You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूपी में शांतिपूर्ण त्योहार मनाने पर योगी ने दी बधाई, कहा- सड़कों पर न मना कर अच्छा किया

अधिकारियों के मुताबिक पिछले साल तक 50 हजार से एक लाख लोगों ने सड़कों और दूसरी जगहों पर नमाज पढ़ी थी. लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दीपक मंडल

  1. अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी जातिवाद और तुष्टीकरण का पर्याय: केशव प्रसाद मौर्य

    उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका चरित्र और उनकी पार्टी 'जातिवाद और तुष्टीकरण का पर्याय' बन गई है.

    एक दिन पहले ही अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी को एक जातिवादी पार्टी करार दिया था.

    केशव मौर्य ने हिंदी में ट्वीट किया, "अखिलेश यादव और सपा का चरित्र जातिवाद और तुष्टीकरण का पर्याय, समरसता, सौहार्द, विकास, सुशासन, भाजपा और यूपी की पहचान."

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, "सोमवार शाम को समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि बीजेपी एक जातिवादी पार्टी है. बीजेपी सरकार केंद्र से राज्य तक जातिवाद से भरी हुई है. बीजेपी की सरकार सबसे ज़्यादा भ्रष्ट है."

    अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा, "राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं. इलेक्शन के नतीज़ों के बाद चुनावी विशेषज्ञ भी आम लोगों के साथ आश्चर्यचकित हैं. लोगों में बड़ी निराशा है."

  2. श्रीलंका: सरकार के खिलाफ़ एकजुट हुआ समाज

    श्रीलंका में हज़ारों लोग ज़रूरी सामानों की बढ़ती हुई कीमतों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

    श्रीलंका के पास विदेशी मुद्रा कोष की कमी है जो देश के आर्थिक संकट की एक वजह भी है.

    जिसकी वजह से दो करोड़ बीस लाख लोग की आबादी वाला ये देश खाने-पीने की चीज़े, ईंधन और विदेशी दवाइयों के लिए पैसे नहीं दे पा रहे.

    अब सरकार के ख़िलाफ़ श्रीलंका के अलग अलग जातीय समूह के लोग अब एक साथ मिलकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

  3. राजस्थान के जोधपुर में ईद के दिन हिंसक झड़प, इंटरनेट सेवाएं बंद

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के जोधपुर के जालोरी गेट इलाके में दो समुदायों में हिंसक झड़प होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं.

    ये विवाद सोमवार रात से शुरू हुआ जब परशुराम जयंती को लेकर एक समुदाय ने झंडे लगा कर सजावट की थी और आरोप है कि दूसरे समुदाय ने झंडे हटा कर अपने झंडे और लाउडस्पीकर लगाए.

    इसके बाद मंगलवार को ईद की नमाज़ के बाद एक फिर झंडे को लेकर विवाद शुरू हुआ जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ जोधपुर के पुलिस आयुक्त नवज्योति गोगोई ने कहा, “स्थिति नियंत्रण में है, फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, क़ानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आई हैं. हम घटना जांच कर रहे हैं.”

    घटना स्थल पर मौजूद एक पत्रकार ने नाम ना ज़ाहिर करने की शर्त पर बताया है कि, "झंडा लगाने का विवाद मंगलवार सुबह फिर गहराया तो ज़िला प्रशासन ने एक समुदाय के लगाए झंडे को हटा कर वहां तिरंगा झंडा लगा दिया है."

    घटना स्थल पर इस समय भारी पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं. चप्पे चप्पे पर पुलिस और बैरिकेडिंग की गई है.

    जालोरी गेट के आसपास के इलाक़े को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

    बीती रात हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस छोड़नी पड़ी और लाठीचार्ज करना पड़ा था.

    एक एसएचओ,डीसीपी और एक पत्रकार इस दौरान घायल हो गए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

    इस झड़प के बाद मंगलवार की सुबह पुलिस की सुरक्षा में ईद की नमाज़ पढ़ी गई. इलाक़े में बड़ी तादाद में पुलिस बल मौक़े पर मौजूद हैं.

    इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर घटना दो दुर्भगायपूर्ण बताया और शांति बनाए रखने की अपील की है.

  4. ईद के मौके पर ममता बनर्जी ने कहा- हम डरते नहीं है, लड़ते रहेंगे

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईद-उल-फ़ितर के मौके पर कोलकाता के रेड रोड से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को ईद की मुबारकबाद, हम डरते नहीं है, हम लड़ते हैं और लड़ना जानते हैं.

    मंच से जनता को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “अच्छे दिन आएंगे, झूठा अच्छा दिन नहीं, हम चाहते हैं कि अच्छा दिन सभी के साथ मिलकर लाएं. सबको एक साथ में रहना है, एक साथ काम करना है. कुछ लोग झूठी-झूठी बात करते हैं ताकि आपको बांट सके, लेकिन उन्हें कभी मत सुनिए.”

    “मुझे ये लोग बहुत गालियां देते हैं, बहुत कुछ कहते हैं लेकिन मुझे लड़ने की शक्ति आप लोगों से मिली है. ये अमन और इंसाफ़ की शक्ति है इसलिए मैं कहना चाहती हूं कि ‘खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तक़दीर से पहले ख़ुदा बंदे से ख़ुद पूछे बता तेरी रज़ा क्या है.’ सभी को बंगाल की तरफ़ से ईद मुबारक. बंगाल जितनी उन्नति कहीं नहीं, इसलिए ये लोग जलते हैं. बदनाम करने की कोशिश करते हैं, लेकिन हम डरते नहीं है, हम लड़ते हैं और लड़ना जानते हैं.”

  5. देश में मनाया जा रहा ईद का त्योहार, जामा मस्जिद में अदा की गई नमाज

    आज देशभर में ईद-उल-फ़ितर का त्योहार मनाया जा रहा है. इस मौके पर दिल्ली की जामा मस्जिद में लोग भारी तादाद में जुटे और ईद की नमाज़ अदा की.

    मुंबई की महिम मस्जिद में भी लोगों ने ईद की नमाज़ अदा की.

    दुनिया भर के मुसलमान रमजान के पवित्र महीने के दौरान उपवास रखते हैं इसके बाद चांद दिखने के बाद ईद-उल-फितर मनाया जाता है.

    सऊदी में दो मई को ईद-उल-फितर मनाई गई लेकिन भारत में चांद सोमवार शाम को नज़र आया और तीन तारीख को ईद का जश्न मनाया जा रहा है.

    सोमवार शाम को प्रधानमंत्री ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं. यह शुभ अवसर हमारे समाज में एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाए. सभी को अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिले.”

    वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी देशवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए लिखा, “सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों-बहनों को ईद मुबारक! रमज़ान के पवित्र महीने के बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार समाज में भाईचारे तथा सद्भावना को मजबूत करने का पावन अवसर है. आइए, इस पवित्र अवसर पर, हम सब,स्वयं को मानवता की सेवा तथा जरूरतमंदों के जीवन को संवारने का संकल्प लें.”

  6. सऊदी अरब के दौरे के बाद तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने क्या कहा

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने अपने सऊदी अरब दौरे पर दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के उद्देश्य को लेकर संतोष व्यक्त किया है.

    सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) ने रविवार को ये जानकारी दी.

    अर्दोआन ने कहा कि उन्होंने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ कई ऐसे बिंदुओं पर चर्चा की है जो दोनों देशों के संबंधों को बेहतर बनाएंगे.

    उन्होंने "तुर्की और सऊदी अरब के बीच महत्वपूर्ण आर्थिक क्षमता" पर प्रकाश डाला और एक्सपो 2030 की मेज़बानी के लिए सऊदी के बिड पर समर्थन जताया.

    सालों बाद दोनों देशों के नेता गुरुवार को मिले. साल 2017 के बाद पहली बार ये अर्दोआन का सऊदी दौरा था.

    ओर्दोआन ने सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात की थी.

