You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इमरान ख़ान ने की भारत की तारीफ़, कहा- भारत एक खुद्दार देश, किसी की हिम्मत नहीं भारत को कुछ बोल सके

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के संसद को बहाल करने के फ़ैसले के बाद इमरान ख़ान ने पहली बार देश को किया संबोधित. पढ़ें इमरान ख़ान ने और क्या क्या कहा?

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभय कुमार सिंह

  1. राहुल गांधी बोले- जैसा रूस ने यूक्रेन में किया, भारत में चीन दोहरा सकता है

    कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को शरद यादव से मुलाक़ात की. इस मुलाक़ात के बाद वो कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते भी दिखे.

    राहुल गांधी ने यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधा. उनका कहना है कि जिस तरह से रूस ने दोनेत्स्क और लुहांस्क क्षेत्रों को यूक्रेन का मानने से इनकार कर दिया है वैसे ही चीन, अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख के लिए कह रहा है.

    न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, राहुल गांधी ने कहा, ''चीन भारत को कह रहा है कि लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश आपका नहीं है.इसलिए उन्होंने अपने फौज वहां बैठा रखी है. जो मॉडल वहां लागू हुआ है, वह यहां भी किया जा सकता है.''

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सच्चाई को मान नहीं रही है और सरकार तैयारियां नहीं कर रही है.

    उन्होंने कहा, ''सरकार सच्चाई को स्वीकार नहीं कर रही है. अगर सरकार ने सच्चाई को स्वीकार नहीं किया और तैयारियां नहीं की, तो जब मामला ख़राब होगा, तो आप जवाब नहीं दे पाओगे.''

    इस दौरान राहुल गांधी ने आर्थिक हालात को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा.

  2. उत्तर प्रदेश में महंत बजरंग मुनि पर मुस्लिम लड़कियों को रेप की धमकी देने का आरोप, मुक़दमा दर्ज

    सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के सीतापुर के बजरंग मुनि दास को गिरफ़्तार करने की मांग उठ रही है.

    जिले के खैराबाद कस्बे के बजरंग मुनि दास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे मुस्लिम लड़कियों को रेप की धमकी देते दिख रहे हैं.

    बजरंग मुनि दास का कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है.

    उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है. महिला आयोग ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है और एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है.

    बजरंग मुनि का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर #ArrestBajrangMuni ट्रेंड होने लगा.

    मुक़दमा दर्ज़

    सीतापुर पुलिस का कहना है कि बजरंग मुनि के ख़िलाफ़ समुचित धाराओं में केस दर्ज़ किया जा चुका है और अब कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बजरंग मुनि का ये वीडियो दो अप्रैल को रिकॉर्ड किया गया था, जब बजरंग मुनि दास ने नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के मौके पर एक जुलूस निकाला था.

    आरोप है कि मस्जिद के पास पहुंचते ही बजरंग मुनि ने लाउडस्पीकर पर नफ़रत भरा भाषण देना शुरू कर दिया था. वीडियो के सोशल मीडिया में आने के बाद से ही लोग लगातार अभियुक्त के गिरफ़्तारी की मांग कर रहे हैं.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में 10 अप्रैल से इस आयु वर्ग को मिलेगी बूस्टर डोज़, लेकिन शर्त भी है

    कोरोना के ख़िलाफ़ जंग में एक और क़दम उठाते हुए भारत सरकार ने 18 साल से अधिक उम्र वाले लोगों को बूस्टर डोज़ लगाने की अनुमति दे दी है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ इस आयु वर्ग के लोग 10 अप्रैल से किसी भी प्राइवेट टीकाकरण केंद्र पर बूस्टर डोज़ लगवा सकते हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ 18 साल या इससे अधिक उम्र के उन्हीं लोगों को बूस्टर डोज़ लगेगी, जिन्हें दूसरी डोज़ लिए नौ महीने पूरे हो गए हैं. सरकार ने ये भी स्पष्ट किया है कि सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर्स पर पहली और दूसरी डोज़ लोगों को मिलती रहेगी. साथ ही 60 या उससे अधिक उम्र वाले लोगों, हेल्थवर्कर्स, फ़्रंटलाइव वर्कर्स को सरकारी सेंटर्स पर टीका मिलता रहेगा.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन में रेलवे स्टेशन पर रूस का रॉकेट हमला, 30 की मौत, 100 से अधिक घायल

