You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IPL 2022: CSKvsMI: आखिरी ओवर में धोनी का धमाका, चेन्नई ने मुंबई को हराया

चेन्नई को अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 42 रन चाहिए थे. जबकि अंतिम छह गेंद में 17 रन चाहिए थे. धोनी ने आखिरी चार गेंदों पर 6, 4, 2, 4 रन बनाकर चेन्नई को एक यादगार जीत दिला दी.

लाइव कवरेज

पवन सिंह अतुल, प्रियंका झा and अभय कुमार सिंह

  1. अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर क्यों मांगी प्रशंसकों से माफ़ी?

    फ़िल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने एक इलायची ब्रैंड का विज्ञापन करने पर अपने प्रशंसकों से माफ़ी मांगी है.

    दरअसल अक्षय कुमार विमल इलायची का विज्ञापन करते हैं. इसी ब्रैंड से विमल, तंबाकू उत्पाद भी बेचता है.

    तंबाकू बेचने वाले ब्रैंड के किसी उत्पाद के विज्ञापन को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई थी.

    अब अक्षय कुमार ने कहा है कि वो इस विज्ञापन से पीछे हट रहे हैं और इससे मिलने वाले पैसों को वे किसी नेक काम के लिए दान देंगे.

    अक्षय कुमार ने कहा है कि जब तक कॉन्ट्रैक्ट रहेगा तब तक ब्रैंड विज्ञापन का प्रचार करता रहेगा लेकिन वो ख़ुद को इस विज्ञापन से अलग कर रहे हैं.

    अभिनेता ने ये भी कहा कि वो भविष्य में किसी भी विज्ञापन का चुनाव करते समय सतर्कता बरतेंगे.

  2. गुजरात: वडगाम विधायक जिग्नेश मेवाणी को असम पुलिस ने किया गिरफ़्तार

    गुजरात के वडगाम से विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी को देर रात असम पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है. जिग्नेश मेवाणी को अब गुवाहाटी ले जाया जाएगा.

    गिरफ़्तारी किस मामले में हुई है, इसके बारे में अभी तक कोई ख़ास जानकारी नहीं मिली है.

    मेवाणी की गिरफ़्तारी की जानकारी उनके समर्थकों ने दी है. साथ ही ये भी आरोप लगाया है कि उन्हें अब तक एफ़आईआर की कॉपी नहीं दी गई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मेवाणी को देर रात 11.30 बजे पालनपुर सर्किट हाउस से गिरफ़्तार किया गया.

    असम के कोकराझार एसपी तुबे प्रतीक विजय कुमार ने एएनआई को बताया है कि गिरफ़्तारी कोकराझार पुलिस ने की है.

    बता दें कि गुजरात में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं.

    कांग्रेस नेता कन्हैया ने मेवाणी की गिरफ़्तारी के बारे में ट्वीट करते हुए कहा है कि पुलिस ने अब तक एफ़आईआर की कॉपी शेयर नहीं की है.

    राजनीतिक मामलों में मुख़र रहने वाले प्रोफ़ेसर अपूर्वानंद ने इस गिरफ़्तारी को लेकर ट्वीट किया, "असम से एक छोटी सी शिकायत के आधार पर जिग्नेश मेवाणी की गिरफ़्तारी एक बार फिर दिखाती है कि हम कहां पहुंच गए हैं. एक टीम उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए पूरे गुजरात में घूमती है! हमें इसे ऐसे ही नहीं जाने देना चाहिए."

    वहीं गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने कहा कि एक लोकसेवक से इस तरह रात में क्रिमिनल की तरह व्यवहार करना निंदनीय है.

  3. जहांगीरपुरी: अतिक्रमण के ख़िलाफ़ SC में सुनवाई आज, कांग्रेस के नेता करेंगे दौरा

    दिल्ली में जहांगीरपुरी इलाक़े में अतिक्रमण पर नगर निगम के बुलडोज़र पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी.

    आज सुप्रीम कोर्ट इस मामले की आगे सुनवाई करेगा.

    उत्तरी दिल्ली में स्थित जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़क उठी थी. इस घटना नौ लोग घायल हो गए थे. पुलिस ने बाद में 24 लोगों को गिरफ़्तार किया था.

    इसबीच कई राजनीतिक पार्टियों ने जहांगीरपुरी में जाने का एलान किया है.

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने कहा है कि बिना नोटिस के अतिक्रमण हटाना अवैध है.

    उन्होंने अपनी दलील के पक्ष में एक पुराने केस का हवाला दिया है. माकन ने ऐलान किया है कि वे, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ आज जहांगीरपुरी जाएंगे.

    उधर पश्चिम बंगाल की सत्तारुढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भी कहा है कि उसके नेता भी आज जहांगीरपुरी पहुंचेंगे.

    गौरतलब है कि इस इलाके में ख़ासी संख्या में बंगाली आबादी है.

    बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के अतिक्रमण पर रोक लगाने वाले फ़ैसले के बाद वरिष्ठ सीपीएम नेता वृंदा करात जहांगीरपुरी पहुंची थीं और वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की थी.

    बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कुछ वक्त तक अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रही. इसलिए अदालत को दोबारा बैठना पड़ा.

  4. अमेरिका यूक्रेन को और सैन्य मदद भेजेगा, बाइडन ने की यूक्रेनी सेना की तारीफ़

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन की सेना की तारीफ़ करते हुए कहा है कि वो उनकी बहादुरी से आचंभित हैं.

    अपने रक्षा सलाहकारों से बातचीत में बाइडन ने कहा, "यूक्रेनी सेना मेरी उम्मीद से कहीं अधिक मज़बूत और ख़ुद पर गर्व करने वाली है."

    राष्ट्रपति बाइडन ने कहा है कि एकजुट हुए नेटो ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को हैरान कर दिया है.

    उन्होंने कहा, "यूक्रेन के लिए हथियार में बारूद की सप्लाई लगातार जारी है. हम देख रहे हैं कि दुनिया में पार्टनरशिप का क्या महत्व है."

    अमेरिका भेजेगा हथियार पिछले हफ़्ते 80 करोड़ डॉलर की मदद का एलान करने के बाद, अमेरिका यूक्रेन को हथियारों की एक और खेप भेजने वाला है.

    व्हाइट हाउस की प्रवक्ता जेन साकी ने प्रेसवार्ता के दौरान ये नहीं बताया कि यूक्रेन को दिए जाने वाली सैन्य मदद का प्रारूप क्या होगा.

    लेकिन उन्होंने कहा कि अमेरिका प्रशासन यूक्रेन की सरकार और सेना की भरपूर मदद करेगा ताकि वो युद्ध के मैदान में प्रभावी रूस से लड़ सकें

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 20 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं