You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में काम करने पर विश्वास जताया

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करने के कुछ दिनों बाद कांग्रेस वर्किंग कमिटी (सीडब्ल्यूसी) ने रविवार को आगे का रास्ते निकालने पर मंथन किया और 'सर्वसम्मति से' पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में काम करने का विश्वास जताया.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and कुमारी स्नेहा

  1. महाराष्ट्र: फोन टैपिंग मामले में फडणवीस को पुलिस ने किया तलब, संजय राउत बोले- कोई भी कानून से ऊपर नहीं

    महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस के समक्ष कथित गैरकानूनी फोन टैपिंग मामले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयान दर्ज कराने के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन को शिव सेना नेता संजय राउत ने 'नाटक' करार दिया है.

    उन्होंने रविवार को कहा कि क्यों कुछ लोग और कुछ राजनीतिक दल खुद को कानून-व्यवस्था से ऊपर मानते हैं और पता नहीं क्यों इस तरह का 'नाटक' किया जा रहा है.

    राउत ने एक ट्वीट में यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र के कई मंत्रियों और प्रतिनिधियों को 'राजनीतिक प्रतिशोध' की भावना से पहले केंद्रीय एजेंसियां तलब कर चुकी हैं.

    राज्य सभा सदस्य और शिव सेना के प्रमुख प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को विशेष अधिकार नहीं मिला हुआ है और कानून के सामने सभी बराबर हैं.

    शिव सेना महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ सत्ता में है. रविवार को बीकेसी साइबर पुलिस की एक टीम फोन टैपिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस का बयान दर्ज कराने के लिए उनके घर पहुंची थी.

    पुलिस ने इस संबंध में फडणवीस को नोटिस जारी किया था. वहीं महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को इसके खिलाफ प्रदर्शन किया और नोटिस की प्रतियां जलाईं.

    भाजपा के विधायक नितेश राणे, विधान पार्षद प्रसाद लाड़ और प्रवीण दरेकर समेत कई नेता फडणवीस के दक्षिणी मुंबई स्थित आवास के बाहर जमा हुए थे.

    राउत ने मराठी में एक ट्वीट में कहा, '' क्यों कुछ लोग और राजनीतिक दल खुद को कानून से ऊपर समझते हैं? केंद्रीय एजेंसियों ने महाराष्ट्र के कई मंत्रियों और जनता के प्रतिनिधियों को राजनीतिक प्रतिशोध की वजह से तलब किया और वे लोग एजेंसियों के समक्ष पेश भी हुए..लोकतंत्र में किसी के पास भी विशेष अधिकार नहीं है. कानून के समक्ष सभी बराबर हैं. तो फिर यह नाटक क्यों हो रहा है?''

    पत्रकारों से बातचीत में महराष्ट्र के मंत्री और शिव सेना नेता आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि महा विकास अघाडी ( शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन की सरकार) सरकार केंद्र की तरह अपने विरोधियों के खिलाफ एजेंसियों का इस्तेमाल नहीं करती है.

    महाराष्ट्र में सत्ता और विपक्ष द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराने की घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा, ''हम सिर्फ कानूनी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हैं. मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं.''

    उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा हताश हो चुकी है इसलिए वह अलग-अलग मुद्दों पर प्रदर्शन कर रही है.

  2. पंजाब: भगवंत मान बुधवार को अकेले शपथ लेंगे, 16 मंत्री बाद में सरकार में शामिल होंगे

    आम आदमी पार्टी ने रविवार को कहा है कि पार्टी नेता भगवंत मान 16 मार्च को अकेले ही शपथ लेंगे.

    उन्हें स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के गांव खटकर कलां में शपथ दिलाई जाएगी. जबकि भगवंत मान के मंत्रिपरिषद के लिए 16 मंत्रियों को बाद में शपथ दिलाई जाएगी.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे.

    अरविंद केजरीवाल इस समय एक दिन की अमृतसर यात्रा पर हैं. वहां वे एक रोड शो में हिस्सा लेने जा रहे हैं.

    भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अमृतसर में रोड शो से पहले जलियांवाला बाग़ जाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया.

    जलियांवाला बाग़ से पहले वे दोनों स्वर्ण मंदिर भी गए.

  3. ब्रिटेन ने कहा, रूस यूक्रेनी सेना के घेरने की कोशिश कर रहा है

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रूसी सेना यूक्रेनी सेना को घेरने की कोशिश कर रही है.

    अपने डेली इंटेलिजेंस में ब्रितानी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना यूक्रेनी सेना को देश के पूर्व में घेरना चाहती है और उत्तर में ख़ारकीएव और दक्षिण में मारियुपोल की तरफ से आगे बढ़ रही है.

    मंत्रालय ने कहा, "क्राइमिया की तरफ से बढ़ रही रूसी सेना मायकोलेव को पार करते हुए पश्चिम में ओडेसा की तरफ बढ़ रही है."

  4. रूस-यूक्रेन युद्ध: अब तक क्या-क्या हुआ

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में इस वक्त क़रीब 10.00 बज रहे हैं. बीबीसी के लाइव पन्ने से अभी-अभी जुड़ रहे पाठकों को बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक क्या-क्या हुआ-

    • यूक्रेन से मिल रही ताज़ा जानकारी के अनुसार यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा है कि रूस ने पश्चिमी यूक्रेन में मौजूद सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमले किए हैं. ये जगह पोलैंड की सीमा से क़रीब छह मील दूर है. पोलैंड नेटो का सहयोगी देश है.
    • लवीव शहर के पश्चिम में बसे योवोरीव में हुए हमले में अब तक किसी से हताहत होने की ख़बर नहीं है. वहीं यूक्रेन के पश्चिमी शहर इवानो-फ्रैंकीएस्क के मेयर ने बताया कि शहर के हवाई अड्डे पर भी हमला हुआ है.
    • यूक्रेन की राजधानी कीएव में लोगों को तड़के फिर हवाई हमलों के सायरन की आवाज़ें सुनाई दी हैं. बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि वहां लगातार गोलाबारी की आवाज़ें आ रही हैं. शहर के उत्तर की तरफ से जंग तेज़ होने की ख़बरें आ रही हैं, रूसी सेना अब शहर के और नज़दीक पहुंच गई है.
    • रूसी सेना ने कथित तौर पर यूक्रेन के दक्षिण में मौजूद अपने कब्ज़े वाले शहर मेलितोपोल में एक नए मेयर की नियुक्ति की है. इससे पहले ख़बरें थी कि शुक्रवार दोपहर को रूसी सेना ने मेलितोपोल के मेयर इवान फेडोरोव का अपहरण कर लिया है. नई मेयर और शहर की परिषद की पूर्व डिप्टी गलिना डेनिलचेंकों ने लोगों से अपील की है कि वो अतिवादी गतिविधियों में हिस्सा न लें.
    • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि शनिवार को यूक्रेन के शहरों में फंसे 13,000 लोगों को मानवीय गलियारों के ज़रिए बाहर निकाला गया है. उनका कहना है कि इससे एक दिन पहले ये संख्या लगभग आधी थी. साथ ही बताया गया है कि रविवार को मारियुपोल शहर में फंसे लोगों के लिए मानवीय राहत भी पहुंचेगी.
    • अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि अमेरिका 200 डॉलर मूल्य के और हथियार, एंटी टैंक और एंटी एयरक्राफ्ट हथियार यूक्रेन को भेजने वाला है.
  5. LIVE 1.1K भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल का रोड शो

    पंजाब में शानदार जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज अमृतसर में रोड शो कर रहे हैं. अधिक जानकारी के साथ मौजूद हैं बीबीसी संवाददाता अरविंद छाबड़ा.

  6. ममता बनर्जी ने कहा, टीएमसी के टिकट पर इस सीट से चुनाव लड़ेंगे शत्रुघ्न सिन्हा

    पश्चिम बंगाल में एक लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं. तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा सीट पर पूर्व मंत्री और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और विधानसभा सीट पर बाबुल सुप्रियो को उम्मीदवार बनाया है.

    तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, "पूर्व मंत्री और जानेमाने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा उपचुनाव में आसनसोल सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. टीएमसी नेता बाबुल सुप्रियो विधानसभा उपचुनाव में बालीगंज से चुनाव लड़ने वाले हैं."