    यूक्रेन में एक रेलवे स्टेशन पर रूस के रॉकेट हमले में 30 से ज़्यादा लोगों की मौत गहो गई है और 100 से अधिक घायल हैं. सरकारी रेल कंपनी ने ये जानकारी दी है. रूस ने ये हमला क्रामाटोर्स्क स्टेशन पर किया है. रूस के हमलों के बीच क्रामाटोर्स्क ऐसे रेलवे स्टेशनों में से एक था, जो काम कर रहा था.

    यूक्रेन में रेल के प्रमुख ने कहा है कि स्टेशन पर दो रॉकेटों से हमला हुआ. क्रामाटोर्स्क ऐसा स्टेशन था, जो पूर्वी यूक्रेन से बाहर निकलने का बड़ा माध्यम था. दोनेत्स्क के क्षेत्रीय गवर्नर ने कहा है कि पुलिस और बचावकर्मियों को बड़ी संख्या में लोगों की लाशें मिली हैं और कई घायल भी मिले हैं. उन्होंने दावा किया कि जिस पर इस स्टेशन पर हमला हुआ, उस समय यहाँ हज़ारों की संख्या में लोग मौजूद थे.

  5. कर्नाटक में बेंगलुरू और आसपास के छह स्कूलों में 'शक्तिशाली बम' लगाने की धमकी

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू और उसके आसपास के कम से कम छह स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं.

    इस ईमेल में लिखा गया है कि इन स्कूलों के परिसर में ''शक्तिशाली बम'' लगाए गए हैं, साथ ही ये भी लिखा गया है कि पुलिस को इस बार में तुरंत जानकारी दी जानी चाहिए.

    इन सभी स्कूलों में भेजे गए ईमेल एक जैसे हैं, जिसमें लिखा गया है, ''आपके स्कूल में एक बेहद शक्तिशाली बम लगाया गया है. सावधान, ये मज़ाक नहीं है, ये एक मज़ाक नहीं है. एक बेहद शक्तिशाली बम आपके स्कूल में लगाया गया है, तुरंत पुलिस को बुलाइए, सैकड़ों जान को ख़तरा हो सकता है, आपकी भी जान को ख़तरा है. देर मत कीजिए, अब सब कुछ आपके हाथ में है!''

    बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर कमल पंत ने बताया है कि स्कूलों में बम स्क्वाड और पुलिसकर्मियों को भेज दिया गया है.

    एक स्कूल की प्रबंधन समिति की एक सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी हिन्दी को बताया, "कुछ स्कूलों में परीक्षाएँ आयोजित की जा रही थीं, जबकि कुछ स्कूल में ग्रीष्मकालीन शिविर आयोजित किया जा रहा था."

    दिल्ली पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मंसूर खान ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और चाहे ये फर्जी कॉल ही क्यों न हो पुलिस को ये सुनिश्चित करना चाहिए कि पूरी तरह से जांच हो."

    इसके अलावा जिन स्कूलों को धमकी मिली है वो हैं- गोपालन इंटरनेशनल स्कूल, महादेवपुरा, न्यू एकेडमी स्कूल, माराथल्ली, इंडियन पब्लिक स्कूल, गोविंदपुरा और सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल, हेन्नूर.

    एबेनेज़र इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल जो कि बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस के तहत आता है, वो भी इस लिस्ट में है.

  6. मुंबई को केंद्र शासित क्षेत्र बनाने की साज़िश रच रही है बीजेपी: संजय राउत

    शिवसेना नेता संजय राउत ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वो मुंबई को केंद्र शासित क्षेत्र बनाने की साज़िश कर रही है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार संजय राउत ने कहा कि इस संबंध में गृह मंत्रालय को एक प्रज़ेंटेशन भी दी गई है.

    उन्होंने कहा, "इस ग्रुप ने मुंबई को केंद्र प्रशासित क्षेत्र बनाने को लेकर एक प्रज़ेंटेशन गृह मंत्रालय को दिखाया है. इसके लिए बैठकें हो रही हैं और फ़ंड भी इकट्ठा किया जा रहा है. ये सब पिछले दो महीने से चल रहा है और मैं पूरी ज़िम्मेदारी के साथ ये कह रहा हूँ. मेरे पास अपने कहे को साबित करने के लिए ठोस सबूत हैं. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भी इस बारे में पता है."

    उन्होंने कहा, "आने वाले कुछ महीनों में किरीट सोमैया की अगुवाई में ये समूह कोर्ट में ये कहेगा कि मुंबई में मराठी लोगों की आबादी तेज़ी से कम हुई है और इसलिए इसे केंद्र प्रशासित क्षेत्र बना देना चाहिए."

  7. शरद यादव ने कहा- राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बना देना चाहिए

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज हाल ही में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में शामिल हुए शरद यादव से मुलाक़ात हुई. मुलाक़ात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि वे शरद यादव से सहमत हैं कि इस समय देश बहुत बुरी स्थिति में है. राहुल गांधी ने कहा- इस समय देश में नफ़रत फैलाई जा रही है और देश को बाँटा जा रहा है. हमें देश को एक साथ लाना है.

    दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल नेता शरद यादव ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की वकालत की. उन्होंने कहा- अगर कोई चौबीसो घंटे कांग्रेस चला रहा है, तो वो हैं राहुल गांधी. मुझे लगता है कि उन्हें पार्टी अध्यक्ष बना देना चाहिए. सिर्फ़ तभी कुछ भी बड़ा किया जा सकता है.

  8. व्यापम मामले में ह्विसलब्लोअर आनंद राय गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट पहुँचे

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    मध्य प्रदेश के चर्चित व्यापम घोटाले के ह्विसल ब्लोअर डॉक्टर आनंद राय ने अपनी गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. आनंद राय को गुरुवार रात दिल्ली से एमपी पुलिस ने गिरफ़्तार किया था.

    इससे पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने पेपर लीक से जुड़े एक केस में मिली गिरफ़्तारी से छूट को वापस ले लिया था, जिसके बाद एमपी पुलिस ने आनंद राय को अरेस्ट किया है.

    प्रधान न्यायाधीश की अगुवाई वाली सुप्रीम कोर्ट की बेंच सोमवार को राय की याचिका पर सुनवाई करने के लिए राज़ी हो गई है.

    याचिका में राय ने दावा किया है कि वो व्यापम घोटाले और एम्स घोटाले जैसे मामलों के ह्विसल ब्लोअर हैं. मध्य प्रदेश पुलिस ने उनके ख़िलाफ़ नोटिस जारी कर आज से शुरू हो रही जाँच में उन्हें शामिल होने के लिए कहा लेकिन इससे पहले ही गुरुवार रात उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया. राय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में कथित पेपर लीक की सीबीआई जाँच कराने संबंधी याचिका दायर करने के कुछ दिन बाद ही उन्हें गिरफ़्तार किया गया है.

    राय की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दलील दे रहे वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा ने कहा, "ह्विसल ब्लोअर को गिरफ़्तार कर लिया गया है जबकि मामले का मुख्य अभियुक्त बेल पर बाहर है."

  9. पेट्रोल-डीज़ल के बाद अब नींबू की क़ीमत निचोड़ रही है आम आदमी को

    पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें बढ़ने के बाद देश में अब नींबू के दाम हर ओर चर्चा में है. एक किलो नींबू की कीमत 200 से 250 रुपये तक पहुँच गई है.

