You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कश्मीर पर चीनी विदेश मंत्री के बयान का भारत ने दिया दो टूक जवाब, क्या कहा?

पाकिस्तान में इस्लामी सहयोग संगठन (ओईआसी) की बैठक में भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर को लेकर चीन के विदेश मंत्री की टिप्पणी पर भारत ने जवाब दिया है.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद and मानसी दाश

  1. ममता बनर्जी ने कहा- ये बंगाल है, उत्तर प्रदेश नहीं, निष्पक्ष तरीक़े से होगी कार्रवाई

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि बीरभूम की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि वे गुरुवार को बीरभूम जाएँगी और हिंसा के पीड़ितों से मुलाक़ात करेंगी. टीएमसी नेता भादू शेख़ की हत्या के बाद हुई यहाँ हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत हुई है.

    ममता बनर्जी ने कहा- ये हमारी सरकार है. हम अपने राज्य के लोगों की चिंता है. हम कभी नहीं चाहेंगे कि किसी को भी तकलीफ़ हो. उन्होंने कहा कि वहाँ के शीर्ष अधिकारियों को हटा दिया गया है. ममता बनर्जी ने ये भी कहा कि उनकी सरकार को बदनाम करने की साज़िश की जा रही है. उन्होंने कहा- ऐसी घटनाएँ गुजरात और राजस्थान में भी हुई हैं. मैं रामपुरहाट की घटना को सही नहीं ठहरा रही हूँ. हम निष्पक्ष तरीक़े से कार्रवाई करेंगे.

    ममता बनर्जी ने कहा- ये बंगाल है, उत्तर प्रदेश नहीं. हर किसी को घटनास्थल पर जाने की अनुमति है. ये यूपी नहीं है, कोई भी कहीं जा सकता है. मैंने अपनी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल हाथरस भेजा था, लेकिन हमें वहाँ जाने नहीं दिया गया, लेकिन हम बीरभूम जाने से किसी को रोक नहीं रहे हैं. पश्चिम बंगाल की सीएम ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा. ममता बनर्जी ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्यपाल कई बड़े अधिकारियों को कहते हैं कि आप (प्रशासन से जुड़े लोग पर) छापेमारी करें. भाजपा, वामपंथी और कांग्रेस याद रखें बंगाल को तबाह करना आसान नहीं है.

  2. अखिलेश यादव ने बताया उन्होंने क्यों छोड़ी आज़मगढ़ लोकसभा सीट

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बताया है कि उन्होंने लोकसभा से क्यों इस्तीफ़ा दिया और विधानसभा की सदस्यता क्यों चुनी. एक ट्वीट कर उन्होंने लिखा है कि विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों ने उन्हें नैतिक जीत दिलाई है. अखिलेश यादव ने ट्वीट में लिखा है- विधानसभा में उप्र के करोड़ों लोगों ने हमें नैतिक जीत दिलाकर ‘जन-आंदोलन का जनादेश’ दिया है. इसका मान रखने के लिए मैं करहल का प्रतिनिधित्व करूँगा व आज़मगढ़ की तरक़्क़ी के लिए भी हमेशा वचनबद्ध रहूँगा. महंगाई, बेरोज़गारी और सामाजिक अन्याय के ख़िलाफ़ संघर्ष के लिए ये त्याग ज़रूरी है.

    मंगलवार को अखिलेश यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने लोकसभा की सदस्यता छोड़ दी थी. अखिलेश यादव ने करहल और आज़म ख़ान ने रामपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी. हालाँकि यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जीत नहीं मिल पाई. भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया. विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को अकेले 111 सीटें मिली थी, जबकि सपा गठबंधन को कुल 125 सीटें मिली. दूसरी ओर बीजेपी ने अकेले 255 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया. जबकि बीजेपी गठबंधन को कुल 273 सीटें हासिल हुईं.

  3. तेल के बढ़ते दामों पर संसद में विपक्ष का हंगामा

    लगातार दूसरे दिन तेल के दामों में बढ़ोतरी के बाद बुधवार को संसद के दोनों सदनों में विपक्ष ने हंगामा किया.

