You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूरोपियन कमीशन की चीफ ने रूस-चीन के 'गठजोड़' से आगाह किया

यूरोपियन कमीशन की चीफ उर्सुला वॉन डेर ने कहा है कि रूस और चीन का गठजोड़ अनियंत्रित लग रहा है. दोनों ने अपनी दोस्ती को सीमा विहीन करार दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. धोनी नहीं दिखा पाए आख़िरी ओवर में कमाल, 11 रन से हारी चेन्नई

    पंजाब किंग्स ने आईपीएल में सोमवार को खेले गए मुक़ाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 11 रन से हरा दिया.

    जीत के लिए 188 रनों का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम 20 ओवरों में छह विकेट पर 176 रन बना सकी.

    चेन्नई की शुरुआत बेहद ख़राब रही. सात ओवरों में 40 रन तक टीम के तीन विकेट गिर गए थे. लेकिन अंबाति रायडू ने महज 39 गेंद पर 78 रन ठोक कर टीम को जीत के नज़दीक पहुंचा दिया.

    वहीं महेंद्र सिंह धोनी से टीम को एक बार फिर चमत्कार की उम्मीद थी. अंतिम ओवर में टीम को जीत के लिए 27 रन बनाने थे.

    धोनी ने ऋषि धवन की पहली गेंद पर पर छक्का जड़ दिया. इसके बाद धवन ने वाइड फेंकी.

    लेकिन धवन ने उन्हें तीसरी गेंद पर मिडविकेट पर कैच लपकवा कर पवेलियन भेज दिया. इसके बाद चेन्नई की टीम के लिए लक्ष्य पर पहुंचना असंभव हो गया.

    इससे पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पंजाब ने 20 ओवरों में चार विकेट पर 187 रन बनाए.

    पंजाब की ओर से शिखर धवन ने 59 गेंदों पर नाबाद 88 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के जामाए. उनके अलावा भानुका राजपक्षे ने 42 रनों का योगदान दिया.

  2. यूरोपियन कमीशन की चीफ ने रूस-चीन के 'गठजोड़' से आगाह किया, कहा-इंडो-पैसिफिक पर भी पड़ सकता है असर

    यूरोपियन कमीशन की चीफ उर्सुला वॉन डेर ने कहा है कि रूस और चीन का गठजोड़ अनियंत्रित लग रहा है. दोनों ने अपनी दोस्ती को सीमा विहीन करार दिया है.

    उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर रूस के हमले का असर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र और दूसरे देशों पर भी पड़ेगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक नई दिल्ली में उन्होंने रायसीना डायलॉग 2022 में कहा, ''यह यूरोप के लिए भी जरूरी है कि सीमाओं का सम्मान हो और असर डालने वाले दायरों को दरकिनार किया जाए. भारत और ईयू दोनों के लिए चीन एक चुनौती बना हुआ है.''

    वॉन डेर लेन ने कहा, ''रूस और चीन का गठजोड़ आगे और चुनौती खड़ी कर सकता है. पिछले कुछ दिनों से यूरोप के कई नेता भारत आ चुके हैं. दो दिन पहले ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन आए थे. इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा मामलों पर समझौता हुआ.''

  3. रूस के हमले में बची यूक्रेन की महिला कैसे बनी झूठे रूसी दावों का शिकार

    यूक्रेन में चेर्निहीव के एक स्कूल पर हुए हवाई हमले के बाद वहां के सोशल मीडिया पर ख़ून से लथपथ एक महिला का वीडियो वायरल हो गया.

    हालांकि उनकी स्टोरी को जल्द ही रूस समर्थक सोशल मीडिया एकाउंटों ने हाइजैक कर लिया. उन्हीं एकाउंट में से एक रूसी विदेश मंत्रालय का भी था. सोशल मीडिया पर उस स्टोरी को 'फ़ेक' यानी नकली होने के झूठे आरोप लगाए गए.

    उस हमले के बारे में तानिया कहती हैं, "कोई व्हिसल, हलचल या गोलाबारी की आवाज़ नहीं हुई. बस कुछ इमारत से टकराया और फिर चारों ओर अंधेरा छा गया. वो इमारत ढह गई थी."

