बीरभूम में हुई हिंसा के मुख्य अभियुक्त अनवारूल हुसैन को गिरफ्तार किया गया

पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत हुई थी. आज शाम इस सिलसिले में मुख्य अभियुक्त अनवारूल हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया है.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद and कीर्ति दुबे

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल का किया परीक्षण

    16 मार्च को उत्तर कोरिया ने एक मिसाइल का परीक्षण किया जिस पर अमेरिका ने कहा कि यह ICBM सिस्टम के किसी पार्ट का परीक्षण था.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दक्षिण कोरिया ने बताया है कि साल 2017 के बाद पहली बार उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल (ICBM) का परीक्षण किया है.

    ये मिसाइल जापान के दक्षिण में उसके जलक्षेत्र में गिरी है. इसने एक घंटे लंबी उड़ान भरी.

    जापानी अधिकारियों का अनुमान है कि इसकी कुल मारक क्षमता 1,100 किलोमीटर तक है. इसका मतलब है कि यह सैद्धांतिक रूप से अमेरिका तक पहुंच सकती है.

    उत्तर कोरिया ने हालिया हफ़्तों में कई परीक्षण किए हैं. अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने कहा था कि इनमें ICBM सिस्टम का भी परीक्षण हुआ था.

    मिसाइल

    इमेज स्रोत, Reuters

    2017 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के दौरान उत्तर कोरिया ने लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का टेस्ट और परमाणु परीक्षण करना बंद कर दिया था.

    लेकिन 2020 में उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जॉन्ग उन ने घोषणा की थी कि वो अब वादे से बंधे हुए नहीं हैं.

    संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया पर बैलिस्टिक मिसाइल और परमाणु हथियारों के परीक्षण करने पर रोक लगा रखी है और पिछले टेस्ट के बाद उस पर कड़े प्रतिबंध भी लगाए गए हैं.

  2. बीरभूम में पीड़ित परिवार से मिलीं ममता बनर्जी, कांग्रेस नेताओं को रोका गया

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले में हुई हिंसा में आठ लोगों के मारे जाने के बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रामपुरहाट में घटनास्थल पर पहुंची हैं.

    ममता ने बोगटुई गांव में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाक़ात की है.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मारे गए लोगों के परिजनों को 5 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक दिया है.

    उन्होंने कहा है कि हिंसा में नष्ट हुए घरों को दोबारा बनाने के लिए 2 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी साथ ही मारे गए लोगों के परिजनों को नौकरी दी जाएगी.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर जा रहा था जिसे शांतिनिकेतन में रोका गया है. प्रतिनिधिमंडल को रोके जाने के बाद चौधरी वहीं धरने पर बैठ गए.

    गुरुवार को संसद में टीएमसी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाक़ात की है.

    टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने बैठक के बाद कहा है, “बीरभूम घटना के मद्देनज़र हमने कहा है कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को हटाया जाना चाहिए. उनका काम हमारी संवैधानिक प्रणाली के ख़िलाफ़ है. संसदीय लोकतंत्र प्रणाली पर ख़तरा है.”

  3. OIC के ‘इस्लामाबाद घोषणापत्र’ में कश्मीर और मुसलमानों को लेकर क्या है?

    इस्लामाबाद

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, OIC की बैठक में चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भी भाग लिया था

    मुस्लिम देशों के संगठन ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) के विदेश मंत्रियों का 48वाँ सम्मेलन बुधवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में संपन्न हुआ.

    सम्मेलन के अंतिम दिन एक घोषणापत्र पारित किया गया जिसे ‘इस्लामाबाद घोषणापत्र’ कहा जा रहा है. इसमें कश्मीर और फ़लस्तीन का भी ज़िक्र किया गया है.

    घोषणापत्र में साफ़-साफ़ कहा गया है कि OIC सदस्य ‘फ़लस्तीन, कश्मीर और अन्य’ के समाधान का समर्थन करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं.