    2018 में इस्तांबुल स्थित सऊदी वाणिज्य दूतावास में पत्रकार जमाल ख़ाशोज्जी की हत्या के बाद से सऊदी अरब और तुर्की के बीच संबंध तनावपूर्ण हैं.

    तुर्की के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि गुरुवार को लाल सागर शहर जेद्दा में अल-सलाम महल में एक आधिकारिक समारोह में किंग सलमान से मुलाकात की.

    जेद्दा के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए अर्दोआन ने कहा कि गुरुवार की यात्रा संबंधों को सुधारने और राजनीतिक, सैन्य और सांस्कृतिक संबंधों को मज़बूत करने के लिए ‘हमारी इच्छा की अभिव्यक्ति’ थी.

    उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, रक्षा उद्योग और वित्त सहित क्षेत्रों में सहयोग दोनों देशों के लिए बेहतर साबित होगा.

  7. जर्मनी 2030 तक भारत को देगा 10 अरब यूरो की मदद

    जर्मनी ने सोमवार को 2030 के लिए निर्धारित जलवायु परिवर्तन के लक्ष्यों को पाने में भारत की सहायता करते हुए 10 अरब यूरो की मदद देने को कहा है.

    भारत के लिए 2030 के लक्ष्य में 50% अक्षय ऊर्जा की सोर्सिंग और 500 गीगावॉट ग़ैर-जीवाश्म ईंधन बिजली क्षमता स्थापित करना शामिल है.

    छठे भारत-जर्मनी इंटर-गर्वनमेंट कंस्लटेशन (आईजीसी) के बाद जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया, “आज जर्मनी हरित और सतत विकास के लिए इंडो-जर्मन साझेदारी की शुरुआत कर रहा है. इसके तहत जर्मनी 2030 तक 10 अरब यूरो की मदद भारत को देगा. ये रक़म भारत के हरित विकास योजनाओं को मदद करेगी.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स के बीच बातचीत के बाद ये संयुक्त बयान जारी किया गया.

    दोनों नेताओं के बीच इस साझेदारी को राजनीतिक दिशा देने के लिए आईजीसी के तहत एक द्विपक्षीय मंत्रिस्तरीय सिस्टम बनाने पर सहमति हुई है.

    ग्लासगो में आयोजित सीओपी-26 में, भारत ने 2070 तक ‘ज़ीरो उत्सर्जन’ के लिए प्रतिबद्धता ज़ाहिर की था और 2030 तक अक्षय ऊर्जा से 50% ऊर्जा की ज़रूरतों को पूरा करने की घोषणा की थी.

    साथ ही 500 गीगावॉट ग़ैर-जीवाश्म ईंधन बिजली क्षमता स्थापित करने और 2030 तक 2005 के स्तर पर यानी 45 फ़ीसदी तक कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने का भी आश्वासन दिया था.

    बयान में कहा गया है कि“ यह भारत के जलवायु एक्शन और सतत विकास के क्षेत्र में उनके महत्वाकांक्षी लक्ष्यों की उपलब्धि में सहायता करेगा, जर्मन-भारतीय अनुसंधान और विकास (आर एंड डी) को और बढ़ावा देगा, निजी निवेश को प्रोत्साहित करेगा.”

    मोदी और शॉल्त्स दोनों ने कहा कि सतत विकास और जलवायु एक्शन पर भारत-जर्मन सहयोग पेरिस समझौते और एसडीजी के तहत उनकी प्रतिबद्धताओं में शामिल है.

    इसमें वैश्विक औसत तापमान में वृद्धि को दो डिग्री सेल्सियस से नीचे रखने के प्रयास शामिल हैं.

    दोनों देशों के बीच इंडो-जर्मन अक्षय ऊर्जा साझेदारी स्थापित करने को लेकर भी सहमति बनी है. इसका फ़ोकस नवीन सौर ऊर्जा और अन्य तरह के अक्षय ऊर्जा पर होगा.

    इसमें बिजली ग्रिड, भंडारण और बाजार डिजाइन के लिए संबंधित चुनौतियों को शामिल किया गया है ताकि एक उचित ऊर्जा ट्रांसमिशन की सुविधा मिल सके.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 02 मई के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.