You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

झारखंड: देवघर रोप-वे ट्रॉली दुर्घटना में 2 की मौत, अब भी 15 लोगों के फंसे होने की आशंका

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभय कुमार सिंह

  1. पश्चिम बंगाल: रामनवमी को हुई हिंसा के बाद तृणूमल कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में रविवार को कोलकाता से सटे हावड़ा और झारखंड की सीमा से लगे बांकुड़ा में रामनवमी के जुलूस पर हमले में कई लोग घायल हो गए.

    बांकुड़ा में तो भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार की कार पर हमले का भी आरोप है. इसी तरह हावड़ा में भी जुलूस पर पथराव का आरोप है.

    भाजपा ने इन हमलों के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है. लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को निराधार बताया है.

    पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में रविवार को रामनवमी के दौरान निकले एक जुलूस के दौरान हिंसा और पथराव के बाद पुलिस ने इस मामले में भाजपा के 17 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है. जुलूस के दौरान पुलिसवालों पर भी पथराव के आरोप लगे हैं.

    दूसरी ओर, इस साइकिल जुलूस का नेतृत्व कर रहे भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री ने अपनी कार पर भी पथराव का आरोप लगाते हुए इसे तृणमूल कांग्रेस का सुनियोजित हमला करार दिया है.

    पुलिस का कहना है कि जुलूस के बांकुड़ा के मुख्य केंद्र मचानतला पहुंचने पर उसमें शामिल लोगों से रास्ता बदलने का अनुरोध किया गया.

    एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "उसी इलाके में मस्जिद होने की वजह से तनाव का माहौल पैदा हो सकता था. इसलिए जुलूस का रास्ता दूसरी तरफ मोड़ दिया गया था. लेकिन जुलूस में शामिल लोगों ने बदले रास्ते से जाने से मना कर दिया."

    जुलूस में शामिल लोग पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे.

    आरोप है कि पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो भीड़ में से कुछ लोगो ने पथराव शुरू कर दिया. इसमें तीन पुलिस वाले घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. इस मामले में अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

    भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार ने आरोप लगाया कि यह सुनियोजित हंगामा था. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस समर्थित असामाजिक तत्वों ने उनकी कार पर पथराव किया और जुलूस के दौरान हंगामा किया.

    दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इस हंगामे के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि जुलूस में शामिल लोगों ने आम लोगों के अलावा पुलिस वालों पर भी पथराव किया.

    उधर, कोलकाता से सटे हावड़ा ज़िले में रामनवमी के जुलूस पर कुछ लोगों के कथित हमले की वजह से जुलूस रद्द हो गया. इस दौरान पथराव के कारण कई लोग घायल हो गए. इस जुलूस पर हमले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. उनमें कुछ लोगों को पथराव करते देखा जा सकता है.

    शिवपुर से शुरू हुए इस जुलूस पर जीटी रोड पर हमला हुआ. भारतीय जनता युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रियंका शर्मा ने आरोप लगाया कि जुलूस पर बिना किसी उकसावे के पथराव किया गया. बहार में पुलिस ने भी जुलूस में शामिल लोगों पर लाठी चार्ज किया. लेकिन हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया.

    इस मामले पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने अपने ट्वीट में लिखा है, "हावड़ा के शिवपुर में, श्रीरामनवमी के अवसर पर जब राम भक्तों ने शोभा यात्रा निकाली तो, हावड़ा पुलिस के कॉन्स्टेबल और अफसर ने उन पर लाठियां भांजी. इससे कुछ लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए. क्या सनातन धर्म का पालन करना इस राज्य में निषिद्ध है?''

    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी इन घटनाओं की निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि हावड़ा से लेकर बांकुड़ा तक रामनवमी के जुलूस टीएमसी गुंडों ने हमला किया है.

  2. इमरान ख़ान की सरकार गिरने के बाद पाकिस्तानी शेयर बाज़ार में तेज़ी का रुख, तनवीर मलिक, पत्रकार

    पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव की सफलता के बाद पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज में कारोबार के पहले दिन तेज़ी का रुख देखने को मिल रहा है.