    इस सम्मेलन के दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कश्मीर का ज़िक्र किया था जिसकी भारत ने कड़ी निंदा की है.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    भारत लगातार कहता रहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग हमेशा से रहा है और हमेशा रहेगा. साथ ही भारत ने सलाह दी है कि पाकिस्तान को वास्तविकता स्वीकार करते हुए भारत विरोधी प्रोपेगैंडा को रोकना चाहिए.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने OIC के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन की समाप्ति पर ट्वीट करके देश को बधाई दी है.

    उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि ‘इसकी अध्यक्षता करने के नाते पाकिस्तान विश्व में मुसलमानों की आवाज़ को मज़बूती देने के लिए एकता, न्याय और विकास की भागीदारी को बढ़ावा देगा.’

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    मुसलमानों के लिए और क्या कहा गया

    OIC के घोषणापत्र में ग़ैर OIC देशों में अल्पसंख्यक मुसलमानों के हितों की रक्षा की भी बात कही गई है.

    इसमें कहा गया है कि अल्पसंख्यक मुसलमानों की आम चुनौतियों और उन्हें लाभ के अवसर मुहैया कराने के लिए OIC की कोशिशों को एकजुट करना चाहिए.

    साथ ही कहा गया है कि मुस्लिम देशों के बीच और उससे इतर एक विस्तृत सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में साझा लक्ष्य हासिल किया जाएगा.

    घोषणापत्र में एक बार फिर यह पुष्टि की गई है कि ‘हमारी सामूहिक इच्छा सभी लोगों के बीच सद्भावना, सहिष्णुता, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, बेहतर जीवन स्तर, मानवीय गरिमा और समझ को बढ़ावा देना है.’

  4. पाकिस्तान के पीएम इमरान ख़ान की जनता से अपील, इस्तीफ़ा देने से इनकार

    इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने पूरे देश से अपील की है कि वे राजधानी इस्लामाबाद में रविवार में होने वाली सभा में शामिल हों और देश को ये संदेश दें कि वे ख़रीद फ़रोख़्त के ख़िलाफ़ हैं. गुरुवार को एक वीडियो संदेश में इमरान ख़ान ने कहा कि एक ख़ास ग्रुप पिछले 30 वर्षों से इस देश को लूट रहा है और अब ये लोग इस पैसे का इस्तेमाल खुले तौर पर जन प्रतिनिधियों के विवेक को ख़रीदने के लिए कर रहे हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इमरान ख़ान ने क़ुरान का भी हवाला दिया और कहा कि अल्लाह का हुक़्म है क़ुरान में कि अच्छाई के साथ खड़े होना है और बुराई के ख़िलाफ़ खड़े होना है. उन्होंने कहा कि देश को सांसदों के विवेक को ख़रीदने वालों से स्पष्ट कर देना चाहिए कि वे इसके ख़िलाफ़ हैं और कोई भी ख़रीद फ़रोख़्त के माध्यम से देश के लोकतंत्र को नुक़सान नहीं पहुँचा सकता. बुधवार को भी इमरान ख़ान ये कह चुके हैं कि विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव नाकाम होगा. उन्होंने ये भी स्पष्ट किया है कि वे इस्तीफ़ा नहीं देंगे और सेना के साथ उनके अच्छे संबंध हैं.

    पाकिस्तान में विपक्ष की रैली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों ने आठ मार्च को अविश्वसास प्रस्ताव पेश किया था. उन्होंने पीएम इमरान ख़ान पर कुप्रबंधन और अर्थव्यवस्था को ख़राब करने का आरोप लगाया था. पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की बैठक 25 मार्च को होने वाली है. लेकिन इमरान ख़ान का कहना है कि वे किसी भी परिस्थिति में इस्तीफ़ा नहीं देंगे. इमरान ख़ान ने ये भी स्पष्ट किया कि उनके सेना के साथ अच्छे संबंध हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति में सेना की ग़लत तरीक़े से आलोचना की गई. अविश्वास प्रस्ताव पास कराने के लिए 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में विपक्ष को 172 सांसदों के समर्थन की आवश्यकता है. लेकिन सत्ताधारी तहरीक़े इंसाफ़ पार्टी का आरोप है कि विपक्ष सांसदों को इमरान सरकार के ख़िलाफ़ वोट करने के लिए रिश्वत दे रहा है.

