You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IPL: 2020 के बाद पहली बार चेन्नई को हराकर टॉप-4 में पहुंचा बैंगलोर

आईपीएल 2022 के हाइप्रोफ़ाइल मुक़ाबले में रॉयल चैलेंज़र्स बैंगलोर ने चेन्नई सुपर किंग्स को 13 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी छठी जीत दर्ज की है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दीपक मंडल

  1. LIVE: महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा विवाद

    LIVE: महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा विवाद. MNS प्रमुख राज ठाकरे के घर के बाहर से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी के मयूरेश कोण्णूर.

  2. सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को मिली सशर्त ज़मानत

    अमरावती से सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को मुंबई कोर्ट ने सशर्त ज़मानत दे दी है.

    उन्हें राजद्रोह के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था.

    नवनीत राणा और बडनेरा से विधायक रवि राणा ने कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा पढ़ने का एलान किया था.

    इसके बाद मुंबई पुलिस ने बीती 23 अप्रैल को नवनीत राणा और रवि राणा को गिरफ़्तार कर लिया. इन दोनों के ख़िलाफ़ राजद्रोह की धारा 124A और 153A समेत कुछ अन्य धाराओं के साथ केस दर्ज किया गया है.

    नवनीत राणा का कहना था कि वो मातोश्री को मंदिर मानती हैं, इसलिए उसके बाहर हनुमान चालीसा पढ़ना चाहती हैं. लेकिन पुलिस उन्हें ऐसा नहीं करने दे रही है. नवनीता राणा की घोषणा के ख़िलाफ़ शिव सेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई में उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और हुनमान चालीसा पढ़ी.

    उनके वकील रिज़वान मर्चेंट ने बताया कि कोर्ट ने ज़मानत के लिए जो शर्तें रखी हैं, उनके मुताबिक़ उन्हें जाँच और पूछताछ में सहयोग करना होगा.

    पुलिस को भी 24 घंटे पहले अग्रिम नोटिस देना होगा. सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी. राणा दंपती को मीडिया को इंटरव्यू देने की इजाज़त नहीं होगी. उन्हें आज शाम तक रिहा किया जा सकता है.

  3. राज ठाकरे के ख़िलाफ़ नोटिस जारी, मुंबई में भारी सुरक्षाबल तैनात

    महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की चेतावनी को देखते हुए मुंबई और आसपास के इलाक़ों में बुधावर को भारी सुरक्षाबल तैनात किया गया है.

    राज ठाकरे ने राज्य सरकार से मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग की थी. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर लाउडस्पीकर नहीं हटाए जाते तो अज़ान के दौरान लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाई जाएगी.

    हालांकि, पुलिस का कहना है कि कई मस्जिदों में सुबह की नमाज़ शांतिपूर्ण तरीक़े से हुई. मुंबई पुलिस आयुक्त संजय पांडे समेत सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा इंतज़ाम के लिए बाहर निकले हुए हैं.

    कुछ जगहों पर मस्जिदों के बाहर पुलिस तैनात की गई है.

    अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कुछ जगहों पर नाकाबंदी की गई है और गाड़ियों की जांच की जा रही है.

    औरंगाबाद पुलिस ने दो दिन पहले भड़काऊ भाषण देने के आरोप में राज ठाकरे के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है. उन्हें इस संबंध में नोटिस भी जारी किया गया है.

    पुलिस ने मौलवियों और मस्जिदों के ट्रस्टी के साथ बैठक की है और उन्हें ध्वनि प्रदूषण से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों और नियमों का पालन करने के लिए कहा है.

    थाणे की मुंब्रा बसती में जुमा मस्जिद के पास पुलिस पोस्ट बनाया गया है. कुछ मनसे कार्यकर्ता इसके पास हनुमान चालीसा पढ़ने वाले थे लेकिन अज़ान की आवाज़ मस्जिद के बाहर ना आने पर वो लोग चले गए.

    मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अशोक कडलग ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई है.

  4. जोधपुर में सांप्रदायिक झड़प मामले में 97 लोग गिरफ़्तार, कर्फ़्यू जारी

    राजस्थान के जोधपुर में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में 97 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. यहाँ 10 पुलिस थानों के अंतर्गत आने वाले इलाक़ों में अब भी कर्फ़्यू लगा हुआ है.

    पुलिस के मुताबिक़ फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है और हिंसा की कोई नई घटना नहीं हुई है.

    क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क़रीब एक हज़ार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

    जोधपुर के जालोरी गेट इलाक़े में हिंसक झड़प होने के बाद से ही प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं.

    ये विवाद सोमवार रात से शुरू हुआ जब परशुराम जयंती को लेकर एक समुदाय ने झंडा लगा कर सजावट की थी और आरोप है कि दूसरे समुदाय ने झंडा हटा कर अपना झंडा और लाउडस्पीकर लगाए.

