You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मुस्लिम महिलाओं को रेप की धमकी देने वाले बजरंग मुनि गिरफ़्तार

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में मुस्लिम समुदाय के ख़िलाफ़ भड़काऊ भाषण देने के मामले में बजरंग मुनि को यूपी पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दीपक मंडल

  1. मुंबई इंडियंस की लगातार पांचवीं हार

    मुंबई इंडियंस आईपीएल सीज़न-15 में लगातार पांचवां मैच हार गयी है. बुधवार को पुणे में खेले गए मुक़ाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हराया.

    मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया. पंजाब के कप्तान मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने अपनी टीम को ज़ोरदार शुरुआत की.

    मंयक अग्रवाल ने 32 गेंदों पर 52 रन बनाए जबकि शिखर धवन ने 50 गेंद पर 70 रन बनाए. इसके बाद जीतेश शर्मा ने 15 गेंद पर नाबाद 30 रन बनाए. पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट पर 198 रन बनाए.

    इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की शुरुआत ख़राब रही. ईशान किशन महज तीन रन बना सके. रोहित शर्मा ने 17 गेंद पर 28 रन बनाए. लेकिन वे अपनी पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके.

    इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और तिलक वर्मा ने तीसरे विकेट के लिए बेहतरीन साझेदारी निभायी. ब्रेविस ने 25 गेंदों पर 49 रन बनाए. वहीं तिलक वर्मा ने 20 गेंदों पर 36 रन बनाए.

    सूर्य कुमार यादव ने 30 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 43 रन बनाए लेकिन उनके साथ तिलक वर्मा और कीरोन पोलॉर्ड रन आउट हुए और ये रन आउट आख़िर मुंबई इंडियंस को बेहद महंगा पड़ा.

    पंजाब की ओर से ओडियन स्मिथ ने आख़िरी ओवर में तीन विकेट लेकर टीम को शानदार जीत दिलाई. वहीं दूसरी ओर आईपीएल इतिहास की सबसे कामयाब टीम मुंबई इंडियंस को इस सीज़न में पांच मैचों के बाद भी पहली जीत का इंतज़ार है.

  2. खराब कैमरों की वजह से न्यूयॉर्क सबवे के हमलावर की तलाश में आ रही है अड़चन

    न्यूयॉर्क सबवे स्टेशन में दस लोगों को गोली मार कर घायल करने वाले संदिग्ध हमलावर की तलाश में सबवे में लगे कैमरों की खराबी अड़चन डाल रही है.

    न्यूयॉर्क पुलिस 62 साल के संदिग्ध हमलावर फ्रैंक आर जेम्स को तलाश रही है. लेकिन खराब कैमरों की वजह से उसका सुराग नहीं मिल पा रहा है.

    स्थानीय अधिकारी पिछले कई सालों से सबवे में लगे कैमरों के खराबी को लेकर चेतावनी देते आए हैं. लेकिन यह दिक्कत बनी हुई है. हमले के बाद न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि ऐसा लगता है कि सबवे के कैमरा सिस्टम में कोई खराबी आ गई है.

    अधिकारियों ने कहा कि ये पता करने की कोशिश की जा रही है एक कैमरा खराब था या और भी कैमरे खराब थे. सबवे हमले के दौरान हमलावर ने दस लोगों पर गोलियां चलाई थीं. अन्य 13 लोग फायरिंग के बाद अफरातफरी के दौरान घायल हुए थे.

  3. देवघर रोपवे हादसे के बचावकर्मियों से पीएम मोदी ने की बात

    झारखंड के देवघर में रोपवे हादसे में लोगों के बचाने में शामिल रहे विभिन्न संगठन के कर्मचारियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार की रात वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए बातचीत की.

    पीएम मोदी ने कहा, “देश को गर्व है कि उसके पास हमारी थल सेना, वायु सेना, एनडीआरएफ़, आईटीबीपी के जवान और पुलिस बल के रूप में ऐसी कुशल फोर्स है, जो देशवासियों को हर संकट से सुरक्षित बाहर निकालने का माद्दा रखती है.”

