You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आईपीएल 15 का पहला मुक़ाबलाः केकेआर ने छह विकेट से सीएसके को हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 18.3 ओवर में 133 रन बनाकर तीन विकेट से हरा दिया है.

लाइव कवरेज

अभय कुमार सिंह and दीपक मंडल

  1. कुवैत और सऊदी अरब के बीच हुए समझौते पर ईरान क्यों भड़का?

    खाड़ी क्षेत्र के एक विवादास्पद गैस फ़ील्ड को डेवलप करने पर सऊदी अरब और कुवैत के बीच हुए समझौते को लेकर ईरान ने शनिवार को नाराज़गी जताई है. ईरान ने दोनों देशों के बीच हुए समझौते को अवैध करार दिया है.

    ईरान इस गैस फ़ील्ड के दोहन पर अपना दावा जताता है.

    कुवैत के आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों देशों के ऊर्जा मंत्रियों ने सोमवार को अरश गैस फ़ील्ड को विकसित करने को लेकर समझौते पर दस्तखत किए थे.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद दुनिया भर में गैस की क़ीमतें जिस तरह से बढ़ रही हैं, उसे देखते हुए कुवैत और सऊदी अरब ने ये समझौता किया है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को इस समझौते को अवैध करार देते हुए बयान जारी किया. उसका कहना है कि कुवैत और सऊदी अरब के बीच हुआ समझौता अतीत में हुई बातचीत और निर्धारित प्रक्रियाओं का उल्लंघन है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़ातिबज़ादेह ने कहा, "ईरान अरश गैस फ़ील्ड के दोहन के अपने अधिकार को सुरक्षित रखता है. इस गैस फ़ील्ड को विकसित करने की दिशा में कोई भी कार्य तीनों देशों के बीच समन्वय स्थापित करके ही की जानी चाहिए."

    अरश गैस फ़ील्ड को लेकर साठ के दशक से ही विवाद रहा है.

  2. योगी कैबिनेट 2.0 ने लिया पहला फ़ैसला, उत्तर प्रदेश की राजनीति में आज क्या-क्या हुआ?

    योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. साथ ही दो उप-मुख्यमंत्री समेत दर्ज़नों अन्य मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है.

    शनिवार को कैबिनेट का पहला दिन था और पहले ही दिन 15 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने की योजना को जारी रखने का एलान किया गया.

    शनिवार को लोकभवन में हुई योगी 2.0 कैबिनेट की पहली बैठक में फ़ैसला लिया गया और मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी.

    मुख्यमंत्री ने बताया कि अप्रैल 2020 से राज्य सरकार 15 करोड़ गरीब जनता को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है. इसके तहत अंत्योदय कार्ड धारकों को राज्य सरकार द्वारा 35 किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाता है, जबकि पात्र परिवार को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न मिल रहा है.

    इसके अलावा दिसंबर 2021 से राज्य सरकार ने खाद्यान्न के साथ-साथ 1 लीटर रिफाइंड तेल, 1 किलो दाल और 1 किलो नमक भी दे रही है.

    ये योजना मार्च 2022 में ख़त्म होने वाली थी लेकिन अब इसे जून 2022 तक के लिए बढ़ा दिया गया है.

    अधिकारियों के साथ बैठक

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद अपर मुख्य सचिव, प्रमुख मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की, इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी मौजूद रहे.

    समाजवादी पार्टी विधायक दल के नेता चुने गए अखिलेश

    इस बीच अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी विधायक दल का नेता और विपक्ष का नेता चुना गया है. शनिवार को पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. करहल विधानसभा सीट से जीतने के बाद अखिलेश यादव ने बतौर सांसद इस्तीफ़ा देकर विधायक बने रहने का फ़ैसला किया था.

    मुझे बैठक की सूचना नहीं मिली- शिवपाल यादव

    एक तरफ़ समाजवादी पार्टी के विधायकों की बैठक चल रही थी. दूसरी तरफ़ न्यूज़ एजेंसी एएनआई पर शिवपाल यादव का बयान सामने आया. शिवपाल का कहना है कि उन्हें विधायक मंडल की बैठक की सूचना नहीं मिली है.

