You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूपी में शांतिपूर्ण त्योहार मनाने पर योगी ने दी बधाई, कहा- सड़कों पर न मना कर अच्छा किया

अधिकारियों के मुताबिक पिछले साल तक 50 हजार से एक लाख लोगों ने सड़कों और दूसरी जगहों पर नमाज पढ़ी थी. लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दीपक मंडल

  1. राज ठाकरे के ख़िलाफ़ केस दर्ज, 14 साल पुराने एक मामले में गैर जमानती वारंट भी जारी

    महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के चीफ राज ठाकरे के खिलाफ औरंगाबाद पुलिस ने केस दर्ज किया है.

    राज ठाकरे ने एक मई को जिस रैली में भाषण दिया था उसके आयोजकों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पुलिस ने रैली का वीडियो देखने के बाद राज ठाकरे और रैली आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज किया है.

    14 साल पुराने एक मामले में गैर जमानती वारंट

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक राज ठाकरे के खिलाफ 14 साल पुराने एक मामले में गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया है.

    साल 2008 में ठाकरे के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में आईपीसी की धारा 109 और 117 के तहत मामला दर्ज किया गया था.

    सांगली जिले के शिराला में 6 अप्रैल को फर्स्ट क्लास ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को राज ठाकरे को गिरफ्तार कर अदालत में हाजिर करने को कहा है.

  2. मछली पकड़ने के लिए थर्माकोल का इस्तेमाल कर रहे मछुआरे

    तमिलनाडु के रामनाथपुरम में मछुआरे एक बहुत ही अलग अंदाज़ में स्क्विड मछली पकड़ते हैं. स्क्विड मछलियां बहुत नाज़ुक होती हैं और मोटरबोट की आवाज़ सुन कर वो भाग जाती हैं.

    इसलिए मछुआरें थर्माकोल राफ़्ट का इस्तेमाल करके उन्हें पकड़ते हैं. स्क्विड का ध्यान आकर्षित करने के लिए जिस पिंजरे का इस्तेमाल होता है वो भी बहुत अलग तरह का है.

    स्क्विड, सी-वीड यानी समुद्री शैवाल पर अंडे देते हैं इसलिए मछुआरे उन्हें आकर्षित करने के लिए खजूर के पत्तों को सीवीड की तरह इस्तेमाल करते हैं.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, पीएम मोदी कोपेनहेगन पहुंचे, डेनमार्क की प्रधानमंत्री ने की अगवानी

    तीन यूरोपीय देशों की यात्रा के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को कोपेनहेगन पहुंचे.

    हवाई अड्डे पर डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेट फ्रेडेरिक्सेन ने उनकी अगवानी की.

    दूसरे इंडिया-नॉर्डिक समिट में दोनों प्रधानमंत्रियों की बातचीत होनी है.

    पीएम मोदी इससे पहले जर्मनी गए थे जहां उनकी मुलाकात चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स से हुई.

    पीएम मोदी ने कोपेनहेगन पहुंचने पर ट्वीट किया, "कोपेनहेगन पहुंच गया हूं. गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री मेट फ्रेडेरिक्सेन का मैं आभारी हूं. ये यात्रा भारत-डेनमार्क संबंधों को और मजबूत बनाएगी."

  4. जम्मू और कश्मीर में बिजली कटौली से बेहाल जनता, महिलाओं का विरोध प्रदर्शन

    बीते एक महीने से जम्मू-कश्मीर में लोग बिजली संकट से परेशान हैं. बिजली कटौती के विरोध में आम लोग सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं.

    बिजली विभाग के ख़िलाफ़ प्रदर्शन में ज़्यादातर महिलाएं हिस्सा ले रही हैं. ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट का ज़्यादा असर है.

