You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आईपीएल 2022: पंड्या की पारी पड़ी राजस्थान पर भारी, गुजरात टॉप पर

आईपीएल 2022 में गुजरात ने राजस्थान को 37 रनों से हराकर पॉइंट टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी, अभय कुमार सिंह and भूमिका राय

  1. आंध्र प्रदेश में एक फ्रैक्ट्री में लगी आग, 6 की मौत

    आंध्र प्रदेश में ईलुरू ज़िले के अक्किरेड्डीगुडेम में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    ईलुरू के पुलिस अधीक्षक देव शर्मा ने बताया कि घायलों का इलाज विजयवाड़ा में एक सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है.

    उन्होंने बताया कि आशंका है कि बुधवार रात को पॉलीमर पावर बनाने वाले संयंत्र के रिएक्टर में आग लग गई थी. निट्रिक एसिड, मोनोमेथिल का रिसाव होने के बाद आग लगी और कई कामगार उसमें फंस गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि घायल हुए चार लोगों की हालत गंभीर है.

    इस दौरान मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने इस घटना पर दुख जाहिर किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25 लाख, गंभीर रूप से घायलों को पांच लाख और मामूली रूप से घायलों को दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.

  2. लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने के विरोध में आए 90 हज़ार ईमेल

    लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने वाले विधेयक पर विचार कर रहे संसदीय पैनल के पास करीब 95 प्रतिशत ईमेल ऐसे आए हैं जिनमें शादी की उम्र 18 से 21 साल करने का विरोध किया गया है.

    अंग्रेज़ी अख़बार द टेलिग्राफ़ ने समिति के सूत्रों के हवाले से लिखा है कि उन्हें ये ईमेल एक साजिश का हिस्सा लगते हैं ताकि सरकार की इस कोशिश को विफल किया जा सके.

    शिक्षा, महिलाएं, बच्चे, युवा और खेलों को लेकर बनी संसदीय समिति की अध्यक्षता बीजेपी नेता विनय सहस्रबुद्धे करते हैं. समिति को बाल विवाह निषेध (संशोधन) अधिनियम पर करीब 95 हज़ार ईमेल मिले हैं. ये विधेयक दिसंबर 2021 में लोकसभा में लाया गया था.

    समिति के सूत्रों के मुताबिक विरोध करने वाले करीब 90 हज़ार ईमेल का कंटेट एक जैसा है और लगता है कि इसे बनाने वाला स्रोत एक ही है.

    सूत्रों का कहना है कि ये ईमेल किसी साजिश का हिस्सा लगते हैं ताकि इस अहम विधेयक को रोका जा सके.

    ये प्रस्तावित विधेयक देश के सभी समुदायों पर लागू होगा और मौजूदा विवाह एवं निजी क़ानूनों की जगह लेगा.

  3. नेपाल में भी श्रीलंका वाले संकट की आशंका से बढ़ी चिंता

  4. विश्व बैंक ने भारत को लेकर लगाया यह अनुमान

    विश्व बैंक ने भारत की विकास दर के इस वित्त वर्ष (1 अप्रैल से 31 मार्च) में आठ प्रतिशत और अगले वित्त वर्ष (2023-24) में 7.1 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है.

    विश्व बैंक ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट साउथ एशिया इकॉनमिक फ़ोकस रिशेपिंग नॉर्म्स: ए न्यू वे फॉरवर्ड में लगाया है. ये रिपोर्ट बुधवार को जारी हुई है.

    भारत के पिछले वित्त वर्ष में 8.3 प्रतिशत की दर से विकास करने का अनुमान लगाया गया था. इससे पहले कोविड-19 महामारी के कारण देश की अर्थव्यवस्था 6.6 प्रतिशत विकास दर तक सिमट गई थी.

    वहीं, दक्षिण एशियाई क्षेत्र के लिए वृद्धि अनुमान से धीमी गति से होने की उम्मीद है. इसमें एक प्रतिशत की कमी आ सकती है. वृद्धि दर 2022 में 6.6 प्रतिशत और अगले वित्त वर्ष में 6.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है.

    इसकी वजह है रूस और यूक्रेन युद्ध, जिसने दक्षिण एशियाई क्षेत्र में कारोबार और स्थिरता पर प्रभाव डाला है. इन इलाक़ों में वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हुई है और महंगाई भी बढ़ी है.

    दक्षिण एशिया के लिए विश्व बैक के उपाध्यक्ष हर्टविग शेफर ने कहा, ‘‘इन चुनौतियों को देखते हुए सरकार को मौद्रिक और वित्तीय नीतियों की ध्यानपूर्वक योजना बनाने की ज़रूरत है ताकि बाहरी झटकों से बचा जा सके.’’

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 13 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.