IPL 2022: RCBvsLSG: रोमांचक एलिमिनेटर में बैंगलोर 14 रन से जीता, लखनऊ टूर्नामेंट से बाहर
आईपीएल के एलिमिनेटर मुक़ाबले मेंरॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 14 रन से हरा दिया है. इसके साथ ही लखनऊ टूर्नामेंट से बाहर हो गया है जबकि बैंगलोर क्वालिफ़ायर-2 में अब राजस्थान से भिड़ेगा. गुजरात की टीम पहले ही फ़ाइनल में पहुंच चुकी है.
बैंगलोर ने रजत पाटीदार के तूफ़ानी शतक की बदौलत पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 207 रन बनाए. इसके जवाब में लखनऊ की टीम 193 रन बना सकी और मुक़ाबला 14 रन से हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
लखनऊ की ओर से कप्तान केएल राहुल ने 79 रनों की पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.
लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही और क्विंटन डीकॉक केवल छह रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद मनन वोहरा आए और तेज़ 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
वोहरा के आउट होने पर दीपक हुडा कप्तान राहुल का साथ देने उतरे और उन्होंने 26 गेंदों पर 45 रन बनाए. राहुल के साथ उन्होंने केवल 61 गेंदों पर 96 रनों की साझेदारी निभाई.
इसके बाद पिच पर आए स्टोइनिस ने अपनी छोटी सी पारी में केवल 9 रन बनाए.
अंतिम तीन ओवरों में लखनऊ को जीत के लिए 40 रन चाहिए थे लेकिन मैच के 19वें ओवर की चौथी गेंद पर जॉस हेज़लवुड ने केएल राहुल को आउट कर लखनऊ की जीत की उम्मीद ख़त्म कर दी.
केएल राहुल ने 58 गेंदों पर 79 रनों की अपनी पारी में तीन चौके और पांच छक्के जड़े.
अगली गेंद पर ही हेज़लवुड ने क्रुणाल पंड्या का विकेट भी ले लिया.
इसके बाद दुश्मंता चमीरा विकेट पर आए और चार गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाए लेकिन ये जीत के लिए नाकाफ़ी था.
लखनऊ की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट पर 193 रन बना सकी और मैच 14 रनों से हार गई.
बैंगलोर की तरफ़ से जॉस हेज़लवुड ने तीन विकेट लिए तो मोहम्मद सिराज, वानिंदु हसरंगा और हर्षल पटेल को एक-एक विकेट मिले.
इससे पहले बैंगलोर की पारी में रजत पाटीदार ने 54 गेंदों पर नाबाद 112 रन और दिनेश कार्तिक ने 23 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए और टीम का स्कोर 207 रन पर पहुंचाने में बड़ा किरदार निभाया.
इस दौरान पाटीदार ने केवल 49 गेंदों पर अपना शतक जमाया. इन दोनों के अलावा विराट कोहली ने भी 25 रनों का योगदान दिया.
लखनऊ की ओर से मोहसिन ख़ान, क्रुणाल पंड्या, रवि बिश्नोई और आवेश ख़ान ने एक-एक विकेट लिए.
एलिमिनेटर का यह मुक़ाबला कोलकाता में खेला जा रहा है और बारिश की वजह से खेल 40 मिनट की देरी से शुरू हुआ.
रजत पाटीदार को उनकी शानदार बल्लेबाज़ी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.