You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आईपीएल 2022: राजस्थान रॉयल्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को दिया 211 रन का लक्ष्य

राजस्थान रॉयल्स ने मंगलवार शाम को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में छह विकेट खोकर सनराइज़र्स हैदराबाद को जीतने के लिए 211 रन का लक्ष्य दिया है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and कीर्ति दुबे

  1. 'खालिस्तानी स्टिकर' को लेकर पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री की भगवंत मान से अपील

    पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा है कि पंजाब और पड़ोसी राज्यों के बीच माहौल ख़राब करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने एक तस्वीर ट्वीट कर लिखा है कि चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर खालिस्तानी स्टिकर लगाए जा रहे हैं और ग़लत बयान दिए जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है.

    उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और तुरंत कड़ी कार्रवाई करें. हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत मिला था.

    कांग्रेस ने काफ़ी ख़राब प्रदर्शन किया था. इसके बाद भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री बने हैं. सुखजिंदर सिंह रंधावा चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार में उप मुख्यमंत्री थे और उनके पास गृह मंत्रालय भी था. इस समय वे डेरा बाबा नानक से कांग्रेस के विधायक हैं.

  2. दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार की ज़मानत याचिका का विरोध करते हुए कही ये बातें

    चर्चित पहलवान सुशील कुमार की ज़मानत याचिका का विरोध करते हुए दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वे कभी भी फ़रार हो सकते हैं. दिल्ली पुलिस का कहना है कि छत्रसाल स्टेडियम मामले में सुशील कुमार सरगना हैं. दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में चार-पांच मई, 2021 की रात पूर्व जूनियर रेसलिंग चैंपियन सागर धनखड़ की हत्या के आरोप में दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार इन दिनों जेल में बंद हैं. शुरू में सुशील कुमार फ़रार हो गए थे. लेकिन 18 दिनों के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया था.

    दिल्ली पुलिस ने दिल्ली हाई कोर्ट में दाख़िल अपनी स्टेटस रिपोर्ट में कहा है कि पीड़ितों, घायलों और अन्य गवाहों के बयानों से ये स्पष्ट है कि सुशील कुमार ने न सिर्फ़ अन्य अभियुक्तों के साथ मिलकर साज़िश की, बल्कि वे अभियुक्तों के सरगना भी थे. दिल्ली पुलिस ने ये भी कहा कि इस केस के गवाह सुशील कुमार से डरे हुए हैं और इस स्थिति में उन्हें ज़मानत देना ठीक नहीं. इस मामले की अगली सुनवाई 23 अप्रैल को होगी.

  3. योगी सरकार ने कहा- आशीष मिश्र की ज़मानत याचिका का किया था विरोध

    उत्तर प्रदेश की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि उसने लखीमपुर खीरी हिंसा मामले के मुख्य अभियुक्त आशीष मिश्र की ज़मानत याचिका का विरोध किया था. यूपी सरकार ने कहा कि राज्य सरकार ने आशीष मिश्र की ज़मानत याचिका का प्रभावी तरीक़े से विरोध नहीं किया, ये सही नहीं है. सुप्रीम कोर्ट में आशीष मिश्र को ज़मानत दिए जाने के ख़िलाफ़ याचिका दाख़िल की गई है. मंगलवार को यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाख़िल किया. इसके अलावा यूपी सरकार ने कोर्ट को ये भी बताया है कि लखीमपुर खीरी मामले में सभी गवाहों और पीड़ितों के परिजनों की सुरक्षा के लिए सभी क़दम उठाए गए हैं. सरकार का ये भी कहना है कि सभी गवाहों से पुलिस नियमित संपर्क में है.

    आशीष मिश्र केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे हैं. यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान ही आशीष मिश्र को ज़मानत मिल गई थी. यूपी चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बनाया था और यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा था. पिछले साल तीन अक्तूबर को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर ज़िले के तिकुनिया क़स्बे में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का विरोध कर रहे किसानों पर गाड़ियाँ चढ़ा दी गई थीं. इस घटना में चार किसानों की कारों से कुचलने से मौत हुई थी. एक पत्रकार की भी कार से कुचलने से मौत हुई थी, जबकि मौक़े पर मौजूद भीड़ ने कारों में सवार तीन लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी. कुल आठ लोग इस हिंसा में मारे गए थे.

  4. मोदी सरकार ने कहा- कश्मीर में 370 ख़त्म होने के बाद 34 बाहरी लोगों ने ख़रीदी संपत्ति

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लोकसभा में जानकारी दी है कि अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद जम्मू और कश्मीर में दूसरे राज्यों के 34 लोगों ने संपत्ति ख़रीदी है.

    ये संपत्तियाँ जम्मू, रियासी, उधमपुर और गांदरबल ज़िलों में स्थित हैं.

    अगस्त, 2019 को मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को ख़त्म कर दिया था इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर और लेह-लद्दाख को अलग-अलग केंद्र शासित राज्यों में बाँट दिया गया था.

    अनुच्छेद 370 के कारण जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष राज्य के दर्जे के तहत वहाँ के स्थानीय लोग ही वहां संपत्ति ख़रीद सकते थे, लेकिन 370 के निरस्त किए जाने के बाद वहाँ देश के अन्य राज्यों के लोग संपत्ति ख़रीद सकते है.

  5. तुर्की पहुँचे यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधियों से अर्दोआन की ये अपील

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दोनों तुर्की के मूल्यवान मित्र हैं. आज यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधियों के बीच तुर्की में बातचीत शुरू हो रही है. प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति अर्दोआन ने कहा कि बातचीत की प्रगति दोनों नेताओं की मुलाक़ात का रास्ता भी बना सकती है और तुर्की उसकी भी मेज़बानी के लिए तैयार है. तुर्की के राष्ट्रपति लंबे समय से दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की पहल कर रहे थे. उन्होंने रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों से कहा कि दोनों पक्षों की चिंताएँ वाजिब हैं, लेकिन अब सभी इस स्थिति में पहुँच गए हैं, जहाँ बातचीत में ठोस नतीजे निकलने की ज़रूरत है.

    दोनों देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अर्दोआन ने कहा कि इस बातचीत पर बहुत कुछ निर्भर करता है. उन्होंने कहा- न्याय संगत शांति में किसी की हार नहीं होती और संघर्ष जारी रखने में किसी का फ़ायदा नहीं होता. अर्दोआन ने कहा- इस महत्वपूर्ण समय में हम आपका स्वागत करते हुए और शांति स्थापित करने की आपकी कोशिशों में अपना योगदान करके ख़ुश हैं. मुझे उम्मीद है कि हमारी बैठक और चर्चा आपके देशों, हमारे इस इलाक़े और सभी मानवजाति के लिए शुभ साबित होगी. उन्होंने तुरंत युद्धविराम की अपील की और कहा कि त्रासदी को रोना दोनों पक्षों पर निर्भर करता है.

  6. इसराइल के प्रधानमंत्री नफ़्टाली बेनेट का भारत दौरा टला

    इसराइल के प्रधानमंत्री नफ़्टाली बेनेट का भारत दौरा टाल दिया गया है. भारत स्थित इसराइली दूतावास के प्रवक्ता मुहम्मद हेब ने इसकी जानकारी दी है.

    सोमवार को नफ़्टाली बेनेट कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. जिसे देखते हुए ये दौरा टाला जा रहा है.

    बेनेट का दौरा 3 से 5 अप्रैल को तय था.

    इस महीने की शुरुआत में, बेनेट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत के अपने पहले आधिकारिक दौरे की घोषणा की थी. अपनी यात्रा के दौरान, बेनेट को पीएम मोदी और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मिलना था. इसके अलावा उन्हें भारत में रहने वाले यहूदी समुदाय के लोगों से भी मिलना था.