  5. ज़ेलेंस्की ने की दुनिया से अपील- यूक्रेन के समर्थन में सड़कों पर आएँ

    ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दुनिया भर के लोगों से गुरुवार को यूक्रेन के लिए अपना समर्थन दिखाते हुए सड़कों पर उतरने की अपील की.

    उन्होंने अपने नए वीडियो संबोधन में ये बात कही. युद्ध शुरू होने से लेकर अब तक ये पहली बार है जब उन्होंने अंग्रेजी में संबोधन किया.

    उन्होंने कहा, ‘’रूस का युद्ध सिर्फ़ यूक्रेन के खिलाफ़ नहीं है, बल्कि हर जगह लोगों की आज़ादी के खिलाफ़ है, और दुनिया को रूस के बर्बर बल प्रयोग को रोकने की ज़रूरत है.

    उन्होंने दुनिया भर के लोगों से अपील करते हुए कहा, ‘’अपने कार्यालयों, अपने घरों, अपने स्कूलों और विश्वविद्यालयों से बाहर आइए, शांति के नाम पर बाहर आइए, यूक्रेन का समर्थन करने के लिए, स्वतंत्रता का समर्थन करने के लिए, जीवन का समर्थन करने के लिए यूक्रेनी प्रतीकों के साथ सड़कों पर उतरिए."

    ज़ेलेंस्की का संबोधन ब्रसेल्स में नेटो के शिखर सम्मेलन से कुछ घंटे पहले सामने आया है, जहाँ पश्चिमी देशों के बीच पूर्वी यूरोप के कुछ हिस्से की सुरक्षा को मज़बूत करने पर सहमति होने की उम्मीद है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन रूसी आक्रमण के एक महीने पूरे होने पर इस बैठक में भाग लेंगे.

  6. तेल की बढ़ती क़ीमतों पर शिवसेना ने कहा- ये बीजेपी का गेम है

    संजय राउत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    शिवसेना ने कहा है कि तेल की क़ीमतें बढ़ रही है, क्योंकि चुनाव ख़त्म हो चुके हैं. शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ये बीजेपी का गेम है. उन्होंने कहा- असली मुद्दा रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध नहीं है या द कश्मीर फ़ाइल्स फ़िल्म या हिजाब नहीं है. असली मुद्दा महंगाई और बेरोज़गारी है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    हाल ही में संपन्न हुए पाँच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने चार राज्यों में जीत हासिल की थी. पंजाब में आम आदमी पार्टी चुनाव जीती थी. इस सप्ताह दो बार तेल की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है. इस कारण विपक्षी पार्टियाँ बीजेपी सरकार पर निशाना साध रही हैं. विपक्ष का कहना है कि चुनाव के कारण तेल की क़ीमतें नहीं बढ़ाई जा रही थी. लोकसभा और राज्यसभा में भी इस सप्ताह इस मुद्दे को लेकर ख़ूब हंगामा हुआ है.

  7. चीन के विदेश मंत्री की भारत यात्रा की रिपोर्ट पर ओवैसी ने मोदी सरकार से पूछे सवाल

    ओवैसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी की भारत यात्रा की रिपोर्ट पर भारत सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है. उन्होंने ट्वीट कर प्रधानमंत्री कार्यालय से पूछा है कि क्या ये सच है कि चीन के विदेश मंत्री इस सप्ताह भारत की आधिकारिक यात्रा पर होंगे? ओवैसी ने इस संबंध में एक रिपोर्ट को ट्वीट करते हुए लिखा है- अगर ये सच है तो ये हमारी अपनी नीति से कैसे मेल खाता है, जिसमें कहा गया था कि लद्दाख़ सीमा संकट हल होने तक द्विपक्षीय संबंध सामान्य नहीं होंगे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    औवैसी ने कहा है कि जिस तरह सरकार वुहान और चेन्नई की अनौपचारिक बैठकों में चीन को रियायत देती है, वो देखने के बाद उन्हें डर है कि वांग यी की यात्रा से ऐसे ही नतीजे निकल सकते हैं, जहाँ हमारी ज़मीन पर चीन के क़ब्ज़े को स्वीकार कर लिया जाएगा. लोकसभा सांसद ओवैसी ने ये भी मांग की कि सरकार लद्दाख़ में सीमा की स्थिति पर चर्चा करे, जिसमें सवाल और जवाब भी हों.

    वांग यी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उन्होंने कहा कि सरकार ये भी बताए कि इस संकट के निपटने के लिए हमारी योजनाएँ क्या हैं. ख़ामोशी अब कोई विकल्प नहीं है. पिछले कुछ दिनों से ऐसी रिपोर्टें हैं कि चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत के दौरे पर आ सकते हैं. हालाँकि अभी आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है. वर्ष 2020 में गलवान में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प में भारत के 20 सैनिक मारे गए थे. हालाँकि चीन आधिकारिक रूप से अपने सैनिकों के मारे जाने के बारे में कुछ स्वीकार नहीं करता. हालाँकि कई रिपोर्टों में ये दावा किया गया है कि चीन के भी कई सैनिक मारे गए थे.

  8. हिजाब बैन पर सुप्रीम कोर्ट में फिर उठा तुरंत सुनवाई का मुद्दा

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
    छात्राएं

    इमेज स्रोत, ANI

    कर्नाटक हाई कोर्ट के शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पर प्रतिबंध बरक़रार रखने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत सुनवाई की मांग को ख़ारिज कर दिया है.

    वकील देवदत्त कामत ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के आगे यह मुद्दा उठाया जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा है कि ‘हम इसको देखेंगे.’

    वकील कामत ने बेंच के आगे कहा था कि परीक्षाएँ नज़दीक़ हैं, इसलिए इस मामले पर तुरंत सुनवाई की जानी चाहिए.

    मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमन्ना ने कहा कि इसका परीक्षा से कोई लेना देना नहीं.

    उन्होंने कहा, “इस मुद्दे को सनसनीख़ेज़ न बनाएँ.”

    कामत ने कहा कि ऐसे ही एक साल निकल जाएगा और छात्राओं को स्कूल में दाख़िल नहीं होने दिया जा रहा है.

  9. बिहार बीजेपी पर भड़के मुकेश सहनी, इस्तीफ़ा देने से किया इनकार

    मुकेश सहनी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री मुकेश सहनी ने प्रदेश बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि वे जनता के लिए काम करना जारी रखेंगे. एक दिन पहले ही वीआईपी पार्टी के तीन विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे. पत्रकारों के साथ बातचीत में मुकेश सहनी ने कहा कि उनकी शुभकामना उन तीनों विधायकों के साथ है, जो कल तक उनके साथ थे और अब वे बीजेपी में शामिल हो गए हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    मुकेश सहनी ने कहा- अब बीजेपी के विधायकों की संख्या 77 हो गई है और अब बीजेपी बिहार में नंबर वन पार्टी हो गई है. मैं उन्हें बधाई देता हूँ. उन्होंने प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष संजय जायसवाल पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया और कहा कि वे 18 साल की उम्र से संघर्ष कर रहे हैं. मुकेश सहनी ने कहा- मुझे पता है कि इस संघर्ष में कुछ भी हो सकता है. मैं जनता के लिए काम करना जारी रखूँगा.

    मुकेश सहनी ने कहा कि बीजेपी को लगता था कि ये लड़का आने वाले समय में उनसे और सीटें मांग सकता है. इसलिए उन्हें रोकने की कोशिश की गई है.

    पिछले कुछ दिनों से बिहार में एनडीए गठबंधन में शामिल मुकेश सहनी की बीजेपी से टकराव चल रहा है. चाहे वो विधान पार्षद का चुनाव हो या फिर विधानसभा उप चुनाव. वीआईपी पार्टी पहले आरजेडी गठबंधन में शामिल थी. लेकिन सीट बँटवारे को लेकर नाराज़ होकर मुकेश सहनी एनडीए में शामिल हो गए थे. मुकेश सहनी ख़ुद एमएलसी हैं और नीतीश सरकार में मंत्री भी हैं. बीजेपी ने मुकेश सहनी से मंत्री पद से इस्तीफ़ा देने की मांग की है. लेकिन मुकेश सहनी का कहना है कि मंत्री बनाने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है और इसलिए वे ही निर्णय करेंगे और वे इसे स्वीकार करेंगे.

  10. रूस का अमेरिका को जवाब, राजनयिकों को करेगा निष्कासित

    पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रूस ने कहा है कि वह 12 रूसी राजनयिकों को हटाने के अमेरिका के फ़ैसले के बादजवाबी कार्रवाई में कई अमेरिकी राजनयिकों को अपने देश से निष्कासित करेगा.

    बीते महीने अमेरिका ने न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मिशन से रूसी राजनयिकों को राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए निष्कासित कर दिया था. और बाद में अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र में एक अतिरिक्त रूसी राजनयिक के जासूस होने का दावा करते हुए उन्हें निष्कासित कर दिया.

    सोमवार को रूस में अमेरिकी राजदूत जॉन सुलिवन को तलब किया गया और राष्ट्रपति जो बाइडन के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को "युद्ध अपराधी" कहने पर रूस के विदेश मंत्रालय ने विरोध जताया.

    अमेरिका के विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि उन्हें "23 मार्च को रूसी विदेश मंत्रालय से 'पर्सोना नॉन ग्रेटा' घोषित किए गए राजनयिकों की एक सूची मिली है."

    ‘पर्सोना नॉन ग्रेटा’ एक ऐसा शब्द है जिसका मतलब है वह व्यक्ति जिसका रूस में स्वागत नहीं है, ना ही उसे रूस में स्वीकार किया जाएगा.

    यह स्पष्ट नहीं है किइस आदेश से कितने अमेरिकी राजनयिक प्रभावित होंगे और उन्हें रूस से कब निष्कासित किया जाएगा.

  11. यूक्रेन में जारी जंग में अब तक 15,000 रूसी सैनिक मारे गए-नेटो

    रूस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नेटो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी एपी को बताया कि यूक्रेन पर रूस के हमले के एक महीने बाद इस युद्ध में 7,000 से 15,000 रूसी सैनिक मारे गए हैं.

    अधिकारी ने कहा कि माना जा रहा है कि 30,000 से 40,000 रूसी लड़ाई में मारे गए या घायल हुए. हालांकि रूस ने 2 मार्च से अब तक इस हमले में कितने लोग मारे गए हैं उनका कोई भी आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है.

    इसे एक संदर्भ में समझें तो, अफ़ग़ानिस्तान के अपने 10 साल के कब्ज़े में रूस के लगभग 15,000 सैनिक मारे गए थे.

    यूक्रेन भी अपने मारे गए लोगों के आंकड़े को लेकर अस्पष्ट रहा है, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने लगभग दो सप्ताह पहले कहा था कि 1,300 यूक्रेनी सैनिक इस युद्ध में मारे गए थे.

  12. यूक्रेन में जंग: नेटो और G7 की बैठक से पहले ज़ेलेंस्की ने कहा- दोस्त और दुश्मन का पता चलेगा

    ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बुधवार को देर रात जारी किए गए एक वीडियो संबोधन में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ब्रसेल्स में बैठक करने वाले पश्चिमी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि रूस यूक्रेन के सहयोगियों को युद्ध में हस्तक्षेप करने से रोकने के लिए अपनी आर्थिक ताकत का इस्तेमाल कर रहा है.

