You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान में सैमसंग कंपनी पर लगा ईशनिंदा का आरोप, लोगों ने की तोड़फोड़

पुलिस ने कथित ईशनिंदा को लेकर शुक्रवार को सैमसंग कंपनी के 27 कर्मचारियों को हिरासत में लिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा

  1. राजस्थान: उदयपुर के आईजी और एसपी का तबादला,10 ज़िलों में बदलाव

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के उदयपुर में 28 जून को एक दर्जी कन्हैया लाल की हत्या के तीन दिन बाद गुरुवार देर रात उदयपुर रेंज आईजी हिंगलाजदान और ज़िला एसपी मनोज कुमार का तबादला कर दिया गया है.

    अजमेर एसपी विकास कुमार उदयपुर के नए एसपी होंगे. वहीं, हिंगलाज की जगह अब रेंज आईजी प्रफुल्ल कुमार होंगे.

    बाद बीते दिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, चीफ़ सेक्रेटरी, डीजीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी कन्हैया लाल के परिजनों से मुलाक़ात करने उदयपुर पहुंचे थे और देर रात राज्य के 32 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी हुए. उदयपुर समेत 10 ज़िलों एसपी भी हटाए गए हैं.

    राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर बीते दिनों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के बाद से ही माना जा रहा था कि जल्द ही बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी होंगे.

    वैसे कन्हैया लाल हत्याकांड के बाद धान मंडी थाना थानाध्यक्ष और एक एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया था.

  2. जम्मू-कश्मीर में जी-20 सम्मेलन की ख़बरों पर पाकिस्तान के बाद चीन की भी प्रतिक्रिया

    अगले साल जी-20 देशों के नेताओं की बैठक जम्मू-कश्मीर में आयोजित करने की भारत की योजनाओं से जुड़ी ख़बरों पर पाकिस्तान के बाद अब चीन ने आपत्ति दर्ज की है और कहा है कि संबंधित पक्षों को मुद्दे को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने गुरुवार को मीडिया ब्रीफ़िंग के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, "कश्मीर पर चीन का रुख सतत और बिल्कुल स्पष्ट है. ये भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से चला आ रहा मुद्दा है. संयुक्त राष्ट्र के संबंधित प्रस्तावों और द्विपक्षीय सहमतियों के अनुरूप इसका उचित हल निकालना चाहिए."

    झाओ ने कहा, "संबंधित पक्षों को एकतरफ़ा कदम के साथ हालात को जटिल बनाने से बचना चाहिए. हमें बातचीत और संवाद से विवादों का समाधान करना होगा और मिलकर शांति तथा स्थिरता कायम करनी होगी."

    उन्होंने कहा, "जी-20 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए प्रमुख मंच है. हम संबंधित पक्षों से आह्वान करते हैं कि आर्थिक रूप से उबरने पर ध्यान दें और इस प्रासंगिक मुद्दे को राजनीतिक रंग देने से बचें और वैश्विक आर्थिक शासन को सुधारने के लिए सकारात्मक योगदान दें."

    क्या जी-20 समूह के सदस्य के नाते चीन बैठक में भाग लेगा, इस सवाल पर झाओ ने कहा, "हम बैठक में शामिल होंगे या नहीं, इस बारे में विचार करेंगे."

  3. ढाई साल बाद पहली बार चीन से बाहर निकले शी जिनपिंग, हांगकांग पहुँचे

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हांगकांग दौरे पर हैं. हांगकांग एक जुलाई को ब्रिटिश नियंत्रण से चीनी शासन में लौटने की पच्चीसवीं वर्षगांठ मना रहा है.

    राष्ट्रपति शी जिनपिंग जनवरी 2020 यानी कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद अब पहली बार चीन से बाहर किसी दौरे पर गए हैं.

    शी जिनपिंग इससे पहले साल 2017 में हांगकांग गए थे, जब चीनी शासन में लौटने की 20वीं सालगिरह मनाई जा रही थी.

    आमतौर पर वर्षगांठ के मौके पर विरोध प्रदर्शन भी होते थे लेकिन साल 2020 में सुरक्षा कानून लाकर इस तरह के विरोधियों को चुप करा दिया गया है. हांगकांग में आज के दिन सरकारी अवकाश रहता है.

    हांगकांग में बढ़ते कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों के बीच ये कयास लगाए जा रहे थे कि शायद जिनपिंग अपना दौरा रद्द कर दें. मगर, गुरुवार को हाई स्पीड ट्रेन से जिनपिंग यहाँ पहुँचे. यहाँ चीफ़ एक्ज़ीक्यूटिव कैरी लैम ने उनका स्वागत किया.

    सन् 1997 में हांगकांग ब्रिटिश नियंत्रण से चीन के शासन में आया था. उस समय इस बात पर सहमति बनी थी कि यहां 'एक राष्ट्र, दो व्यवस्था' के आधार पर शासन किया जाएगा. ये एक ऐसा सिद्धांत था जो अगले 50 साल के लिए हांग-कांग को अपनी स्वतंत्र विधायिका और न्यायपालिका चुनने का हक़ देता था.

    लेकिन आलोचकों का मानना है कि नए सुरक्षा कानून को लाकर इस सिद्धांत का उल्लंघन किया गया है और हांगकांग की न्यायापालिका को कमज़ोर कर दिया गया है. इस नए कानून से विरोधी सुरों को दबाने की कोशिश की जा रही है.

  4. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 30 जून के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.