You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इन शर्तों पर हो सकता है रूस से कोई समझौता: वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

जेलेंस्की की बातचीत शांति समझौते के रूप में क्रीमिया पर रूसी नियंत्रण को स्वीकार करने का संकेत देती है.

लाइव कवरेज

अभय कुमार सिंह and भूमिका राय

  1. भारत पारेख: ऐसे LIC एजेंट, जिनके लिए श्मशान घाट बने सबसे ज़्यादा मददगार

    भारत पारेख दशकों तक हर रोज़ जीवन बीमा की पॉलिसी बेचने के लिए नागपुर के अख़बारों में छपने वाली मौत की सूचनाओं और श्मशान घाटों को खंगालते हैं.

    पारेख कहते हैं, "भारत में आपको अंतिम संस्कार में जाने के लिए किसी न्योते की ज़रूरत नहीं है. आप अर्थी ले जा रहे लोगों को देखकर ही शोक में डूबे परिवार को पहचान लेंगे. आप मृतक के रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलते हैं और अपने बारे में बताते हैं. आप उनसे कहिए कि मरने वाले के जीवन बीमा की रक़म जल्द से जल्द पाने में आप उनकी मदद करेंगे और आप अपना विज़िटिंग कार्ड उनके पास छोड़ जाइए."

    तेरहरवीं हो जाने के बाद कुछ परिवार उन्हें फ़ोन करते हैं लेकिन अधिकांश लोगों से वो घर-घर जाकर मिलते हैं. पारेख ये सुनिश्चित करते हैं कि डेथ क्लेम समय पर सेटल हो जाए.

    पारेख लोगों से पूछते हैं कि किसी की मौत से उनके परिवार पर क्या वित्तीय असर हुए, क्या उनके ऊपर कोई उधार हैं, क्या उन्होंने पर्याप्त राशि का जीवन बीमा लिया हुआ है और क्या उनके पास बचत या कोई निवेश है?

    वो कहते हैं, "मैं किसी की मौत से परिवार पर होने वाले असर को समझता हूँ. मैंने अपने पिता को तब खोया था जब मैं बहुत छोटा था."

  2. तेजिंदर सिंह बग्गा: पहले पंजाब पुलिस ने गिरफ़्तार किया, अब दिल्ली पुलिस वापस ला रही है

    दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता तेजिंदर सिंह बग्गा को दिल्ली पुलिस कुरुक्षेत्र से वापस ला रही है.

    पंजाब पुलिस ने उन्हें उनके दिल्ली स्थित घर से शुक्रवार को गिरफ़्तार किया था. 1 अप्रैल को तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के ख़िलाफ़ पंजाब में प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसके बाद ये गिरफ़्तारी हुई थी.

    तेजिंदर पाल सिंह बग्गा द्वारा 'कश्मीर फाइल्स' फिल्म को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ टिप्पणी करने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता और मोहाली निवासी सनी अहलूवालिया की शिकायत पर ये एफ़आईआर दर्ज की गई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजिंदर सिंह बग्गा की गिरफ़्तारी के बाद अपहरण का मामला भी दर्ज किया है.

    पंजाब पुलिस बग्गा को उनकी गिरफ़्तारी के बाद पंजाब ला रही थी लेकिन रास्ते में हरियाणा पुलिस ने बग्गा को ले जारी पंजाब पुलिस की टीम को कुरुक्षेत्र में रोक लिया था.

  3. कोरोना के ख़तरे के बीच चीन में होने जा रहे 19वें एशियन गेम्स रद्द

    कोरोना संक्रमण के बीच चीन के हांगझोऊ में होने जा रहे 19वें एशियन गेम्स को टाल दिया गया है.

    ये 10 से 25 सितंबर के बीच होने वाला था. इसके लिए नई तारीख़ों का ऐलान कुछ समय बाद किया जाएगा.