    जेलेंस्की ने गुरुवार को ब्रसेल्स में होने वाले जी-7, नेटो और यूरोपीय संघ के शिखर सम्मेलन से पहले कहा, "हम जानते हैं कि रूसियों ने अपने हितों की पैरवी शुरू कर दी है. ये पैरवी युद्ध के पक्ष में है. हम जानते हैं कि वे कुछ साझेदारों के साथ काम कर रहे हैं".

    "इन तीन शिखर सम्मेलनों में हम अपनी स्थिति का दृढ़ता से प्रतिनिधित्व करेंगे. इन तीन सम्मेलनों में साफ़ हो जाएगा कि दोस्त कौन है, सहयोगी कौन है और कौन पैसों के लिए हमें धोखा दे सकता है."

    यूरोप का लगभग 40% हिस्सा रूसी गैस से संचालित होता है. रूस पर प्रतिबंध बढ़ाने से पहले यूरोपीय नेता ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की तलाश कर रहे हैं.

    ज़ेलेंस्की वीडियो के माध्यम से नेटो शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे, और उम्मीद की जा रही है कि वे विमान और विमान-रोधी प्रणालियों सहित अधिक उन्नत हथियारों की मांग कर सकते हैं.

  13. रूस ने यूक्रेन का एक अहम पुल किया नष्ट, कीएव से चेयरनीव का रास्ता कटा

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूक्रेन में अधिकारियों का कहना है कि रूस ने देसना नदी पर एक महत्वपूर्ण पुल को नष्ट कर दिया है, ये पुल उत्तरी शहर चेयरनीव और राजधानी कीएव के बीच एक महत्वपूर्ण मार्ग था जिसके नष्ट होने से चेयरनीव से कीएव तक यातायात का रास्ता बाधित हो गया है.

    यूक्रेन की मानवाधिकार लोकपाल, ल्यूडमाइला डेनिसोव ने कहा कि पुल का इस्तेमाल शहर में मानवीय सहायता पहुंचाने और फंसे नागरिकों को बाहर निकालने के लिए किया जा रहा था.

    उन्होंने कहा, "शहर में बिजली, पानी देने की कोई व्यवस्था नहीं है. यहां व्यावहारिक रूप से कोई गैस नहीं है और बुनियादी ढांचा नष्ट हो गया है. ‘’

    क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख, वियाचेस्लेव चौस ने एक वीडियो बयान में कहा कि सहायता अभी भी पहुंचाई जाएगी, और "हमारी जीत के बाद" एक नया पुल बनाया जाएगा.

  14. यूक्रेन में कहां किसानों ने रूसी सैनिकों को धूल चटाई

    यूक्रेन के कई हिस्सों में भीषण लड़ाई जारी है. ख़बरें मिल रही हैं कि दक्षिणी हिस्से में यूक्रेन ने अपने कुछ इलाकों को रूसी क़ब्ज़े से छुड़ा लिया है. विश्लेषकों का कहना है कि इसकी वजह से रूस को अपनी रणनीति बदलनी पड़ सकती है. दक्षिणी कस्बे वोज़्नीसेंस्क से बीबीसी संवाददाता एंड्र्यू हार्डिंग की रिपोर्ट.

    वीडियो कैप्शन, दक्षिणी हिस्से में यूक्रेन ने अपने कुछ हिस्सों को रूसी कब्ज़े से छुड़ा लिया है.
  15. यूक्रेन को ब्रिटेन देगा 6,000 मिसाइलें और 25 मिलियन पाउंड की मदद

    बोरिस जॉनसन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन गुरुवार को एलान करेंगे कि ब्रिटेन यूक्रेन को लगभग 6,000 अतिरिक्त मिसाइलें देगा.