    वो कहते हैं, "अभी समाजवादी पार्टी की विधायक मंडल की बैठक चल रही है. सभी विधायकों के पास इसकी सूचना है लेकिन मेरे पास कोई सूचना नहीं है इसलिए मैं भी बैठक में नहीं गया. मैं दो दिनों से इस बैठक के लिए रुका था उसके बाद भी मुझे कोई सूचना नहीं मिली."

  3. जापान के प्रतिबंधों से नाराज़ रूस अब विवादित द्वीपों में करेगा सैन्याभ्यास

    यूक्रेन पर जापान द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों से नाराज़ रूस ने कहा है कि वो दोनों देशों के बीच द्वितीय विश्वयुद्ध के समय से विवादित रहे द्वीपों में सैन्य अभ्यास शुरू करेगा.

    रूस ने ये एलान दोनों देशों के बीच चल रही शांति वार्ता से दूरी बनाने के कुछ दिन बाद किया है.

    दोनों देशों के बीच चार द्वीपों को लेकर विवाद है. इन द्वीपों को रूस सदर्न कुरिल्स कहता है और जापान नॉर्दन टेरिटरीज़. दोनों के बीच ये विवाद करीब 70 साल पुराना है.

    इस विवाद की वजह से ही रूस और जापान ने अभी तक द्वितीय विश्वयुद्ध को ख़त्म करने के लिए हुए एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं.

    इस सप्ताह की शुरुआत में रूस ने कहा था कि वो जापान के साथ इस समझौते को लेकर चल रही वार्ता से अलग हो रहा है. रूस के अनुसार यूक्रेन पर रूस की कार्रवाई के बाद तोक्यो के कड़े रुख की वजह से ये निर्णय लिया गया है.

    अब रूस की ईस्टर्न मिलिट्री डिस्ट्रिक्ट ने कहा है कि वो 3000 से अधिक सैनिकों और सैकड़ों सैन्य उपकरणों के साथ इन द्वीपों में सैन्याभ्यास करेगी.

    इससे पहले शांति वार्ता से अलग होने और विवादित द्वीपों में संयुक्त आर्थिक परियोजनाओं को रोकने को लेकर जापान ने रूस की आलोचना की थी.

  4. उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता बने सपा मुखिया अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव को विधानमंडल दल और विधायक दल के नेता चुना है. शनिवार को पार्टी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर इसकी जानकारी दी.

    हाल ही में संपन्न हुए उत्तर प्रदेश चुनाव में अखिलेश यादव की अगुवाई में समाजवादी पार्टी 111 सीटों पर जीती है.

    करहल विधानसभा सीट से जीतने के बाद अखिलेश यादव ने सांसदी छोड़कर विधायक बने रहने का निर्णय किया था.

    वहीं, प्रदेश चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाले शिवपाल यादव ने कहा कि उन्हें विधायक मंडल की बैठक में बुलाया नहीं गया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ शिवपाल यादव बोले, "अभी समाजवादी पार्टी की विधायक मंडल की बैठक चल रही है. सभी विधायकों के पास इसकी सूचना है लेकिन मेरे पास कोई सूचना नहीं है इसलिए मैं भी बैठक में नहीं गया. मैं दो दिनों से इस बैठक के लिए रुका था उसके बाद भी मुझे कोई सूचना नहीं मिली."

  5. छत्तीसगढ़: 'अस्पताल ने शव वाहन देने से किया था मना, इसलिए बेटी का शव कंधे पर रखकर जाना पड़ा'

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के सरगुजा ज़िले के एक सरकारी अस्पताल में सात साल की बच्ची की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जब शव वाहन उपलब्ध नहीं कराया तो पिता को बच्ची का शव अपने कंधे पर रखकर कई किलोमीटर चलना पड़ा.

    मामला सामने आने के बाद अस्पताल के प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी को उनके पद से हटा दिया गया है. इसके अलावा पूरे मामले की जांच के निर्देश जारी किए गये हैं.

    स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अमगला गांव के रहने वाले ईश्वरदास की सात साल की बेटी सुरेखा पिछले 10 दिनों से बीमार थी. शुक्रवार की सुबह उसके पिता बच्ची को लेकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य पहुंचे, जहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई.

    ईश्वरदास के अनुसार वे किसी तरह मदद लेकर अस्पताल तक पहुंचे था लेकिन गांव वापस लौटने के लिए उनके पास कोई साधन नहीं था.

    ईश्वरदास के अनुसार,"अस्पताल के लोगों ने मुझे साफ कह दिया कि अपने साधन से जाना पड़ेगा क्योंकि अस्पताल में शव वाहन नहीं है. इसके बाद मैं पैदल ही गांव के लिए निकल पड़ा."

    हालांकि, कुछ किलोमीटर पैदल चलने के बाद राह चलते लोगों ने एक मोटरसाइकिल से उन्हें घर तक पहुंचाया.

    राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने क्या कहा

    राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने घटना को दुर्भाग्यजनक बताते हुए कहा कि ज़िले में पांच शव वाहन हैं. जिस अस्पताल में बच्ची की मौत हुई है, वहां से लगभग 17 किलोमीटर दूर उदयपुर स्वास्थ्य केंद्र में शव वाहन की व्यवस्था है.

    उदयपुर स्वास्थ्य केंद्र से शव वाहन बुला लिया गया था. लेकिन शोकसंतप्त परिवार ने विचलित अवस्था में स्वयं शव को ले जाने का निर्णय ले लिया.

    टीएस सिंहदेव ने कहा, "बच्ची को गंभीर हालत में भर्ती किया गया था और इलाज के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका. बच्ची के निधन के बाद शव वाहन को बुलाया भी गया था. लेकिन विचलित स्थिति में परिवार के सदस्य शव को लेकर चले गये. स्वास्थ्य विभाग के उपस्थित कर्मचारियों को चाहिए था कि वो शोकाकुल परिवार को स्थिति से अवगत कराते."

    स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है. इसके अलावा इस मामले में जिम्मेवार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.

  6. पोलैंड: सेना में क्यों भर्ती हो रहे हैं आम लोग

    जब से रूस यूक्रेन का युद्ध शुरू हुआ है, तब से यूक्रेन से शरणार्थी पोलैंड का रुख़ कर रहे हैं.

    पोलैंड ने भी दिल खोल कर सबका स्वागत किया. लेकिन अब इस देश के लोगों को भी फ़िक्र सताने लगी है क्योंकि वहां रक्षा बजट बढ़ा दिया गया है कई लोग सेना में भर्ती हो रहे हैं.

    इन सबके बीच पोलैंड के लोग क्या सोच रहे हैं. जानने की कोशिश की बीबीसी संवाददाता डैन जॉनसन ने.

  7. पश्चिम बंगाल: बोगटुई गांव के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरे, दिन-रात सुरक्षा करेंगे पुलिस के 54 जवान

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, रामपुरहाट (पश्चिम बंगाल) से, बीबीसी हिंदी के लिए

    हाईकोर्ट के निर्देश पर पश्चिम बंगाल के गांव बोगटुई में कई जगहों सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही डीएसपी स्तर के एक अधिकारी के नेतृत्व में यहां पुलिसवाले गांव की सुरक्षा में तैनात रहेंगे.

    बीरभूम जिले के बोगटुई में इस सप्ताह हुई हिंसा में आठ लोगों को ज़िंदा जला दिया गया था.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को बोगटुई पहुंच कर आगजनी में मारे गए लोगों के परिजनों के जख़्मों पर मुआवजे और सरकारी नौकरी के जरिए मरहम लगाने की कोशिश की थी.

    लेकिन ममता के भरोसे के बावजूद मिहिलाल, साजिना और उनकी ही तरह दूसरे लोगों के जख़्म अभी हरे हैं. उनका कहना है कि दोषियों को कड़ी सजा मिले बिना उनको चैन नहीं मिलेगा.

    गांववालों की ज़्यादातर मांगें ममता ने मान ली है. रही-सही कसर इस घटना की सीबीआई जांच का आदेश देकर कलकत्ता हाईकोर्ट ने पूरा कर दिया है.

    शनिवार को गांव में पहुंचेगी सीबीआई की टीम

    सीबीआई की टीम शनिवार को इस गांव में पहुंचेगी.अदालत ने सीबीआई को इस घटना की जांच शीघ्र करने और सात अप्रैल तक प्राथमिक रिपोर्ट जमा करने को कहा है.