    ओलंपिक काउंसिल ऑफ़ एशिया (OCA) की तरफ़ से जारी एक बयान में कहा गया है कि हांगझोऊ एशियन गेम्स ऑर्गेनाइजिंग कमिटी (HAGOC) ने कोरोना संक्रमण के बावजूद एशियन गेम्स के लिए पूरी तैयारी कर ली थी लेकिन जिस स्तर पर ये खेल होने जा रहे थे और महामारी की स्थिति को देखते हुए सभी पक्षों के साथ बातचीत के बाद खेलों को टालने का फैसला लिया गया है.

    साथ ही, OCA ने तीसरे एशियन यूथ गेम्स को रद्द कर कर दिया है. ये खेल पहले भी एक बार स्थगित किए जा चुके हैं. अब ये यूथ गेम्स 2025 में ताशकंद में आयोजित किए जाएंगे.

  4. बैंक खाता खुलवाने से पहले इन बातों का ध्यान दें. लेडीज़ पर्स

    अक्सर महिलाएं फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट से जुड़ी कोई भी जानकारी या फैसला अपने घर के किसी पुरुष सदस्य या पुरुष मित्रों की सलाह के बिना नहीं लेतीं. एक वैलिडेशन की तलाश रहती है, कि हम जो सोच रहे हैं, या कर रहे हैं वो सही तो है क्योंकि बात पैसों की है.

    कई बार लोग हमारी इस कमज़ोरी का फाय़दा भी उठा लेते हैं औऱ कई बार हम ख़ुद कुछ सरकारी फाय़दों से वंचित रह जाते हैं. जैसे कोरोना के समय केंद्र सरकार तमाम महिला जनधन खातों में 500 रुपए क्रेडिट कर रही थी, जिन महिलाओं के बैंक अकाउंट थे, जिन्हें बैंक के कामों की समझ थी, उन्होंने इसका भरपूर लाभ उठाया और जिनके अकाउंट नहीं थे....वो?

    वो आने वाले समय में उठा लेंगी...क्योंकि इस वीडियो में हम आपको यही बताने वाले हैं, कि बैंक अकाउंट खुलवाना कैसे है? इसका प्रॉसेस क्या है? क्या घर बैठे भी बैंक अकाउंट खुलवाए जा सकते हैं?

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, झारखंड की खान सचिव पूजा सिंघल से जुड़े ठिकानों पर ईडी की रेड

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    झारखंड काडर की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और राज्य की मौजूदा खान सचिव पूजा सिंघल के घर और उनसे जुड़ी दूसरी जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम शुक्रवार सुबह से ही छापेमारी कर रही है.

    छापेमारी में शामिल ईडी अधिकारियों ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.

    इसलिए फ़िलहाल यह पता लगा पाना मुश्किल है कि ये छापेमारी किस सिलसिले में की जा रही है.

    स्थानीय मीडिया में चर्चा है कि ये छापा खूंटी ज़िले में साल 2008-11 के दौरान हुए क़रीब 18 करोड़ के मनरेगा घोटाला के दौरान कथित तौर पर जुटाई गई अवैध संपत्ति की जाँच के क्रम में मारा गया है.

    भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2000 बैच की अधिकारी पूजा सिंघल तब खूँटी की उपायुक्त (डीसी) थीं.

    ईडी की टीम ने राँची में उनके सरकारी आवास के साथ उनके पति के स्वामित्व वाले निजी अस्पताल और उनके घर छापा मारकर वहाँ के दस्तावेज खंगाले हैं.

    इसके अलावा उनसे जुड़ी कुछ और जगहों पर छापेमारी की जा रही है. इसका ब्योरा फ़िलहाल उपलब्ध नहीं है.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ राँची के अलावा बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर में उनके पति के पैतृक आवास और दूसरे राज्यों में स्थित उनसे जुड़ी कुछ और जगहों पर भी छापेमारी की जा रही है.

    राँची पुलिस ने भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है लेकिन ईडी की टीम को सीआरपीएफ़ के सुरक्षा कवर में देखा जा रहा है.

