कानपुर में सांप्रदायिक हिंसा कैसे शुरू हुई, 18 लोगों की गिरफ़्तारी तक बात क्यों पहुंची?

इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद शहर के मेकनगंज थाना क्षेत्र के नई सड़क इलाके में सांप्रदायिक हिंसा देखने को मिली.
उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार के मुताबिक़, "नमाज़ के बाद कुछ लोगों ने वहां की दुकानों को बंद कराने का प्रयास किया जिसका विरोध दूसरे पक्ष के लोगों ने किया. इस बात को लेकर आपस में टकराव हुआ और पत्थरबाज़ी की घटना हुई."
दोपहर बाद मौके से पथराव के वीडियो वायरल होने लगे. पुलिस ने पथराव करने वाली भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े.
वीडियो में दोनों पक्षों की तरफ़ से पथराव होते साफ़ नज़र आ रहा है. और कुछ वायरल वीडियो में पुलिस लोगों को समझाते और मनाते भी नज़र आ रही है.
हालांकि तनाव की स्थिति की देखते हुए इलाक़े में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई और पूरे एरिया को एक तरह से पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया.