    इस बीच, शुक्रवार को केंद्रीय फोरेंसिक की एक टीम ने मौके पर पहुंच कर जले हुए मकानों के भीतर और आसपास से नमूने एकत्र किए. गांव के कुछ लोगों का आरोप था कि महिलाओं और बच्चों की हत्या कर उसके बाद घर में बंद कर आग लगा दी गई. नमूनों की जांच से यह बात पता चलेगी कि पहले हत्या की गई या फिर उन सबको ज़िदा जला दिया गया.

    आर्थिक मदद, सरकारी नौकरी देने का एलान

    ममता ने मौक़े पर पहुंचकर पांच-पांच लाख की आर्थिक मदद के अलावा जले हुए मकानों की मरम्मत के लिए दो-दो लाख का चेक सौंपा. इसके अलावा उन्होंने दस परिवारों के एक-एक व्यक्ति को ग्रुप डी की सरकारी नौकरी देने का एलान किया.

    ममता ने कहा कि एक साल तक अस्थायी नौकरी होगी जिस दौरान हर महीने दस हजार रुपए मिलेंगे. उसके बाद इसे स्थायी कर दिया जाएगा. उन्होंने फौरन इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष अनवारुल हुसैन को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया और कुछ देर बाद ही तारापीठ से उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

    ममता के निर्देश पर ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों को भी निलंबित कर दिया गया. ऐसे में ममता ने पीड़ितों की ज्यादातर मांगें पूरी कर दी थी.

    'दोषियों को मिले कड़ी से कड़ी सजा'

    अब बस एक ही मांग बची है वह है दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की. ममता ने इसका भी भरोसा दिया दिया.

    इस घटना में अपनी सात साल की बेटी को खोने वाले मिहिलाल शेख कहते हैं, "दीदी ने हमारे जख्मों पर मरहम जरूर लगाया है. लेकिन हमें चैन तब मिलेगा जब दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा मिलेगी. मुख्यमंत्री निश्चित तौर पर हमें न्याय दिलाएंगी."

    अपने परिजनों को इस हादसे में खोने वाली साजिना शेख कहती हैं, "जाने वाले तो लौट कर नहीं आएंगे. लेकिन कम से कम दोषियों को कड़ी सजा मिली तो उनकी आत्मा को सुकून मिलेगा."

    हालांकि, रात बीतते ही तस्वीर कुछ बदल गई और इस मामले का संज्ञान लेने वाले कलकत्ता हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की जांच को रोक कर इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया. मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ का कहना था कि उसने न्याय प्रणाली पर लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए ही यह फैसला किया है.

    ममता के गांव से लौटने के बाद शाम को पुलिस महानिदेशक मनोज मालवीय ने भी पुलिस अधीक्षक नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी और दूसरे अधिकारियों के साथ मौके का दौरा किया.

    हाईकोर्ट के निर्देश पर गांव में कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. अब डीएसपी स्तर के एक अधिकारी के नेतृत्व में 54 पुलिसवाले दिन-रात गांव की सुरक्षा में तैनात रहेंगे.

    पुलिस ने गांव छोड़ कर दूसरी जगह शरण लेने वालो से घर लौटने की अपील की है. ममता ने भी अपने दौरे के समय यह अपील की थी.

    इस बीच, गांव वालों के आरोप के मुताबिक़ इस मामले की मुख्य अभियुक्त अनवारुल हुसैन को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश करने पर उसे 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

    अनवारुल और उसके वकील ने दावा किया कि उसने आत्मसमर्पण किया है, पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन को जर्मनी ने दी 1,500 स्ट्रेला मिसाइलें- रिपोर्ट

    जर्मन प्रेस एजेंसी से यूक्रेनी सरकार के अधिकारियों के हवाले से ख़बर दी है कि जर्मनी से 1,500 स्ट्रेला एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलें और 100 एमजी3 मशीन गनों की एक खेप यूक्रेन पहुंच गई है.

    जर्मनी की विदेश मंत्री एनालिना बारबॉक ने इससे पहले बुधवार को कहा था कि यूक्रेन को मिसाल पहुंचाने में देरी हुई है. हालांकि उन्होंने ये भी कहा था कि यूक्रेन की मदद के लिए स्ट्रेला मिसाइलें भेजी जा रही हैं.