    “आपने तीन दिनों तक, चौबीसों घंटे लगाकर एक मुश्किल रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा किया और अनेक देशवासियों की जान बचाई है. मैं इसे बाबा वैद्यनाथ जी की कृपा भी मानता हूं.”

    “हालांकि हमें दुख है कि कुछ साथियों का जीवन हम नहीं बचा पाए. अनेक साथी घायल भी हुए हैं. पीड़ित परिवारों के साथ हम सभी की पूरी संवेदना है. मैं सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

    इस दौरान देश के गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीआरएफ़, वायु सेना, आईटीबीपी, सेना और ज़िला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि यह बहुत मुश्किल अभियान था जिसे संयमपूर्वक अंजाम दिया गया.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, मुस्लिम महिलाओं को रेप की धमकी देने वाले बजरंग मुनि 11 दिन बाद गिरफ़्तार

    उत्तर प्रदेश के सीतापुर में मुस्लिम समुदाय के ख़िलाफ़ भड़काऊ भाषण देने के मामले में बजरंग मुनि को यूपी पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

    सीतापुर पुलिस ने ट्वीट किया है जिसमें उसने बताया है कि बुधवार को उन्हें गिरफ़्तार करके कोर्ट के सामने पेश किया गया था.

    इसके साथ ही ट्वीट में लिखा है कि ‘क़ानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख़्शा नहीं जाएगा और उसके ख़िलाफ़ कठोर कार्यवाही की जाएगी.’

    बजरंग मुनि दास सीतापुर के ख़ैराबाद के महर्षि श्री लक्ष्मण दास उदासीन आश्रम के महंत हैं.

    सीतापुर में 11 दिनों पहले उन्होंने एक धार्मिक यात्रा के दौरान एक मस्जिद के आगे भड़काऊ भाषण दिया था.इस घटना के वायरल हो रहे वीडियो में वो मुस्लिम महिलाओं का बलात्कार करने की धमकियां दे रहे थे.

    इस वीडियो के वायरल होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने उनकी गिरफ़्तारी की मांग की थी. इसके बाद उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी.

    हालांकि, बाद में ऐसा भी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था जिसमें वो माफ़ी मांग रहे थे और कह रहे थे कि उनके बयान को ग़लत तरीक़े से पेश किया गया.

  5. नेटो में शामिल होने पर फ़ैसला जल्द लेगा फ़िनलैंड, रूस दे चुका है चेतावनी

    फ़िनलैंड की प्रधानमंत्री सना मारिन ने कहा है कि उनका देश नेटो में शामिल होने के लिए आवेदन करेगा या नहीं इसको लेकर हालिया हफ़्तोंमें फ़ैसला लेगा.

    उन्होंने कहा कि वो इस फ़ैसले में देरी का कोई कारण नहीं देखती हैं. यह बात उन्होंने स्वीडन की प्रधानमंत्री के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कही.

    उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब हाल ही में ऐसी रिपोर्ट सामने आई थीं जिनमें कहा गया था कि फ़िनलैंड की संसद ने कहा था कि इस वैश्विक गुट की सदस्यता के कारण ‘फ़िनलैंड और रूस की सीमा पर तनाव बढ़’ सकता है.

    रूस ने हालिया हफ़्तों में नेटो में शामिल होने को लेकर फ़िनलैंड और स्वीडन की चेतावनी दी है.

    फ़िनलैंड और स्वीडन सैन्य रूप से गुट-निरपेक्ष हैं लेकिन रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद जनता के बीच इस बात को लेकर समर्थन देखने को मिला है कि उनका देश पश्चिमी रक्षात्मक गठंबधन का सदस्य बने.

    स्वीडन की नेता मैग्डेलेना एंडरसन ने पत्रकारों से कहा कि फ़िनलैंड में भी इसको लेकर ‘गंभीर विश्लेषण’हो रहा है और उन्हें इसमें देरी करने की कोई वजह नहीं दिखती है.