  6. केजरीवाल के एलान पर LIVE: 'एक अक्टूबर से जो मांगेगा, उसे ही बिजली बिल पर मिलेगी सब्सिडी'

  7. राहुल गांधी कोविड से हुई मौतों पर राजनीति कर रहे हैं: बीजेपी

    भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कोविड से हुई मौतों पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का डेटा और कांग्रेस का 'बेटा' दोनों ही गलत हैं.

    पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कोविड से हुई मौतों का अनुमान डब्ल्यूएचओ ने जिस तरीके से लगाया है, उसमें कई कमियां हैं और भारत सरकार ने अपनी आपत्ति विश्व स्वास्थ्य संगठन को बता दी है.

    उन्होंने कहा, "पूरा विश्व मानता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने जिस प्रकार कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ी वो पूरे विश्व के लिए मिसाल थी. पर ऐसे में मृत्यु के आंकड़ों पर राजनीति करना बहुत दुखद है. जबकि विकसित देशों से भी बेहतर तरीके से भारत ने ये युद्ध लड़ा है."

    उन्होंने कहा, "राहुल गांधी लगातार भारत को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. समय-समय पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और भाजपा पर आक्रमण करते हुए भारत को नीचा दिखाया है, ये दुखद है. भाजपा शासित राज्यों और गैर-भाजपा शासित राज्यों में मृत्यु का विश्लेषण नहीं करना चाहिए."

    "चार महत्वपूर्ण ऐसे कदम हैं जिसके आधार पर हमें लगता है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का डेटा गलत है. पहला ये कि पूरी प्रक्रिया में WHO ने जिस प्रकार के तरीकों को अपनाया है, वो गलत है. दूसरा, डेटा के स्रोत में एक्यूरेसी होनी चाहिए, जबकि WHO ने माना है कि स्रोत वेरिफाइड नहीं हैं. तीसरा, ये कि किन मानदंड के आधार पर भारत को टियर-2 देश में रखा गया है, ये भी सटीक रूप से पता नहीं चलता. चौथा, काल्पनिक तरीके से डेटा का मंथन करना, भारत को टियर-2 देशों में रखना, इन सब विषयों पर भारत ने समय-समय पर WHO से बातचीत की है."

    राहुल गांधी ने इससे पहले डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा था कि "विज्ञान झूठ नहीं बोलता है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोलते हैं."

  8. हिंदू-मुसलमान ने इस गांव में 100 सालों तक प्रेम से रहने की कसम खाई

    यह महाराष्ट्र के रत्नागिरी ज़िले का सोंडेघर गांव है. इस गांव के लोगों ने अगले 100 सालों तक गांव में सद्भाव बनाए रखने की कसम खाई है. इसका ऐतिहासिक महत्व है.

    साने गुरू जी अपने गांव पालगड़ जाते वक़्त यह नदी पार करते थे. अब अलग-अलग धर्मों के कई लोगों ने साथ आकर यह समझौता किया है.

  9. तेजिंदर सिंह बग्गा की गिरफ़्तारी पर गौतम गंभीर ने अरविंद केजरीवाल को बताया मॉडर्न 'तुग़लक'

    बीजेपी नेता और सांसद गौतम गंभीर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है.

    उन्होंने ट्वीट किया है कि अरविंद केजरीवाल आज के समय के तुग़लक हैं.

    गौतम गंभीर ने लिखा है, "पंजाब में खालिस्तान को छूट दी जा रही है और विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिल्ली से गिरफ़्तार कर रहे हैं."

    गौतम गंभीर ने गिरफ़्तारी का ज़िक्र बीजेपी के नेता तेजिंदर बग्गा के संदर्भ में किया है.

    बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को आज पंजाब पुलिस ने उनके घर से गिरफ़्तार किया है.

    बग्गा की गिरफ़्तारी के विरोध में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया.

    दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस को बिना किसी पूर्व सूचना दिए पंजाब पुलिस तजिंदर बग्गा को घर से अवैध तरह से गिरफ़्तार कर ले गई है. पंजाब पुलिस ने उनके पिता के साथ मारपीट की और उनके पिता ने इसके ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज़ की है.

  10. स्टील प्लांट के बंकर में छुपे यूक्रेनियों की कैसी थी ज़िंदगी

    मारियुपोल के अज़ोवस्टाल स्टीलप्लांट में लगातार जारी बमबारी के बीच कई लोग पिछले दो महीनों से उसी प्लांट के बंकर में छुपे हुए थे.

    साठ से ज़्यादा दिनों से इन्होंने सूरज की रोशनी नहीं देखी और खाने के लिए वो यूक्रेनी सैनिकों पर निर्भर थे.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, तेजिंदर बग्गा की गिरफ़्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया

    दिल्ली पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजिंदर सिंह बग्गा की गिरफ़्तारी के बाद अपहरण का मामला दर्ज किया है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने ये रिपोर्ट अधिकारियों के हवाले से दी है.

    बीबीसी पत्रकार अवतार सिंह को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़, दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया है.

    पंजाब पुलिस ने दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता तेजिंदर सिंह बग्गा को उनके दिल्ली स्थित घर से शुक्रवार को गिरफ़्तार किया था. 1 अप्रैल को पंजाब पुलिस ने तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की थी.

    तेजिंदर पाल सिंह बग्गा द्वारा 'कश्मीर फाइल्स' फिल्म को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ टिप्पणी करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

    आम आदमी पार्टी के नेता और मोहाली निवासी सनी अहलूवालिया की शिकायत के बाद ये प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

    बीबीसी पत्रकार अरविंद छाबड़ा के मुताबिक़, पंजाब पुलिस द्वारा बग्गा को पांच नोटिस भेजे गए थे. उसे पंजाब पुलिस ने जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप में गिरफ़्तार किया था.

    बीबीसी संवाददाता कमल सैनी ने बताया कि पंजाब पुलिस बग्गा को उनकी गिरफ़्तारी के बाद पंजाब ला रही थी लेकिन इस बीच हरियाणा पुलिस ने बग्गा को ले जारी पंजाब पुलिस की टीम को कुरुक्षेत्र में रोक लिया है.

  12. LIC IPO में रीटेल वाला हिस्सा पूरी तरह से सब्सक्राइब हुआ

    लाइफ़ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन के आईपीओ में रीटेल खरीदारों का हिस्सा शुक्रवार को पूरी तरह से सब्सक्राइब हो गया.

    देश के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ के लिए बिडिंग के तीसरे दिन ही बाज़ार खुलने के साथ ही पहले घंटे में रीटेल खरीदारों का कोटा पूरी तरह से भर गया.

    इस कोटे में 6.9 करोड़ शेयर रखे गए हैं जबकि शुक्रवार को सुबह 11:36 बजे तक 7.2 करोड़ शेयरों के लिए बिडिंग मिली.

    हालांकि क्वॉलिफ़ाइड इंस्टीट्यूश्नल बॉयर (क्यूआईबी) और नॉन इंस्टीट्यूश्नल इन्वेस्टर (एनआईआई) कोटा को लेकर निवेशकों का ठंडा रुख देखने को मिला है.

    एनआईआई कोटा अभी तक 50 फ़ीसदी भरा गया है जबकि क्यूआईबी कोटा 40 फ़ीसदी ही भर पाया है.

    पॉलिसी होल्डर कोटा तीन गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ है जबकि एलआईसी स्टाफ़ के लिए निर्धारित कोटा 2.5 गुना भरा जा चुका है.

  13. जम्मू और कश्मीर परिसीमन आयोग की रिपोर्ट पर पाकिस्तान ने क्या कहा?

    पाकिस्तान ने जम्मू और कश्मीर परिसीमन आयोग की रिपोर्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भारत के चार्ज डी अफ़ेयर्स को बुलाकर परिसीमन आयोग की रिपोर्ट को खारिज किया है.

    जम्मू और कश्मीर परिसीमन आयोग को भारत सरकार ने राज्य की विधानसभा और लोकसभा सीटों के पुनर्गठन का काम दिया था.

    जस्टिस (रिटायर्ड) रंजना देसाई की अगुवाई वाले तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग ने गुरुवार को केंद्रशासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर की विधानसभा सीटों के पुनर्गठन पर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी.

    इस परिसीमन आयोग का गठन मार्च, 2020 में किया गया था. गुरुवार को जारी की गई रिपोर्ट में जम्मू क्षेत्र को विधानसभा में छह अतिरिक्त सीटें और कश्मीर घाटी को एक सीट देने की सिफारिश की गई है.

    इस रिपोर्ट के लागू होने के बाद 90 सदस्यीय जम्मू और कश्मीर विधानसभा में जम्मू क्षेत्र में 43 विधानसभा सीटें और कश्मीर घाटी में 47 सीटें होंगी. गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारतीय उच्चायोग के चार्ज डी अफेयर्स को तलब किया.

    पाकिस्तान ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस परिसीमन आयोग का मक़सद जम्मू और कश्मीर की मुस्लिम बहुल आबादी को 'कमज़ोर करना और उन्हें मताधिकार से वंचित करना' है.

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, "भारतीय पक्ष को ये बताया गया कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया ही हास्यास्पद है और जम्मू और कश्मीर के राजनीतिक दलों ने पहले ही इसे खारिज कर दिया है. इसके जरिए भारत 5 अगस्त, 2019 को लिए गए अपने अवैध फ़ैसले को वैधता देना चाहता है."

    साल 2019 में भारत ने जम्मू और कश्मीर के विशेष राज्य के दर्जे को खत्म कर दिया था. इससे नाराज़ होकर पाकिस्तान ने भारत के साथ अपने कूटनीतिक संबंधों का दर्जा कमतर किया था और इस्लामाबाद के भारतीय उच्चायुक्त को निष्कासित कर दिया था.

    भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बार-बार ये कहता रहा है कि आर्टिकल 370 ख़त्म करने का फ़ैसला उसका आंतरिक मामला है. भारत ने पाकिस्तान से भी बार-बार ये कहा है कि जम्मू और कश्मीर देश का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा. उसने पाकिस्तान को इस वास्तविकता को स्वीकार की भी सलाह दी है.

  14. कोरोना से मरने वालों पर WHO की रिपोर्ट पर बोले राहुल गांधी- विज्ञान झूठ नहीं बोलता, मोदी बोलते हैं

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके मोदी सरकार पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के हालिया जारी किए गए आंकड़ों के आधार पर ट्वीट किया है.

    राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, "कोविड महामारी के कारण 47 लाख भारतीयों की मौत हुई... ना कि 4.8 लाख, जैसा की सरकार दावा कर रही है."

    राहुल गांधी ने आगे लिखा है, "विज्ञान झूठ नहीं बोलता है. मोदी बोलते हैं."

    राहुल गांधी ने लिखा है कि कम से कम उन परिवार वालों की इज़्ज़त कीजिए जिन्होंने अपनों को खो दिया.

    राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवज़े की मांग भी की है.

    दरअसल, राहुल गांधी का ये बयान विश्व स्वास्थ्य संगठन के दावे के संदर्भ में है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि भारत में कोरोना से 47 लाख लोगों की मौत हुई है. ये संख्या आधिकारिक आँकड़ों से क़रीब 10 गुना ज़्यादा है. हालाँकि, भारत सरकार ने उनके इस दावे पर सवाल उठाए हैं.

    डब्ल्यूएचओ का आकलन है कि कोरोना महामारी के कारण अभी तक दुनिया में क़रीब डेढ़ करोड़ लोगों की मौत हुई है. ये आँकड़ा दो साल में कोविड के कारण हुई मौतों की तुलना में 13 प्रतिशत ज़्यादा है.