    इस कारण सदन के दोनों सदनों की कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया था.

    कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने राज्यसभा में 267 नियम के तहत सस्पेंशन नोटिस दिया था ताकि बढ़ती महंगाई और तेल और एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दामों पर चर्चा हो सके.

    बुधवार को कांग्रेस के सांसद संसद के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे इकट्ठा हुए और उन्होंने तेल के बढ़े दामों की तख़्तियां ले रखी थीं.

    तेल कंपनियों ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेल के दामों में बढ़ोतरी की है. पेट्रोल और डीज़ल के दामों में 80 पैसे की बढ़ोतरी की गई है.

    दिल्ली में अब डीज़ल के दाम 88.27 रुपए प्रति लीटर और पेट्रोल के दाम 97.01 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं.

    मंगलवार को भी तेल के दामों में 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. वहीं एलपीजी के घरेलू सिलेंडर की क़ीमत में 50 रुपए का इज़ाफ़ा किया गया था.

  4. इमरान ख़ान ने इस आंकड़े पर अपनी सरकार की पीठ थपथपाई, भारत सबसे पिछड़ा

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने ट्वीट किया है कि उनकी सरकार ने जिस तरह से कोरोना महामारी को संभाला उसके लिए उन्हें शुभकामनाएं.

    बेरोज़गारी के आँकड़े पर साउथ एशिया इंडेक्स का एक ट्वीट शेयर करते हुए इमरान ख़ान ने लिखा कि उनकी सरकार ने दक्षिण एशिया के सभी देशों से बेहतर किया है.

    इस ट्वीट में बताया गया है कि दक्षिण एशियाई देशों में पाकिस्तान की बेरोज़गारी दर सबसे कम है.

    इसमें दक्षिण एशिया में 2020 से लेकर 2022 की बेरोज़गारी जनसंख्या दर के बारे में बताया गया है जिस दौरान कोरोना महामारी की कई लहरें गुज़री थीं.

    यह आंकड़े वर्ल्ड बैंक से लिए गए हैं जिसमें भारत में सबसे अधिक 8 फ़ीसदी बेरोज़गारी दर बताई गई है. इसके बाद मालदीव, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका, नेपाल और पाकिस्तान का नंबर है.

    पाकिस्तान में बेरोज़गारी दर 4.3 फ़ीसदी बताई गई है.

  5. शिवराज सिंह चौहान क्यों बन गए हैं 'बुलडोज़र मामा'

    बुलडोज़र बाबा की तर्ज़ पर शिवराज सिंह चौहान क्यों बन गए हैं बुलडोज़र मामा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आजकल कहीं भी जा रहे हैं, तो उनके समर्थक बुलडोज़र मामा ज़िंदाबाद के नारे लगाने लगे हैं. उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ को बुलडोज़र बाबा कहा गया था. ऐसा उनके बयानों के कारण हुआ था. चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी ने इसका ख़ूब प्रचार प्रसार किया. बुलडोज़र बाबा के पोस्ट लगे और नारेबाज़ी भी हुई.

    उत्तर प्रदेश चुनाव में योगी सरकार ने क़ानून व्यवस्था और माफ़ियाओं के ख़िलाफ़ कार्रवाई का ज़ोर शोर से प्रचार किया था. अब बारी है मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की. एक दिन पहले ही शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था- मध्य प्रदेश में जितने भी गुंडे और अपराधी हैं, वे सुन लें कि अगर किसी ग़रीब और कमज़ोर की तरफ़ हाथ उठाया, तो मैं मकान खोदकर मैदान बना दूँगा. चैन से नहीं रहने दूँगा किसी भी क़ीमत पर.

    उन्होंने कहा- गुंडे और बदमाश ये न समझ लें कि कांग्रेस और कमलनाथ की सरकार है. यह मामा का राज है. गड़बड़ की तो छोडूँगा नहीं. मामा का बुलडोज़र चला है. जब तक बदमाशों को दफ़न नहीं कर देता, तब तक यह रुकेगा नहीं. अगले साल मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं.