    दिल्ली के गाज़ीपुर मंडी के एक विक्रेता ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "100 रुपए किलो तक ठीक था लेकिन एक किलो नींबू के लिए 250 रुपए बहुत ज़्यादा हैं. लोग इतना महंगा नींबू ख़रीदना नहीं चाह रहे. इतनी क़ीमत पर हमारे लिए भी नींबू ख़रीदना मुश्किल है."

    वहीं, महाराष्ट्र के नागपुर में कुछ विक्रेताओं ने एएनआई से कहा कि नींबू की कीमत सप्लाई की कमी के कारण बढ़ी है. उन्होंने कहा, "यहां कर्नाटक से सबसे ज़्यादा नींबू आता है और आंध्र प्रदेश से भी आपूर्ति के साथ ही स्थानीय पैदावार भी कम है. 500 से एक 1000 रुपए में 100 नींबू ख़रीदना बहुत मुश्किल है."

    नागपुर में रेस्तरां चलाने वाली जूही कहती हैं, "नींबू हमारे लिए ज़रूरी है, हर चीज़ में इसकी ज़रूरत पड़ती है. ये इतना महंगा है कि अब ये सोना ख़रीदने के जैसा हो गया है."

  10. इमरान ख़ान की मंत्री ने पाकिस्तान में सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को 'न्यायिक तख़्तापलट' कहा

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान सरकार में मानवाधिकार मामलों की मंत्री रहीं शिरीन मज़ारी ने अविश्वास प्रस्ताव को ख़ारिज किए जाने के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्विटर पर इसे एक न्यायिक तख़्तापलट कहा है. शिरीन मज़ारी ने सुप्रीम कोर्ट के उस फ़ैसले पर भी सवाल उठाए हैं, जिसमें नेशनल असेंबली को बहाल करने और सत्र बुलाने की तारीख़ तय की गई थी. उन्होंने इसे संसदीय प्रभुत्व का अंत कहा है.

    उन्होंने ये भी लिखा है कि डिप्टी स्पीकर ने क्यों अविश्वास प्रस्ताव को ख़ारिज किया था. शिरीन मज़ारी ने इमरान ख़ान की सरकार गिराने की अमेरिकी कोशिश का भी ज़िक्र किया है और लिखा है कि ये अंत नहीं है. शिरीन मज़ारी ने लिखा है- ऐसा लगता है कि अदालत के फ़ैसले के बाद गेम जीत ली गई है, लेकिन सच मानिए तो गेम अभी शुरू हुआ है. लोग ये जानते हैं कि किन लोगों ने पैसो की ख़ातिर अपनी जमीर अमेरिका को बेच दी. आख़िरकार ये मामला जनता की अदालत में जाएगा.

    गुरुवार को पाकिस्तान में सुप्रीम कोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव ख़ारिज किए जाने के डिप्टी स्पीकर के फ़ैसले को ग़लत बताते हुए नेशनल असेंबली को बहाल कर दिया था. अदालत ने नौ अप्रैल को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग कराने का निर्देश दिया है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने आज कैबिनेट और पार्टी की संसदीय दल की बैठक बुलाई है और आज शाम वो राष्ट्र को भी संबोधित करेंगे.

  11. अल क़ायदा के वीडियो में मुस्कान ख़ान की तारीफ़ और लाउडस्पीकर विवाद पर क्या बोले कर्नाटक के गृह मंत्री

    कर्नाटक के गृह मंत्री अरगा ज्ञानेंद्र ने अज़ान के दौरान लाउडस्पीकरों के इस्तेमाल और अल क़ायदा के वीडियो को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकरों को लेकर राज्यभर के धार्मिक संस्थाओं को नोटिस जारी किया गया है.

