ब्रेकिंग न्यूज़, अफ़ग़ानिस्तान के मज़ार-ए-शरीफ़ शहर में मस्जिद के नज़दीक धमाका, कई हताहत
अफ़ग़ानिस्तान के मज़ार-ए-शरीफ़ शहर में एक मस्जिद के नज़दीक धमाका हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक़ धमाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हैं. तालिबान के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने बीबीसी पश्तो सर्विस से इसकी पुष्टि की है. लेकिन मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल नफ़ी तकूर ने कहा है कि अभी ये पुष्टि नहीं हुई है कि कितने लोग मारे गए हैं.
लेकिन आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. बीबीसी पश्तो के मुताबिक़ दोपहर बाद एक मस्जिद के सामने धमाका हुआ था. कई घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. बीबीसी संवाददाता सिकंदर किरमानी के मुताबिक़ अफ़ग़ानिस्तान में आज कई धमाके हुए हैं. मज़ार-ए-शरीफ़ के अलावा कुंदूज़, काबुल और नांगरहार में भी धमाके हुए है. इसी सप्ताह काबुल के एक स्कूल में भी धमाका हुआ था.