  5. त्रिपुरा: बांग्लादेश में अवैध घुसपैठ की कोशिश में 24 रोहिंग्या गिरफ्तार

    त्रिपुरा में सोमवार को उनाकोटि जिले में सुरक्षा बलों ने 24 रोहिंग्या आप्रवासियों को हिरासत में ले लिया. मंगलवार को पुलिस ने बताया कि खुफिया सूचना पर बीएसएफ ने जितुरदिघीपार चेक-गेट पर तीन कारों को रोका. इनमें सवार लोग कुमारघाट से कैलाशाहार की ओर जा रहे थे.

    पुलिस अधीक्षक किशोर देबबर्मा ने पीटीआई को बताया ये लोग तीन कारों में जा रहे थे. पुलिस के इनके रोहिंग्या आप्रवासी होने का शक हुआ. लिहाजा उन्हें रोक लिया गया और पूछताछ के लिए कैलाशाहार पुलिस स्टेशन ले जाया गया. इनमें से तीन लोगों ने यूएन की ओर जारी अपने रिफ्यूजी कार्ड दिखाए.

    जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें दस बच्चे भी हैं. जिन लोगों के पास रिफ्यूजी कार्ड हैं, अगर उनके खिलाफ कोई रिपोर्ट नहीं है तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा.

    देबबर्मा ने बताया कि ये लोग कोलकाता और गुवाहाटी से जम्मू पहुंचे थे. वहां से वे कुमारघाट आए थे. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन लोगों की योजना बांग्लादेश जाने की थी.

  6. राहुल गांधी नेपाल की जिस पार्टी में दिखे, उसकी सच्चाई क्या है?

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो मंगलवार सुबह से बीजेपी नेताओं के निशाने पर है.

    इस वीडियो में एक पार्टी में राहुल गांधी एक महिला से बात करते हुए दिख रहे हैं. बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- पहचान कौन, कौन लोग हैं ये?

    भारत के क़ानून मंत्री किरन रिजिजू ने भी ट्वीट किया, ''पार्टियां, छुट्टियां, प्लेज़र ट्रिप, निजी विदेश यात्राएं अब इस देश के लिए नया नहीं है. कोई नागरिक ऐसा करे तो कोई दिक़्क़त नहीं. लेकिन जब एक सांसद और राजनीतिक पार्टी का नेता ऐसा करता है...''

    बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद जयहिंद भी ट्वीट करते हैं, ''राजस्थान जल रहा है लेकिन बाबा पार्टी कर रहे हैं. पार्टी (कांग्रेस) ख़त्म हो जाएगी पर पार्टी यूं ही चलेगी. ये पार्टी यूं ही चलेगी. पार्टी टाइम नेता.''

    कांग्रेस नेता रणदीप सूरजेवाला ने इस मसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''राहुल गांधी हमारे मित्र देश नेपाल गए हैं और अपनी दोस्त के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए हैं. राहुल गांधी पीएम मोदी की तरह बिन बुलाए मेहमान के रूप में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के यहाँ केक काटने नहीं गए हैं.''

  7. रीना अमीरी: 'कोई भी मुस्लिम देश लड़कियों को काम करने और पढ़ने लिखने से नहीं रोकता है, लेकिन अफ़ग़ानिस्तान में...'

    अमेरिका की विशेष दूत रीना अमीरी ने कहा है कि मुस्लिम बहुल देश इस बात पर सहमत हैं कि वे अफ़ग़ान महिलाओं के अधिकारों की हिमायत करेंगे. रीना अमीरी अफ़ग़ानिस्तान की महिलाओं और मानवाधिकार के लिए अमेरिका की विशेष दूत हैं.

    रीना अमीरी ने ये बयान मुस्लिम बहुल देशों के राजदूतों की एक इफ़्तार पार्टी में इस मुद्दे पर बनी सहमति के बाद दिया है. रीना अमीरी ने कहा है कि दुनिया के किसी भी मुस्लिम देश में महिलाओं को काम करने और पढ़ने लिखने से नहीं रोका जाता है.