    असल में मार्च के शुरू में तानिया एक हवाई हमले की चपेट में आ गई थीं. वो कीएव के उत्तर में स्थित चेर्निहीव के स्कूल नंबर 21 में एक मानवीय सहायता अभियान के तहत कपड़े चुनने में मदद कर रही थीं. उसी समय एक मिसाइल स्कूल की इमारत से आ टकराई.

    हालांकि अधिकारियों ने उस स्कूल का नाम नहीं बताया, लेकिन बीबीसी ने सोशल मीडिया ऐप टेलीग्राम पर डाली गई तस्वीरों के ज़रिए उस जगह की पुष्टि कर ली.

  4. कांग्रेस को उन राज्यों में पीछे रहना चाहिए जहां क्षेत्रीय दल मजबूत हैं: तेजस्वी यादव

    राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने 2024 के आम चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्ष को एकजुट होने को कहा है.

    उन्होंने सुझाव दिया है कि कांग्रेस को 200 सीटों पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए जहां वो भाजपा से सीधी लड़ाई में है.

    इसके अलावा कांग्रेस को उन राज्यों में पीछे रहना चाहिए जहां क्षेत्रीय दल मजबूत स्थिति में हैं.

    चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की कांग्रेस से हुई मीटिंग पर भी तेजस्वी यादव ने टिप्पणी की.

    उन्होंने कहा अगर पेशेवर या मार्केटिंग एजेंसियों को काम पर रखने से वे चुनाव जीत सकते हैं तो फिर अमीर लोग राजनीतिक दल बनाकर देश पर शासन कर सकते हैं.

    पीटीआई के साथ इंटरव्यू में तेजस्वी यादव ने उनके यहां हुई इफ्तार में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शामिल होने पर भी बात की. उन्होंने इस मुलाकात से किसी भी राजनीतिक हलचल की बात से इंकार किया है.

    क्या वे नीतीश कुमार के साथ फिर से जुड़ने के लिए तैयार हैं इस सवाल के जवाब में तेजस्वी यादव ने कहा, "हमारी पार्टी दो दशकों से ज्यादा समय से इफ्तार और मकर संक्रांति (दही-चूड़ा) का आयोजन कर रही है. इस तरह के आयोजनों में हम हमेशा आम लोगों के साथ-साथ सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित करते रहे हैं."

    तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ने कभी भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी और उनके सहयोगियों से कभी किसी तरह का गठबंधन नहीं किया है.

  5. भारत में क्या सांप्रदायिक दंगे बढ़ रहे हैं, आंकड़े क्या कहते हैं?

    नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो 2020 के आंकड़े बताते हैं कि संप्रदायिक हिंसा, झड़पों में बीते साल के मुकाबले ज़बरदस्त उछाल आया है.

    बीते कुछ दिनों में भारत के अलग-अलग राज्यों से एक के बाद एक सांप्रदायिक झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं. इनमें से सबसे हालिया घटना है दिल्ली के जहांगीरपुरी की, जहां हनुमान जयंती के मौके पर शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़की और 9 लोग इसमें घायल हो गए. जिनमें सात पुलिस वाले शामिल हैं.

    लेकिन सवाल अभी भी बरक़रार है कि देश में सांप्रदायिक दंगों की घटनाएं कितनी बढ़ी हैं?

    डेटा क्या कहता है?

    2020 में सांप्रदायिक हिंसा की कुल 857 घटनाएं हुईं, यह 2019 की तुलना में 94% ज़्यादा थी. सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं में अचानक उछाल का अहम कारण दिल्ली है. इसे ऐसे समझिए कि 2014 और 2019 के बीच दिल्ली में सांप्रदायिक दंगों की केवल दो घटनाएं हुईं, लेकिन 2020 में, दिल्ली में सांप्रदायिक दंगों की 520 घटनाएं हुईं, जिससे देश भर के आंकड़ों में वृद्धि हुई.

  6. धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी आयोग ने एक बार फिर भारत के रिकॉर्ड पर उठाया सवाल

    अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी आयोग का कहना है कि "हिंदू राष्ट्रवादी सरकार के तहत भारत में धार्मिक स्वतंत्रता में काफी गिरावट आई है."

    ये लगातार तीसरा साल है जब अमेरिकी आयोग ने भारत को 'खास चिंता वाले देशों' की सूची में डालने की सिफारिश की है. आयोग की इस सिफारिश से नई दिल्ली काफी नाराज है.

    वार्षिक रिपोर्ट में पैनल ने दक्षिण एशिया के बारे में व्यापक चिंता व्यक्त की है और विदेश विभाग के पाकिस्तान को ब्लैकलिस्ट में शामिल करने का भी समर्थन किया है.

    ये पैनल सिफारिशें देने के लिए नियुक्त किया गया है लेकिन ये अमेरिका की नीति निर्धारित नहीं करता.

    आयोग ने भारत में साल 2021 में धार्मिक अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से मुसलमानों और ईसाइयों पर हुई कई हमलों की तरफ इशारा किया है.

    आयोग का कहना है कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने अल्पसंख्यकों के प्रति शत्रुतापूर्ण नीतियों के जरिए 'एक हिंदू राज्य की अपनी वैचारिक दृष्टि' को बढ़ावा दिया.

    रिपोर्ट में पत्रकारों और मानवाधिकारों की बात करने वालों की गिरफ्तारी का भी जिक्र है.

  7. मैक्रों के फिर जीतने के बाद फ़्रांस के मुसलमानों का भविष्य क्या होगा?

    इमैनुएल मैक्रों अपनी प्रतिद्वंद्वी मरीन ली पेन को चुनावों में हराकर अगले पांच सालों के लिए फ़्रांस के राष्ट्रपति पद के लिए चुन लिए गए हैं.

    हालांकि ये बात भी ग़ौर करने वाली है कि इस चुनाव में उनकी विपक्षी उम्मीदवार ने इतिहास में अब तक के सबसे ज़्यादा वोट हासिल किए हैं.

    मैक्रों ने 58.55 फ़ीसदी वोट हासिल किए जबकि ली पेन को 41.45 फ़ीसदी वोट मिले, हालांकि अधिकतर विश्लेषकों की नज़र में यह अंतर उनकी अपेक्षा से अधिक है.

    मध्यम मार्गी नेता माने जाने वाले मैक्रों ने फ़्रांस के मशहूर एफ़िल टावर के पास अपने समर्थकों के सामने भाषण दिया. उन्होंने कहा कि अब चुनाव ख़त्म हो गया है तो अब वो 'सबके सदर होंगे.'

    चुनाव में हार के बाद ली पेन का कहना था कि उनका वोट शेयर उनकी जीत का प्रतीक है. ली पेन ने अपने समर्थकों को बताया कि उनकी प्रसिद्धी शीर्ष स्तर पर है.

    इस मौक़े पर इमैनुएल मैक्रों ने बेहद ख़ास बयान दिया. उन्होंने कहा कि "मुझे मालूम है कि आज जिन लोगों ने मुझे वोट दिया, उनमें से अक्सर मेरे विचारों से सहमत नहीं थे लेकिन वो धुर-दक्षिणपंथी पार्टियों को भी सत्ता में नहीं देखना चाहते थे. मैं उनका शुक्रिया अदा करूंगा."

  8. आरबीआई ने लगाया बैंक ऑफ महाराष्ट्र पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना

    आरबीआई ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र पर 1.12 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है.

    बैंक ऑफ महाराष्ट्र को आरबीआई के कुछ निर्देशों को लागू न करने का दोषी पाया गया है.

    इसके अलावा राजकोट नागरिक सहकारी बैंक पर 12 लाख रुपये और हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक पर 25 लाख का जुर्माना लगाया गया है.

    महाराष्ट्र बैंक पर केवाईसी के कुछ प्रावधानों से जुड़े निर्देशों के उल्लंघन का आरोप है.

    आरबीआई के मुताबिक बैंक ऑफ महाराष्ट्र पर ये जुर्माना रिस्क मैनेजमेंट से जुड़े निर्देशों की अनदेखी और बैंकों की वित्तीय आउटसोर्सिंग से जुड़े नियमों की अनदेखी के लिए लगाया गया है.

    आरबीआई ने कहा है कि यह कार्रवाई नियमन से जुड़े निर्देशों को न मानने पर लगाया गया है और इसका बैंक का उसके ग्राहकों से साथ होने वाले लेनदेन और समझौतों से कोई लेना-देना नहीं है.

  9. मैक्रों की ऐतिहासिक जीत ज़रूर लेकिन पहले से ज़्यादा बंटा हुआ है फ़्रांस

    किसी भी चुनौती की बात करने से पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की उपलब्धि के पैमाने को स्वीकार करना ही उचित है.

    ये पहली बार है जब सत्ता में बैठा फ्रांस का कोई राष्ट्रपति दोबारा चुना गया है.

    हां, इससे पहले भी राष्ट्रपतियों ने एलिसी पैलेस (फ़्रांस का राष्ट्रपति भवन) पर अपनी जीत को दोहराया है. लेकिन 1988 में फ्रांकोइस मिटर्रैंड और 2002 में जैक्स शिराक ने जब ऐसा किया था तो वोट की अवधि के वक़्त वे प्रभावी रूप से विपक्ष में थे.

    दोनों ही मामलों में, वास्तविक सरकार मध्यावधि संसदीय चुनावों के कारण राष्ट्रपति के विरोधियों के हाथों में थी.

    हालांकि अपने कार्यालय में भी मिटर्रैंड और शिराक दोनों ही नेता राजनीतिक रूप से निष्क्रिय थे. लेकिन जब दोनों ही नेताओं की सत्ता में वापसी हुई तब जाकर उनकी राजनीतिक निष्क्रियता सक्रियता में तब्दील हुई.

    जहां तक 1965 में शार्ल डी गॉल की जीत का सवाल है, तो उन्हें लोगों ने सीधे कभी नहीं चुना. शार्ल डी गॉल ने फ्रांस के 'फ़िफ्थ रिपब्लिक' को स्थापित किया था. ये ऐसी गणराज्य प्रणाली है जिस पर वर्तामान समय में फ्रांस की सरकार काम करती है.

    ऐसे में इमैनुएल मैक्रों आधुनिक समय में पहले राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने विदेश और घरेलू नीति के हर पहलू को अपने पूरे कार्यकाल तक चलाने के बाद, एक बार फिर लोगों का विश्वास जीता है.

  10. बिहार: तेज प्रताप यादव ने छेड़ी इस्तीफ़े की बात

    आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप का एक ट्वीट चर्चा में है.

    इसमें उन्होंने इस्तीफ़ा देने की बात की है. तेज प्रताप ने ट्विटर पर लिखा है, "मैं अपने पिता के नक्शे कदम पर चलने का काम किया. सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जल्द अपने पिता से मिलकर अपना इस्तीफा दूंगा."

    तेज प्रताप राष्ट्रीय जनता दल में ज़्यादा अहमियत नहीं मिलने को लेकर नाराज़गी जाहिर करते रहे हैं.

    हालांकि, ट्विटर पर उन्होंने साफ़ नहीं किया है कि वो किस पद से इस्तीफ़ा देना चाहते हैं.

    हाल में वो राबड़ी देवी की ओर से दी गई इफ़्तार पार्टी में दिखे थे.

    इस पार्टी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी आए थे. तेज प्रताप की नीतीश और अपने भाई तेजस्वी के साथ तस्वीरें सामने आई थीं.

  11. पाकिस्तान की वो जगह जहां हिंदू-मुसलमान मिलकर गायों को बचा रहे

    पाकिस्तान में सिंध प्रांत के मीठी शहर में ये अपनी तरह की ख़ास पनाहगाह है. जहां हिंदू-मुसलमान नागरिकों की मदद से बीमार और लावारिस गायों को रेस्क्यू किया जाता है.