    अरगा ज्ञानेंद्र ने बताया- सिर्फ़ इतना ही नहीं, उन्हें बुलाकर भरोसे में लिया जा रहा है. अगर इस पर अमल नहीं किया गया, तो कार्रवाई की जाएगी. सभी को कोर्ट का आदेश मानना होगा. हिजाब मामले और अल क़ायदा के वीडियो के बारे में उन्होंने कहा कि अल क़ायदा की भारत में मौजूदगी नहीं है. कर्नाटक के गृह मंत्री ने कहा- अल क़ायदा ने कहीं और से वीडियो जारी किया है. देश में उनके लिंक्स को लेकर हमें देखना होगा कि स्थिति क्या है. आईबी और हमारी टीम इस मामले को देख रही है. सभी एंगल से जाँच की जाएगी. हमने इस बारे में पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिया है.

    पिछले दिनों अल-क़ायदा की ओर जारी एक ताज़ा वीडियो में अल-ज़वाहिरी, कर्नाटक की एक छात्रा की तारीफ़ भी करते दिख रहे थे. ये छात्रा कर्नाटक में हिजाब विवाद के बाद ख़बरों में आई थीं. इस वीडियो में ज़वाहिरी ने भारत की जिस छात्रा का ज़िक्र किया है वो कर्नाटक में हिजाब विवाद के दौरान हिंदू कार्यकर्ताओं के सामने नारा लगाने के बाद चर्चा में आई थीं. अलक़ायदा की ओर से जारी वीडियो में उनके बारे में अंग्रेज़ी में लिखा है 'भारत की नेक महिला.'

  12. संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से निकाले जाने पर रूस ने क्या कहा

    संयुक्त राष्ट्र महासभा ने गुरुवार को रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से निलंबित कर दिया. इसके बाद रूस ने कहा है कि ये निर्णय पश्चिमी देशों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है न कि मानवाधिकारों की स्थिति के आधार पर.

    संयुक्त राष्ट्र में रूस के मिशन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया. इसमें कहा गया, "अमेरिका का ये प्रस्ताव अवैध और राजनीति से प्रेरित है. इसका मक़सद एक ऐसे संप्रभु राष्ट्र पर दबाव बनाना है जिसके पास स्वतंत्र विदेश और घरेलू नीति है."

    रूस ने कहा कि ये प्रस्ताव वैश्विक रिश्तों के लिए ख़तरनाक है और निलंबन से पहले ही 7 अप्रैल, 2022 को रूसी संघ ने मानवाधिकार परिषद से बाहर निकलने का फ़ैसला कर दिया था.

    रूस ने ये भी कहा कि कुछ देशों का एक समूह अपने हित साधने के मक़सद से मानवाधिकार परिषद का इस्तेमाल कर रहा है.

    यूक्रेन के शहर बूचा में मानवाधिकार उल्लंघनों के आरोपों के बाद गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र ने रूस को मानवाधिकार परिषद से बाहर करने का फ़ैसला किया था.

    संयुक्त राष्ट्र में रूस को यूएनएचसीआर से निलंबित करने के प्रस्ताव पर हुए मतदान में 93 देशों ने समर्थन में, 24 ने विरोध में वोट किया. 58 देश अनुपस्थित रहे.

    इस वोटिंग के दौरान भारत अनुपस्थित रहा. संयुक्त राष्ट्र में रूस के ख़िलाफ़ आए प्रस्तावों पर मतदान के दौरान भारत अब तक अनुपस्थित ही रहा है.

  13. आकार पटेल ने सीबीआई के जाँच अधिकारी के ख़िलाफ़ दाख़िल की अवमानना याचिका

    मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल इंडिया के पूर्व प्रमुख आकार पटेल ने दिल्ली की एक अदालत में अवमानना याचिका दाख़िल की है. उन्होंने अपनी याचिका में सीबीआई के जाँच अधिकारी पर सात अप्रैल को दिए कोर्ट के आदेश का पालन न करने का आरोप लगाया है. आकार पटेल का कहना है कि कोर्ट के फ़ैसले के बावजूद उनके ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर वापस नहीं लिया गया और गुरुवार रात उन्हें बेंगलुरू एयरपोर्ट पर रोका गया.