  6. अफ़ग़ानिस्तान में वादे से मुकर गई तालिबान सरकार, लड़कियों के लिए हाई स्कूल नहीं खुले

    अफ़ग़ानिस्तान में स्कूल खोलने को लेकर लड़कियों के उत्साह पर पानी फिर गया है. अफ़ग़ानिस्तान में सरकार ने भरोसा दिलाया था कि 23 मार्च से स्कूल खुल रहे हैं और लड़कियों को स्कूल जाने की अनुमति दी जाएगी. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. अफ़ग़ानिस्तान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है कि देश में गर्ल्स हाई स्कूल अभी नहीं खुल रहे हैं. न्यूज़ एजेंसी के अनुसार स्कूल यूनिफ़ॉर्म को लेकर चिंता के कारण ऐसा किया गया है.

    अफ़ग़ानिस्तान के टीवी चैनल टोलो न्यूज़ की ओर से जारी वीडियो में लड़कियों को रोते देखा जा सकता है. पिछले साल अगस्त में अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता संभालने के बाद तालिबान ने घोषणा की थी कि लड़कियों के लिए सेकेंडरी स्कूल बंद रहेंगे.

    पिछले साल सितंबर में तालिबान ने छठी क्लास तक के लिए लड़कियों के कुछ स्कूलों को खोलने की अनुमति दी थी. साथ ही महिलाओं को यूनिवर्सिटी जाने की भी अनुमति दी गई थी. लेकिन लड़कियों के लिए हाई स्कूल बंद ही रहे.

  7. बीरभूम हिंसा का कलकत्ता हाई कोर्ट ने लिया संज्ञान, आज होगी सुनवाई

    पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले के रामपुरहाट इलाक़े में हुई हिंसा पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है.

    मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले पर आज दोपहर 2 बजे सुनवाई करेगी.

    टीएमसी नेता भादू शेख़ की हत्या के बाद हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत हुई है.

    इस घटना के बाद सत्तारुढ़ टीएमसी और बीजेपी के बीच तीखी बयानबाज़ी शुरू हो गई है.

    दूसरी ओर राज्यपाल जगदीप धनखड़ के बयान के बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि वो उनकी टिप्पणी से आहत हैं.

    बीजेपी की पाँच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग टीम शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा करने वाली है, इसमें पश्चिम बंगाल के दो नेता भी शामिल हैं. लेफ्ट का प्रतिनिधिमंडल भी आज घटनास्थल का दौरा करने वाला है.

  8. किसने कहा- पीएम साब, विवेक अग्निहोत्री और अनुपम खेर को राज्यसभा एमपी बना दीजिए

    जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ़्रेंस के चेयरमैन सज्जाद लोन ने कहा है कि द कश्मीर फ़ाइल्स एक फ़िक्शन फ़िल्म है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वे विवेक अग्निहोत्री को वे राज्यसभा सांसद बना दें. पत्रकारों से बात करते हुए सज्जाद लोन ने कहा- मैं प्राइम मिनिस्टर साहब से अपील करता हूँ कि विवेक अग्निहोत्री को राज्यसभा एमपी बना दें, वरना वे पता नहीं क्या- क्या बना देंगे. आजकल नया फ़ैशन हो गया है. चाहे वो विवेक अग्निहोत्री हों या अनुपम खेर, सब यही चाहते हैं कि इन्हें राज्यसभा भेज दिया जाए. अन्यथा ये लोग इस देश को नफ़रत में डुबो देंगे.

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्रियों फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, उमर अब्दुल्लाह और महबूबा मुफ़्ती ने भी द कश्मीर फ़ाइल्स की आलोचना की थी और कहा था कि ये फ़िल्म बाँटने वाली है. लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के कई नेताओं और मंत्रियों ने फ़िल्म की सराहना की और कई नेताओं ने तो फ़िल्म देखी भी.

    सज्जाद लोन ने कहा कि कोई भी कश्मीरी पंडितों की पीड़ा से इनकार नहीं कर रहा है, लेकिन कश्मीरी मुसलमानों ने भी बहुत कुछ सहा है. सज्जाद लोन ने कहा- इसमें कोई शक नहीं कि कश्मीरी पंडितों के साथ अन्याय हुआ है. लेकिन कश्मीरी मुसलमानों ने पंडितों से 50 गुना ज़्यादा सहा है. हम सिर्फ़ एक समुदाय की पीड़ा का दस्तावेज़ नहीं बना सकते. हम सब इसमें साथ हैं. मैंने अपने पिता को भी खोया था.

  9. हैदराबाद में आग लगने से 11 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख

    हैदराबाद में सिकंदराबाद के बोयागुडा के नज़दीक़ कबाड़ के एक गोदाम में आग लगने से 11 मज़दूरों की मौत हो गई है. ये सभी अलग-अलग राज्यों से संबंध रखते थे.

    स्थानीय लोगों के मुताबिक़, देर रात लगी आग के दौरान गोदाम में 12 मज़दूर थे. इनमें से एक मज़दूर सुरक्षित बचने में सफल रहा.

    प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया है कि पीएम नरेंद्र मोदी को इस दुर्घटना से गहरा दुख पहुँचा है और मारे गए लोगों के परिजनों के साथ उनकी संवेदनाएँ हैं.

    साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मारे गए लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है.

    शुरुआती जाँच में पता चला है कि मारे गए 11 लोगों में आठ मज़दूरों की उम्र 20 से 30 साल के बीच और दो की 30 साल से अधिक थी जबकि एक मज़दूर की आयु 40 वर्ष थी.

    दुर्घटना के बाद आठ दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया था. अब परिस्थितियाँ नियंत्रण में हैं. आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.

    गोदाम में ख़ाली शराब की बोतलें और गैस सिलेंडर भी मिले हैं.

  10. रूसी अल्टीमेटम के आगे डटा यूक्रेन

    मारियुपोल शहर की रूस ने घेराबंदी कर रखी है और यूक्रेन को सरेंडर करने के लिए अल्टीमेटम दिया है. लेकिन यूक्रेन ने हथियार डालने से मना कर दिया है.

    रूस का कहना है कि यूक्रेन अगर हथियार डाल देगा तो लड़ाकों और नागरिकों को मारियुपोल से निकलने के लिए सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा. मारियुपोल के चारों ओर रूसी सैनिक हैं. तीन लाख लोग अभी भी फंसे हैं. राशन और दवाएं ख़त्म होती जा रही हैं.

    जो निकलने में कामयाब हुए, वो यहां से लगभग 200 किलोमीटर दूर ज़ेपोरज़िया पहुंचे.

    वहीं से बीबीसी संवाददाता वायर डेवीस ने भेजी है ये रिपोर्ट, जिसके कुछ दृश्य आपको विचलित कर सकते हैं.

  11. यूक्रेन का दावा- चेर्नोबिल की प्रयोगशाला को रूसी सैनिकों ने किया तबाह

    यूक्रेनी अधिकारियों ने दावा किया है कि चेर्नोबिल परमाणु पावर प्लांट पर कब्ज़ा किए रूसी सैनिकों ने यहां की एक प्रयोगशाला को "लूटा है और उसे तबाह" किया है.

    एक्स्क्लूसिव ज़ोन मैनेजमेन्ट के लिए यूक्रेन की सरकारी एजेंसी ने कहा है कि रूसी सैनिकों ने उनकी सेंट्रल एनालिटिकल लेबोरेटरी को नुक़सान पहुंचाया है, जहां पर बड़ी मात्रा में परमाणु कचरा रखा हुआ था.

    अपने फ़ेसबुक पन्ने पर एजेंसी ने कहा, "वहां पर रेडियोन्यूक्लाइड के नमूने रखे थे जो बेहद एक्टिव थे, ये अब दुश्मन के हाथों में हैं."

    एजेंसी के अनुसार इस प्रयोगाशाला को 60 लाख यूरो खर्च कर बनाया गया था और बताया जाता है कि यहां ऐसे बेहद "महत्वपूर्ण उपकरण" रखे गए थे जो यूरोप में कहीं और नहीं हैं.

