उद्धव ठाकरे ने राज्य के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को दी बधाई
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है.
उन्होंने ट्वीट करके राज्य के नव-नियुक्त सीएम और डिप्टी सीएम को बधाई दी है.
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस को बधाई देते हुए उद्धव ठाकरे ने ट्वीट किया, "नव-नियुक्त मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को भविष्य के लिए शुभकामना. मैं कामना करता हूं कि आप महाराष्ट्र में अच्छा काम करें."
शरद पवार ने भी दी बधाई
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार भी एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दे चुके हैं.
शरद पवार ने ट्वीट कर बधाई दी थी. उन्होंने लिखा- "महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने पर एकनाथ शिंदे को बधाई. मैं उम्मीद करता हूँ कि वे महाराष्ट्र के हितों की रक्षा करेंगे."
शरद पवार ने आगे लिखा है कि यशवंत राव चव्हाण, बालासाहेब भोंसले और पृथ्वीराज चव्हाण के बाद सतारा ज़िले से व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर वे बहुत ख़ुश हैं.
शरद पवार के साथ ही राज ठाकरे ने भी एकनाथ शिंदे को बधाई दी है.