसके अतिरिक्त इसी साल मार्च महीने में वांग यी के दिल्ली दौरे पर दोनों नेताओं के बीच जिन मुद्दों पर सहमति बनी थी, उनकी प्रगति के बारे में समीक्षा की गई.

    विदेश मंत्री वांग यी ने इस साल चीन के ब्रिक्स अध्यक्ष रहने पर भारत की ओर से मिले सहयोग की प्रशंसा की और आने वाले समय में जी-20 सम्मेलन में भारत को समर्थन देने का आश्वासन भी दिया.

    पूर्वी लद्दाख़ के पैंगोंग त्सो झील के पास 15 जून 2020 को भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी.

    इसमें भारत के कुल 20 जवानों की मौत हुई थी. वहीं, हिंसा में मारे गए चीनी सैनिकों की संख्या के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई. लेकिन कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि चीन को इसमें अधिक नुकसान हुआ था.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, बोरिस जॉनसन कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता के पद से देंगे इस्तीफ़ा

    बीबीसी को जानकारी मिली है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता पद से इस्तीफ़ा देने जा रहे हैं. पिछले दो दिनों में बोरिस जॉनसन की कैबिनेट के कई मंत्रियों ने त्यागपत्र दिया है और कई सांसद उनके ख़िलाफ़ हैं.

    आने वाले समय में कंज़र्वेटिव पार्टी में नेता पद के मुक़ाबला होगा और अक्तूबर में पार्टी सम्मेलन में नए प्रधानमंत्री का ऐलान होगा. इस बीच बोरिस जॉनसन प्रधानमंत्री के पद पर बने रहेंगे. हालाँकि मंत्रियों के इस्तीफ़े के बाद बोरिस जॉनसन ने दावा किया था वे अपने पद पर बने रहेंगे.

    ब्रिटेन में मंत्रियों के इस्तीफ़े की शुरुआत हुई थी ब्रिटेन के वित्त मंत्री ऋषि सुनक और स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद के इस्तीफ़े से. इन दोनों ने त्यागपत्र देते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के नेतृत्व में उनका अब भरोसा नहीं है.

    ऋषि सुनक ने कहा था कि लोग सरकार से उम्मीद करते हैं कि वह गंभीरता और ठीक से काम करे. वहीं साजिद जाविद ने अपने इस्तीफ़े में कहा है कि सरकार राष्ट्र हित में काम नहीं कर रही है.

    पूरा मामला सांसद क्रिंस पिंचर को डिप्टी चीफ़ व्हिप बनाने से शुरू हुआ. प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सांसद क्रिस पिंचर को सरकारी ज़िम्मेदारी देने के मामले में माफ़ी भी मांगी. लेकिन मंत्री और सांसद इससे नहीं माने. बोरिस जॉनसन ने स्वीकार किया कि पिंचर को इस साल की शुरुआत में डिप्टी चीफ़ व्हिप बनाकर बड़ी ग़लती की थी.

    बोरिस जॉनसन को पिंचर पर लगे आरोपों के बारे में पता था तब भी उन्होंने उनकी नियुक्ति की थी. जॉनसन ने बीबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा है कि ग़लती हुई है. जॉनसन ने कहा कि उनके फ़ैसले से जो भी प्रभावित हुए हैं, उनसे वह माफ़ी मांगते हैं. बोरिस जॉनसन के इस फ़ैसले की विपक्ष के साथ उनके ख़ुद के सांसद भी आलोचना कर रहे थे.

    क्रिस पिंचर को यौन दुराचार के मामले में पिछले हफ़्ते कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद से निलंबित कर दिया गया था. हालांकि पिंचर ने यौन कदाचार के आरोपों को ख़ारिज किया है.

    बीबीसी ने उनसे 2019 में इन आरोपों को लेकर संपर्क किया था लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी. पिंचर की नियुक्ति बोरिस जॉनसन ने की थी और उन्हें आरोपों के बारे में पता था. इस नियुक्ति को लेकर विपक्ष हमला बोल रहा था और साथ ही बोरिस जॉनसन के सांसद भी आलोचना कर रहे थे.

  17. महुआ मोइत्रा की देवी काली पर टिप्पणी को लेकर क्या कहा ममता बनर्जी ने

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देवी काली विवाद पर कहा है कि कभी-कभी किसी भी नकारात्मक मुद्दे पर विवाद खड़ा करने की कोशिश की जाती है.

    कोलकाता में उन्होंने कहा- कभी-कभी मुझे लगता है कि हम हमेशा किसी भी नकारात्मक मुद्दे पर विवाद पैदा करने पर ज़ोर देते हैं. हर दिन कई विवाद खड़े होते हैं. लेकिन मीडिया उन चीज़ों पर नहीं बोलता.

    ममता बनर्जी ने कहा- हम काम करते समय ग़लतियाँ करते हैं, लेकिन उन्हें ठीक किया जा सकता है. कुछ लोग अच्छे कामों को नहीं देखते और एकाएक चिल्लाने लगते हैं. नकारात्मकता हमारे ब्रेन सेल्स को प्रभावित करती है, इसलिए सकारात्मक सोच रखनी चाहिए.

    पिछले दिनों तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में देवी काली पर विवादित टिप्पणी की थी. टीएमसी ने महुआ के बयान से किनारा कर लिया था और इसे उनका निजी बयान बताया था.

    साथ ही पार्टी ने उनके बयान की आलोचना भी की थी. लेकिन बीजेपी ने महुआ मोइत्रा पर कार्रवाई करने की मांग की थी. मध्य प्रदेश में भी उनके ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.

    ममता बनर्जी के बयान से पहले बीजेपी की आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने महुआ मोइत्रा के मामले को लेकर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए थे.

    उन्होंने महुआ मोइत्रा को पार्टी से निकालने की मांग की और ये भी कहा कि पश्चिम बंगाल की पुलिस को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए.

    महुआ मोइत्रा ने एक टीवी न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में देवी काली को लेकर टिप्पणी की थी.

    उन्होंने कहा था, "काली के कई रूप हैं. मेरे लिए माँ काली मांस खाने वाली और शराब स्वीकार करने वाली देवी हैं. अगर आप तारापीठ जाएँगे और उसके आसपास देखेंगे तो आपको साधु स्मोकिंग करते हुए मिल जाएँगे. ये काली का रूप है जिसकी लोग पूजा करते हैं."

  18. भगवंत मान की दुल्हन बनीं गुरप्रीत कौर, शादी समारोह में केजरीवाल हुए शामिल

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और गुरप्रीत कौर की शादी संपन्न हो गई है. सीएम आवास पर ही सीमित मेहमानों की मौजूदगी में शादी की रस्में अदा की गईं.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा भी शादी समारोह में शामिल हुए.

    भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर का परिवार हरियाणा के कुरुक्षेत्र ज़िले के पेहोवा नगर का है.

    गाँव में परिवार के पड़ोसी पलविंदर के मुताबिक यह परिवार मूल रूप से पंजाब के लुधियाना का है और दशकों पहले गुरप्रीत कौर के दादा हरियाणा के इस ज़िले में आकर बस गए थे.

    गुरप्रीत कौर पेशे से डॉक्टर हैं. उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री महर्षि मार्केंडेयश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ एंड रिसर्च हासिल की है. यह इंस्टीट्यूट अंबाला से 36 किलोमीटर दूर मुलाना में स्थित है. वहाँ वे हमेशा टॉपर रहीं.

  19. भारत में 'वीवो' के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी पर चीन ने क्या कहा

    भारत में चीन की मोबाइल निर्माता कंपनी वीवो पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी को लेकर चीन ने भरोसा जताया है कि इस मामले की जाँच क़ानून के अनुसार होगी और कंपनी को 'निष्पक्ष' माहौल उपलब्ध कराया जाएगा.

    स्मार्टफ़ोन बनाने वाली कंपनी वीवो पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है, जिसके लिए ईडी ने देशभर में उससे जुड़ी कंपनियों के 44 ठिकानों पर छापेमारी की थी.

    इस छापेमारी को लेकर प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान से सवाल किया गया. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, लिजियान ने कहा, "चीन इस मामले पर नज़र रखे हुए है."

    उन्होंने कहा, "चीन सरकार ने हमेशा चीनी कंपनियों को दूसरे देशों में कारोबार करते समय कायदे-क़ानून का पालन करने के लिए कहा है."

    लिजियान ने कहा, "चीनी कंपनियों के क़ानूनी अधिकार और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से उनका समर्थन करते हैं."

    उन्होंने कहा, "हमें भरोसा है भारत चीनी मोबाइल निर्माता वीवो के मामले की जाँच क़ानून के अनुसार करेगा और कंपनी को पूरी तरह से ‘निष्पक्ष’ और ‘ग़ैर-भेदभावकारी’कारोबारी माहौल दिया जाएगा.

  20. जर्मनी ने मोहम्मद ज़ुबैर की गिरफ़्तारी पर भारत के लोकतंत्र पर किया तंज़