गुजरात टाइटंस ने जीता IPL 2022 का ख़िताब, राजस्थान को फ़ाइनल में हराया

हार्दिक पंड्या की अच्छी कप्तानी और गेंदबाज़ी की बदौलत आईपीएल 2022 के फ़ाइनल में गुजरात टाइटंस की टीम ने राजस्थान को महज़ 130 रन ही बनाने दिए और सात विकेट से मुक़ाबला जीत कर पहली बार में ही चैंपियन बन गई.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. ईरान ने दिखाए पहाड़ों में छिपाकर रखे गए अपने शक्तिशाली ड्रोन

    ईरान

    इमेज स्रोत, EPA

    ईरान की सेना ने अपने अंडरग्राउंड (भूमिगत) ड्रोन्स अड्डे की कुछ जानकारी सार्वजनिक की है. हालाँकि, ये अड्डा कहां बनाया गया है, इसको लेकर कुछ नहीं बताया है.

    सरकारी टेलीविज़न चैनल के हवाले से समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि ज़ॉगरोस की पहाड़ियों के बीच करीब 100 ड्रोन रखे गए हैं.

    इनमें अबाबिल-5 ड्रोन भी शामिल हैं, जिसे क़ायम-9 मिसाइल के साथ फ़िट किया जा सकता है. ये मिसाइल अमेरिका के हेलफ़ायर का ईरानी वर्ज़न है.

    आर्मी कमांडर मेजर जनरल अब्दुलारहीम मोसावी ने कहा, "इसमें कोई शक़ नहीं कि ईरानी सशस्त्र बलों के ड्रोन इस क्षेत्र में सबसे शक्तिशाली हैं. इन ड्रोन्स को अपग्रेड करने की हमारी क्षमता को कोई रोक नहीं सकता."

    ईरान के सरकारी टीवी के संवाददाता ने कहा कि वो पश्चिमी ईरान के कर्मनशाह से 45 मिनट की उड़ान भरकर एक सीक्रेट अंडरग्राउंड ड्रोन साइट तक गए थे. हालाँकि, उन्हें सिर्फ ड्रोन बेस पर पहुँचने के बाद ही आंखों से पट्टी हटाने दी गई थी.

  2. भारत के टीकाकरण अभियान की तारीफ़ में क्या बोले बिल गेट्स

    बिल गेट्स

    इमेज स्रोत, ANI

    माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कोरोना के ख़िलाफ़ भारत के टीकाकरण अभियान की तारीफ़ की है और कहा है कि इससे दुनिया को बहुत कुछ सीखने को मिला है.

    बिल गेट्स ने भारत के स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से मिलने के कुछ दिन बाद ही ट्विटर पर अपने विचार साझा किए हैं. इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने भी दावोस में हुई बिल गेट्स के साथ मुलाक़ात की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं.

    मनसुख मंडाविया के ट्वीट पर जवाब देते हुए बिल गेट्स ने लिखा, "डॉक्टर मनसुख मंडाविया से मिलकर और वैश्विक स्वास्थ्य पर विचारों का आदान-प्रदान कर के बहुत अच्छा लगा. टीकाकरण अभियान में भारत की सफलता और स्वास्थ्य परिणाम पाने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग दुनिया के लिए कई सबक देता है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारत ने बीते साल 16 जनवरी को कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान शुरू किया था. इसके बाद से अब तक देश की करीब 88 फ़ीसदी वयस्क आबादी का टीकाकरण पूरा हो चुका है.

  3. ओवैसी ने कहा- चार जगह के लोगों से बना भारत, बीजेपी-आरएसएस मुग़लों के पीछे ही पड़ी

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    ज्ञानवापी मस्जिद विवाद के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी-आरएसएस मुग़लों के पीछे पड़े हैं.

    ये बयान ओवैसी ने महाराष्ट्र के भिवंडी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए दिया.

    उन्होंने कहा, "भारत कैसे बना, ये आरएसएस-बीजेपी कहती है कि आक्रमण करने वाले मुसलमान आए थे. भारत की तारीख़ क्या मुग़लों से शुरू हुई? नहीं. 65 हज़ार साल पहले भारत में, अफ़्रीका से लोग आए थे. फिर 45 हज़ार साल पहले ईरान से किसान आए थे, फिर उसके बाद पूर्वी एशिया से लोग आए और फिर मध्य एशिया से लोग आए, उनको आर्यन बोलते हैं. चार तरह का माइग्रेशन हुआ."