    केएसई (कराची स्टॉक एक्सचेंज) 100 इंडेक्स में अब तक 1400 अंक से अधिक की वृद्धि देखी गई है और इसमें निवेशकों द्वारा खरीदारी का रुझान देखा गया है.

    शेयर बाजार के दलालों के अनुसार, देश में राजनीतिक स्थिति में ताज़ा घटनाक्रम ने शेयर बाजार में सकारात्मक मोड़ लिया है.

    वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत हो रहा है और कारोबार की शुरुआत में डॉलर में 1.83 रुपये की गिरावट आई है.

  3. ज्योतिराव फुले की जंयती के मौके पर क्या बोले पीएम मोदी

    जानेमाने समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की जंयती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि वो एक बहुआयामी व्यक्तित्व के शख़्स थे जिन्होंने सामाजिक बराबरी, महिला सशक्तीकरण और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अथक मेहनत की थी.

    पीएम मोदी ने कहा कि ज्योतिराव फुले का सम्मान बड़े समाज सुधारक की तरह किया जाता है. वे अनगिनत लोगों के लिए उम्मीद की किरण थे.

    उन्होंने कहा, "आज महात्मा फुले की जंयती और कुछ दिनों में, 14 अप्रैल को हम आंबेडकर जयंती मनाते हैं. पिछले महीने के मन की बात कार्यक्रम के दौरान हमने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी. भारत महात्मा फुले और डॉक्टर बाबा साहेब आंबेडर के महान योगदान के लिए उनका ऋणी रहेगा."

    सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी देश भर में ज्योतिराव फुले की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है. साथ ही गुरुवार को आंबेडर जयंती के मौके पर भी बड़े पैमाने पर कई कार्यक्रमों की योजना है.

    साल 1827 में महाराष्ट्र में जन्मे ज्योतिराव फुले ने सामाजिक भेदभाव के ख़िलाफ़ और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए आंदोलन किया था. ज्योतिराव फुले की पत्नी सावित्री बाई फुले ने भी समाज के वंचित तबकों के लिए उनके साथ मिल कर काम किया था.

  4. मध्य प्रदेश के खरगोन में रामनवमी पर हिंसा के बाद कर्फ़्यू

    रामनवमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के खरगोन में हुई हिंसा के बाद कर्फ़्यू लगा दिया गया है. पुलिस के मुताबिक़, रामनवनमी के मौके पर निकाली जा रही शोभा यात्रा पर पत्थर फेंके गए जिससे हिंसा भड़की और आसपास के कुछ घरों और वाहनों को जला दिया गया.

    इलाके में तनाव की वजह से रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात कर्फ़्यू लगा दिया गया. खरगोन के कलेक्टर अनुग्रह पी ने कहा कि लोग सिर्फ़ स्वास्थ्य संबंधी ज़रूरत के लिए ही घर से बाहर निकल सकते हैं. उन्होंने कहा कि स्थिति अब काबू में है.

    कलेक्टर ने ये भी कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर खरगोन हिंसा से जुड़े आपत्तिजनक संदेश और वीडियो शेयर कर रहे हैं, उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, खरगोन एसपी सिद्धार्थ चौधरी और दो अन्य पुलिसकर्मी पत्थरबाज़ी में घायल हुए थे.

    दूसरी ओर, बंगाल में बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी ट्वीट कर के ये दावा किया कि हावड़ा के शिवपुर में, राम नवनी के मौके पर शोभा यात्रा के दौरान हावड़ा पुलिस कॉन्स्टेबल और अफ़सर ने लाठियां बरसाई.

  5. ट्विटर बोर्ड में शामिल नहीं होंगे एलन मस्क, सीईओ पराग अग्रवाल ने दी जानकारी

    एलन मस्क ट्विटर बोर्ड में शामिल नहीं होंगे. कंपनी के चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव पराग अग्रवाल ने इसकी जानकारी दी.

    एलन मस्क को शनिवार से ट्विटर के बोर्ड में शामिल होना था. उन्होंने बीते सप्ताह ही ये बताया था कि ट्विटर में उन्होंने 9.2 फ़ीसदी की हिस्सेदारी ख़रीदी है.

    पराग अग्रवाल ने ट्वीट किया, "एलन ने सुबह ही इस बात की जानकारी दी कि वो बोर्ड में शामिल नहीं होंगे."

