इमरान ख़ान ने पाकिस्तान के कार्यवाहक पीएम के लिए भेजा है ये नाम
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए पाकिस्तान के पूर्व चीफ़ जस्टिस का नाम राष्ट्रपति के पास भेजा है. ये जानकारी इमरान ख़ान सरकार में सूचना और प्रसारण मंत्री फ़वाद चौधरी ने दी है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी के पत्र के जवाब में इमरान ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गुलज़ार अहमद का नाम भेजा है. उन्होंने बताया है कि पूर्व चीफ़ जस्टिस के नाम का फ़ैसला पीटीआई (पाकिस्तान तहरीके इंसाफ़) की कोर कमेटी की बैठक में किया गया.
इससे पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता रहे शाहबाज़ शरीफ़ से कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए ऐसा नाम मांगा था, जिस पर सहमति हो. रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक़ राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने इमरान ख़ान और शाहबाज़ शरीफ़ को पत्र लिखा है.
राष्ट्रपति अल्वी इमरान ख़ान और शाहबाज़ शरीफ़ की सलाह से कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति करेंगे. पत्र में ये भी लिखा गया है कि संसद भंग होने के तीन दिनों के अंदर अगर पीएम और विपक्ष के नेता में किसी नाम पर सहमति नहीं होती, तो वे दो लोगों के नाम एक संसदीय समिति के पास भेजेंगे. इस समिति में आठ सदस्य होंगे, जिनमें सत्ता और विपक्ष के बराबर-बराबर सदस्य होंगे. ये समिति कार्यवाहक पीएम का नाम तय करेगी.