    स्वीडन के अख़बार स्वेंस्का डागब्लाडट ने बुधवार को रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसमें कहा गया था कि एंडरसन जून के आख़िर में नेटो सम्मेलन की सदस्यता के लिए आवेदन करने पर विचार कर रही हैं.

    फ़िनलैंड रूस के साथ 1,340 किलोमीटर की सीमा साझा करता है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोफ़ ने कहा है कि नेटो में शामिल होने को लेकर कोई दावा होता है तो मॉस्को ‘स्थिति को फिर से संतुलित’ करेगा.

    मारिन ने कहा है, “मैं किसी भी तरह की कोई समयसूची नहीं दूंगी कि हम कब अपना फ़ैसला लेंगे लेकिन मुझे लगता है कि यह बहुत तेज़ी से होगा.”

    उन्होंने इस बात की ओर ध्यान दिलाया कि नेटो की सदस्यता फ़िनलैंड को आर्टिकल फ़ाइव की सुरक्षा की गारंटी देगा जिसके तहत किसी भी सदस्य पर हमले को सभी सदस्यों पर किया गया हमला माना जाता है.

  6. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 13 अप्रैल 2022, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से

  7. सीएम केजरीवाल के घर के बाहर तोड़फोड़ के मामले में आठ को जमानत

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ करने के मामले में हाई कोर्ट ने आठ लोगों को ज़मानत दे दी है.

    न्यायाधीश आशा मेनन ने मंगलवार को आदेश देते हुए कहा, ‘‘सबूतों की प्रकृति को देखते हुए अभियुक्तों के सबूतों से छेड़छाड़ या चश्मदीदों को धमकाने की आशंका नहीं है.’’

    कोर्ट ने कहा, ‘‘आरोप हैं कि विरोध प्रदर्शनकारियों ने सीसीटीवी कैमरा और बैरियर तोड़ा और घर के मुख्य गेट पर पेंट लगाया. लेकिन, इस तरह के आरोप नहीं हैं कि प्रदर्शनकारियों ने हथियारों या आगजनी या अन्य गंभीर तरीक़ों से सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान पहुंचाया है. तीन अभियुक्तों को छोड़कर अधिकतर 20 साल के हैं.’’

    सीएम केजरीवाल के फ़िल्म ‘द कश्मीर फ़ाइल्स’ को लेकर दिए गए बयान के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंच गए थे. इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार भी किया गया था.

    दिल्ली विधानसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा था, "कह रहे हैं कश्मीर फ़ाइल्स टैक्स फ़्री करो, अरे यूट्यूब पर डाल दो फ़्री हो जाएगी. टैक्स फ़्री क्यों करा रहे हो, इतना ही तुमको शौक़ है तो विवेक अग्निहोत्री को कह दो यूट्यूब पर डाल देगा, सभी लोग एक ही दिन के अंदर फ़िल्म को देख लेंगे."

    बीजेपी और हिंदूवादी संगठनों ने केजरीवाल के इस बयान को हिंदुओं के ख़िलाफ़ बताया था. बीजेपी का आरोप है कि केजरीवाल ने कश्मीरी पंडितों के दर्द और पीड़ा का मज़ाक बनाया है.

  8. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर, 13 अप्रैल 2022, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से.

  9. वर्ल्ड बैंक ने भारत का ग्रोथ रेट अनुमान घटाया, 8.7 से घटा कर 8 फीसदी किया

    वर्ल्ड बैंक ने भारत समेत पूरे दक्षिण एशिया की आर्थिक विकास दर का अनुमान घटा दिया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक बैंक ने कहा है कि मौजूदा वित्त वर्ष (2022-23) के दौरान भारत की आर्थिक विकास दर में गिरावट आएगी और यह 8.7 के पहले के अनुमान से घटकर 8 फीसदी पर पहुंच सकती है.

