ज़ेलेंस्की बोले, यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्से पर कब्ज़ा करना चाहता है रूस

इमेज स्रोत, EPA
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि रूस यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्से पर कब्ज़ा करना चाहता है.
शनिवार देर रात जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, "रूसी सैनिकों का उद्देश्य क्या है? वे डोनबास (पूर्व में) और यूक्रेन के दक्षिणी हिस्से दोनों पर कब्ज़ा करना चाहते हैं."
उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य क्या है? हमारी सुरक्षा, हमारी आज़ादी, हमारी धरती और हमारे लोग."
इस दौरान ज़ेलेंस्की ने देश के दक्षिणी बंदरगाह वाले शहर मारियुपोल की रक्षा करने में जुटे यूक्रेनी सैनिकों की भी तारीफ़ की. मारियुपोल में बीते कई सप्ताह से रूस की ओर से भारी बमबारी जारी है.
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि मारियुपोल और अन्य यूक्रेनी शहरों में सैनिकों के प्रतिरोध के कारण ही कीएव में हमें अनमोल समय मिला और रूस की सेना यहां कमज़ोर पड़ती गई.
इससे पहले रूस ने एलान किया था कि वो अब यूक्रेन की राजधानी कीएव और उत्तरी शहर चेर्निहिव में अपने अभियान को समेटेगा और इसकी बजाय वो यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्रों पर ध्यान देगा.
