इमरान ख़ान के लॉन्ग मार्च के बीचबढ़ा तनाव, प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे गए
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के आज़ादी मार्च के बीच पंजाब प्रांत में हर ओर तनाव बढ़ गया है. बुधवार को ऐसे कई वीडियो आए, जिसमें पुलिस पीटीआई कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करते देखी गई और आंसू गैस के गोले भी दागे गए हैं.
इमरान ख़ान के लॉन्ग मार्च के एलान के बाद से ही इस्लामाबाद जाने वाले मुख्य राजमार्गों पर बेरिकेडिंग कर दी गई और जगह-जगह बड़े शिपिंग कंटेनर लगा दिए गए. हालाँकि, प्रदर्शनकारियों ने इन कंटेनरों को हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस के साथ तनाव बढ़ गया.
पीटीआई के अध्यक्ष इमरान ख़ान ने घोषणा की थी कि वो 25 मई को पेशावर से लॉन्ग मार्च शुरू करने के बाद इस्लामाबाद के डी-चौक पहुंचेंगे. इस एलान के बाद देश के गृहमंत्री राना सनाउल्लाह ने साफ़ कहा था कि किसी भी कार्यकर्ता को इस्लामाबाद में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.
डॉन न्यूज़ के मुताबिक, इमरान ख़ान पेशावर से रवाना हो चुके हैं. कुछ वीडियो में पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें भी देखी जा सकती हैं.
पीटीआई ने एक वीडियो ट्वीट कर के ये दावा किया है कि शाहदरा इलाके में भी प्रदर्शनकारियों को रोका गया है. लाहौर में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भी बरसाई हैं.