You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IPL 2022: हैदराबाद 9 विकेट से जीता, बैंगलोर को किया था 68 पर ऑल आउट

सनराइज़र्स हैदराबाद ने आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंज़र्स बैंगलोर के सबसे छोटे स्कोर का मुक़ाबला बड़ी आसानी से 8 ओवर में 9 विकेट से जीत लिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभय कुमार सिंह

  1. तेज प्रताप यादव बोले- बिहार में खेल होगा, नीतीश कुमार से हुई सीक्रेट बातचीत

    बिहार में प्रमुख विपक्षी दल आरजेडी की इफ़्तार पार्टी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहुंचने के बाद तेज प्रताप यादव ने ऐसा बयान दिया है जिससे अटकलें तेज़ हो गई हैं.

    तेज प्रताप यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है, "ये राजनीति है और इसमें उथल-पुथल होती रहती है. सरकार बनेगी, ये सीक्रेट है. मेरी नीतीश जी से सीक्रेट बात हुई है."

    इफ़्तार पार्टी में नीतीश कुमार के शामिल होने को किसी बड़े कदम के तौर पर देखा जाए या नहीं, इस सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा, "देखिए ये पॉलिटिक्स है और राजनीति में उथल-पुथल होती रहती है. आज हम हैं, तो कल वो हैं. कल वो रहेंगे तो आज हम रहेंगे."

    उन्होंने कहा, "इसमें (इफ़्तार पार्टी) नीतीश कुमार जी आए. पहले हमने नो एंट्री का बोर्ड लगाया था. अब 'एंट्री नीतीश चाचाजी' हमने लगाया है बोर्ड, तो वो आ गए यहां. आ गए तो सरकार बनेगी."

    सरकार बन रही है या नहीं इस सवाल पर तेज प्रताप यादव बोले, "सरकार बनाएंगे. खेल होगा. ये सीक्रेट है. हमारी नीतीश जी से सीक्रेट बातचीत हुई है."

    तेज प्रताप यादव से जब पूछा गया कि क्या बिहार की महाभारत के श्रीकृष्ण वो हैं, तो उन्होंने कहा, "और कौन कृष्ण होगा."

  2. अमेरिका: वॉशिंगटन में गोलीबारी में 3 घायल, हमलावर फ़रार

    अमेरिका के वॉशिंगटन से सटे इलाके में शुक्रवार को एक शख्स ने ऑटोमेटिक हथियार से गोलीबारी की, जिसमें तीन लोग घायल हो गए.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, ये गोलीबारी वॉशिंगटन के पास ऐवेन्यू-वैन नेस में हुई. घटना के बाद से इलाके में लॉकडाउन जैसी स्थिति है और लोगों को पुलिस ने सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया है.

    असिस्टेंट पुलिस चीफ़ स्टुअर्ट एमरमैन ने कहा कि तीन लोगों को अस्पताल ले जाया गया है. इनमें से दो वयस्क हैं, जिनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है और एक नाबालिग़ बच्ची है, जिसे हल्की चोट आई है.

    एमरमैन ने कहा कि पुलिस इलाके में सभी इमारतों में संदिग्ध को खोज रही है. अभी तक गोलीबारी का कारण भी पता नहीं लग सका है.

  3. रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत के रुख़ पर क्या बोले ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार को कहा कि पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध के दौरान कई बार पुतिन से बात की और रूस को युद्ध से बाहर निकलने के लिए कहा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जॉनसन ने मोदी से विस्तृत चर्चा के बाद संवाददाताओं से ये बात कही.

    जॉनसन ने कहा कि यूक्रेन के बूचा में जो हुआ, उसके ख़िलाफ़ मोदी की प्रतिक्रिया काफ़ी मज़बूती से सामने आई और हर कोई रूस के साथ भारत के दशकों पुराने ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान करता है.

    ब्रिटेन के पीएम जॉनसन से सवाल किया गया था कि क्या रूस के यूक्रेन पर हमले को बंद करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को मॉस्को पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने को कहा.

    पीएम जॉनसन ने ये भी एलान किया कि यूक्रेन की राजधानी कीएव में ब्रिटेन का दूतावास अगले सप्ताह फिर खुल जाएगा. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और उसके सहयोगी यूक्रेन पर रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के प्रहार पर चुप नहीं बैठे रहेंगे.

    उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि मोदी ने कई बार हस्तक्षेप किया और रूसी राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि वह क्या सोचते हैं कि वह इस धरती पर क्या कर रहे हैं और यह किस ओर जाएगा.

    उन्होंने कहा, "भारतीय, यूक्रेन में शांति चाहते हैं और चाहते हैं कि रूस वहां से बाहर निकले और मैं इससे पूरी तरह से सहमत हूं."

  4. पुतिन के समर्थन में रैली में शामिल होने पर ओलंपिक चैंपियन पर लगा बैन

    रूस के ओलंपिक चैंपियन एवजेनी रायलोव को स्विमिंग की वर्ल्ड गवर्निंग बॉडी 'फ़ीना' ने नौ महीनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है. एवजेनी के ख़िलाफ़ ये कार्रवाई यूक्रेन में रूस के हमले के समर्थन के लिए हो रही रैली में जाने पर की गई है.

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मार्च माह में मॉस्को के लुझनिकी में इस रैली को होस्ट किया था. 25 वर्षीय रायलोव उन एथलीट्स में से एक थे जो इस रैली में शामिल हुए.

    इन सबने युद्ध के समर्थन में 'Z' अक्षर लिखे कपड़े पहने थे.

    बीती गर्मियों में टोक्यो ओलंपिक में रायलोव ने 100 मीटर और 200 मीटर प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था.

    रायलोव पर लगे प्रतिबंध 20 अप्रैल से प्रभावी हैं.

    फ़ीना ने कहा है कि वो रायलोव को "उन सभी प्रतियोगिताओं और गतिविधियों से प्रतिबंधित कर रही है, जिसका आयोजन फ़ीना कर रहा हो."

    हालांकि, इस साल के आखिर तक सभी रूसी और बेलारूसी तैराकों पर फ़ीना के इवेंट्स में शामिल होने पर रोक है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 22 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.