    जनसभा के दौरान उन्होंने कहा, "ये भारत न मेरा है, न उद्धव ठाकरे का है, न मोदी का है और न ही शाह का है. भारत अगर किसी का है तो वो द्रविड़ और आदिवासियों का है."

    ओवैसी ने कहा, "चार जगहों से माइग्रेशन हुआ. अफ़्रीका से भी तो लोग आए, ईरान से भी आए थे, सेंट्रल एशिया से भी आए थे, ईस्ट एशिया से भी आए थे. ये सब मिले तो भारत बना. मगर आदिवासी यहाँ का है, द्रविड़ियन यहाँ का है."

    ओवैसी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया, "महाराष्ट्र विधानसभा के चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस के लोग कह रहे थे कि ओवैसी को वोट मत देना क्योंकि भाजपा, शिवसेना को रोकना है. चुनाव होने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस ने शिवसेना और कांग्रेस से मिलकर निकाह कर लिया. अब इन तीनों में से दूल्हा कौन है, ये मुझे नहीं पता."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  4. यूएफ़ा चैंपियंस लीग का ख़िताब रियल मैड्रिड ने 14वीं बार जीता, लिवरपूल को हराया

    यूएफ़ा चैंपियंस लीग

    इमेज स्रोत, PA Media

    यूएफा चैंपियंस लीग के फ़ाइनल मुकाबले में स्पेन के फ़ुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड ने लिवरपूल को 1-0 से हरा दिया. रियल मैड्रिड 14वीं बार चैंपियन बनी है.

    फ़ाइनल मैच फ़्रांस की राजधानी पेरिस में खेला गया. मैच के 59वें मिनट में ब्राज़ील के ख़िलाड़ी विनिशियस जूनियर ने इकलौता गोल दागा.

    इस जीत के साथ ही रियल मैड्रिड के हेड कोच कार्लो एंसलोत्ती टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल मैनेजर बनए गए हैं. उनके रिकॉर्ड में चार बार चैंपियंस लीग की जीत दर्ज हो गई है.

    ये रियल मैड्रिड का 17वां यूरोपियन कप फ़ाइनल था और लिवरपूल के ख़िलाफ़ ये तीसरी बार था.

    वहीं, लिवरपूल सातवीं बार फ़ाइनल में पहुँचकर हारी है.

    लिवरपूल के प्रशंसकों ने स्टेडियम के बाहर कुछ देर हंगामा भी किया, जिसके बाद फ्रेंच पुलिस ने उन पर पेपर स्प्रे तक डाला. इस वजह से मैच भी 30 मिनट की देरी से खत्म हुआ.

  5. यूक्रेन में परमाणु हथियार के इस्तेमाल पर क्या बोले रूस के अधिकारी

    रूस-यूक्रेन युद्ध

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आंद्रे केलिन

    ब्रिटेन में रूस के उच्चायुक्त ने बीबीसी से बातचीत के दौरान कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि उनका देश यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग में सामरिक परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेगा.

    आंद्रे केलिन ने कहा कि रूसी सेना के नियमों के अनुसार, परमाणु हथियारों का इस्तेमाल इस तरह के युद्ध में इस्तेमाल नहीं किया जाता है.

    उन्होंने कहा कि रूस में इन हथियारों के लिए इस्तेमाल के लिए बेहद सख्त प्रावधान हैं, खासतौर पर जब देश के अस्तित्व को ख़तरा हो.

    उन्होंने संडे मॉर्निंग से कहा, "इसका मौजूदा अभियान से कोई लेना-देना नहीं है."

    फ़रवरी माह के आख़िर में जब व्लादिमीर पुतिन ने अपनी न्यूक्लियर फोर्स को हाई अलर्ट पर रखा था, तब दुनियाभर में इसे उनकी चेतावनी के तौर पर माना जा रहा था.

    सामरिक परमाणु हथियार वे होते हैं जो रणनीतिक हथियार की तुलना में कम दूरी के लिए इस्तेमाल किये जा सकते हैं. हालाँकि, इसके तहत छोटे बम और मिसाइल जैसे कई हथियार इस्तेमाल किए जाते हैं.

    ऐसा अनुमान है कि रूस के पास करीब 2000 टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार (सामरिक परमाणु हथियार) हैं.

  6. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 28 मई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.