    वर्ल्ड बैंक ने कहा है कि यूक्रेन संकट की वजह से सप्लाई चेन की दिक्कतों और बढ़ती महंगाई इन देशों की आर्थिक विकास दर में घटा सकती है.

    वर्ल्ड बैंक ने कहा है कि दक्षिण एशिया की आर्थिक विकास दर में गिरावट आएगी. यह 2022-23 के दौरान गिरकर 6.6 फीसदी पर पहुंच सकती है.

    वर्ल्ड बैंक ने कहा है कि भारत में कोविड और महंगाई की मार से श्रम बाजार अभी तक पूरी तरह नहीं उबर सका है. इससे घरेलू अर्थव्यवस्था में खपत पर असर पड़ेगा.

    वर्ल्ड बैंक (दक्षिण एशिया) के वाइस प्रेसिडेंट हार्टविग शेफर ने एक बयान में कहा है कि यूक्रेन में युद्ध की वजह से तेल और खाद्य वस्तुओं के दाम में इज़ाफ़ा हुआ है और यह लोगों की वास्तविक आय पर काफी नकारात्मक असर डालेगा.

    भारत में खुदरा महंगाई दर में तेज़ बढ़ोतरी

    भारत में हाल में महंगाई दर काफी तेज़ी से बढ़ी है. मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में खुदरा महंगाई दर 16 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गई.

    मार्च में खुदरा महंगाई दर फरवरी के मुकाबले 14.49 फीसदी बढ़ कर 6.95 फीसदी पर पहुंच गई. मार्च महीने में खुदरा महंगाई दर में यह बढ़ोतरी खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने से हुई है.

  10. ब्रेस्ट कैंसर से जूझने वाली महिला ने अपनी ब्रेस्ट पर बनवाया टैटू

    एमिली सर्जरी के बाद पहली बार अपने स्तन देख रही थीं. कैंसर के इलाज़ के दौरान अपने स्तन खोने की वजह से उन्होंने 3डी टैटू बनवाए हैं.

    ब्यूटी थैरेपिस्ट डॉन हर महीने एक महिला का इलाज़ मुफ़्त में करती हैं. मैं अपनी तरफ से कुछ वापस देना चाहती थी.

  11. असदुद्दीन ओवैसी के भाई अकबरुद्दीन हेट स्पीच के दो मामलों में बरी

    सांसदों और विधायकों के लिए विशेष अदालत ने एआईएमआईएम नेता अकबरुद्दीन ओवैसी को हेट स्पीच के दो मामलो में बरी कर दिया है. ये मामले निर्मल और निज़ामाबाद ज़िले से जुड़े हुए थे. वर्ष 2012 में इन दोनों ज़िलों में उनके भाषण को लेकर उन पर दो संप्रदायों के बीच नफ़रत फैलाने के आरोप लगे थे. उन पर भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद उनकी गिरफ़्तारी भी हुई थी. लेकिन बाद में उन्हें ज़मानत मिल गई थी. पुलिस ने इन दोनों मामलों में वर्ष 2016 में चार्जशीट दाख़िल की थी. अकबरुद्दीन ओवैसी एआईएमआईएम प्रमुख असदउद्दीन ओवैसी के छोटे भाई हैं. असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर इस पर ख़ुशी जताई है कि उनके भाई को इस मामले में बरी कर दिया गया है.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- अकबरुद्दीन ओवैसी हेट स्पीच के दो मामलों में बरी हो गए हैं. सभी का उनकी प्रार्थना और समर्थन के लिए आभार. असदुद्दीन ओवैसी ने एडवोकेट अब्दुल अज़ीम का विशेष आभार व्यक्त किया है.

  12. इमरान ख़ान पर मरियम नवाज़ का ट्वीट, फ़वाद चौधरी ने दी चुनाव कराने की चुनौती

    पाकिस्तान के नव निर्वाचित प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की भतीजी और पूर्व पीएम नवाज़ शरीफ़ की बेटी मरियम नवाज़ शरीफ़ ने कहा है ज़्यादातर पाकिस्तानियों ने इमरान ख़ान को हटाने का समर्थन किया है. मरियम ने अपने ट्वीट में यह बात कही है.

