IPL 2022: SRHvsGT: उमरान के पांच विकेटों पर राशिद-तेवतिया के चार छक्के पड़े भारी, गुजरात की रोमांचक जीत
अंतिम ओवर में राशिद ख़ान और राहुल तेवतिया के छक्कों की बदौलत गुजरात ने हैदराबाद को एक रोमांचक मैच में 5 विकेट से हराकर आईपीएल 2022 में अपनी टॉप पोजिशन बरकरार रखी है.
हैदराबाद ने 196 रनों का लक्ष्य रखा था.
राशिद ख़ान ने 11 गेंदों पर 31 रन और राहुल तेवतिया ने 21 गेंदों पर 40 रन बनाए. दोनों खिलाड़ियों ने छठे विकेट के लिए 59 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई.
गुजरात की ओर से ओपनर्स रिद्धिमान साहा (68 रन) और शुभमन गिल (22 रन) के अलावा डेविड मिलर ने 17 रनों की पारी खेली.
हैदराबाद की ओर से उमरान मलिक ने जबरदस्त गेंदबाज़ी की. अकेले उमरान ने गुजरात की आधी टीम को पवेलियन लौटाया.
25 रन देकर पांच विकेट लेने वाले उमरान मलिक मैन ऑफ़ द मैच चुने गए.
इस मुक़ाबले के बाद 8 मैचों में 14 अंकों के साथ गुजरात टॉप पर बरकरार है तो इतने ही मैच खेलने के बाद हैदराबाद 12 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर बना हुआ है.
नंबर-1 की जंग और 196 का लक्ष्य
इससे पहले टॉस जीत कर गुजरात टाइटंस ने सनराइज़र्स हैदराबाद को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा.
हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही. जल्दी-जल्दी दो विकेटें गिर गईं.
कप्तान केन विलियम्सन और राहुल त्रिपाठी की विकेटें पावरप्ले के दौरान गंवाने के बाद अभिषेक शर्मा और एडन मरकराम के बीच तीसरे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी हुई. दोनों खिलाड़ियों ने अर्धशतक बनाए. अभिषेक 65 और मरकराम ने 56 रन बनाए.
अंतिम ओवरों में शशांक सिंह ने आतिशी बल्लेबाज़ी की. केवल 6 गेंदों पर 25 रन बनाए और टीम के स्कोर को 20 ओवरों में 195 रन पर पहुंचाया.