    इसराइली पीएम के कार्यालय ने कहा था, "मैं अपने मित्र, प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के लिए खुश हूं, साथ मिलकर हम अपने देशों के संबंधों के लिए आगे बढ़ते रहेंगे."

  7. यूक्रेन की सेना का दावा- ईंधन डिपो पर हमले कर रहा है रूस

    यूक्रेन के सेना प्रमुख का कहना है कि रूस की सेना का यूक्रेन के आवासीय इलाक़ों पर मिसाइल हमला जारी है और मानवीय संकट की स्थिति पैदा करने के इरादे से रूस ईंधन डिपो पर हमले कर रहा है.

    हाल के दिनों में राजधानी कीव, साथ ही लवीव, रिव्ने, ज़ाइटॉमिर और लुत्स्क जैसे कई शहरों में ईंधन डिपो कथित तौर पर प्रभावित हुए हैं.

    यूक्रेनी सेना का यह दावा है कि रूसी सेना राजधानी कीव, दक्षिण-पूर्व में ज़ाफोरिज़्ज़िया, दक्षिण में खेरसॉन और पूर्व में खारकीव में आम लोगों को लूट रही है, अपहरण और नागरिकों को बंधक बनाकर डरा रही है.

    बीबीसी इन दावों की तुरंत पुष्टि नहीं कर सकता है. लेकिन जैसा कि हमने इस सप्ताह की शुरुआत में एक रिपोर्ट के ज़रिए बताया था कि, कुछ यूक्रेनी नागरिकों को मनमाने ढंग से हिरासत में लिया जा रहा है और रूसी-नियंत्रित क्षेत्रों से लोग गायब हो रहे है.

  8. ‘बुल्ली-सुल्ली बाई’ ऐप मामले में अभियुक्तों को मिली ज़मानत

    दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को 'बुल्ली बाई' ऐप मामले में अभियुक्त नीरज बिश्नोई और 'सुल्ली डील्स' ऐप को बनाने वाले ओंकारेश्वर ठाकुर को मानवीय आधार पर ज़मानत दे दी.

    अदालत ने माना कि अभियुक्तों ने पहला अपराध किया है और लगातार जेल में रखना के लिए ठीक नहीं होगा.

    अदालत ने इन दोनों पर सख़्त शर्तों के साथ ज़मानत दी है ताकि वे किसी गवाह को धमका न सकें और किसी भी सबूत से छेड़छाड़ ना कर सकें.

    कोर्ट की शर्तों में कहा गया है कि अभियुक्त किसी भी पीड़ित से संपर्क, प्रभावित करने की कोशिश नहीं करेगा.

    आदेश में कहा गया है कि अभियुक्त व्यक्ति सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेगा, जांच अधिकारी को अपना संपर्क विवरण देगा और अपना फोन हमेशा एक्टिव रखेगा.

  9. ममता बनर्जी ने ग़ैर बीजेपी मुख्यमंत्रियों और विपक्षी नेताओं को लिखा पत्र, जानिए क्या है इसमें

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ग़ैर बीजेपी मुख्यमंत्रियों को विपक्ष के नेताओं को पत्र लिखा है. इस पत्र में ममता बनर्जी ने सभी नेताओं से अपील की है कि वे बीजेपी के ख़िलाफ़ संघर्ष में एकजुट हो जाएँ. ममता बनर्जी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है और ममता बनर्जी खुलकर मोदी सरकार के ख़िलाफ़ बोलती रही हैं. राज्यपाल जगदीप धनखड़ से भी उनके रिश्ते तनावपूर्ण रहते हैं. वे राज्यपाल पर भी आरोप लगाती हैं कि वे केंद्र के निर्देश पर राज्य सरकार के कामकाज में दख़ल देते हैं.