    उन्होंने सोमवार को ट्विटर पर कहा, "तालिबान की नीतियां महिलाओं को पढ़ने-लिखने और काम करने से रोकती हैं, मुस्लिम दुनिया में ऐसा कहीं नहीं होता है."

    उन्होंने कहा, "यूरोप के सहयोगी देशों के साथ अफ़ग़ानिस्तान की चुनौतियों पर बात हुई. इसमें लड़कियों के स्कूल जाने पर लगी रोक और हज़ारा समुदाय पर होने वाले हमलों का मुद्दा भी शामिल था. हम स्कूलों को फिर से खोलने और सभी अफ़ग़ानों ख़ासकर धार्मिक अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने के लिए तालिबान पर दबाव बनाने की ज़रूरत पर सहमत हैं."

    अफ़ग़ान वेबसाइट 'टोलो न्यूज़' की रिपोर्ट के अनुसार, अफ़ग़ानिस्तान में छठी क्लास से ऊपर के स्कूल लड़कियों के लिए पिछले आठ महीने से बंद हैं.

    तालिबान हुकूमत में लड़कियों को स्कूल जाने से रोकने के फ़ैसले की अफ़ग़ानिस्तान में और मुल्क के बाहर भी कड़ी आलोचना होती है.

    पिछले महीनों में कई देशों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और धार्मिक नेताओं ने सातवीं कक्षा से लेकर 12वीं तक के स्कूल लड़कियों के लिए खोले जाने की मांग की है.

  8. इलेक्ट्रिक स्कूटरों में किस वजह से लग रही है आग, क्या है बचने के तरीके?

    जैसे-जैसे पेट्रोल डीज़ल के दाम आसमान छूने लगे हैं, वैसे वैसे लोगों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल का रुख करना शुरू कर दिया है.

    लेकिन बढ़ती डिमांड के साथ ही यह इन इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगने की कई घटनाओं ने लोगों की चिंताओं को बढ़ा दिया है.

    आख़िर इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग क्यों लग रही है और इससे बचाव के क्या-क्या तरीक़े हैं वीडियो में जानिए.

  9. शंघाई में बीमार बुजुर्ग को मृत समझने का वीडियो वायरल, चार अधिकारियों को नौकरी से निकाला गया

    शंघाई केयर होम के एक बुजुर्ग मरीज को मृत समझ कर उसके शरीर को पैक कर गाड़ी में लादने का एक वीडियो सामने आने के बाद चीनी ज़िला अथॉरिटी ने चार अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया है.

    रविवार को इंटरनेट पर एक वीडियो सामने आया जिसमें दो लोग जो शवगृह के कर्मचारी थे, वे शव को एक गाड़ी में रखते दिख रहे थे.

    वीडियो में कर्मचारी बैग को खोलते हुए दिखते हैं,उन्हें ये कहते हुए सुना जा सकता है कि मरीज़ अभी भी ज़िंदा है.

    इस घटना से चीनी सोशल मीडिया पर आक्रोश फैल गया है.

    शंघाई जिले के पुटुओ शहर के अधिकारियों ने सोमवार देर रात इस घटना की पुष्टि की, उन्होंने कहा कि मरीज को अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर थी.

    ज़िला अधिकारियों ने कहा कि पांच अधिकारियों और एक डॉक्टर की जांच की जा रही है.

    स्थानीय नागरिक मामलों के ब्यूरो के उप-निदेशक और केयर होम के निदेशक सहित चार अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया गया.

    तियान नाम के एक डॉक्टर का मेडिकल लाइसेंस रद्द कर दिया गया है.

  10. गुजरात का वो हिंदू जो रोज़े रखता है

    गुजरात के जूनागढ़ में रहने वाले ऑन्ली इंडियन नाम के एक शख़्स और ताजमुल्लाखान युसुफ़ज़ई पिछले 50 साल से दोस्त हैं.

