यूक्रेन पर रूस के हमले का 21 वां दिन : अब तक क्या-क्या हुआ?

यूक्रेन पर रूस का हमला लगातार जारी है. आज भी यूक्रेन के कई शहरों में ताबड़तोड़ रूसी हमले हुए हैं. और क्या-क्या हुआ बुधवार को?

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद, दीपक मंडल and कमलेश मठेनी

  1. हिजाब विवाद पर अभी नहीं होगी सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट ने बताई वजह

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कर्नाटक से शुरू हुए हिजाब विवाद पर तत्काल सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली गई थी. लेकिन, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वो होली की छुट्टियों के बाद सुनवाई से जुड़ी याचिकाओं को सूचीबद्ध करने पर विचार करेगा.

    याचिकाकर्ताओं के वकील संजय हेगड़े ने कोर्ट से इस मामले पर तत्काल सुनवाई की मांग की थी. लेकिन, सुप्रीम कोर्ट होली के बाद ही तय करेगी कि इस पर कब सुनवाई होगी.

    इससे पहले कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार को छात्राओं की याचिका ख़ारिज करते हुए कहा था कि हिजाब इस्लाम का अनिवार्य हिस्सा नहीं है. ऐसे में छात्राओं के लिए स्कूल-कॉलेजों में स्कूल यूनिफॉर्म पहनना ही अनिवार्य होगा.

    कर्नाटक हाई कोर्ट के इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए, छात्राओं की ओर से एक स्पेशल लीव पेटिशन दायर की गई थी.

    इस विवाद की शुरुआत उडुपी से हुई थी जहाँ एक कॉलेज में कुछ मुसलमान लड़कियों के हिजाब पहनने पर हंगामा हुआ था, और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुए थे जिनमें केसरिया पटका पहनकर हिजाब के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने वाले लोगों को दिखाया गया था.

    हिजाब पहनने को लेकर देश में कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुए और फिर ये मामला कोर्ट पहुंच गया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  2. Live: भगवंत मान लेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ, शपथ ग्रहण समारोह भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में. (क्रेडिट- ANI)

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, आईसीसी महिला विश्व कप में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया

    महिला टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आईसीसी महिला विश्व कप के मैच में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया है.

    इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था और भारतीय महिला टीम को 134 रनों पर ऑलआउट कर दिया था.

    इसके बाद इंग्लैंड ने 31.2 ओवरों में 6 विकेट के नुक़सान पर 136 रन बनाकर भारतीय टीम को हरा दिया.

    विश्व कप में अब तक हुए भारत के 4 मैचों में उसे दो मैच में जीत और दो में हार मिली है.

  4. शेयर बाज़ार में खुलते ही आया उछाल, बीएसई सेंसेक्स में 800 अंकों की बढ़ोतरी

    सेंसेक्स

    इमेज स्रोत, PTI

    शेयर बाज़ार के बुधवार को खुलते ही बीएसई सेंसेक्स में 800 अंकों का उछाल देखा गया. शेयर बाज़ार में ये तेज़ी रूस-यूक्रेन वार्ता के समाधान की उम्मीद से वैश्विक बाज़ार में बने सकारात्मक माहौल के कारण आई है.

    बीएसई सेंसेक्स 808.69 अंकों या 1.45 प्रतिशत के उछाल के साथ 56,585.54 पर खुला.

    वहीं, निफ़्टी में भी कुछ तेज़ी आई है. ये 233.20 अंकों या 1.4 प्रतिशत ऊपर चढ़कर 16,896.20 पर खुला.

    एचडीएफसी के शेयरों में सबसे ज़्यादा 3.5 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला है. इसके बाद एक्सिस बैंक, बजाज फाइनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर बढ़े हैं.

    केवल सन फार्मा के शेयरों में गिरावट आई है. कंपनी के शेयर 0.41 प्रतिशत गिरे हैं.

    पिछले सत्र में, बीएसई सूचकांक 709.17 अंक या 1.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 55,776.85 पर बंद हुआ था.

    इसी तरह एनएसई निफ़्टी 208.30 अंक या 1.23 फीसदी गिरकर 16,663 पर बंद हुआ.

    इस बीच यूक्रेन ने कहा है कि अब लग रहा है कि रूस के साथ असल बातचीत हो रही है. उसने रूस के साथ किसी समझौते की संभावना के संकेत दिए हैं.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, ‘वन रैंक वन पेंशन’ को सुप्रीम कोर्ट ने ठहराया वैध

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार के वन रैंक वन पेंशन (OROP) लागू करने के फ़ैसले को बरक़रार रखा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि उसने OROP के सिद्धांत में कोई संवैधानिक दोष नहीं पाया है और न ही उसे 7 नवंबर 2015 की अधिसूचना में कोई ख़ामी मिली है.

    इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार सरकार से कहा है कि वो फिर से इसे निर्धारित करने की एक्सरसाइज़ पूरी करे.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि यह एक्सरसाइज़ 1 जुलाई 2019 की तारीख़ से की जाएगी और सैन्य कर्मियों को 3 महीने के अंदर सभी बकायों का भुगतान किया जाए.

  6. नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफ़ा, ट्वीट की चिट्ठी

    कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू

    इमेज स्रोत, EPA

    पंजाब में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफ़ा दे दिया है. इस्तीफ़े की चिट्ठी उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट की है.

    उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए लिखा है, "मैं अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देता हूं."

    इससे पहले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद सोनिया गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से इस्तीफ़ा मांगा था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरेजावाला ने ट्वीट कर कहा था, "कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के पीसीसी अध्यक्षों से कहा है कि वे पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के पुनर्गठन के लिए अपना इस्तीफ़ा दें."