    उन्होंने अपने ट्वीट के समर्थन में ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट का हवाला दिया है. रिपोर्ट में गैलप पाकिस्तान की ओर से किए गए सर्वे का ज़िक्र किया गया है.

    इसमें कहा गया है 57 फ़ीसदी लोगों ने कहा है कि इमरान ख़ान को हटाए जाने से वो ख़ुश हैं. जबकि 43 फ़ीसदी लोगों ने इमरान को हटाए जाने पर नाराज़गी जताई है.

    गैलप पाकिस्तान ने यह सर्वे पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में नए प्रधानमंत्री को चुने जाने के लिए हुई वोटिंग के ठीक बाद किया था.

    हालाँकि इमरान खान के करीबी और उनकी सरकार में सूचना-प्रसारण मंत्री रहे फ़वाद चौधरी ने मरियम के इस ट्वीट का जवाब दिया है.

    उन्होंने लिखा है, ''अगर ज़्यादातर लोग इमरान को हटाए जाने से ख़ुश हैं तो आपको चुनाव से क्यों डर लग रहा है. आप चुनाव से क्यों भाग रहे हैं. आइए चुनाव करा लीजिए. इस मुक़ाबले का फ़ैसला तो मैदान में होना है. ''

    पाकिस्तान में इमरान खान को हटाए जाने के बाद विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार शहबाज शरीफ को पीएम चुना गया है.

    शहबाज शरीफ के पक्ष में 174 वोट पड़े थे. वोटिंग के दौरान दर्शक दीर्घा में मरियम नवाज शरीफ भी मौजूद थीं. मरियम ने अपने चाचा के पीएम बनने पर ट्वीट कर खुशी जाहिर की थी.

  13. भारत और अमेरिका के साझा बयान को लेकर क्यों भड़क गया है पाकिस्तान?

    पाकिस्तान ने हाल ही में भारत और अमेरिका के बीच मंत्रिस्तरीय 2+2 बातचीत के बाद जारी बयान में पाकिस्तान के ज़िक्र पर कड़ी आपत्ति जताई है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वो इस अनुचित संदर्भ को ख़ारिज करता है. बयान में कहा गया है- बयान में कुछ ग़ैर मौजूद और कुछ नष्ट हो चुकीं संस्थाओं का अनावश्यक ज़िक्र ये बताता है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ दोनों देशों का फ़ोकस ग़लत दिशा में है. ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीतिक लाभ और जनता की राय को गुमराह करने के लिए एक द्विपक्षीय सहयोग के मंच का इस्तेमाल तीसरे देश को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बयान में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ किए गए दावे दुर्भावनापूर्ण हैं और भरोसे लायक नहीं हैं. बयान के मुताबिक़ पाकिस्तान पिछले दो दशकों से आतंकवाद के ख़िलाफ़ वैश्विक लड़ाई में एक बड़ा, सक्रिय, भरोसेमंद और इच्छुक सहयोगी रहा है. आतंकवाद के ख़िलाफ़ जंग में पाकिस्तान की सफलता और शहादत का कोई मुक़ाबला नहीं, जिसे अमेरिका समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने स्वीकार भी किया है. पाकिस्तान के अलावा इस क्षेत्र के किसी भी देश ने शांति के लिए इतना बड़ा बलिदान नहीं किया. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का आरोप दरअसल भारत के अवैध क़ब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में सरकारी आतंकवाद और कश्मीरियों के ख़िलाफ़ अत्याचार को छिपाने का एक प्रयास है. बयान में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के ज़िम्मेदार सदस्यों को भारत की आलोचना करनी चाहिए.

    पिछले दिनों भारत और अमेरिका के बीच 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत हुई थी. इस बातचीत में दोनों देशों के रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री शामिल हुए थे. इस बातचीत के बाद जारी बयान में दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद की आलोचना की थी और 26/11 के मुंबई हमलों और पठानकोट हमलों के दोषियों को सज़ा देने की मांग की थी. इतना ही नहीं संयुक्त बयान में कई आतंकवादी संगठनों पर कार्रवाई की बात भी कही गई थी. इनमें अल क़ायदा और आईएसआईएस के अलावा लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज़्बुल मुजाहिदीन की भी बात की गई. दोनों देशों के मंत्रियों ने पाकिस्तान से मांग की कि वो ये सुनिश्चित करे कि उनके नियंत्रण वाली कोई भी ज़मीन आतंकवादी हमलों के लिए इस्तेमाल न हो.

  14. रूस ने कहा- मारियुपोल में यूक्रेन के 1000 सैनिकों ने डाले हथियार, यूक्रेन का इनकार

    रूस ने दावा किया है कि एक हज़ार से अधिक यूक्रेन के सैनिकों ने मारियुपोल में हथियार डाल दिए हैं. लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर ज़ेलेंस्की के एक शीर्ष सलाहकार ने कहा है कि मारियुपोल अभी भी उनके नियंत्रण में है. उन्होंने दावा कि यूक्रेन के इस शहर की सुरक्षा व्यवस्था और मज़बूत की गई है और सैनिकों की संख्या भी बढ़ाई गई है.

    दावे-प्रतिदावे के बीच ये पता लगाना काफ़ी मुश्किल है कि मारियुपोल में वाक़ई हो क्या रहा है. यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह शहर को लेकर रूस का दावा है कि वो उसके नियंत्रण में है. रूस कई सप्ताह से इस शहर पर हमले कर रहा है. रूस के दावों के मुताबिक़ 36वीं मरीन ब्रिगेड के सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया है,

  15. शहबाज़ शरीफ़ के पाकिस्तान का पीएम बनने पर क्या कहा सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने पाकिस्तान के नए पीएम के तौर पर शपथ लेने पर शहबाज़ शरीफ़ को बधाई दी है.

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान को अविश्वास प्रस्ताव के ज़रिए हटाए जाने के बाद संयुक्त विपक्ष ने शहबाज़ शरीफ़ को पीएम उम्मीदवार घोषित किया था.

    पाकिस्तान की संसद ने शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री चुना. उनके पक्ष में 174 वोट पड़े. वहीं इस दौरान इमरान खान और उनकी पार्टी पीटीआई के सांसद मौजूद नहीं थे. पीटीआई ने पूरी प्रक्रिया का बहिष्कार किया.

    शरीफ परिवार के सऊदी के शाही परिवार से नजदीकी रिश्ते रहे हैं. 1999 में तख्तापलट के बाद नवाज शरीफ को देश से सुरक्षित निकालने में भी सऊदी अरब की अहम भूमिका थी.

    सऊदी अरब ने पाकिस्तान को कई बार आर्थिक मदद दी है.

  16. जेएनयू में रामनवमी पर हुई हिंसा और 'टुकड़े-टुकड़े' धारणा पर क्या बोलीं वीसी शांतिश्री धूलिपुड़ी

    दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की कुलपति शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित ने कहा है कि रामनवमी पर हुई हिंसा की जाँच की जा रही है और उन्हें रिपोर्ट का इंतज़ार है. उन्होंने कहा कि जाँच निष्पक्ष होगी. जेएनयू की वीसी ने कहा- मैं जनता की इस धारणा को ठीक करना चाहती हूँ कि हम टुकड़े-टुकड़े हैं. मेरे पद संभालने के बाद मैं किसी को इस तरह बात करते नहीं देखा है. हम भी उतने ही राष्ट्रवादी हैं, जितना कोई और.

    शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित ने कहा कि मामला रामनवमी हवन होना चाहिए या नहीं और खाने के मेन्यू को लेकर शुरू हुआ. उन्होंने बताया कि इस मामले में दो अलग-अलग गुटों का अलग-अलग बयान है. उन्होंने कहा- जेएनयू एक स्वतंत्र यूनिवर्सिटी है. हम हर व्यक्ति की पसंद का सम्मान करते हैं. युवाओं की अपनी राय होती है. हम विविधता और असहमति का सम्मान करते हैं, लेकिन इसका अंत हिंसा में नहीं होना चाहिए. रामनवमी के दिन जेएनयू के कावेरी हॉस्टल में क़रीब एक घंटे तक एबीवीपी और लेफ्ट छात्र संगठनों के बीच झड़प चलती रही. इस हमले में लेफ्ट और एबीवीपी के कुछ छात्र-छात्राओं को चोटें आईं.

  17. प्रवर्तन निदेशालय ने नवाब मलिक की संपत्ति ज़ब्त की, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई कार्रवाई

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक और उनके परिजनों से जुड़ी आठ संपत्तियाँ ज़ब्त कर ली हैं. ईडी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. ईडी का कहना है कि उनकी संपत्तियाँ अस्थायी रूप से ज़ब्त की गई हैं.

    ईडी ने ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक इस समय न्यायिक हिरासत में हैं. फरवरी में उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ़्तार किया गया था. इस बीच नवाब मलिक ने अपनी गिरफ़्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है. नवाब मलिक के वकील कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में तुरंत सुनवाई की अपील की है.

  18. पश्चिम बंगाल: सीबीआई ने शुरू की हांसखाली रेप और मौत की जांच

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के नदिया ज़िले में एक नाबालिग के साथ कथित बलात्कार और उस वजह से उसकी मौत के बाद की घटना पर विवाद लगातार तेज़ होता जा रहा है.

    इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के पुत्र के शामिल होने के आरोप के बाद इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ पार्टी और भाजपा आमने-सामने हैं. पुलिस ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त तृणमूल नेता के पुत्र समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

    आरोप है कि बीते चार अप्रैल को एक जन्मदिन पार्टी में पीड़िता के साथ कथित तौर पर बलात्कार हुआ था. उसके बाद तबीयत बिगड़ने के कारण उसकी मौत हो गई थी.

    पीड़िता के परिजनों ने शव के अंतिम संस्कार के बाद नौ अप्रैल को इस मामले की पुलिस में शिकायत की थी.

    बीजेपी भेजेगी पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी

    कलकत्ता हाईकोर्ट ने मंगलवार को इस मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया तो बुधवार को भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने वारदात स्थल का दौरा करने के लिए एक पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन कर दिया. इससे पहले बीते महीने रामपुरहाट की हिंसा के बाद भी पार्टी की एक टीम ने मौके का दौरा किया था.

    भाजपा और कांग्रेस के कई नेता घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं. तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने भी दौरा कर पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की थी. बीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को दौरा किया था.

    विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना की तुलना दिल्ली के निर्भया कांड से की है. उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी के लिए भी उनकी आलोचना की और माफी मांगने को कहा.

    गौरतलब है कि ममता ने इस मुद्दे पर कहा था कि 'मैंने सुना है कि उस लड़की का अफेयर चल रहा था. मैं किसी को प्रेम करने से कैसे रोक सकती हूं.' उनका सवाल था कि घरवालों ने इस घटना की शिकायत पांच दिन बाद क्यों की?

    रूपा गांगुली ने घटना की तुलना द्रौपदी चीरहरण से की

    बीजेपी सांसद और छोटे परदे के धारावाहिक महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाने वाली रूपा गांगुली ने इस घटना की तुलना महाभारत के द्रौपदी चीरहरण से की है. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर रोना आता है.

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने भी ममता की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा है कि वे इस मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ही ऐसा कह रही हैं.

    राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी ममता की आलोचना करते हुए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से इस घटना पर रिपोर्ट मांगी है. इस बीच, पीड़िता के माता-पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद उनको अस्पताल में दाखिल कराया गया है.

