आईपीएल 2022: राजस्थान रॉयल्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को दिया 211 रन का लक्ष्य
राजस्थान रॉयल्स ने मंगलवार शाम को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में छह विकेट खोकर सनराइज़र्स हैदराबाद को जीतने के लिए 211 रन का लक्ष्य दिया है.
सनराइज़र्स हैदराबाद ने मैच की शुरुआत में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फ़ैसला किया था.
सनराइज़र्स हैदराबाद की ओर से उमरान मलिक एवं टी. नटराजन ने दो-दो और भुवनेश्वर कुमार, रोमारियो शेफ़र्ड ने एक-एक विकेट लिए.
टॉस के बाद मैदान में उतरी राजस्थान रॉयल्स की ओर से संजू सैमसन, देवदत्त पडिक्कल और जॉस बटलर ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी की. और 20 ओवर में कुल 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.
राजस्थान रॉयल्स की ओर से संजू सैमसन ने 27 गेंदों पर ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए 3 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 55 रन बनाए.
इसके साथ ही देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों पर 2 छक्के और 4 चौके जड़ते हुए स्कोरबोर्ड में 41 रन जोड़े. जॉस बटलर ने 28 बॉल पर 35 रन बनाए. बटलर ने भी ताबड़तोड़ 3 छक्के और 3 चौके लगाए.
राजस्थान रॉयल्स की ओर से सबसे ज़्यादा स्ट्राइक रेट शिमरॉन हेतमेयर का रहा जिन्होंने 246.15 के स्ट्राइक रेट के साथ मात्र 13 बॉल पर 32 रन बनाए जिनमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल थे.