    जूनागढ़ में ऑन्ली इंडियन एक एनजीओ भी चलाते हैं.

    वो रमज़ान के दौरान कुछ दिन के लिए रोज़ा रखते हैं और धार्मिक भाईचारे का संदेश देते हैं.

  11. ईद के दिन जोधपुर में दो समुदायों के बीच हुई झड़प पर अशोक गहलोत ने की अपील

    ईद के दिन जोधपुर में दो समुदायों के बीच हुई झड़प पर दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ज़िला प्रशासन को किसी भी सूरत में क़ानून और व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है.

    उन्होंने कहा, "जोधपुर में जो कल रात से तनाव पैदा हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है. राजस्थान की परंपरा सभी समाज और धर्मों के लोगों के साथ प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की रही है. मैं लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं."

    अशोक गहलोत ने कहा, "असामाजिक तत्वों से सख़्ती के साथ निपटा जाएगा. मैंने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मैं राजनीतिक पार्टी के नेताओं से अपील करता हूं वह भी शांति की अपील करें."

    राजस्थान के जोधपुर के जालोरी गेट इलाके में दो समुदायों में हिंसक झड़प होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं.

    ये विवाद सोमवार रात से शुरू हुआ जब परशुराम जयंती को लेकर एक समुदाय ने झंडे लगा कर सजावट की थी और आरोप है कि दूसरे समुदाय ने झंडे हटा कर अपने झंडे और लाउडस्पीकर लगाए.

    इसके बाद मंगलवार को ईद की नमाज़ के बाद एक फिर झंडे को लेकर विवाद शुरू हुआ जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.

  12. असदुद्दीन ओवैसी ने यूनिफॉर्म सिविल कोड और शराब पर दिया बयान

    यूनिफॉर्म सिविल कोड एक बार फिर चर्चा में है.

    इस बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि भारत में यूनिफॉर्म सिविल कोड की ज़रूरत नहीं है.

    असदुद्दीन ओवैसी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में यह कहा.

    उन्होंने कहा कि देश महंगाई, बेरोज़गारी जैसे गंभीर मुद्दे हैं, सरकार को उन पर ध्यान देने की ज़रूरत है.

  13. कांग्रेस ने मोदी सरकार को एलआईसी आईपीओ पर घेरा, कहा- कौड़ियों के दाम बेच रही है

    कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर एलआईसी के शेयर कौड़ियों के भाव पर बेचने का आरोप लगाया है.

    रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा है, "30 करोड़ एलआईसी पॉलिसी धारकों के भरोसे और भरोसे की क़ीमत कौड़ियों के भाव पर क्यों? जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी- फिर इतनी जल्दबाज़ी क्यों?"

    उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, "ये दुखद है कि मोदी सरकार देश के सबसे बड़े व्यापार यानी एलआईसी को बेच रही है. इसे 1956 में जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल और तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने बनाया था और तब से इसे ईंट-ईंट जोड़ कर आगे बढ़ाया गया है. देश की सबसे बड़ी पब्लिक सेक्टर की कंपनी का अवमूल्यन कैसे हुआ, इस कंपनी में 30 करोड़ देशवासियों का हिस्सा है जो इससे सीधे प्रभावित होंगे. क्यों इसकी कीमत मार्केट कीमत से कम लगाई गई है."

    खुदरा निवेशकों को भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआइसी का आइपीओ खरीदने के लिए चार मई से नौ मई तक का मौका दिया गया है.

    सरकार 221,374,920 शेयर बेचकर लगभग 20557 करोड़ रुपये जुटाने का अनुमान लगा रही है.

    सरकार अपनी हिस्सेदारी का 3.5% बेच रही है.

  14. बिहार के चार्ली चैपलिन जिनके नाम दर्ज हैं विश्व रिकॉर्ड

    बिहार के रहने वाले राजन कुमार ने शायद ही सोचा था कि हास्य अभिनेता चार्ली चैपलिन का उन पर इस कदर प्रभाव होगा कि उनकी ज़िंदगी बदल जाएगी.