    पहले भी ममता बनर्जी ने तमिलनाडु के सीएम और तेलंगाना के सीएम से संपर्क किया था. ममता बनर्जी ने अपने पत्र में लिखा है कि बीजेपी की केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग राजनीतिक बदले के लिए कर रही है. उन्होंने सभी विपक्षी नेताओं और मुख्यमंत्रियों से अपील की है कि वे बीजेपी के इस क़दम का विरोध करें. उन्होंने पत्र में लिखा है कि केंद्रीय एजेंसियाँ बीजेपी शासित राज्यों में कुछ नहीं करती. जबकि चुनाव आते ही इन एजेंसियों को विपक्षी नेताओं के ख़िलाफ़ लगा दिया जाता है. ममता बनर्जी ने विपक्षी नेताओं के साथ बैठक का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी से लड़ने के लिए सभी को एकजुट होने की आवश्यकता है. हाल ही में पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले में टीएमसी के एक स्थानीय नेता की हत्या के बाद हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें नौ लोग मारे गए थे. कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर इस मामले की सीबीआई जाँच चल रही है.

  10. श्रीलंका की इस ख़बर से द्रवित हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर, तुरंत मदद का दिया निर्देश

    बिम्स्टेक की बैठक के लिए श्रीलंका गए भारत के विदेश मंत्री जयशंकर श्रीलंका से संबंधित एक समाचार को देखकर दुखी हो गए और उन्होंने भारतीय उच्चायुक्त को मदद का निर्देश दे दिया. दरअसल श्रीलंका की ख़बर को देखकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ये प्रतिक्रिया दी है.

    इस ख़बर में बताया गया था कि पेरादेनिया अस्पताल में दवाओं की कमी के कारण तय सर्जरी टाल दी गई है. यहाँ सिर्फ़ इमरजेंसी सर्जरी हो रही हैं. इस ख़बर को शेयर करते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने लिखा- ये समचार देखकर दुखी हूँ. मैं उच्चायुक्त बागले से ये बोल रहा हूँ कि वे संपर्क करें और पता करें कि भारत कैसे मदद कर सकता है. जयशंकर के इस निर्देश के बाद श्रीलंका स्थित भारतीय उच्चायोग भी हरकत में आया और उसने ट्वीट कर जवाब दिया.

    भारतीय उच्चायोग ने अपने ट्वीट में लिखा- भारतीय उच्चायुक्त ने पेरादेनिया यूनिवर्सिटी के कुलपति और मेडिकल फैकल्टी के डीन प्रोफ़ेसर लामावन्सा से संपर्क किया था और उन्होंने उनसे अनुरोध किया है कि वे नियमित और तय सर्जरी के लिए दवाओं की ज़रूरत के बारे में बताएँ. भारत का पड़ोसी मुल्क श्रीलंका इस समय अपने सबसे बुरे आर्थिक दौर से गुज़र रहा है. देश में आवश्यक चीज़ों की क़िल्लत है और भारत ने कई मौक़े पर श्रीलंका की मदद भी की है. श्रीलंका ने भारत की इस मदद के लिए आभार भी जताया है.

  11. राजस्थान के मंत्री का सवाल, पेट्रोल-डीज़ल के कूपन क्यों नहीं बाँटती बीजेपी?

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    महंगाई के खिलाफ़ विरोध प्रदर्शन के दौरान सोमवार को राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला.

    मीडिया से बातचीत में मंत्री खाचरियावास ने कहा, "झूठ बोल कर चार राज्यों का चुनाव जीत लिया. चुनाव से पहले पेट्रोल, डीज़ल और गैस सिलेंडर की रेट कम की, उसके बाद वोट लेकर पेट्रोल-डीज़ल के रेट बढ़ा दिए."

    "डीज़ल पर 25 रुपए बल्क लीटर बढ़ाए हैं जिससे हर चीज़ महंगी हो गई. पचास रुपए गैस सिलेंडर पर बढ़ा दिए."