    इसके बाद मंगलवार को ईद की नमाज़ के बाद एक बार फिर झंडे को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.

    जोधपुर के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कर्फ़्यू लगाने के साथ-साथ मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए थे.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की थी. साथ ही दो मंत्रियों और अधिकारियों को भी भेजा गया था.

  5. भारत के भीतर 'मिनी पाकिस्तान' का जुमला कैसे ज़ोर पकड़ता गया

    "हम और हमारे माँ-बाप यहीं पैदा हुए, यहीं काम करते हैं और यहीं मरेंगे. लेकिन मरने के पहले बस यही सुनना चाहते हैं कि हम भारत में जिए और भारत में ही मरे. मिनी पाकिस्तान में नहीं".

    58 साल की साहिबा बीबी जब ये बता रहीं थीं, उस समय उनके डेढ़ सौ मीटर पीछे एक बुलडोज़र दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाक़े में एक 'अनाधिकृत इमारत' गिरा रहा था.

    क़रीब आधे घंटे बाद उसी इलाक़े की एक कॉलोनी में मुलाक़ात सुदेश कुमार से हुई जिन्हें लगता है, "सड़क के उस पार तो मिनी पाकिस्तान है, जहाँ अब बांग्लादेश से घुसपैठिए भी आकर बस चुके हैं. देर रात निकल जाइए बस, आपका मोबाइल छिनना तय है".

    इस इलाक़े ने कुछ ही दिन पहले साम्प्रदायिक हिंसा और तनाव देखा है और उसके बाद 'कड़ी' सरकारी कार्रवाई भी.

    आप में से कितनों ने बचपन से लेकर आज तक, एक आज़ाद-स्वतंत्र भारत के भीतर 'मिनी-पाकिस्तान' या 'बांग्लादेशी कॉलोनी' जैसे बातें सुनीं हैं? कैसे पड़े ये नाम, पढ़िए पूरी कहानी...

  6. यूपी में एसओ पर 13 साल की नाबालिग़ दलित लड़की के साथ रेप का आरोप

    अनंत झणाणेबीबीसी संवाददाता

    उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एसओ पर 13 साल की नाबालिग़ दलित लड़की के साथ थाने में बलात्कार का आरोप लगा है.

    आरोप है कि लड़की का पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गाँव के चार युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया और उसके बाद जब लड़की ललितपुर के थाना पाली पहुँची तो वहाँ पर थाने के दरोगा ने बलात्कार किया.इस मामले में पुलिस ने लड़की की मौसी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया है. ललितपुर के एसपी के मुताबिक़ अभियुक्त थानाध्यक्ष तिलकधारी सरोज फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ़्तारी के लिए प्रयास कर रही है.

    एफ़आईआर में क्या?इस घटना की एफ़आईआर तीन अप्रैल दोपहर दो बजे दर्ज हुई, जिसमें रेप के मुक़दमे के अलावा पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं.इसमें गाँव के चार युवक चंदन, राजभान, हरिशंकर, महेंद्र चौरसिया, लड़की की मौसी और पाली थाने के एसओ तिलकधारी सरोज को नामजद किया गया है.अभियुक्तों पर 22 अप्रैल को लड़की को बहला-फुसलाकर, छुपाकर भोपाल लाकर तीन दिन तक लगातार बलात्कार करने का आरोप है.

    आरोप यह भी है की 26 अप्रैल को यह चारों शख्स लड़की को पाली थाने के दारोगा के पास छोड़ कर भाग गए. एफ़आईआर के मुताबिक़ दारोगा ने लड़की को उसकी मौसी को सुपुर्द कर दिया, जिसने उसके भगा कर ले जाने वाले लड़के चन्दन की बहन को दो दिन के लिए सौंप दिया.

    एफ़आईआर में लिखा है कि लड़की को 27 अप्रैल को बयान के लिए थाने लाया गया और "जैसे शाम हुई तो उसकी मौसी लड़की को थाना अध्यक्ष तिलकधारी सरोज के पास ले गई. लड़की के साथ कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया गया."

    उसके बाद लड़की को उसकी मौसी को फिर सौंप दिया गया. एफ़आईआर के मुताबिक़ इस घटना की कोई भी सूचना लड़की के मां-बाप को नहीं दी गई. 30 अप्रैल को जब लड़की एक बार फिर थाने लाई गई तो उसे एनजीओ चाइल्डलाइन को सौंपा दिया गया और बाद में हुई काउंसलिंग में लड़की ने यह सारी बातें बताईं.दारोगा की गिरफ़्तारी के लिए बनी टीमइस घटना के बारे में ज़्यादा जानकारी देते हुए ललितपुर के एसपी निखिल पाठक ने बताया, "इस मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है. कुछ ही लोगों को इसमें नामज़द किया गया है. इसमें से एक अभियुक्त को हमने पकड़ा है, उससे पूछताछ चल रही है. इसके अलावा बाक़ी अभियुक्तों के लिए भी हमने टीमें लगाई हैं. उनकी गिरफ़्तारी जल्द ही की जाएगी."एसपी निखिल पाठक ने यह भी बताया कि थाना इंचार्ज तिलकधारी सरोज को तत्काल प्रभाव से ससपेंड कर दिया है. उनकी गिरफ़्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और दबिश डाल रहे हैं.