    जर्मनी की विदेश नीति के अनुसार वो संघर्ष वाले इलाक़ों में या इसमें शामिल मुल्कों को हथियार नहीं देता. लेकिन यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद उसने अपनी विदेश नीति में बदलाव किया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार एनालिना बारबॉक ने कहा, "हम दुनिया में हथियारों के सबसे बड़े निर्यातकों में से एक हैं. ये हमारे लिए गर्व की बात की तो नहीं है लेकिन यूक्रेन की मदद के लिए हमें ये करना चाहिए था."

  9. यूपी के 15 करोड़ लोगों को अगले तीन महीनों तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा- योगी आदित्यनाथ

    उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ गरीब लोगों को अगले तीन महीनों तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई कैबिनेट के इस पहले फैसले के बारे में जानकारी दी है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, ''आज मंत्रिमंडल ने निर्णय लिया है कि अगले 3 महीने के लिए मुफ्त राशन योजना को फिर से हम लागू करेंगे. इससे राज्य के 15 करोड़ लोगों को फायदा होगा.''

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि ये योजना मार्च 2022 में ख़त्म होने वाली थी, जिसे तीन महीने के लिए बढ़ाने का फैसला कैबिनेट ने लिया है.

    इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके अंतर्गत यूपी के 15 करोड़ लोगों को खाद्यान्न मुहैया कराया जाता है.

    उन्होंने कहा, ''इसके तहत हर परिवार को 5 किलो खाद्यान्न प्राप्त होता है. राज्य सरकार ने प्रत्येक परिवार को 1 किलो दाल, 1 किलो रिफाइंड तेल और 1 किलो आयोडाइज्ड नमक उपलब्ध कराया था. साथ ही अंत्योदय परिवारों को 1 किलो चीनी भी उपलब्ध कराया था. अब इस योजना को अगले तीन महीनों के लिए बढ़ाने का फ़ैसला कैबिनेट ने लिया है.''

  10. उर्जा संसाधनों की ख़रीद को लेकर यूरोपीय संघ ने उठाया ये बड़ा कदम

    यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद ऊर्जा संसाधनों की क़ीमतों में वृद्धि का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. इस बीच बढ़ती कीमतों के जवाब में यूरोपीय संघ के नेताओं ने पहली बार संयुक्त गैस ख़रीद पर सहमति जताई है.

    ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन सदस्य देशों के प्रमुखों ने यूरोपियन कमीशन को सदस्य देशों की तरफ़ से गैस ख़रीदने के लिए अधिकृत किया है. ऐसी उम्मीद है कि इस कदम से क़ीमतों को कम करने में मदद मिल सकती है.

    यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन का कहना है कि अगर यूरोपीय देश एक साथ काम करें तो वो सौदेबाज़ी में मजबूत स्थिति में होंगे.

    उन्होंने कहा, ''ग्लोबल पाइपलाइन गैस मार्केट का 75% यूरोपियन मार्केट है इसलिए हमारे पास मज़बूत क्रय शक्ति है. और इसलिए मैं स्वागत करती हूं कि अब हम अपनी सामूहिक सौदेबाज़ी की शक्ति का इस्तेमाल करेंगे. एक दूसरे को पछाड़ने और क़ीमतों को बढ़ाने के बजाय हम अपनी मांग एक साथ रखेंगे.''

    ये संयुक्त ख़रीदारी का प्रस्ताव यूक्रेन, मोल्दोवा और जॉर्जिया समेत गैर-यूरोपीय देशों के लिए भी है.

    इससे पहले अमेरिका ने एलान किया है कि वो रूस से आपूर्ति पर यूरोपीय संघ की निर्भरता को कम करने की कोशिश में यूरोप को लिक्विफ़ाइड नेचुरल गैस भेजेगा.

  11. छत्तीसगढ़: 'बेटी के शव को कंधे पर रखकर' कई किलोमीटर पैदल चला पिता, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश

    छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक शख़्स कथित तौर पर अपनी बेटी के शव को कंधे पर रखकर पैदल चलता दिख रहा है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, शव वाहन मिलने में देरी होने की वजह से पिता को दस किलोमीटर दूर पैदल चलकर अपने घर पहुंचना पड़ा. अब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने जांच के आदेश दिए हैं.