  19. राजस्थान की पुलिस ने बीजेपी नेताओं को करौली जाने से रोका

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के करौली ज़िले में 2 अप्रैल को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद शहर में कर्फ़्यू और धारा 144 लागू है.

    13 अप्रैल (बुधवार) को भाजपा नेताओं ने करौली चलो का आह्वान किया था जिसके मद्देनज़र करौली ज़िले की सभी सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. शहर में भी एहतियातन अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई है.

    हिंडौन रोड पर करौली सीमा में प्रवेश के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा समेत भाजपा नेताओं को पुलिस ने रोक लिया है.

    यहां बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा समर्थक नारेबाज़ी कर रहे हैं. इस दौरान तेजस्वी सूर्य ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हम करौली हिंसा के पीड़ितों से मिलने जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने हमें रोक लिया है."

    करौली सीमा पर पुलिस के रोकने के बाद भाजपा नेता वहीं धरने पर बैठ गए हैं. वहां करौली-धौलपुर सांसद मनोज राजौरिया और भरतपुर सांसद रंजीता कोली भी मौजूद हैं.

    जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती करौली हिंसा पीड़ित से भी सतीश पूनिया और तेजस्वी सूर्या मिलने पहुंचे थे. जबकि, मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी करौली पहुंची थीं और हिंसा पीड़ितों से मुलाक़ात कर कलेक्टर और एसपी से घटना पर कार्रवाई की जानकारी ली.

    इस मामले में पुलिस ने अभी तक तीस से ज़्यादा अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है.

    घटना के अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है. शहर में फिलहाल शांति है और लोगों को राहत देते हुए कर्फ़्यू में भी तय समय के लिए ढील दी गई है.

  20. मस्जिदों को लेकर राज ठाकरे की चेतावनी को गंभीरता से ले महाराष्ट्र सरकार: शरद पवार

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि महाराष्ट्र सरकार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे की चेतावनी को गंभीरता से लेना चाहिए. मंगलवार को राज ठाकरे ने राज्य सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि तीन मई तक मस्जिदों में लाउडस्पीकर को बंद कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि ये समय महंगाई और बेरोज़गारी पर बोलने का है, लेकिन कोई इस पर बोलना नहीं चाहता

    हालाँकि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा था कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे को बहुत अहमियत देने की आवश्यकता नहीं है. प्रदेश में मस्जिदों में लाउडस्पीकर को लेकर राज ठाकरे के अल्टीमेटम पर उन्होंने कहा कि जब सही समय आएगा, वो इस मामले पर अवश्य जवाब देंगे. अजित पवार ने कहा कि उनके पास हर सवालों के जवाब हैं. राज ठाकरे ने रामनवमी के समय भी ये कहा था कि अगर मस्जिदों में लाउडस्पीकर बंद नहीं किए गए, तो एमएनएस के कार्यकर्ता मस्जिदों के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे.

    मंगलवार को राज ठाकरे ने एक बार फिर अपनी मांग दोहराते हुए कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो तीन मई से उनके कार्यकर्ता मस्जिदों के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे. महाराष्ट्र में इस समय शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी की गठबंधन सरकार है, जिसकी अगुआई उद्धव ठाकरे कर रहे हैं. मंगलवार को राज ठाकरे ने समान नागरिक संहिता की भी मांग की और कहा कि इससे आबादी पर नियंत्रण करने में मदद मिलेगी. इस बीच शिवसेना सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा- हिंदुत्व के बारे में हमें कुछ सिखाने की ज़रूरत नहीं है. हिंदुत्व शिवसेना के ख़ून में है, यह शिवसेना के रगों में बहता है. जब-जब हिंदुत्व पर हमला हुआ है तो उस वक्त बीजेपी सामने नहीं थी. हम थे, बालासाहेब ठाकरे थे, उद्धव ठाकरे थे.