    पिछले साल बाबुल सुप्रियो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी से अलग हो गए थे. उन्होंने आसनसोल सेअपनी लोकसभा सीट से इस्तीफ़ा दे दिया था और उसके बाद टीएमसी का दामन थाम लिया था.

    वहीं, शत्रुघ्न सिन्हा भी पहले बीजेपी में थे लेकिन लंबे समय तक बाग़ी रुख अपनाने के बाद वो बीजेपी से अलग हो गए थे.

  7. इवानो-फ्रैंकीएस्क में हवाई अड्डे पर हुआ हमला: मेयर

    यूक्रेन के पश्चिमी शहर इवानो-फ्रैंकीएस्क के मेयर ने बताया कि शहर के हवाई अड्डे पर हमला किया गया है.

    मेयर रसलान मार्टसिनकीएव ने फेसबुक पर बताया, "शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ आज सुबह हुए धमाके हवाई अड्डे पर हमले के थे. मैं बताना चाहता हूं कि दुश्मन का मकदस डर और घबराहट पैदा करना है."

    ये शहर लवीव के 114 किलोमीटर दक्षिण में है, जहां सैन्य ट्रेनिंग ग्राउंड पर हमला हुआ है.

  8. असम में एक 5 साल के बच्चे की हत्या के आरोपी को भीड़ ने ज़िंदा जलाया

    दिलीप कुमार शर्मा गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    असम की रोहमोरिया पुलिस चौकी के अंतर्गत ढोलजान चाय बागान में एक पांच साल के बच्चे की कथित हत्या के बाद भड़के चाय बागान के लोगों ने आरोपी व्यक्ति को ज़िंदा जला दिया.

    डिब्रूगढ़ शहर से करीब 25 किलोमीटर दूरी पर स्थित ढोलजान चाय बागान की यह घटना शनिवार की है.

    डिब्रूगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक श्वेतांक मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

    घटना को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक पांच साल का उज्जवल मुरा दूसरे बच्चों के साथ शनिवार को आरोपी सुनीत तांती के परिसर में खेल रहा था.

    इस बीच अचानक तांती किसी बात पर गुस्सा हो गए और उन्होंने उज्जवल की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी.

    जैसे ही चाय बागान के लोगों को इस घटना की जानकारी मिली वहां भीड़ जमा होने लगी. इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ने के लिए उनका करीब आधा किलोमीटर तक पीछा किया और बाद में उन्हें जिंदा जला दिया.

    इस घटना के बाद से ढोलजान चाय बागान में आतंक का माहौल है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. लेकिन अब तक इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति की गिरफ़्तारी नहीं हुई है.

  9. यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा, लवीव में सैन्य ट्रेनिंग ग्राउंड पर हुआ हवाई हमला

    बीबीसी यूक्रेनी सेवा के अनुसार अब तक जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक़ लवीव में मौजूद यूक्रेनी सेना के अधिकारियों ने कहा है कि रूस ने यहां हवाई हमले किए हैं.

    अधिकारियों ने कहा है कि रूस ने यहां मौजूद इंटरनेशनल पीसकीपिंग एंड सिक्योरिटी सेंटर पर आठ मिसाइल हमले किए हैं.

    ये केंद्र लवीव से क़रीब 30 किलोमीटर दूर यावोरिव ज़िले में है और सेना का ट्रेनिंग ग्राउंड है. बताया जा रहा है कि इस इलाक़े से हवा में धुंए का गुबार देखा जा सकता है.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, लवीव इलाक़े में सुनाई दी भीषण धमाकों की आवाज़ें- रिपोर्ट

    कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बीबीसी यूक्रेनी सेवा को बताया है कि उन्हें देश के पश्चिम में बसे लवीव शहर में भीषण धमाकों की आवाज़ें सुनाई दी हैं.

    यूएनआईएएन समाचार एजेंसी ने भी सोशल मीडिया यूज़र्स के हवाले से लिखा है कि शहर में दो बड़े धमाके सुने गए हैं.

    वहीं स्थानीय मीडिया रिपोर्टस के अनुसार लवीव और यूक्रेन के कई और इलाक़ों में रातभर हवाई हमलों के सायरन की आवाज़ें सुनी गई हैं.

