योगी आदित्यनाथ के ख़िलाफ़ सपा के विधायक का विवादास्पद बयान

इमेज स्रोत, Getty Images
यूपी में समाजवादी पार्टी से विधायक बने शाज़िल इस्लाम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ़ विवादास्पद बयान दिया है.
उन्होंने कहा है कि अब अगर योगी आदित्यनाथ ने कोई शोर किया तो समाजवादी पार्टी की बंदूकों से धुआं नहीं गोलियां निकलेंगीं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में बरेली जिले की भोजीपुरा सीट से चुनाव जीते शाज़िल इस्लाम को ये कहते देखा जा रहा है. लेकिन उन्होंने कहा कि एक न्यूज़ चैनल ने उनके इस बयान को एडिट किया है.
उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''एक न्यूज़ चैनल ने मेरा वीडियो एडिट कर दिया . इसके बाद ये वायरल हो गया. मैंने कार्यक्रम में सिर्फ ये कहा था- मजबूत विपक्ष होने के कारण,हर बात का जवाब मजबूती से देंगे, जिस तरीके से बंदूक से धुआं नहीं गोलियां निकलती हैं.''
इस्लाम ने पीटीआई से कहा कि उनके कहने का मतलब ये था कि यूपी में विपक्ष अब पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है. विपक्ष अब विधानसभा में आदित्यनाथ को मजबूती से जवाब देगा. उसी तरह जैसे बंदूकें गोलियां उगलती हैं धुआं नहीं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इस्लाम ने अपने चुनाव क्षेत्र में शुक्रवार को कहा था, '' हले यूपी में हमारे कम विधायक थे. इसलिए आदित्यनाथ अपने भाषणों में हम पर हमला बोलते थे. वो हमारे खिलाफ लगभग गाली देने के अंदाज में बात करते थे.'
इस्लाम ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा था कि चिंता की कोई बात नहीं है. अगर बीजेपी ने अपना रास्ता पकड़ा तो समाजवादी पार्टी विरोध पर उतरेगी और सड़कें जाम कर देगी.













