उद्धव ठाकरे के साले श्रीधर पाटनकर के 11 फ़्लैट ज़ब्त, ईडी ने की कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साले श्रीधर पाटनकर के खिलाफ कार्रवाई की है.
इस कार्रवाई में पाटनकर के 11 फ्लैटों को ज़ब्त कर लिया गया है. ईडी ने कहा कि इन फ्लैटों की कीमत 6 करोड़ 45 लाख रुपये है.
शिवसेना ने इस कार्रवाई की निंदा की है. शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई है.
राउत ने कहा, " पाटनकर सिर्फ़ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के ही रिश्तेदार नहीं है वे हमारे परिवार के भी सदस्य हैं. ईडी उन राज्यों में ख़ूब कार्रवाइयां कर रही है जहां बीजेपी सत्ता में नहीं है."
आख़िर मामला क्या है?
ईडी ने छह मार्च 2017 को पुष्पक ग्रुप के खिलाफ पीएमएलए एक्ट के तहत केस दर्ज किया था.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने श्रीधर माधव पाटनकर के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर बयान जारी किया है.
ईडी के मुताबिक पुष्पक ग्रुप की 6.45 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. इसमें ठाणे में नीलांबरी परियोजना में 11 आवासीय फ्लैट शामिल हैं.
नीलांबरी परियोजना का स्वामित्व श्री साईबाबा गृहिणीर्मति प्राइवेट लिमिटेड के पास है. इस कंपनी के मालिक श्रीधर माधव पाटनकर हैं.