    गुरुवार को दिल्ली की एक अदालत ने सीबीआई को आदेश दिया था कि वो आकार पटेल के ख़िलाफ़ जारी लुक आउट नोटिस को वापस ले. आकार पटेल के ख़िलाफ़ फॉरेन कंट्रीब्यूशन (रेगुलेशन) एक्ट FCRA के तहत लुक आउट नोटिस जारी किया गया था.

    बहस के दौरान सीबीआई ने आकार पटेल की याचिका का ये कहते हुए विरोध किया कि अगर पटेल को देश छोड़ने दिया जाएगा तो संभव है वो सुनवाई से भागने में कामयाब हो जाएँ. लेकिन अदालत ने कहा कि कोर्ट ने कहा कि अगर आकार पटेल भागना चाहते तो वो 2021 से चल रही जाँच के दौरान ही भाग सकते थे.

  14. मध्य प्रदेश की घटना पर राहुल गांधी ने कहा- लॉकअप में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का चीरहरण

    मध्य प्रदेश के सीधी ज़िले में दो पत्रकारों और अन्य लोगों को अर्धनग्न अवस्था में पुलिस थाने में रखने की तस्वीर ख़ूब वायरल हुई थी. आरोप है कि ये लोग एक स्थानीय रंगकर्मी की गिरफ़्तारी का विरोध कर रहे थे जिसके बाद पुलिस ने इन सभी को पकड़ कर उनके कपड़े उतरवाए और थाने में इनकी परेड निकाली. हालांकि, पुलिस ने इस तरह के सभी आरोपों को ख़ारिज किया है.

    अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- लॉकअप में लोकतंत्र के चौथे स्‍तंभ का चीरहरण! या तो सरकार की गोद में बैठकर उनके गुणगान गाओ, या जेल के चक्कर काटो. ‘नए भारत’ की सरकार, सच से डरती है.

    इन लोगों का आरोप है कि स्थानीय बीजेपी विधायक केदारनाथ शुक्ला के ख़िलाफ़ ख़बरें लिखने के कारण उनके इशारे पर पुलिस ने नाट्यकर्मियों के साथ-साथ पत्रकारों को भी हिरासत में लिया और उनके साथ मारपीट की. उन्हें अर्धनग्न अवस्था में जेल में रखे जाने पर एसएचओ मनोज सोनी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि इन लोगों को ऐसे इसलिए रखा गया था ताकि वे अपने कपड़े का इस्तेमाल कर आत्महत्या न कर सकें.

    दूसरी ओर सीधी ज़िले के एसएसपी मुकेश कुमार ने बीबीसी को बताया, "नीरज कुंदेर एक रंगकर्मी हैं, उनकी गिरफ़्तारी के बाद लोग प्रदर्शन करने आए थे, थाने के बाहर आपत्तिजनक नारेबाज़ी कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें समझाया, लेकिन वो नहीं माने. देर रात में प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया था और विधिवत 151 के तहत गिरफ़्तार भी किया गया था." मुकेश कुमार कहते हैं, "इन लोगों के ख़िलाफ़ एक मुक़दमा भी दर्ज किया गया है." पुलिस अधीक्षक ने बताया, "ये तस्वीरें मेरे संज्ञान में हैं और इनकी जाँच की जा रही है कि किन हालात में ये तस्वीरें खींची गई हैं. डीएसपी को इसकी जाँच सौंपी गई है. जाँच रिपोर्ट के बाद दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी."

  15. पंजाब में रेत माफ़िया पर सिद्धू ने भगवंत मान सरकार को घेरा, केजरीवाल को वादे की याद दिलाई

    पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि पंजाब में अब भी अवैध खनन जारी है और सरकार कुछ नहीं कर रही है.

    सिद्धू ने तीन मिनट से लंबा एक वीडियो शेयर किया है और साथ में लिखा है, "कल धरने के दौरान कहा था, जो रेत का ट्रक एक महीने पहले 4000 रुपए का मिलता था वो अब 9000 रुपए का हो गया और आम आदमी की पहुँच से बाहर चला गया है."