    राजन कुमार मुंगेर ज़िले के टेटियाबम्बर गांव के रहने वाले हैं और वो चार्ली चैपलिन की तरह अभिनय करते हैं.

    इसके लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ़ रिकॉर्ड में भी दर्ज हुआ है.

  15. रूस यूक्रेन के दो पूर्वी इलाकों को हड़पने की योजना बना रहा है: अमेरिका

    अमेरिकी सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा है कि राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की सरकार को कीएव में सत्ता से बेदखल करने की कोशिश में नाकाम होने के बाद रूस पूर्वी यूक्रेन के दो इलाकों को जल्द 'हड़पने' की योजना पर काम कर रहा है.

    'ऑर्गनाइज़ेशन फ़ॉर सिक्योरिटी एंड को-ऑपरेशन इन यूरोप' में अमेरिका के राजदूत माइकल कारपेंटर ने कहा, "हालिया रिपोर्ट के अनुसार, हमारा मानना है कि रूस 'डोनेट्स्क पीपल्स रिपब्लिक' और 'लुगांस्क पीपल्स रिपब्लिक' को अपने में मिलाने की कोशिश करेगा. रिपोर्ट कहती है कि रूस की योजना 15 मई के आस-पास जनमत संग्रह कराना है."

    माइकल कारपेंटर ने कहा कि अमेरिका का ये भी मानना है कि रूस ऐसी ही योजना यूक्रेन के तीसरे क्षेत्र खेरसोन के लिए भी बना रहा है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की की रिपोर्ट के मुताबिक़, खेरसोन में हाल के दिनों में रूस ने अपनी पकड़ मजबूत की है और वहां के लोगों को रूबल मुद्रा अपनाने के लिए मजबूर किया है.

    माइकल कारपेंटर ने कहा, "हमारा मानना है कि ये रिपोर्टें बेहद विश्वसनीय हैं. आने वाले समय में क्या होने वाला है, दुर्भाग्य से इसके आकलन में हम गलत से ज़्यादा सही साबित हो रहे हैं."

    रूस ने साल 2014 में यूक्रेन के क्राइमिया प्रायद्वीप को अपने में मिलाने का एलान किया था. लेकिन आस-पास के रूसी भाषी बहुल इलाकों में उसने ऐसा नहीं किया. इस बार के हमले में रूस उन्हीं लोगों का मुद्दा उठा रहा है.

    माइकल कारपेंटर ने कहा, "ऐसे जनमत संग्रह और फर्जी वोट वैध नहीं माने जाएंगे."

  16. इमरान ख़ान पाकिस्तान में कौन-सी आज़ादी का सपना दिखा रहे हैं?

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान प्रधानमंत्री के पद से हट चुके हैं और अब वो अपने देश की जनता से कह रहे हैं कि वो 'विदेशी ग़ुलामी' से देश को आज़ाद करेंगे.

    पाकिस्तान में उनकी इन बातों से सहमत होने वाले कई लोग शामिल हैं.

    देखिए पाकिस्तान की इन्हीं राजनीतिक घटनाक्रम पर वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान की ख़ास टिप्पणी.

  17. मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता पद पर कमलनाथ की जगह गोविंद सिंह ने ली

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ गोविंद सिंह ने मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कमलनाथ की जगह ली है.

    ये जानकारी समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से दी गई है.

    सात बार के विधायक गोविंद सिंह को राज्य में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है.

    अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने सोमवार को गोविंद सिंह को एलओपी यानी लीडर ऑफ़ अपोज़िशन नामित करने की अधिसूचना जारी की.

    कांग्रेस नेता गोविंद सिंह भिंड ज़िले की लहर सीट से विधायक हैं, कमलनाथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में बने रहेंगे.

    राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं.

  18. मोदी के फ़्रांस पहुँचने से पहले वहाँ की डिफेंस कंपनी का बड़ा फ़ैसला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ़्रांस दौरे से पहले यहाँ की बड़े डिफेंस नेवी समूह ने एलान किया है कि वो भारत के पी-75 प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन पाएगा.

    अंग्रेज़ी अख़बारद इंडियन एक्सप्रेसने इस ख़बर को प्रमुखता से छापा है. आज प्रेस रिव्यू में सबसे पहले ये ख़बर पढ़िए.

    फ़्रेंच डिफेंस नेवी समूह ने बताया है कि वो पी-75 इंडिया प्रोजेक्ट में शामिल नहीं हो सकता. इस प्रोजेक्ट के तहत भारतीय नौसेना के लिए भारत में छह पारंपरिक पनडुब्बियों का निर्माण किया जाना था.

    इस 43 हज़ार करोड़ रुपए की परियोजना के लिए शॉर्टलिस्ट की गई पाँच अंतरराष्ट्रीय समूहों में से एक ये भी है. समूह ने कहा है कि वो रिक्वेस्ट फोर प्रपोज़ल यानी आरएफ़पी की शर्तें पूरी नहीं कर सकता है और इसलिए वो इस परियोजना में शामिल नहीं होगा.

  19. दिल्ली में ध्वनि प्रदूषण बहुत ज़्यादा है, धार्मिक स्थलों से हटें लाउडस्पीकर: बीजेपी

    दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली के धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटने चाहिए क्योंकि राज़धानी में ध्वनि प्रदूषण अपने चरम पर है.

    मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आदेश गुप्ता ने कहा, "हमने दिल्ली के मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार दिल्ली के धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए जाएं. यहां तक कि बॉम्बे हाई कोर्ट भी कहता है कि लाउडस्पीकर किसी धर्म का हिस्सा नहीं है."

    "दिल्ली में ध्वनि प्रदूषणबहुत ज़्यादा है.कई राज्यों ने धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने का फ़ैसला लिया है और जनता ने इसका स्वागत किया है. छात्रों और बीमारियों से ग्रसित लोगों को इससे काफ़ी परेशानी होती है."

    इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थानों से लाउडस्पीकर हटाने की बात की थी और राज्य में अब तक कई लाउडस्पीकर हटाए जा चुके हैं.

    वहीं, मुंबई में भी लाउडस्पीकर को लेकर सियासत गरमाती जा रही है. जहां महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार को लाउडस्पीकर हटाने के लिए 4 मई तक का अल्टीमेटम दिया है.

  20. जहांगीरपुरी, खरगोन...हिंसा और तनाव वाले शहरों में एहतियातन क्या किया गया है

    मंगलवार यानी तीन मई को देश भर में ईद मनाई जा रही है. हमने इस मौक़े पर उन जगहों से प्रशासनिक एहतियातों के बारे में जानकारी जुटाई.

    यहाँ रामनवमी के मौक़े पर हिंसा देखने को मिली थी. संवेदनशील इलाक़ों में क्या कुछ इंतज़ाम किया गया है, पढ़िए इस रिपोर्ट में-

    सलमान रावी, बीबीसी संवाददाता, खरगोन (मध्य प्रदेश) से

    मध्य प्रदेश के खरगोन ज़िला प्रशासन ने मंगलवार और बुधवार को पूरे शहर में 24 घंटों के क़र्फ्यू लागू करने के आदेश दिए हैं.

    ज़िले के एसडीएम यानी अनुमंडल अधिकारी मिलिंद ढोके ने प्रशासन के इस फ़ैसले के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ज़िला मुख्यालय में जो हर सुबह आठ बजे से शाम पाँच बजे तक 9 घंटों की छूट दी जा रही थी, वो मंगलवार और बुधवार को नहीं दी जाएगी और दो दिनों तक कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी.