यूक्रेन पर रूस के हमले का 20वां दिन, जानिए आज क्या क्या हुआ?

इमेज स्रोत, Getty Images
यूक्रेन पर रूसी हमलों में आज 20वें दिन भी कोई कमी आती नहीं दिखी है. वार्ताएं तो जारी हैं लेकिन हवाई हमले नहीं थम रहे. आइए एक नज़र डालते हैं कि मंगलवार को अब तक यूक्रेन में क्या-क्या हुआ है -
- यूक्रेन की राजधानी कीएव के मेयर का कहना है कि राजधानी एक 'खतरनाक समय' में प्रवेश कर रही है और आज रात से गुरुवार तक लगातार कर्फ्यू की घोषणा की है. अधिकारियों का कहना है कि शहर पर ताजा हमलों में आज सुबह चार लोग मारे गए
- कीएव और मॉस्को के बीच शांति वार्ता आज भी जारी है, यूक्रेन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई समझौता नहीं हुआ तो रूस अपने हमलों को फिर से शुरू कर सकता है
- ब्रिटेन 370 हाई प्रोफाइल रूसी लोगों पर प्रतिबंध लगा रहा है. इसके साथ ही रूसी सामान और वोदका को भी प्रतिबंधों के दायरे में लाया जा रहा है.
- यूरोपीय संघ ने चौथे दौर के प्रतिबंधों की घोषणा की है जिसका मकसद मॉस्को की उस आर्थिक क्षमता को तोड़ना है जिसके जरिए यूक्रेन में हमले को तेज किया जा रहा है.
- पोलिश, चेक और स्लोवेनियाई प्रधानमंत्री ट्रेन से कीएव की यात्रा कर रहे हैं, जहाँ वे राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से मिलने की योजना बना रहे हैं
- रूस में, लाइव टीवी समाचार बुलेटिन पर युद्ध का विरोध करने वाले पत्रकार पर मॉस्को की एक अदालत में मुकदमा चल रहा है
- रूस के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन पर प्रतिबंध लगाए हैं. ये प्रतिबंध अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन और सीआईए प्रमुख विलियम बर्न्स पर भी लागू होंगे
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने वीडियो कॉन्फ़्रेंस के ज़रिए लंदन में बैठे यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत की. ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन के लिए मदद मांगी और नेटो पर निशाना साधा.






