    1986 में चेर्नोबिल में दुनिया का सबसे भयावह परमाणु हादसा हुआ था. उसके बाद से ये प्लांट बंद है, हालांकि इसे नियमित तौर पर रखरखाव की ज़रूरत पड़ती है.

    यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध शुरू करने के कुछ दिनों में रूसी सेना ने इस पावर प्लांट पर कब्ज़ा कर लिया था, और यहां काम करने वाले कर्मचारियों को कुछ दिन वहीं रखा था. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था.

    इस सप्ताह की शुरूआत में यूक्रेन की ससंद ने कहा था कि चेर्नोबिल प्लांट के आसपास की जगह के जेगलों में आग लग गई है. सैटलाइट तस्वीरों में भी इस बात की तस्दीक हुई थी.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, ऐश्ली बार्टी ने लिया संन्यास, 25 साल की उम्र में टेनिस को कहा अलविदा

    दुनिया की नंबर वन ऑस्ट्रेलियाई टेनिस खिलाड़ी ऐश्ली बार्टी ने खेल की दुनिया के सभी लोगों को चौंकाते हुए 25 साल की कम उम्र में खेल से संन्यास ले लिया है.

    44 साल के बाद अपनी ज़मीन पर ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीतने वाली ऐश्ली ने संन्यास लेने की घोषणा करते हुए कहा, "मैं टेनिस से संन्यास ले रही हूं, इसका एलान करना मेरे लिए मुश्किल और भावनात्मक पल है."

    अपनी दोस्त और डबल्स में पार्टनर रही केसी डेलाक्वा के साथ इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए एक वीडियो संदेश में ऐश्ली ने कहा कि "खेल से मुझे जो कुछ मिला उसके लिए मैं शुक्रगुज़ार हूं. इसने मेरे सपनों को पूरा किया है. लेकिन मेरे लिए यही सही वक्त है कि मैं अब अपने रैकेट को रख दूं और अपने दूसरे सपनों को पूरा करूं."

    ऐश्ली बार्टी दो सालों से दुनिया की नंबर वन खिलाड़ी बनी हुई हैं. उन्होंने 2019 में फ्रैंच ओपन, 2021 में विम्बिल्डन और इस साल ऑस्ट्रेलिया ओपन जीता था. फ्रैंच ओपन उनका पहला ग्रैंड स्लैम था.

  13. बीरभूम हिंसा पर राज्यपाल बोले- प्रदेश मानवाधिकारों के उल्लंन की प्रयोगशाला बन गया है

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले के रामपुरहाट इलाक़े के बोगतुई गांव में हुई हिंसा के बाद पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में आठों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. मरने वालों में कम से कम तीन महिलाएं शामिल हैं.

    इस मामले में पुलिस ने दो एफ़आईआर दर्ज की है, एक डिप्टी प्रधान भादू शेख़ की हत्या के मामले में और एक घरों पर हमला करने के मामले में.

    घटना में अब तक 23 गिरफ्तार. टीएमसी के मृत नेता भादू शेख के परिजनों समेत कई परिवारों ने घर छोड़ कर दूसरी जगह शरण ली. पुलिस अधीक्षक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा है कि आग किसने लगाई इस बारे में जांच चल रही है.

    इधर बीजेपी की एक पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग टीम शुक्रवार को मौक़े का दौरा, करने वाली है, इसमें पश्चिम बंगाल के दो नेता भी शामिल हैं. लेफ्ट का प्रतिनिधिमंडल भी आज घटनास्थल का दौरा करने वाला है.

    इससे पहले बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाक़ात की और मांग की कि केंद्र सरकार उचित कार्रवाई करे और मामले में हस्तक्षेप करे. प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से घटनास्थल का दौरा करने की भी गुज़ारिश की.

    इससे पहले राज्यपाल ने इस घटना को भयंकर बताते हुए प्रदेश में क़ानून और व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाया था. उन्होंने कहा कि "प्रदेश मानवाधिकारों के उल्लंन की प्रयोगशाला बन गया है, प्रदेश की छवि को पूरी तरह बदलने की ज़रूरत है."

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देर रात उनको एक पत्र में पूरे मामले की जानकारी दी और कहा कि उनकी टिप्पणी से वे आहत हैं, इससे जांच में बाधा पहुंचेगी.

    उन्होंने कहा, "जब बीजेपी के शासन वाले राज्यों में ऐसी घटनाएं होती हैं तब राज्यपाल चुप रहते हैं. लेकिन बंगाल में कुछ होते ही वे सक्रिय हो जाते हैं."

    बीते 11 वर्षों में यह पहली घटना है जिसमें एक साथ इतनी अधिक संख्या में लोग मारे गए हैं. इससे पहले सात मार्च, 2011 को पश्चिमी मेदिनीपुर के नेताई में एक साथ नौ लोगों की हत्या हुई थी.

    लालन शेख नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि "भादू इलाके में टीएमसी संगठन को मजबूत बनाने में जुटे थे. यह घटना सोमवार रात 8 से 8.30 के बीच की है. भादू पर कुछ लोगों ने बम फेंक दिया था."

    वो कहते हैं कि बीते साल भादू के भाई की हत्या हो गई थी.

    एक और प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने थाने में हमलावरों के ख़िलाफ़ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है.

  14. भारत के लिए अमेरिका 'पार्टनर ऑफ़ चॉइस'- व्हाइट हाउस प्रवक्ता

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है कि दुनिया के दूसरे सहयोगियों की तरह भारत के लिए अमेरिका 'पार्टनर ऑफ़ चॉइस' है.

    मंगलवार को हुई व्हाइट हाउस की प्रेस वार्ता में नेड प्राइस ने कहा कि साझा हितों को देखते हुए अमेरिका अभी भी भारत का सहयोगी है और एशिया प्रशांत क्षेत्र को लेकर दोनों के साझा हित हैं.

    उन्होंने कहा, भारत और अमेरिका में गहरे संबंध हैं. अगर ऐतिहासिक रिश्तों को अलग कर देखा जाए तो अमेरिका भारत के लिए 'पार्टनर ऑफ़ चॉइस' है.

    इससे पहले राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को कहा था कि क्वॉड गठबंधन में शामिल देशों के बीच भारत अकेला ऐसा मुल्क है जिसका रवैया रूस को अलग-थलग करने को लेकर ढुलमुल रहा है. हालांकि क्वॉड गठबंधन में शामिल ऑस्ट्रेलिया ने कहा था कि रूस और भारत के बीच के रिश्ते ऐतिहासिक हैं और ऑस्ट्रेलिया भारत की स्थिति समझ सकता है.

    नेड प्राइस से सवाल पूछा गया था कि 'क्या क्वॉड गठबंधन के सभी सहयोगी भारत और रूस के बीच के ऐतिहासिक रिश्तों की बात समझते हैं और इसे स्वीकार करते हैं और क्या इसका असर आने वाले वक्त में क्वाड पर पड़ेगा?'

    क्वॉड यानी क्वॉडिलैटरल सिक्योरिटी डायलॉग भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ गठबंधन है जिसका मानना है कि एशिया प्रशांत क्षेत्र को मुक्त रखा जाना चाहिए.

    चीन ने हाल के सालों में एशिया प्रशांत क्षेत्र में अपने कृत्रिम टापू बनाए हैं और वो इस इलाक़े पर अपना प्रभुत्व बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. माना जाता है कि क्वॉड चीन की इसी कोशिश के ख़िलाफ़ बनाया गया है.

    इस सवाल के जवाब में नेड प्राइस ने कहा कि "क्वॉड में भारत की जगह, और क्वॉड और द्विपक्षीय स्तर पर हमारे संबंधों के बारे में ये कहा जा सकता है कि मुक्त एशिया प्रशांत क्षेत्र के हमारे सपने को पूरा करने में भारत हमारा महत्वपूर्ण सहयोगी है. हम जानते हैं कि क्वॉड का उद्देश्य इससे जुड़ा है."