    ये सिंध प्रांत में एक ऐसा क्षेत्र है, जहां बकरीद पर भी गाय क़ुर्बानी नहीं की जाती. थार के पास ही इस धार्मिक सद्भाव को सदियों से ज़िंदा रखा गया है. अगर इलाक़े के किसी व्यक्ति को गाय की ज़रूरत पड़ती है, तो उसे इस गौ आश्रम से एक गाय कुछ दिनों के लिए दे दी जाती है.

  12. महंगाई घटाने के लिए बढ़ानी होंगी ब्याज दरें, ये देश विरोधी गतिविधि नहीं है: रघुराम राजन

    आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि महंगाई घटाने के लिए आरबीआई को ब्याज दरें बढ़ानी होंगी. हालांकि राजनीतिक नेताओं और नौकशाहों को यह समझने की जरूरत है कि ये 'राष्ट्र विरोधी' गतिविधि नहीं है.

    अर्थव्यवस्था पर अपने खुले विचारों के लिए चर्चित राजन ने कहा कि यह याद रखना जरूरी है कि महंगाई के खिलाफ लड़ाई कभी खत्म नहीं होती.

    राजन ने एक लिंक्डइन पोस्ट में कहा, ''भारत में महंगाई बढ़ रही है और आरबीआई को एक मोड़ पर पहुंच कर ब्याज दरें बढ़ानी होगी. बाकी दुनिया में इस वक्त यही हो रहा है.''

    भारत में इस वक्त महंगाई तेजी से बढ़ रही है. खाद्यान्न, दूध सब्जी, फल, जैसे खाने-पाने की चीजों की महंगाई की वजह से खुदरा महंगाई दर बढ़ कर 6.95 फीसदी पर पहुंच गई है. यह खुदरा महंगाई दर का 17 महीने का उच्चतम स्तर है.

    इसी तरह थोक महंगाई दर भी चार महीने के शिखर पर है और यह 14.55 फीसदी तक पहुंच सकता है. कच्चे तेल और दूसरी कमोडिटी के दाम बढ़ने की वजह से महंगाई में ये तेजी आई है.

    बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए राजन ने लिखा है, ''राजनीतिक नेताओं और नौकरशाहों को यह समझना होगा कि पॉलिसी दरों में बढ़ोतरी विदेशी निवेशकों को फायदा पहुंचाने वाली राष्ट्र विरोधी गतिविधि नहीं है. दरअसल यह आर्थिक स्थिरता के लिए किया गया निवेश है. इसका सबसे बड़ा फायदा भारत को होता है.'

  13. आज का कार्टून: प्रार्थना करता है?

    महाराष्ट्र में अजान और हुनमान चालीसा पर जारी विवाद पर आज का कार्टून.

  14. यूक्रेन संकट: रूस ने मारियोपोल में किया युद्ध विराम का एलान

    रूस ने मारियोपोल में नागिरकों को युद्ध क्षेत्र से बाहर निकाले जाने के लिए युद्धविराम का एलान किया है. हालांकि यूक्रेन की डिप्टी प्रधानमनंत्री इरिना वेरेशचुक ने कहा है कि बाहर निकाले जाने के काम में अंतरराष्ट्रीय गारंटी का होना ज़रूरी है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरेस इस सप्ताह यूक्रेन जानेवाले हैं. इस बीच विनितसिया के गवर्नर सेरही बोरज़ोव ने कहा है कि रूस अहम ठिकानों को निशाना बना रहा है जिसकी वजह से मौतें हो रही हैं.

    रूस के दूसरे बड़े शहर ख़राकिव, पूर्वी दोनबास, पश्चिमी सूबे लविव और रिवने में भी गोलीबारी की खबरे हैं. यूक्रेन की वायू सेना का कहना है कि उसने खारकिएव क्षेत्र में एक रूसी विमान को गिरा दिया हालांकि पायलट उससे निकलने में कामयाब रहा.