    अग्रवाल ने ये भी कहा कि टेस्ला चीफ़ एलन मस्क ट्विटर कंपनी में सबसे बड़े हिस्सेदार बने रहेंगे और उनकी राय का कंपनी में हमेशा स्वागत है.

    पराग अग्रवाल ने कहा कि ट्विटर ने एलन मस्क को कंपनी के बोर्ड का सदस्य बनने का प्रस्ताव दिया था. उन्होंने कहा, "हम हमेशा अपने हिस्सेदारों की राय का सम्मान करते हैं, चाहे वो बोर्ड सदस्य हों या न हों. एलन हमारे सबसे बड़े शेयरधारक हैं और हम हमेशा उनकी राय का स्वागत करेंगे."

    हिस्सेदारी ख़रीदने के बाद मस्क ने अपने 8.1 करोड़ फ़ॉलोअर्स से ये पूछा था कि क्या ट्विटर 'ख़त्म' होता जा रहा है और क्या उसके मुख्यालय को बेघरों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना देना चाहिए.

    एलन मस्क के पास ट्विटर फाउंडर जैक डोर्सी की हिस्सेदारी (2.25 फ़ीसदी) से चार गुना से भी ज़्यादा शेयर हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, गुजरात के भरूच की केमिकल फ़ैक्ट्री में धमाके से 6 मज़दूरों की मौत

    गुजरात के भरूच ज़िले में एक केमिकल फ़ैक्ट्री में धमाके से 6 मज़दूरों की मौत होने की ख़बर है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से हादसे की जानकारी दी है.

  7. गुजरात: रामनवमी के मौके पर दो ज़िलों में हिंसा से कई घायल

    गुजरात में साबरकांठा के हिम्मतनगर और आणंद के खंभात में रामनवमी के मौके पर एक रैली में दो गुटों के बीच पथराव की घटना में कई लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    राज्य के गृह मंत्री ने रात साढ़े 11 बजे इस मामले पर बैठक बुलाई. स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले तक छोड़े.

    दो गुटों के बीच पथराव, टायर-वाहन जलाने और अन्य हिंसक घटनाएं हुईं. हालांकि, बाद में पुलिस ने स्थिति को काबू में किया लेकिन तब तक घटना में कई लोग घायल हो चुके थे.

    इस संबंध में गुजरात के गृह मंत्री द्वारा रात 11.30 बजे एक बैठक बुलाई गई, जिसमें राज्य के डीजीपी, रेंज आईजी, गांधीनगर रेंज के आईजी, अहमदाबाद ग्रामीण अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी और एसआरपी रैपिड एक्शन फोर्स के अधिकारी भी मौजूद रहे.

    साबरकांठा के एसपी विशाल वाघेला ने पूरे घटनाक्रम के बारे में बीबीसी के गुजराती संवाददाता भार्गव पारिख को बताया, ''रामनवमी के मौके पर रामजी मंदिर से रैली की गई थी. घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए लेकिन स्थिति नियंत्रण में है."

    वहीं आणंद ज़िले के खंभात में भी रामनवमी के जुलूस में दो गुटों में झड़प के बाद हिंसा, आगजनी और पथराव हुआ.

    पुलिस ने बीबीसी से कहा कि जवान फिलहाल गश्त पर है और संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है.

  8. पाकिस्तान: इमरान ख़ान के समर्थन में देर रात सड़कों पर उतरे पीटीआई के कार्यकर्ता

    इमरान ख़ान को प्रधानमंत्री पद से हटाने के बाद उनके समर्थक पूरे पाकिस्तान में रैलियां कर रहे हैं.

    कराची और लाहौर में हज़ारों की संख्या में जुटी समर्थकों की भीड़ ने रात के अंधेरे में झंडा और मशालें दिखाते हुए इमरान ख़ान के समर्थन में नारेबाज़ी की.

    इससे पहले रविवार को इमरान ख़ान की पार्टी के प्रवक्ता फ़वाद चौधरी ने जनता से अपील की थी कि शाम की नमाज़ के बाद प्रदर्शन करें.

    इमरान ख़ान के प्रतिद्वंद्वी शाहबाज़ शरीफ़ का सोमवार को पाकिस्तान का अगला प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है. शनिवार देर रात हुए अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग में इमरान ख़ान हार गए थे, जिसके बाद उनकी सरकार गिर गई.