    सिंहदेव का कहना है कि इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई होगी. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, ''स्वास्थ्य विभाग के उपस्थित कर्मचारियों को चाहिए था कि वो सही संवाद द्वारा परिवार को स्थिति से अवगत कराएं और संवेदना दिखाएं. इस मामले में पाए जाने वाले दोषियों पर कार्रवाई होगी.''

    स्वास्थ्य मंत्री ने ट्विटर पर इस घटना से जुड़ी एक ख़बर को शेयर करते हुए लिखा है, ''इस चित्र में दिखने वाले दृश्य दुर्भाग्यपूर्ण हैं और संभव उपचार देने के बाद इस बच्ची का देहांत बहुत दुखद है. शव वाहन के लिए खबर कर के उसे चिकित्सालय बुला भी लिया गया था. मगर इस बीच मे शोक संतप्त परिवार ने विचलित अवस्था में स्वयं शव को ले जाने का निर्णय ले लिया.''

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि सरगुजा ज़िले के अमदला गांव के रहने वाले ईश्वर दास अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए थे.

    स्वास्थ्य अधिकारियों का दावा है कि अस्पताल पहुंचने के वक़्त बच्ची की सेहत बिगड़ गई थी, अस्पताल पहुंचते ही इलाज शुरू किया गया लेकिन बच्ची को नहीं बचाया जा सका.

    स्वास्थ्य केंद्र के ग्रामीण चिकित्सा सहायक का कहना है कि बच्ची ने क़रीब 7.30 बजे दम तोड़ दिया था. बच्ची के परिवारवालों को बताया गया था कि शव वाहन बुलाया गया है. वाहन 9.30 बच्चे अस्पताल पहुंचा तब तक बच्ची के पिता शव को लेकर जा चुके थे.

  12. कौन हैं रूसी राष्ट्रपति पुतिन के समर्थक?

    यूक्रेन पर रूस ने हमला क्यों किया, इसे लेकर रूस समेत दुनिया में लोगों की अलग-अलग राय है.

    यूक्रेन पर हमले के एक महीने बाद भी कई लोग ये समझ नहीं पा रहे कि पुतिन चाहते क्या हैं और हमले के उनके फ़ैसले में कौन उनके साथ खड़ा है.

  13. पुतिन ने 'फ़ेक न्यूज़' को लेकर बने नए क़ानून को दी मंज़ूरी, 15 साल तक की सजा का प्रावधान

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 'फ़ेक न्यूज़' से जुड़े एक क़ानून को औपचारिक तौर पर मंज़ूरी दे दी है.

    इस कानून के मुताबिक़, विदेशों में अधिकारियों के कामकाज के बारे में 'फ़ेक न्यूज़' फैलाने के दोषी पाए जाने वाले लोगों को 15 साल की जेल की सज़ा हो सकती है.

    यूक्रेन पर रूस के हमले की शुरुआत में भी रूस में एक क़ानून लाया गया था जिसमें रूसी सशस्त्र बलों के बारे में गलत जानकारी फैलाने वाले लोगों को जेल भेजे जाने का प्रावधान था. नया क़ानून उससे काफी मिलता जुलता है.

    यूक्रेन पर रूस के हमले की शुरुआत में भी रूस में एक क़ानून लाया गया था जिसमें रूसी सशस्त्र बलों के बारे में गलत जानकारी फैलाने वाले लोगों को जेल भेजे जाने का प्रावधान था. नया क़ानून उससे काफी मिलता जुलता है.

  14. 5 दिनों में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, नई क़ीमत जानिए

    पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में एक बार फिर इज़ाफ़ा हुआ है. दिल्ली में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमत प्रति लीटर 80 पैसे बढ़ाए गए हैं.

    चार महीने से ज़्यादा के अंतराल के बाद मंगलवार को पहली बार पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों को बढ़ाया गया था, जिसके बाद से बीते 5 दिन में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमत 3.20 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है.

    दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल की क़ीमत 98.61 रुपये और डीज़ल की क़ीमत 89.87 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    वहीं मुंबई की बात करें तो पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें क्रमश: 84 और 85 रुपये बढ़कर 113.35 रुपये और 97.55 रुपये हो गई है.

    बता दें कि हर राज्य में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमत अलग-अलग होती है क्योंकि स्थानीय करों की दरें राज्यों में बदलती रहती हैं जिसके आधार पर क़ीमतों में अंतर होता है.

  15. अमेरिकी ख़ुफ़िया विभाग का ताज़ा आकलन क्या कहता है?

    एक वरिष्ठ अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने पोलैंड की राजधानी वारसा में यूक्रेन संकट पर ब्रीफिंग दी है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी वारसा पहुंचे हुए हैं. अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया है कि यूक्रेन की सेना खेरसोन को फिर से अपने क़ब्ज़े में ले सकती है. खेरसोन पर रूसी सेना ने हमले के पहले ही दिन क़ब्ज़ा कर लिया था.

    इस आकलन से जुड़ी कुछ बड़ी बातें:

    • रूस ने हमले के पहले 30 दिनों में 1,250 मिसाइल लॉन्च किए हैं.
    • रूस ने हालिया हफ्तों में अपनी हवाई उड़ानें बढ़ाई हैं, जो अब औसतन 300 प्रति दिन उड़ान भर रही हैं.
    • अमेरिकी अधिकारियों ने यूक्रेन के इस दावे की पुष्टि की है कि यूक्रेन ने बेयरडयांस्क में रूसी टैंकों को ले जाने वाले एक जहाज को नष्ट कर दिया है.
    • कीएव के पास के कस्बे मकारीव में दोनों पक्षों के बीच क़ब्ज़े की लड़ाई चल रही है.
    • खारकीएव में हमले को लेकर रूसी सैनिकों को अब कोई बढ़त नहीं मिल रही है.
    • रूसी सैनिक खेरसोन के पास मिकोलाइव शहर में 15 किलोमीटर की दूरी पर तैनात हैं. और ये सैनिक कोशिश कर रहे हैं कि यूक्रेन की आपूर्ति को शहर में रोका जा सके.
    • रूसी सैनिक इज़िम के पास यूक्रेनी डिफेंस को तोड़ने में कामयाब रहे हैं.
  16. यूक्रेन: ख़ारकीएव को बचाने की जंग

    रूस से सटी यूक्रेन की सीमा से ख़ारकीएव शहर की दूरी 40 किलोमीटर से भी कम है. रूसी फौज इस शहर पर मिसाइलों और बमों से हमले कर रही है.

    बीबीसी संवाददाता क्वेंटिन सोमरविल और कैमरापर्सन डैरेन कॉन्वे ने दो लड़ाकों के साथ समय बिताया जो कि फ्रंटलाइन पर डट कर हमले का मुक़ाबला कर रहे हैं.

  17. यूक्रेन का दावा, रूस के रक्षा मंत्री को पड़ा 'दिल का दौरा'

    यूक्रेन के गृहमंत्री के सलाहकार ने दावा किया है कि रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु को को दिल का दौरा पड़ा है.

    शोइगु को 11 मार्च के बाद से सार्वजनिक रूप से देखा नहीं गया था.

    हालांकि, 24 मार्च को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें रक्षा मंत्री नज़र आए.

    यूक्रेन के गृहमंत्री के सलाहकार ने फ़ेसबुक पर लिखा है, "यूक्रेन पर रूस के हमले की नाकामी के पुतिन के आरोपों के बाद रूस के रक्षा मंत्री को दिल का दौरा पड़ा है."

    उन्होंने लिखा है कि रक्षा मंत्री अस्पताल में अब इलाज करा रहे हैं. वहीं रूस की तरफ़ से इस दावे की पुष्टि सामने नहीं आई है.

    इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अपने वीडियो संबोधन में कहा, ''वो कहते हैं कि रूस के रक्षा मंत्री कहीं ग़ायब हो गए हैं.''

    यूक्रेनी सेना की तारीफ़ करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमलावरों पर यूक्रेन के सैनिकों ने ज़बरदस्त प्रहार किए हैं, जिससे उन्हें काफ़ी नुकसान हुआ है.

  18. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 25 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.