  7. म्यांमार सेना को चुनौती देता हथियारबंद महिलाओं का गुट

  8. भारत: एक दिन में कोरोना संक्रमण के 3205 मामले, 31 की मौत

    भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 3205 मामले सामने आए हैं और 31 लोगों की मौत हो गई है.

    एक दिन में 2802 लोग कोरोना से ठीक हो गए हैं. देश में फ़िलहाल कोरोना संक्रमण के 19509 सक्रिय मामले बने हुए हैं.

    देश में कोरोना संक्रमण के अब तक कुल चार करोड़ 30 लाख 88 हज़ार से ज़्यादा मामले सामने आ चुके हैं. वहीं, पांच लाख 23 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

    वैक्सीन की बात करें तो एक दिन में 479208 वैक्सीन दी गई हैं. कुल 189 करोड़ से अधिक वैक्सीन लग चुकी है.

  9. रूस और इसराइल में मज़हब का एंगल आया

    रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने इसराइल पर यूक्रेन में नियो-नाज़ियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है. इससे पहले विदेश मंत्री ने कहा था कि अडोल्फ हिटलर यहूदी मूल के थे.

    पिछले कुछ दिनों से रूस और इसराइल के बीच ज़ुबानी जंग चल रही है.

    अडोल्फ हिटलर को यहूदी मूल का बताने वाले बयान पर इसराइल के विदेश मंत्री येर लेपिड ने सोमवार को कहा था कि लावरोफ़ की टिप्पणी कभी माफ़ ना करने वाला झूठ है, जिसने यहूदियों के जनसंहार की भयावहता को कम करने की कोशिश की है. नाज़ी जर्मनी ने 60 लाख यूरोपीय यहूदियों और अन्य अल्पसंख्यकों को मौत के घाट उतार दिया था.

    कई पश्चिमी देशों ने भी लावरोफ के बयान की निंदा की. उनका कहना है कि रूस यूक्रेन में नाज़ी प्रभाव और विचार को ख़त्म करने के अपने लक्ष्य को आगे कैसे बढ़ा सकता है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ख़ुद यहूदी हैं.

    वहीं, मंगलवार को रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश मंत्री लेपिड का बयान ‘‘इतिहास विरोधी’’ थीं और ‘‘काफ़ी हद तक बताती है कि इसराइल की सरकार कीएव में नियो-नाज़ी का समर्थन क्यों करती है.’’

    रूस ने कहा कि ज़ेलेंस्की के यहूदी होने का ये मतलब नहीं है कि यूक्रेन को नियो-नाज़ी नहीं चला रहे हैं. यूक्रेन में रोज़ाना की ज़िंदगी और राजनीति में यहूदी विरोध को रोका नहीं जाता है बल्कि इसे बढ़ाया जाता है.

    बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध में इसराइल ने यूक्रेन का समर्थन किया है. लेकिन, रूस के साथ संबंधों के चलते शुरुआत में इसराइल ने रूस की सीधे तौर पर आलोचना नहीं की थी और वहां के कारोबारियों पर प्रतिबंध नहीं लगाए थे.

  10. ट्विटर ख़रीदने के बाद एलन मस्क ने की ये अहम घोषणा

    अभी तक लोग ट्विटर का इस्तेमाल करने के लिए किसी तरह का भुगतान नहीं करते थे. लेकिन, आगे चलकर ट्विटर के लिए पैसे देने पड़ सकते हैं.

    इसकी जानकारी ख़ुद माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ख़रीदने वाले एलन मस्क ने दी है.

    उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सामान्य यूज़र्स के लिए ट्विटर हमेशा मुफ़्त रहेगा लेकिन कमर्शियल/सरकारी इस्तेमाल के लिए कुछ क़ीमत चुकानी पड़ सकती है.’’

    ऐसे में सरकार या व्यवसायिक इस्तेमाल करने वाली कंपनी या संस्था ट्विटर की सेवाएं लेती हैं तो कुछ भुगतान करना पड़ सकता है.

    एलन मस्क ट्विटर में बदलाव को लेकर पहले भी संकेत दे चुके हैं. उन्होंने ट्विटर में एडिट बटन देने का भी ज़िक्र किया था. वो ट्विटर के मैनेजमेंट में भी बदलाव कर सकते हैं.

    एलन मस्क काफ़ी समय से ट्विटर को ख़रीदने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी बात नहीं बन पा रही थी.