    दूसरी ओर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आरोप लगाया है कि सीआईए और दूसरी विदेशी खुफिया एजेंसिया रूस में आतंकवादी हमलों की योजना बना रही हैं.

    पुतिन ने कहा कि अमरीका और यूरोप अजीब तरह की कूटनीति कर रहे हैं और वो यूक्रेन को हथियार भेज रहे हैं.

  15. ताजमहल: शाहजहां और मुमताज़ महल का निकाह और वो पांच साल..

    नवरोज़ का जश्न था. नए साल की ख़ुशी में मीना बाज़ार को सजाया गया था.

    महल की महिलाएं दुकानें सजा कर ज़ेवर, मसाले और दूसरी चीज़ें बेच रही थीं ताकि इससे होने वाली आमदनी से ग़रीबों की मदद की जा सके.

    चूंकि महिलाएं बिना नक़ाब के थीं, इसलिए केवल शहंशाह जहांगीर या शहज़ादे ही वहां आ सकते थे. शहज़ादे ख़ुर्रम भी वहां आए.

    एक दुकान पर उन्होंने एक लड़की को क़ीमती पत्थर और रेशम बेचते हुए देखा. कोमल और नाज़ुक हाथों से वह बहुत ही सुंदर कपड़े को तह लगा रही थी.

    एक पल के लिए दोनों की आंखें चार हुईं. ख़ुर्रम का दिल तेज़ी से धड़का. आवाज़ सुनने के लिए पूछा, ये पत्थर कैसा है? पत्थर उठाते हुए लड़की ने तुनक कर कहा, कि "जनाब, ये क़ीमती हीरा है. क्या आपको इसकी चमक से अंदाज़ा नहीं हुआ? इसकी क़ीमत दस हज़ार रुपये है."

    जब ख़ुर्रम क़ीमत चुकाने के लिए तैयार हो गए तो लड़की हैरान रह गई. वो बोले, "अब जब इस पर आपका हाथ लगा है, तो यह क़ीमत कुछ भी नहीं."

    लड़की ने शर्मा कर नज़रें झुका लीं. ख़ुर्रम ने कहा, "अगली मुलाक़ात तक मैं इसे दिल के पास रखूंगा."

    लड़की को एहसास हुआ कि अब यह खेल नहीं रहा. उसने कांपती आवाज़ में पूछा, "और यह (मुलाक़ात) कब होगी?"

  16. दवा कंपनियों की अनैतिक गतिविधियों पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब

    सुप्रीम कोर्ट ने फार्मा कंपनियों की अनैतिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और प्रभावी निगरानी तंत्र सुनिश्चित करने के लिए एक समान फार्मास्यूटिकल मार्केटिंग प्रैक्टिस कोड तैयार करने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है.

    जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और सूर्यकांत की पीठ ने अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) केएम नटराज से कहा कि उन्हें एक विचार विमर्श के बाद जवाब दाखिल करना चाहिए.

    ये याचिका ‘फेडरेशन ऑफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ की तरफ से दायर की गई है.

    याचिकाकर्ता के ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील संजय पारिख ने कहा था कि ये जनहित में एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और इस अदालत ने हाल ही में एक फैसला सुनाया है जिसके मुताबिक रिश्वत देने वाले और रिश्वत लेने वाले दोनों पर प्रतिबंध है.

    पारिख का कहना था कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए और फार्मास्यूटिकल मार्केटिंग प्रैक्टिस के लिए कोड को वैधानिक बनाया जाना चाहिए.

    उनका कहना था कि कोरोना में रेमडेसिविर इंजेक्शन और दूसरी दवाओं के साथ क्या हुआ, हम सबने ये देखा है.

    खास बात है कि याचिका में मांग की गई है कि फार्मा कंपनियों के अनैतिक मार्केटिंग प्रैक्टिस को रोकने के लिए जब तक कानून नहीं बन जाता तब तक कोर्ट को दिशा निर्देश निर्धारित करने चाहिए.