    "क्वॉड में शामिल मुल्कों के नेताओं ने मार्च की शुरुआत में रूस-यूक्रेन के मुद्दे पर चर्चा की थी. इससे पहले विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भी भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात की थी. इन चर्चाओं के दौरान एशिया प्रशांत क्षेत्र को मुक्त बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई थी और इस इलाक़े से जुड़े मुल्कों की संप्रभुता का सम्मान करने पर भी सहमति बनी थी."

    "लेकिन अब सवाल इतिहास और आज के उस अहम मोड़ का है जहां हम खड़े हैं. हाल में राजनीतिक मामलों की अंडर सेक्रेटरी विक्टोरिया नुलैंड भारत के दौरे पर गई थीं. उन्होंने भी इसी मुद्दे पर बात की थी और कहा था कि रूस के साथ भारत के ऐतिहासिक रक्षा और सुरक्षा संबंध रहे हैं."

    "ये पुराने रिश्ते हैं और उस वक्त न तो अमेरिका और न ही हमारे दूसरे सहयोगियों के भारत के साथ उस तरह के रिश्ते थे. वो वक्त अलग था और उस वक्त चिंताएं अलग थीं. लेकिन अब वक्त बदल गया है. भारत के हमारे मज़बूत रक्षा और सुरक्षा सहयोगी बनने की हमारी इच्छा और क्षमता के संदर्भ अब बदल गए हैं. बीते 25 सालों में हम दोनों के बीच द्विपक्षीय रिश्ते, असहमति के बावजूद और गहरे हुए हैं."

    "सच कहें तो अब अमेरिका भारत का सहयोगी है. साझा हितों के मामले में अमेरिका भारत का सहयोगी है और एशिया प्रशांत इलाक़े को लेकर हमारे साझा हित हैं. रक्षा और सुरक्षा के लिहाज़ से हम इस रिश्ते को आगे बढ़ा रहे हैं. इसलिए ऐतिहासिक रिश्तों से अलग दुनिया के हमारे दूसरे सहयोगियों की तरह हम भारत के लिए 'पार्टनर ऑफ़ चॉइस' हैं "

  15. रूस के ख़िलाफ़ बेलारूस के लड़ाकों की तैयारी

    बेलारूस उन चंद देशों में से एक है जो रूस के साथ है. लेकिन वहां के कुछ लड़ाके यूक्रेन की मदद के लिए और रूस से लड़ने के लिए जा रहे हैं.

    आख़िर क्या है उनके मन में, पोलैंड की राजधानी वारसा में बीबीसी संवाददाता मार्क लोवेन, कुछ ऐसे ही लोगों से मिले जो यूक्रेन जाने के लिए अपनी तैयारी कर रहे थे.

  16. नैटो की बैठक में नेताओं को संबोधित करेंगे ज़ेलेंस्की

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की गुरुवार को नैटो मुल्कों के बैठक में नेताओं को संबोधित करेंगे. ब्रसेल्स में होने वाली इस बैठक में वो वीडियो लिंक के ज़रिए शामिल होंगे.

    नैटो के एक अधिकारी ने एफ़पी को बतया कि ज़ेलेंस्की को वीडियो लिंक के ज़रिए बैठक में नेताओं के सामने अपनी बात रखने के लिए न्योता दिया गया है.

    उन्होंने कहा, "ये सीधे तौर पर राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के ज़रिए रूसी हमलों की वजह से फंसे यूक्रेनी नागरिकों के बारे में जानने का मौक़ा होगा."

    गुरुवार को होने वाली नैटों की बैठक में यूक्रेन के आसपास के नैटो मुल्कों की सुरक्षा को और कड़ा करने और यूक्रेन पर रूस के हमले के विरोध में एक साझा प्रतिक्रिया देने को लेकर चर्चा होगी.

  17. जीने-मरने का सवाल हुआ तो इस्तेमाल करेंगे परमाणु हथियार - दिमित्री पेस्कोव

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि "अगर सवाल जीने-मरने का हुआ" तो रूस परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेगा, और इनका इस्तेमाल "देश की सुरक्षा" के लिए किया जाएगा.