    कुछ विवादों के बाद 25 अप्रैल को एलन मस्क और ट्विटर के बीच डील हुई और उन्होंने ट्विटर को ख़रीद लिया. उन्होंने ट्विटर को 44 अरब डॉलर में ख़रीदा है.

  11. पीएम मोदी ने विदेशों में बसे भारतीयों से किया ये आग्रह

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय तीन यूरोपीय देशों के दौरे पर हैं. मंगलवार को उन्होंने डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में बसे भारतीयों की एक सभा को संबोधित किया.

    इस सभा में डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन भी मौजूद थीं.

    अपने संबोधन में पीएम मोदी ने वहाँ मौजूद भारतीयों से एक विशेष मांग की. लेकिन, उससे पहले उन्होंने बार-बार पूछा कि क्या लोग उनकी मांग पूरी करेंगे.

    उन्होंने पूछा, ‘‘मैं आपसे कुछ मांग सकता हूँ? सचमुच में? मैं मागूंगा आप मानेंगे नहीं तो, मानेंगे लेकिन अगर करेंगे नहीं तो. पक्का करेंगे, कितने लोग हैं जो वादा पूरा करेंगे? ये आज़ादी का अमृत महोत्सव चल रहा है, इससे ही शुरू करना है.’’

    उन्होंने बताया, ‘‘आप कम से कम हर वर्ष पाँच ग़ैर-भारतीय दोस्तों को हिंदुस्तान देखने के लिए भेजने का काम कर सकते हैं. उनको प्रेरित कर सकते हैं. अभी से लक्ष्य बना लीजिए कि इन पाँच को तो मैंने हिंदुस्तान देखने के लिए भेजना है. फिर उसे समझाइए कि आप भारत में कहाँ-कहाँ जा सकते हैं. आपको कल्पना है दोस्तों कि आप दुनिया की कितनी बड़ी ताक़त बन जाओगे. फिर देखते ही देखते दुनिया के लिए आने की एक ही जगह बन जाएगी, चलो इंडिया.’’

    उन्होंने कहा, ''आप सभी राष्ट्रदूतों को यह काम करना चाहिए. मैं चाहता हूं कि डेनमार्क के हमारे दोस्त भारत आएं और मिलजुल कर इस दुनिया की दिक्क़तों का समाधान ढूंढने की कोशिश करें.''

    पीएम मोदी ने कहा, ''अनेक बार जब मेरी विश्व नेताओं से मुलाक़ात होती है तो वे अपने देशों में बसे भारतीय समुदाय की उपलब्धियों के बारे में मुझे गर्व से बताते हैं.’’

    उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण बहुत समय तक सभी की ज़िंदगी एक तरह से वर्चुअल मोड में ही चल रही थी. पिछले साल जैसे ही आवाजाही मुमकिन हुई तो प्रधानमंत्री फ्रेडरिक्सन पहली हेड ऑफ़ गवर्नमेंट थीं जिनका हमें भारत में स्वागत करने का अवसर मिला. ये भारत और डेनमार्क के मज़बूत होते संबंधों को दिखाता है.

    हमारी ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप प्रधानमंत्री फ्रेडरिक्सन की व्यक्तिगत प्राथमिकताओं, उनके मूल्यों से निर्देशित है. आज उनके साथ मेरी जो चर्चा हुई है, उस से दोनों देशों के संबंधों को नई ताकत मिलेगी, नई ऊर्जा मिलेगी.

    उन्होंने कहा, ‘’आज भारत जो कुछ भी हासिल कर रहा है, वो उपलब्धि सिर्फ़ भारत की नहीं है, बल्कि वो करीब वन-फिफ्थ ह्यूमेनिटी की उपलब्धि है. कल्पना कीजिए कि अगर भारत में हम वैक्सीनेशन को हर परिवार तक नहीं पहुंचा पाते, तो उसका दुनिया पर क्या असर होता?’’

    डेनमार्क में बसे भारतीयों के योगदान की सराहना करते हुए पीएम ने कहा कि एक भारतीय दुनिया में कहीं भी जाए, वो अपनी कर्मभूमि और उस देश के लिए पूरी ईमानदारी से योगदान देता है.

    उन्होंने कहा कि डेनमार्क भारत की श्वेत क्रांति में हमारे साथ था, अब हमारे ग्रीन फ्यूचर में मज़बूत साझेदार बन रहा है. हमारे बीच इलैक्ट्रिक मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, टिकाऊ शहरीकरण, विज्ञान, तकनीक, नवोन्मेष में सहयोगी की अनंत संभावनाएं हैं.

    पीएम मोदी अपने यूरोपीय दौरे में जर्मनी और डेनमार्क जा चुके हैं. अब वो फ्रांस का दौरा करने वाले हैं.

  12. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 03 मई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.