    सोनिया गांधी के कहने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी अपना इस्तीफ़ा दे चुके है.

    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की गोवा इकाई के प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने पीटीआई को बताया था कि गिरीश चोडनकर ने एआईसीसी को अपना इस्तीफ़ा भेज दिया है. गिरीश चोडनकर गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे.

    पंजाब, गोवा और उत्तराखंड ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस की जमीन मजबूत थी लेकिन पार्टी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई. पंजाब में सिद्धू और चरणजीत चन्नी की आपसी लड़ाई भी हार की एक वजह बनी.

    वहीं, उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी ने चुनाव की कमान संभाली लेकिन नतीजे पक्ष में नहीं आए. 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस सिर्फ़ दो ही सीट पर जीत दर्ज़ कर सकी.

  7. असम में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना मुसलमानों की ज़िम्मेदारी: हिमंत बिस्व सरमा

    हिमंता बिस्व सरमा

    इमेज स्रोत, ANI

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को विधानसभा में ये दावा किया कि राज्य में मुसलमान सबसे बड़े समुदाय बन गए हैं और उन्हें एक बहुसंख्यक समाज की तरह बर्ताव करना शुरू कर देना चाहिए.

    मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना मुसलमानों की ही जिम्मेदारी है. उनका इशारा ख़ासतौर पर बंगाली बोलने वाले मुसलमानों को लेकर था.

    इसके अलावा वंशवाद पर पीएम मोदी का बयान और अमेज़ॉन और फ़्यूचर रीटेल की बातचीत टूटी, पढ़ें आज की सुर्खियां-

  8. अमेरिकी सीनेट ने राष्ट्रपति पुतिन को माना युद्ध अपराधी

    राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, AFP

    अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट ने एकमत से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध अपराधी ठहराए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है.

    एक दुर्लभ घटना में सीनेट के भीतर हर दल के सदस्यों ने प्रस्ताव को पास कर हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय से यूक्रेन पर हमला करने के पुतिन के फैसले की जांच की मांग की.

    डेमोक्रेटिक सीनेटर चक शूमर ने मंगलवार को मतदान से पहले एक भाषण में कहा कि पुतिन को यूक्रेन में किए गए ‘अत्याचार’ के लिए ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए.

    बिल पेश करने वाले एक रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘हमारा अगला कदम अपने ब्रितानी और अन्य सहयोगियों के साथ काम करना होगा ताकि एक सूचना सेल बनाया जाए जो युद्ध अपराधों में लिप्त रूसी सैन्य इकाइयों और कमांडरों की सार्वजनिक जानकारी देगी.’’

    उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें शर्मिंदा महसूस कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा.’’

  9. ज़ेलेंस्की ने कहा, रूस के साथ बातचीत अब 'ज़्यादा असल' लग रही है

    राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Facebook/ Zelensky

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने शांतिवार्ता को लेकर कहा कि अब लग रहा है कि रूस के साथ 'असल बातचीत' हो रही है.

    उन्होंने फेसबुक पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रूस पर जीत के लिए यूक्रेन के सभी नागरिकों का समर्थन ज़रूरी है. इसमें रूस के साथ ज़ूम के ज़रिए बातचीत कर रही टीम भी शामिल है.

    रूस का यूक्रेन पर दबाव बना हुआ है कि वो औपचारिक तौर पर ये घोषणा करे कि वो नेटो में शामिल नहीं होगा. साथ ही पूर्वी यूक्रेन के अलगाववादी विद्रोही इलाक़े दोनेत्स्क और लुहांस्क को स्वतंत्र देश के तौर पर मान्यता दे.

    दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत चल रही है जो बुधवार को भी जारी रहेगी.

    यूक्रेन के प्रतिनिधि मिखाइलो पोदलियाक ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत में मौलिक अंतर्विरोध हैं लेकिन समझौते के लिए जगह बनी हुई है.

  10. भगवंत मान आज बनेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री, भगत सिंह के गांव में लेंगे शपथ

    आप नेता भगवंत मान

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान आज पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं.

    भगवंत मान का शपथ ग्रहण समारोह पंजाब के नवांशहर में भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा.

    ऐसी रिपोर्टें हैं कि इस समारोह में किसी वीआईपी को न्योता नहीं दिया गया है. आम लोगों से इस समारोह में शामिल होने की अपील की गई है. हालांकि, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.

    वहीं, पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित भी शपथ दिलाने के लिए खटकड़ कलां पहुंच गए हैं.

    भगवंत मान ने अपने शपथग्रहण समारोह के लिए पुरुषों से पीली पगड़ी और महिलाओं से पीली शॉल पहनकर आने की अपील की है. भगत सिंह की पीली पगड़ी को ध्यान में रखकर ये अपील की गई है. भगवंत मान खुद भी पीली पगड़ी पहनते हैं.

    भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    पंजबा चुनाव में बड़ी जीत

    पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ जीत मिली थी.

    पार्टी को पंजाब की 117 सीटों में से 92 सीटें हासिल हुई थीं. वहीं, कांग्रेस को 18, बीजेपी को 2 और अकाली दल को 3 सीटें मिली थीं.

    भगवंत मान धुरी सीट से विधायक हैं. यहां से उन्होंने कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी को हराया है.

    इसे पार्टी की एतिहासिक जीत बताया गया क्योंकि इसमें कांग्रेस और अकाली दल जैसी पंजाब की प्रमुख पार्टियां हाशिये पर आ गईं.

    कई दिग्गज नेता अपने गढ़ से चुनाव हार गए. पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल ने अपनी सीटें गवां दीं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  11. नमस्कार! बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पन्ने में आप सबका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर देश-दुनिया की अहम ख़बरों और अपडेट्स से आपको अवगत कराते रहेंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.