    मंगलवार को सीएनएन के दिए एक इंटरव्यू में पेस्कोव ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग में परमाणु हथियारों के संभावित इस्तेमाल से इनकार नहीं किया था.

    इंटरव्यू के दौरान इन हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े एक सवाल पर पेस्कोव ने कहा था, "देश की सुरक्षा को लेकर हमारी एक अवधारणा है और ये सार्वजनिक है. आप देख सकते हैं कि किन-किन हालातों में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की बात की गई है. अगर हमारे देश के सामने जीने-मरने का सवाल पैदा होता है तो हम अपनी नीति के अनुसार परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकते हैं."

    इससे पहले यूक्रेन पर हमले के कुछ दिन बाद 28 फरवरी को व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि उन्होंने रणनीतिक तौर पर अहम हथियारों (जिनमें परमाणु हथियार भी शामिल हैं) को स्पेशल अलर्ट पर रखने के आदेश दिए हैं.

    हालांकि पेस्कोव के इस बयान पर जानकारों का कहना है कि इसे देश की परमाणु नीति में बदलाव की तरह नहीं देखा जाना चाहिए.

    आईएसईसी पार्टनर्स एंड एनएसजी सिक्योर के प्रमुख सुरक्षा सलाहकार मैट टेट ने ट्वीट कर कहा कि "ये कोई नई बात नहीं है, ये नीति सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध है. उन्हें परमाणु हथियारों के बारे में बात कर के अमेरिका को डराने में मज़ा आता है, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि इनके इस्तेमाल को लेकर उनकी नीति में कोई बदलाव आया है."

  18. यूक्रेन: फ्रंटलाइन पर बीबीसी रिपोर्टर का आंखों-देखा हाल

    यूक्रेन के एकदम पूर्वी किनारे की ओर जाते ही खंडहर हो चुके देश की तस्वीर आपके सामने दिखाई देती है.

    खारकीएव शहर में जीवन के निशान जैसे ख़त्म हो गए हैं. यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर में तक़रीबन ब्लैकआउट है.

    यूक्रेनी पुलिस बीबीसी संवाददाता को गश्त पर साथ ले गई है. देखिए उनकी रिपोर्ट.

  19. मारियुपोल में अब भी क़रीब एक लाख लोग फंसे, न खाना है न पानी

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि देश के दक्षिणी बंदरगाह शहर मारियुपोल में रूसी बमबारी के बीच अब भी क़रीब एक लाख आम नागरिक फंसे हुए हैं.

    अपने फ़ेसबुक पन्ने पर उन्होंने कहा, "अब भी शहर में बेहद अमानवीय हालात में क़रीब एक लाख लोग फंसे हुए हैं. वहां रूसी सेना ने पूरी घेराबंदी कर दी है, वहां न तो लोगों के पास खाना है, न पानी और न ही दवा. वहां लगातार बमबारी हो रही है."

    उन्होंने कहा कि मानवीय गलियारे के ज़रिए लोगों को वहां से बाहर निकालने की कोशिशें रूस की "लगातार बमबारी और फैलाए डर के कारण" बाधित हुई हैं.

    उन्होंने कहा कि मंगलवार को मानवीय राहत कार्य के आए कुछ लोगों को रूस ने पकड़ लिया है, इसमें यूक्रेनी सरकारी कर्मचारी और उनके बस ड्राइवर हैं जिन्हें कैद कर लिया गया है.

    उन्होंने कहा कि "इन सभी मुश्किलों के बीच मंगलवार को मारियुपोल से 7,026 नागरिकों को बाहर निकाला गया है."

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि बीते दो सप्ताह में यूक्रेन को क़रीब एक लाख टन राहत सामग्री मिली है. उन्होंने ये भी कहा कि ब्रसेल्स में गुरुवार हो रही नैटो मुल्कों के नेताओं की बैठक में पश्चिमी मुल्क रूस के ख़िलाफ़ और प्रतिबंध लगाएंगे.

    उन्होंने कहा कि मंगलवार को उन्होंने ईसाई धर्मगुरू पोप फ्रांसिस से बात की है और उन्हें यूक्रेन आने का न्योता दिया है.

  20. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 21 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.