    "इससे निर्माण कार्य रुक गए हैं. अवैध खनन बिना किसी रोक-टोक जारी है. सरकार क्या कर रही है. अरविंद केजरीवाल जी रेत से मिलने वाले 20 हज़ार करोड़ रुपए कहाँ हैं?"

    चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी कई बार ये दावा कर चुकी थी कि पंजाब में रेत माफ़िया 20 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार करते हैं.

  16. आरबीआई ने नहीं किया ब्याज दरों में बदलाव

    भारतीय रिज़र्व बैंक ने शुक्रवार को रेपो दर में एक बार फिर से कोई बदलाव नहीं किया. रेपो दर चार प्रतिशत ही बरकरार रहेगी.

    इसका अर्थ है कि कर्ज़ चुकाने वालों की मासिक किस्त में कोई बदलाव नहीं होगा.

    आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने इस दौरान माना की अर्थव्यवस्था के सामने नई और बड़ी चुनौतियां हैं.

    इसके साथ ही आरबीआई ने अनुमानित जीडीपी दर भी घटाकर 7.8 फ़ीसदी से 7.2 फ़ीसदी कर दी है.

    इससे पहले महंगाई भी 4.5 फ़ीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान था लेकिन इसे बढ़ाकर अब वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 5.7 फ़ीसदी कर दिया गया है.

    यह लगातार 11वीं बार है जब आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता वाली मौद्रिक नीति समिति ने रेपो दर में कोई बदलाव नहीं किया है. इसके साथ ही रिवर्स रेपो दर भी 3.35 प्रतिशत रहेगी.

    उन्होंने कहा कि दो साल बाद अब देश महामारी की स्थिति से निकल रहा था, तो 24 फ़रवरी को यूरोप में छिड़े युद्ध और इसकी वजह से लगे प्रतिबंध और ज़मीन को लेकर बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में उथल-पुथल देखने को मिल रही है.

    रेपो रेट वह दर है जिस पर किसी देश का केंद्रीय बैंक (भारत में आरबीआई) वाणिज्यिक बैंकों को पैसा उधार देता है.

  17. आंध्र प्रदेश में रमज़ान के दौरान एक घंटा पहले घर जा सकेंगे मुसलमान सरकारी कर्मचारी

    आंध्र प्रदेश में मुसलमान सरकारी कर्मचारी रमज़ान के महीने में एक घंटे पहले ही दफ़्तर से घर जा सकेंगे. राज्य सरकार ने इस संबंध में गुरुवार को सर्कुलर जारी किया है.

    नए सर्कुलर के अनुसार सभी सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले मज़दूर दफ़्तर/स्कूल से रमज़ान के महीने में एक घंटा पहले घर जा सकते हैं.

    आदेश के मुताबिक़, "इस्लाम मानने वाले राज्य के सभी सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और ठेका कर्मचारी 3 अप्रैल से 2 मई तक रमज़ान के महीने में कार्य दिवस के दौरान एक घंटा पहले कार्यालय/स्कूल से जा सकते हैं."

  18. ऑस्ट्रेलिया ने यूक्रेन से किया 14.2 करोड़ डॉलर की मदद का वादा, भेजे बख़्तरबंद वाहन

      • Author, फ़्रांसिस माओ
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    ऑस्ट्रेलिया ने यूक्रेन को तीन बख्तरबंद मिलिट्री ट्रक भेजे हैं. बीते सप्ताल वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के आग्रह पर ऑस्ट्रेलिया ने यूक्रेन को ऐसे कुल 20 ट्रक देने का वादा किया है.

    ऑस्ट्रेलिया से मिले इन वाहनों का इस्तेमाल सैनिकों और नागरिकों को युद्ध क्षेत्र में एक से दूसरी जगह ले जाने में किया जा सकेगा. हालांकि, इन्हें हमले करने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने बीते सप्ताह ऑस्ट्रेलिया की संसद को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से संबोधित किया था. ऑस्ट्रेलिया 20वां ऐसा देश है जिससे ज़ेलेंस्की ने बात की.