    मंत्री खाचरियावास ने भाजपा को रावण भक्त बताते हुए कहा, "पापी हैं बीजेपी वाले, पाप कर रहे हैं. राम का नाम लेते हैं और रावण के भक्त हैं यह. भक्त नहीं, रावण भक्त हैं बीजेपी वाले. रावण जैसा काम यही कर सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "कश्मीर फाइल्स फ़िल्म आई तो लोगों के घरों में टिकटें बाँट रहे हैं. पेट्रोल और डीजल के कूपन बाँट दो और दिलवाओ पेट्रोल-डीजल"

    आगे कहा, "हमने मना नहीं किया. कश्मीर के पीड़ितों की मदद करो हम भी यही चाहते हैं. अब पेट्रोल डीज़ल के कूपन भी बाँटने चाहिए."

  12. यूक्रेन में युद्ध: तुर्की में आज फिर बातचीत पर कुछ हासिल होने की उम्मीद क्यों है कम

    आज एक बार फिर तुर्की में यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडल मुलाक़ात कर रहे हैं. इन वार्ताओं में यूक्रेन अपने क्षेत्र की संप्रभुता को छोड़े बिना युद्धविराम की मांग करता रहा है.

    यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने इस्तांबुल में वार्ता के बारे में कहा, "हम लोगों का, भूमि या संप्रभुता का सौदा नहीं कर रहे हैं."

    उन्होंने यूक्रेन के सरकारी टीवी चैनल को बताया, "इस बातचीत का हासिल कम से कम मानवीय मुद्दों पर सहमति और ज़्यादा से ज़्यादा युद्धविराम पर रज़ामंदी हो सकती है."

    लेकिन यूक्रेन के गृह मंत्रालय के सलाहकार वादिम डेनिसेंको ने कहा कि उन्हें संदेह है कि वार्ता में कोई सफलता मिलेगी.

    अमेरिकी विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यूक्रेन-रूस के बीच बेहतरी की उम्मीदों पर संदेह जताते हुए कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध को खत्म करने के लिए समझौता करने को तैयार नहीं हैं.

    इस बीच क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि अब तक की बातचीत में कुछ महत्वपूर्ण हासिल नहीं हुआ है, लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि वार्ताएं जारी रहे.

  13. COVER STORY: यूक्रेन में रूसी जासूस

  14. क्रिस रॉक को थप्पड़ मारने के लिए विल स्मिथ ने मांगी माफ़ी

    ऑस्कर समारोह के मंच पर क्रिस रॉक को थप्पड़ मारने के बाद विल स्मिथ माफी मांगते हुए कहा कि उनका व्यवहार "अस्वीकार्य और अक्षम्य" था.

    इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए उऩ्होंने लिखा, ‘’मैं सार्वजनिक रूप से आपसे माफी मांगना चाहता हूं, क्रिस. मैंने सीमा लांघी और मैं ग़लत था.‘’

    विल स्मिथ का ये माफ़ीनामा तब सामने आया है जबऑस्कर फ़िल्म एकेडमी ने उतनी बर्ताव की निंदा की और इस मामले में औपचारिक समीक्षा की घोषणा की.

    विल स्मिथ ने मंच पर ही कॉमेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ जड़ दिया.

    दरअसल, क्रिस रॉक ने कार्यक्रम के दौरान विल स्मिथ की पत्नी जेडा पिंकेट पर मज़ाक किया था.

    मज़ाक सुनकर विल स्मिथ मंच पर गए और क्रिस रॉक को थप्पड़ जड़ दिया.

    कॉमेडियन क्रिस रॉक ने दरअसल ज़ेडा पिंकेट के छोटे बालों पर टिप्पणी की थी.

    उन्होंने कहा, "आई लव यू ज़ेड. मैं जीआई जेन 2 देखने को बेसब्र हूं."

    जीआई जेन 1997 में आई हॉलीवुड फ़िल्म थी. इसमें मुख्य किरदार निभा रही अभिनेत्री डेमी मूर ने फ़िल्म के लिए अपना सिर मुंडवा लिया था.