    विपक्षी गठबंधन इमरान ख़ान को देश की अर्थव्यवस्था गिरने का ज़िम्मेदार बताता आया है लेकिन ख़ान का कहना है कि वो उन्हें अपदस्थ करने के लिए अमेरिका की साजिश के शिकार हैं.

  9. रूस अपनी 'कायरों वाली ग़लती' को मानने से डर रहा है: वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने देर रात फ़ेसबुक के ज़रिए देश की जनता से कहा कि वो पूर्वी हिस्से में रूस के बड़े अभियान के लिए तैयार रहें. उन्होंने इस दौरान रूसी बलों पर यातना देने और कायरता का आरोप भी लगाया.

    उन्होंने कहा, "वो हमारे ख़िलाफ़ पहले से ज़्यादा मिसाइलें दाग सकते हैं और हवाई हमले कर सकते हैं. लेकिन हम इसके लिए तैयारी कर रहे हैं."

    यूक्रेन में हो रही आम लोगों की मौत के लिए रूस द्वारा कीएव को ज़िम्मेदार ठहराए जाने पर ज़ेलेंस्की ने कहा कि ये मॉस्को की कमज़ोरी दिखाता है.

    उन्होंने कहा, "वो बूचा में हत्याओं के बारे में कह रहे हैं कि उन्होंने नहीं बल्कि हमने ये किया. आप जानते हैं ऐसा क्यो? क्योंकि ये कायरता है."

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "वे स्वीकार करने से डरते हैं कि रूस की यूक्रेन को लेकर नीति दशकों से ग़लत रही है. अपनी ग़लती को स्वीकार न करने के लिए, रूस नई ग़लतियां कर रहा है. अपनी अवास्तविक महत्वकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने युद्ध शुरू कर दिया."

    उन्होंने कहा, "ये सब कायरता से ही होता है. जब कायरता बढ़ती है तो वो तबाही में बदल जाती है. जब लोगों में अपनी गलतियों को स्वीकार करने, माफी मांगने, वास्तविकता के अनुकूल होने, सीखने की हिम्मत नहीं होती, तो वे राक्षस बन जाते हैं,और जब दुनिया इसे नज़रअंदाज करती है, तो राक्षस दुनिया को अपने अनुकूल बनाने लगते हैं."

    "यूक्रेन ये सब रोकेगा."

  10. विश्व बैंक का अनुमान- युद्ध की वजह से यूक्रेन की अर्थव्यवस्था रह जाएगी आधी

    विश्व बैंक ने अनुमान जताया है कि युद्ध के परिणामस्वरूप यूक्रेन की अर्थव्यवस्था इस साल 45 फ़ीसदी तक घट जाएगी.

    विश्व बैंक ने ये भी कहा है कि यूक्रेन की अर्थव्यवस्था पर इस युद्ध का नकारात्मक असर कोरोना महामारी के दौर में पूर्वी यूरोप और मध्य एशिया पर दिखे प्रभाव से भी ज़्यादा होगा.

    विश्व बैंक के अनुसार एक के बाद एक कई प्रतिबंधों से रूस की अर्थव्यवस्था में भी मंदी आएगी.

    युद्ध की वजह से यूक्रेन की अधिकांश जनता देश छोड़कर जाने या फिर लड़ने को मजबूर है.

    कारोबार बंद हो गए हैं और सड़कें, फै़क्टरी और अन्य मुख्य इमारतें हमलों की वजह से बर्बाद हो चुकी हैं. विश्व बैंक ने कहा है कि युद्ध की वजह से यूक्रेन कई साल पीछे चला गया है.

    यूक्रेन सूरजमुखी और गेहूं का बड़ा उत्पादक देश रहा है लेकिन निर्यात रुकने के कारण दुनियाभर में इनकी कीमतें बढ़ी हैं और यूक्रेन की कमाई का अहम ज़रिया भी बंद हो गया है.

    विश्व बैंक ने कहा है कि रूस के ख़िलाफ़ प्रतिबंध का अर्थ है कि उसकी अर्थव्यवस्था इस साल 11 फ़ीसदी तक सिकुड़ेगी.

  11. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 10 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.