    ऑस्ट्रेलिया ने वादा किया है कि वो यूक्रेन को 14.2 करोड़ डॉलर की सैन्य और मानवीय सहायता देगा. इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने रूस की कई जानी-मानी हस्तियों और तेल आयात पर भी प्रतिबंध लगाए हैं.

    ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिसन ने बीते सप्ताह ज़ेलेंस्की के बयान के बाद कहा था, "राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की, ऑस्ट्रेलिया ज़िंदगी की जंग में यूक्रेन के साथ खड़ा है."

  19. बॉरोड्यंका में बूचा से भी बुरे हालात, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की का दावा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने देश को अपने नए फ़ेसबुक संबोधन में दावा किया कि देश के बॉरोड्यंका शहर का हाल बूचा से भी "भयावह" है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि अब बॉरोड्यंका में खंडहर बन चुकी इमारतों को खंगालने पर पता चला है कि "यहां हालात ज़्यादा डरावने हैं और रूसी सेना के अत्याचारों के पीड़ितों की संख्या भी यहां ज़्यादा है."

    बूचा और बॉरोड्यंका दोनों ही शहर कीएव के बाहरी इलाके में है. रूस के हमले के बाद से ही यहां भीषण संघर्ष जारी है.

    यूक्रेन के प्रॉसीक्यूटर जनरल की अनुसार, बॉरोड्यंका की दो इमारतों के मलबे के नीचे से अभी तक 26 शव बरामद किए जा चुके हैं. इरीना वेनेदिक्तोवा ने रूस पर जानबूझकर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने एक सोशल मीडिया पर लिखा, "यहां कोई सैन्य अड्डा नहीं. रूसी बलों ने रिहायशी इमारतों में शाम के समय हमला किया, जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे."

    उन्होंने दावा किया कि रूसी सेना की ओर से युद्ध अपराध किए जाने के सबूत हर मोड़ पर मिल रहे हैं.

  20. गीतांजलि श्री का उपन्यास 'रेत समाधि' इंटरनेशनल बुकर प्राइज़ के लिए शॉर्टलिस्ट

    लेखिका गीतांजलि श्री का उपन्यास 'रेत समाधि' गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बुकर प्राइज़ की शॉर्टलिस्ट में शामिल हो गया. ये पहली बार है जब बुकर पुरस्कार की दौड़ के लिए अंतिम 6 किताबों में कोई हिंदी उपन्यास शामिल हुआ हो.

    डेज़ी रॉकवेल ने गीतांजलि श्री के उपन्यास का अंग्रेज़ी में अनुवाद किया.

    बुकर पुरस्कार जीतने वाले को 50 हज़ार पाउंड यानी क़रीब 50 लाख़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी, जो लेखक और अनुवादक के बीच बराबर बांटी जाती है.

    उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में जन्मीं गीतांजलि श्री तीन उपन्यास और कई कहानियां लिख चुकी हैं. उनके काम का अंग्रेज़ी, फ्रेंच, जर्मन, सर्बियाई और कोरियाई भाषाओं में अनुवाद किया जा चुका है.

    'रेत समाधि' उत्तर भारत की एक 80 वर्षीय वृद्ध महिला की कहानी है जो अपने पति के देहांत के बाद तनाव में चली जाती हैं और फिर एक नई ज़िंदगी शुरू करने की इच्छा ज़ाहिर करती हैं.

    इसके लिए वो पाकिस्तान जाने की ज़िद करती हैं और इसके साथ ही वो अपनी किशोरावस्था में बंटवारे की वजह से मिले दुख-परेशानियों को भी याद करती हैं.

    अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार हर साल किसी ऐसी किताब को दिया जाता है जिसका अंग्रेज़ी में अनुवाद किया गया हो और जो आयरलैंड या ब्रिटेन में प्रकाशित हुई हो. पुरस्कार की दौड़ में शॉर्टलिस्ट होने वाले हर लेखक और अनुवादकर को भी 2500 पाउंड की राशि मिलती है.