You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इन शर्तों पर हो सकता है रूस से कोई समझौता: वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

जेलेंस्की की बातचीत शांति समझौते के रूप में क्रीमिया पर रूसी नियंत्रण को स्वीकार करने का संकेत देती है.

लाइव कवरेज

अभय कुमार सिंह and भूमिका राय

  1. 100 साल तक भाईचारे का संकल्प लेने वाला गाँव

  2. जापान और ब्रिटेन के बीच सैन्य समझौता, क्या रूस की बढ़ेगी टेंशन?

    जापान और ब्रिटेन के बीच सैन्य समझौता हुआ है. इस समझौते के बारे में बताते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि ब्रिटेन "निरंकुश और दवाब बनाने वाली ताक़तों" के ख़िलाफ़ अन्य देशों के साथ मिलकर काम करने का वादा करता है.

    डाउनिंग स्ट्रीट में अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा के साथ मुलाक़ात के बाद ब्रिटेन के पीएम ने यह बात कही.

    इस मुलाक़ात के दौरान दोनों नेताओं ने संयुक्त सैन्य अभ्यास की भी घोषणा की. उन्होंने इस बात पर भी सहमति जतायी कि दोनों देश आपदा राहत के लिए भी मिलकर काम करेंगे.

    जापान और किसी यूरोपीय देश के बीच हुआ यह अपनी तरह का पहला समझौता है.

    जापान और ब्रिटेन यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा करते रहे हैं और इस सैन्य समझौते को उसी सोच के क्रम में एक नई साझेदारी के तौर पर देखा जा रहा है.

    यह समझौता ब्रिटेन की सरकार की रक्षा और विदेश नीति की समीक्षा के अनुरूप भी है, जिसके तहत इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र की तरफ़ झुकाव की घोषणा की गई थी.

    बोरिस जॉनसन ने कहा कि यहाँ यूरोप में निरंकुश कार्रवाई से पूर्वी एशिया में क्या हो सकता है, हम समझते हैं और इसीलिए हम एक साथ मिलकर काम करना चाहते हैं.

    बोरिस जॉनसन ने ज़ोर देकर कहा कि यूरोप की सुरक्षा, हमारी सामूहिक सुरक्षा, एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा से अलग नहीं है. यह आपस में जुड़ी हुई है.

    जापान जी-7 समूह का सदस्य देश है और वह शुरू से यूक्रेन पर रूस के हमले का विरोध करता रहा है.

    उसने आक्रमण की निंदा भी की है और रूस पर प्रतिबंध भी लगाए हैं.

    साथ ही कीएव को सहायता भी पहुँचायी है.

    बैठक के संदर्भ में एक प्रवक्ता ने बताया कि दोनों देशों के नेताओं ने इस बात पर सहमति जतायी है कि रूस के यूक्रेन पर हमले से अतंरराष्ट्रीय स्थिरता पर व्यापक असर हुआ है.

  3. इसराइली पीएम नेफ़्टाली बेनेट का दावा- पुतिन ने मांगी माफ़ी

    इसराइल के प्रधानमंत्री नेफ़्टाली बेनेट ने दावा किया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने विदेश मंत्री की आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए माफ़ी मांगी है.

    बीते दिन, पुतिन और बेनेट के बीच फ़ोन पर बात हुई. इस दौरान बेनेट ने कहा कि वह उनकी (पुतिन) माफ़ी को स्वीकार करते हैं. उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन को उनकी स्थिति स्पष्ट करने के लिए धन्यवाद भी दिया.

    विवाद क्या था?

    रूस के विदेश मंत्री ने सर्गेई लावरोफ़ ने इतालवी टेलीविजन चैनल रेटे 4 चैनल के साथ बातचीत में कहा था कि नाज़ियों के नेता हिटलर की रग़ों में यहूदियों का ख़ून बहता था.

    सर्गेई लावरोफ से ये सवाल पूछा गया था कि रूस किस तरह से ये दावा कर सकता है कि यूक्रेन को यहूदियों के प्रभाव से मुक्त किए जाने की ज़रूरत है जबकि उसके राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेस्की ख़ुद एक यहूदी हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, सर्गेई लावरोफ़ ने इस सवाल के जवाब में कहा था, "जब वे कहते हैं कि अगर हम यहूदी हैं तो ये किस तरह का नाज़ीकरण है, मुझे लगता है कि हिटलर भी यहूदी मूल के थे तो इस दलील का कोई मतलब नहीं है."

    इसराइल की आपत्ति और पुतिन की माफ़ी

    लावरोफ के इस बयान पर इसराइल की ओर से कड़ी आपत्ति जताई गई थी. यहाँ तक की इसराइल में रूस के राजदूत को तलब भी किया गया था.

    इसराइल के विदेश मंत्री येर लैपिड ने वाईनेट न्यूज़ वेबसाइट से बातचीत में इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "ये एक अपमानजनक, अक्षम्य, ऐतिहासिक ग़लती है और हमें उम्मीद है कि वे इसके लिए माफ़ी मांगेंगे."

    इसराइली विदेश मंत्री ने कहा था, "यहूदियों ने होलोकॉस्ट में ख़ुद अपनी जान नहीं ली थी. यहूदियों के ख़िलाफ़ नस्लवाद का सबसे ख़राब स्तर ये है कि उन पर ख़ुद ही यहूदियों के विरोध का इल्ज़ाम लगा दिया जाए."

    इसराइल की ओर से पाँच मई को दावा किया गया कि रूस के राष्ट्रपति ने पीएम बेनेट के साथ फ़ोन पर बात की और अपने विदेश मंत्री की टिप्पणी के लिए माफ़ी मांगी.

    हालांकि रूस की ओर से इस बातचीत का जो ब्योरा दिया गया है उसमें माफ़ी वाली बात का ज़िक्र नहीं है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 05 मई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक करें.