  15. रूस से शांतिवार्ता के लिए यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा तुर्की

    यूक्रेन का एक प्रतिनिधिमंडल रूस के साथ शांतिवार्ता के लिए तुर्की के इस्तांबुल शहर पहुंच गया है.

    प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेज़निकोव के साथ-साथ राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख मिखाइल पोडोलियाक कर रहे हैं.

    इस प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता युद्ध-विराम होगा, हालांकि शांतिवार्ता में इस तरह के किसी प्रस्ताव पर सहमति बनने को लेकर संदेह है.

    ये वार्ता, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन की ओर से आयोजित की जा रही है जो मंगलवार को सुबह 10 बजे स्थानीय समयानुसार शुरु होगी.

    इसके अलावा रूस मांग कर रहा है कि यूक्रेन नेटो में शामिल होने का इरादा छोड़ दे. उधर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि इस पर वह समझौता करने को तैयार हैं.

    इसके अलावा इस शांतिवार्ता में यूक्रेन के अलगाववादियों के कब्ज़े वाले क्षेत्रों को लेकर भी बातचीत संभव है.

  16. फिर बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, हफ़्ते में सातवीं बार बढ़ीं कीमतें

    पेट्रोल की क़ीमत में मंगलवार को 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है और डीज़ल की क़ीमत में 70 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

    एक हफ़्ते में ये सातवीं बार पेट्रोल डीज़ल के दाम बढ़े हैं अब तक पेट्रोल-डीज़ल 4.80 रुपये/लीटर मंहगा हो चुका है.

    दाम में हुई बढ़ोतरी के बाद, दिल्ली में पेट्रोल की क़ीमत अब 99.41 से बढ़ कर 100.21 रुपये प्रति लीटर हो गई है,जबकि डीजल की कीमत 90.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 91.47 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    मुंबई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 85 पैसे और 75 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. अब, यहां लोगों को पेट्रोल के लिए 115.04 प्रति लीटर और डीजल के लिए 99.25 प्रति लीटर का भुगतान करना होगा.

    हर राज्य में पेट्रोल-डीज़ल की कीमत में मामूली अंतर होता है क्योंकि इनके दाम कई तरह के राज्य और केंद्र सरकार के करों के आधार पर तय होते हैं. राज्यों के ये कर अलग-अलग होते हैं.

  17. यूक्रेन से बातचीत के बाद लौटे रूसी अरबपति पर संदिग्ध ज़हर का असर

    बेलारूस में यूक्रेन-रूस वार्ताओं में हिस्सा लेने के बाद लौटे रूसी अरबपति रोमान अब्रामोविच पर संदिग्ध ज़हर के असर के लक्षण दिखाई दिए हैं.

    ये जानकारी उनके एक करीबी सूत्र ने दी.

    उन्हें कथित तौर पर आंखों में दर्द और त्वचा के छिलने जैसी दिक्कत पेश आ रही है.

    यूक्रेन के दो अन्य शांति वार्ताकारों में भी ऐसे ही लक्षण नज़र आने की ख़बर है.

    एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कथित ज़हर देने की कोशिश रूस के कट्टरपंथियों की ओर से की गई थी जो नहीं चाहते थे कि ये शांति वार्ता हो.

    आरोपों के सामने आने के कुछ ही समय बाद, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से लिखा कि ख़ुफ़िया एजेंसियों के अनुसार ये लक्षण किसी ज़हर के कारण नहीं बल्कि "पर्यावरणीय" कारणों से थे.

    इसके बाद, यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी, आईहोर जोव्कवा ने बीबीसी को बताया कि उन्होंने अब्रामोविच से कोई बात नहीं की, लेकिन यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य "ठीक" हैं, वहीं एक अन्य अधिकारी ने कहा कि ये कहानी "झूठी" है.

  18. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 28 मार्च के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.