    नेटो और जी-7 नेताओं की ब्रसेल्स में होने वाली बैठक में पीएम जॉनसन ये भी घोषणा करेंगे कि मिसाइलों के अलावा ब्रिटेन यूक्रेन को 25 मिलियन पाउंड की वित्तीय सहायता भी करेगा ताकि यूक्रनी सैनिकों और पायलेटों को भुगतान किया जा सके.

    ब्रिटेन सरकार इस क्षेत्र में यूक्रेनी और रूसी भाषा सेवाओं की मदद करने के लिए बीबीसी वर्ल्ड सर्विस को भी 4.1 मिलियन पाउंड की मदद देगी.

    जॉनसन ने कहा, ’’ ब्रिटेन, यूक्रेन को सैन्य और आर्थिक सहायता देने के लिए सहयोगियों के साथ काम करेगा, उनके डिफ़ेंस को मज़बूत बनाने का काम करेगा.‘’

    ''इस हमले को एक महीने हो चुके हैं, अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने एक ही विकल्प है कि हम यूक्रेन में स्वतंत्रता की लौ को ज़िंदा रखें, या इससे पूरे यूरोप और दुनिया को सुलगाने का जोख़िम उठाएं.‘’

    ब्रिटेन ने कहा कि नया पैकेज ब्रिटेन की ओर से यूक्रेन की सेना को पहले से उपलब्ध कराई जा चुकी क़रीब 4,000 मिसाइलों के अतिरिक्त होगा.

    इससे पहले ब्रिटेन ने 400 मिलियन पाउंड यूक्रेन को देने की प्रतिबद्धता जताई थी और ये नई वित्तीय सहायता उसके अतिरिक्त होगी.

  16. बंगाल हिंसा: ममता का बीरभूम दौरा आज, बीजेपी की केंद्रीय टीम भी पहुंचेगी

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को बीरभूम ज़िले के उस बोगटुई गांव का दौरा करेंगी जहां सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के एक नेता की हत्या के बाद आगज़नी की घटना में गांव के कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई.

    दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और बीजेपी की पांच सदस्यीय केंद्रीय टीम भी आज उस गांव में पहुंचेगी. इसे लेकर ज़िला प्रशासन काफ़ी सतर्क है. इससे पहले बुधवार को भी सीपीएम और बीजेपी के प्रतिनिधिमंडलों ने गांव का दौरा किया था.

    घटना के तीसरे दिन भी गांव में भारी आतंक है. वहां काफ़ी बड़ी तादाद में पुलिस और रैपिड ऐक्शन फ़ोर्स के जवानों को तैनात किया गया है. इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी राजनीतिक दलों में घमासान मचा हुआ है.

    बीजेपी ममता बनर्जी के इस्तीफ़े और राज्य में केंद्रीय हस्तक्षेप की मांग कर रही है.

    बंगाल हिंसा

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS/BBC

    राज्य सरकार के सूत्रों ने बताया कि ममता सुबह क़रीब 11 बजे हावड़ा के डुमुरजला स्टेडियम से हेलिकॉप्टर के ज़रिए रामपुरहाट पहुंचेंगी. वहां पहुंच कर वे सर्किट हाउस में ज़िले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में परिस्थिति की समीक्षा करेंगी. उसके बाद वे रामपुरहाट मेडिकल कालेज अस्पताल जाकर आगज़नी की घटना में घायल लोगों से भी मुलाक़ात करेंगी और इसके बाद बोगटुई रवाना होंगी.

    दूसरी ओर, आज ही दोपहर क़रीब 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी भी मौके पर पहुंचेंगे. इसके अलावा बीजेपी की पांच-सदस्यीय केंद्रीय टीम की भी आज ही गांव का दौरा करने की संभावना है. लेकिन इस टीम का दौरा कितने बजे और कैसे होगा इसे लेकर कोई जानकारी नहीं मिल सकी है.

    ममता ने बुधवार को कहा था, "इस मामले में दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा. विपक्षी दलों के मौके पर जाने के कारण ही मैंने अपना कार्यक्रम एक दिन आगे बढ़ा दिया है."

  17. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 23 मार्च के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.