  17. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर, 25 अप्रैल 2022, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से

  18. सरकार ने फिर बैन किए 16 यूट्यूब चैनल, इनमें छह पाकिस्तानी

    भारत सरकार के सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने देश की सुरक्षा, विदेश नीति और पब्लिक ऑर्डर को लेकर दुष्प्रचार करने के आरोप में 16 यू-ट्यूब चैनलों पर रोक लगा दी है. इनमें दस भारतीय और छह पाकिस्तानी यूट्यूब शामिल हैं.

    सरकार ने आईटी रूल्स, 2021 का इस्तेमाल करते इन चैनलों पर बैन लगाया है.

    भारत सरकार के प्रेस इन्फॉरमेशन ब्यूरो के मुताबिक ये ट्यूब चैनल लोगों के बीच दहशत फैलाने के लिए झूठ और अपुष्ट सूचनाएं दे रहे थे. इससे सांप्रदायिक सद्भाव को खतरा था. इससे पब्लिक ऑर्डर के भी बिगड़ने का डर था.

    यूट्यूब पर मौजूद न्यूज़ चैनलों की कुल व्यूअरशिप 68 करोड़ से ज्यादा थी. इससे पहले भी भारत सरकार इस महीने की शुरुआत में सरकार ने 22 यूट्यूब चैनलों को बैन कर दिया था. इसमें चार पाकिस्तानी चैनल भी शामिल थे. ​

  19. राजस्थान: दलित जोड़े के मंदिर में प्रवेश को लेकर हुए विवाद में पुजारी गिरफ्तार

    राजस्थान में जालौर ज़िले के नीलकंठ गांव में मंदिर पहुंचे नवविवाहित दलित वर-वधू और उनके परिजनों से मंदिर में प्रवेश और नारियल चढ़ाने को लेकर पुजारी के साथ विवाद हो गया.

    सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है.

    वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें पुजारी वेला भारती परिजनों को धमकाते हुए और उनको मंदिर के बाहर ही नारियल चढ़ाने की बात कहते हुए सुने जा सकते हैं.

    22 अप्रैल की दोपहर में हुई इस घटना के बाद दुल्हन पक्ष की ओर से भाद्राजून पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी गई.

    इसके आधार पर पुलिस ने 23 अप्रैल को एससी/एसटी ऐक्ट में एफ़आईआर दर्ज की और पुजारी वेला भारती को गिरफ्तार कर लिया है.

  20. यूक्रेन के मामले पर अमेरिका के रक्षा और विदेश मंत्री ने कहा- रूस को कमज़ोर होते देखना चाहते हैं

    अमेरिका ने कहा है वह यूक्रेन के साथ लड़ाई में रूस को कमज़ोर होते देखना चाहता है. अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा है कि अगर रूस यूक्रेन में हारता है, तो इसके नेता फिर इस तरह का कोई क़दम उठाने से हिचकेंगे.

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में राष्ट्रपति व्लोदोमीर जेलेंस्की से मुलाक़ात के बाद ऑस्टिन ने कहा, '' हम चाहते हैं कि रूस इस हद तक कमज़ोर हो जाए कि उसने जो काम यूक्रेन में किया वैसा दोबारा न कर पाए. ''

    जेलेंस्की के साथ उनकी इस मुलाकात में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन भी थे. यूक्रेन पर दो महीने पहले रूस के हमले के बाद इसे अमेरिकी मंत्रियों का सबसे उच्च स्तरीय दौरा माना जा रहा है.

    जेलेंस्की के साथ दोनों मंत्रियों की बैठक तीन घंटे तक चली. यह मीटिंग ऐसे वक्त में हुई है, जब रूसी सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी और पूर्वी इलाके में हमले तेज कर दिए हैं.

    बीबीसी के कूटनीतिक संवाददाता जेम्स लैंडल मानते हैं कि कमजोर रूस वाला अमेरिकी रक्षा मंत्री की ओर से दिया गया बयान असाधारण रूप से कठोर था. लड़ाई में यूक्रेन की मदद करना एक बात है और रूस की क्षमताओं को कमज़ोर करने की बात दूसरी.