    डब्ल्यूएचओ का मानना है कि कई देशों ने कोविड से मरने वालों की संख्या की कम गिनती की है. संगठन के मुताबिक़ सिर्फ़ 54 लाख मौत को आधिकारिक किया गया है.

  15. क्या यूरोप को चुकानी होगी चीन के कर्ज़ की भारी क़ीमत?

    इंफ्रास्ट्रक्चर्स से लेकर माइनिंग तक, चीन ने दुनियाभर में ना जाने कितने प्रोजेक्ट्स में निवेश कर रखा है. पर अब चीन के इन क़दमों के लेकर चिंता बढ़ रही है.

    एक तो रूस चीन की नज़दीकियां. युद्ध को लेकर चीन का रूख़ और दूसरी ओर आरोप कि चीन की कुछ कंपनियां, अपने कर्मचारियों का शोषण कर रही हैं.

  16. अमेरिका: कैरीन ज्यां पिएर होंगी व्हाइट हाउस की पहली काली प्रवक्ता

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कैरीन ज्यां पिएर को नयी प्रमुख प्रवक्ता के रूप में नामित किया है.

    ये पहला मौक़ा है जब किसी काले व्यक्ति को इस पद के लिए नामित किया गया है. साथ ही वह पहली ऐसी शख़्स हैं जो घोषित तौर पर गे हैं.

    44 साल की कैरीन हालांकि बाइडन के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही उनके साथ काम कर रही हैं.अभी तक वह बाइडन प्रशासन की प्रमुख उप प्रेस सचिव के रूप में काम कर रही थीं.

    वह निवर्तमान प्रेस सचिव जेन साकी की जगह अब इस महत्वपूर्ण पद को संभालेंगी.

    व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव हर रोज़ पत्रकारों को प्रशासन से जुड़े क़दम की और घोषणाओं की ब्रीफ़िंग देते हैं. ऐसे में यह एक बेहद ज़िम्मेदारी भरा पद है.

    जेन साकी ने ट्विटर पर कैरीन को बधाई दी है.

    उन्होंने लिखा है, "मैं अमेरिकी राष्ट्रपति की बहुत शुक्रगुज़ार हूं और इस बारे में बहुत कुछ कहने के लिए है. बतौर प्रेस सचिव मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं शुक्रगुज़ार हूं. बहुत कुछ बताने के लिए है लेकिन आज कैरीन की बात...वो एक विलक्षण प्रतिभा वाली महिला हैं, जो जल्द ही हर रोज़ पोडियम के पीछे से संबोधित करते नज़र आएंगी."

    साकी ने कैरीन के बारे में लिखा है कि इस पद को संभालने वाली वह पहली अश्वेत महिला होंगी और पहली ओपन एलजीबीटीक्यू शख़्स भी. रीप्रेज़ेंटेशन बहुत मायने रखता है और इससे बहुत से लोगों को बड़े सपने देखने का साहस भी मिलेगा.

  17. श्रीलंका में ख़स्ताहाल होता पर्यटन, दम तोड़ती खेती

    श्रीलंका में जारी आर्थिक संकट से लोगों का हुआ बुरा हाल.

    खाने पीने की चीज़ें, ईंधन, दवाइयों तक के पैसे नहीं. किस तरह इसका खामियाज़ा भुगत रहा है श्रीलंका का पर्यटन और कृषि उद्योग.

  18. तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ़्तारी पर उनके पिता ने क्या कहा

    बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने उनके घर से गिरफ़्तार किया है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा के हवाले से गिरफ़्तारी की जानकारी दी है.

    प्रीतपाल सिंह ने एएनआई को बताया, “आज सुबह क़रीब दस-पंद्रह पुलिवाले हमारे घर आए और तेजिंदर को लेकर गए. जब मैंने वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल उठाया तो पुलिस मुझे दूसरे कमरे में लेती गई.”

    तेजिंदर पाल बग्गा के पिता ने बताया, “जो पुलिस वाले उनके घर आए थे, उनका आरोप था कि तेंजिदर ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी थी. दिल्ली पुलिस को इस बारे में कोई जानकारी नहीं.”

    इससे पहले पंजाब पुलिस ने बग्गा के ख़िलाफ़ एक अप्रैल को एफ़आईआर दर्ज की थी. उन पर भड़काऊ बयान देने के आरोप को लेकर मामला दर्ज किया गया था. दरअसल, बग्गा, फ़िल्म कश्मीर फ़ाइल्स पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान को लेकर उन पर हमलावर हो गए थे.

    यह एफ़आईआर मोहाली के रहने वाले आप नेता सनी अहलुवालिया की शिकायत पर दर्ज की गयी थी.

    बग्गा ने अपने एक ट्वीट में अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए ट्वीट किया था कि वह उन पर झूठे मामले दर्ज करवा रहे हैं.

  19. तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ़्तार: बीजेपी नेता

    बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा है कि तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने उनके घर से गिरफ़्तार किया है. बग्गा भी बीजेपी के ही नेता हैं.

    कपिल मिश्रा ने अपने ट्वीट में कहा है, “तेजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ़्तार करके ले गए.” बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस मामले में कहा है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं.

    कपिल मिश्रा ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए हैं.

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए लिखा है, "पंजाब की पुलिस का इस्तेमाल केजरीवाल के पर्सनल नाराजगी, पर्सनल खुन्नस को निपटाने के लिए किया जा रहा है."

    आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालयान ने भी इस संबंध में ट्वीट किया है.

    तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली चुनाव में हरिनगर विधानसभा सीट से टिकट दिया था. हालांकि वह चुनाव हार गए थे.

    लेकिन पहली बार बग्गा में चर्चा में तब आए थे जब उन्होंने आम आदमी पार्टी के पुराने साथी और वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण पर हमला किया था.

  20. दिल्ली में किताबों और यूनिफ़ॉर्म के नाम पर अब मनमानी नहीं कर सकेंगे प्राइवेट स्कूल

    शिक्षा निदेशालय ने अपने एक आदेश में कहा है कि राजधानी के निजी स्कूल, अभिभावकों को उनसे या किसी ख़ास जगह से किताब, स्टेशनरी के दूसरे सामान और यूनिफ़ॉर्म ख़रीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकते.

    गुरुवार को जारी इस आदेश में कहा गया है कि स्कूल, अभिभावकों पर इस बात के लिए दबाव नहीं बना सकते हैं कि वे किताबें और दूसरी चीज़ें किसी चुनी हुई दुकान से ही ख़रीदें.

    दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस संबंध में ट्वीट भी किया है.

    उन्होंने लिखा है- “दिल्ली के प्राइवेट स्कूल अब पेरेंट्स को अपनी ही दुकान से किताबें और यूनिफ़ॉर्म ख़रीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे.हर स्कूल को आसपास की कम से कम 5 दुकानों की सूची जारी करनी होगी जहां से किताबें व यूनिफ़ॉर्म ख़रीदी जा सकेंगी.इस आदेश की अवहेलना करने वाले स्कूलों के ख़िलाफ़कार्रवाई की जाएगी.”

    इसके अलावा निदेशालय ने आदेश दिया है कि स्कूलों को नए सत्र में कक्षा के अनुसार किताबों की सूची और राइटिंग मटीरियल की लिस्ट भी जारी करनी होगी. उन्हें ये लिस्ट स्कूल की वेबसाइट पर पहले से ही जारी करनी होगी और इसके साथ ही अभिभावकों से अलग-अलग माध्यमों से बात भी करनी होगी और उन्हें सूचित करना होगा. इसके साथ ही स्कूलों को यह भी आदेश दिया गया है कि वे आने वाले तीन सालों तक स्कूल की यूनिफ़ॉर्म में बदलाव नहीं करेंगे.