आईपीएल 15 का पहला मुक़ाबलाः कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को छह विकेट से हराया
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आज से शुरू हुए इंडियन प्रीमियर लीग के पंद्रहवा सीज़न के पहले मुक़ाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स को 18.3 ओवर में 133 रन बनाकर तीन विकेट से हरा दिया है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से अजिंक्य रहाणे ने 34 गेंद पर 44 रन, सैम बिलिंग्स ने 22 गेंद पर 25 रन और नीतिश राणा ने 17 गेंद पर 21 रन बनाए हैं.
इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ़ 131 रन बनाए हैं.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया था. सीएसके की शुरुआत बेहद ख़राब रही और ओपनर रितुराज गायकवाड़ पहले ही ओवर में शून्य पर आउट हो गए.
केकेआर के गेंदबाज़ों ने शुरुआत से ही सीएसके पर दबाव बनाए रखा. सीएसके का दूसरा विकेट 28 रन पर गिरा जब डेवोन कॉनवे 8 गेंदों में सिर्फ़ 3 रन बनाकर आउट हुए.
तीसरे नंबर पर आए रॉबिन उथप्पा ने तेज़ी से खेलते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया लेकिन वो भी 28 रन के निजी स्कोर पर विकेट गंवा बैठे.
उनके बाद आए अंबाती रायडू 15 रन के स्कोर पर रन आउट हो गए. सीएसके के पहले चार विकेट 52 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे. छठे नंबर पर आए शिवम दुबे भी कुछ खास नहीं कर सके. दुबे सिर्फ़ तीन रन बनाकर आउट हो गए. एक समय सीएसके का स्कोर पर 10.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 61 रन था.
सीएसके के नए कप्तान रविंद्र जडेजा और हाल ही में कप्तानी छोड़ने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने सातवें विकेट के लिए नाबाद 70 रनों की साझेदारी की. धोनी 38 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद रहे. जडेला ने 28 गेंदों पर 26 रन बनाए.
वानखेड़े स्टेडियम में पहले गेंदबाज़ी करने वाली टीम को फ़ायदा मिलता है. आज भी ऐसा ही हुआ.
एक समय लग रहा ता कि सीएसके सौ रन का स्कोर मुश्किल से पार कर पाएगी. लेकिन धोनी और कप्तान रविंद्र जडेजा ने आख़िरी तीन ओवरों में 41 रन बनाए. पारी के आख़िरी ओवर में 18 रन बने.