    कीएव इंडिपेन्डेंट ने कहा है कि मिल रही ख़बरों के मुताबिक़ ल्वीव में रूसी मिसाइल हमले हो रहे हैं. न तो अब तक हमलों के कारण को कुछ पता चला है और न ही बीबीसी प्रत्यक्षदर्शियों के दावों की पुष्टि करता है.

    पश्चिमी यूक्रेन के लवीव में फिलहाल विदेशी मीडिया के कई संवाददाता रुके हुए हैं. साथ ही यूक्रेन से बाहर जाने वाले लोग भी इसी शहर से होते हुए आगे बढ़ रहे हैं.

    इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों ने बीबीसी यूक्रेनी सेवा को बताया है कि पश्चिमी शहर इवानो-फ्रेंकिव्स्क में भी धमाकों की आवाज़ें सुनाई दे रही हैं.

    यूक्रेनी मीडिया भी यहां से हमलों की ख़बर दे रही है.

  11. यूक्रेन से आ रहे शरणार्थियों के लिए चाहिए मदद: मॉलडोवा

    यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद मॉलडोवा में शरणार्थियों का आना लगातार ज़ारी है. बड़ी संख्या में आ रहे इन शरणार्थियों को संभालने के लिए देश की प्रधानमंत्री नटालिया गैवरिलिटा ने दुनिया से मदद मांगी है.

    उन्होंने बीबीसी से कहा, "अब तक दो लाख 70 हज़ार लोग सीमा पार कर मॉलडोवा आ चुके हैं. इनमें से एक लाख लोगों ने अस्थायी तौर पर सही लेकिन यहीं रहने का फ़ैसला किया है. लेकिन, मॉलडोवा जैसे देश के लिए ये संख्या बहुत बड़ी है."

    मॉलडोवा एक छोटा देश है जिसकी आबादी 25 लाख है. यूक्रेन के शरणार्थियों के आने से इस देश की जनसंख्या चार प्रतिशत बढ़ गई है. यह यूरोप के आर्थिक रूप से सबसे संवेदनशील देशों में से एक है.

    प्रधानमंत्री नतालिया ने बताया कि मॉलडोवा के लोग शरणार्थियों की मदद कर रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "हम इस युद्ध के आर्थिक परिणामों को लेकर चिंतित हैं... जिसका मॉलडोवा जैसे ग़रीब देशों पर बहुत बुरा असर पड़ेगा. हमें बाहर से मदद की सख़्त ज़रूरत है."

  12. यूक्रेन का दावा, रूस चाहता है ज़ापोरज़िया परमाणु संयंत्र पर पूरा नियंत्रण

    परमाणु ईंधन के इस्तेमाल पर नज़र रखने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था से यूक्रेन ने शनिवार को कहा कि रूस ज़ापोरज़िया परमाणु संयंत्र पर पूरी तरह नियंत्रण करने की योजना बना रहा है.

    अमेरिकी संस्था इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) ने कहा कि यूक्रेन के परमाणु नियामक एनर्जोएटम के मुताबिक़ रूस इस संयंत्र को अपनी परमाणु कंपनी, रॉसाएटम के प्रबंधन में चलाना चाहता है.

    यूक्रेन ने ये भी आरोप लगाया है कि संयंत्र के कर्मचारियों को "संचालन और तकनीकी मामलों के लिए जबरन रूसी सुरक्षाबलों से संपर्क करने के लिए कहा जा रहा है".

    यूक्रेन का आरोप है कि रूस के "विशेषज्ञ रेडिएशन की स्थिति की जांच के लिए कुछ दिनों पहले वहां आए थे."

    यूक्रेनी सेना के साथ जबरदस्त लड़ाई के बाद रूस ने चार मार्च को इस संयंत्र पर कब्ज़ा कर लिया था. हालांकि, रूस ने यूक्रेन के इस आरोप से इनकार किया है.

    आईएईए ने यह भी कहा कि एनर्जोएटम ने उन्हें बताया है कि चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र की क्षतिग्रस्त हो चुकी पावर लाइन को ठीक करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और सुरक्षा से जुड़े सिस्टम की बिजली देने के लिए डीज़ल जनरेटर इस्तेमाल किया जा रहा है.

    एनर्जोएटम ने ये भी आरोप लगाया कि "211 तकनीकी कर्मियों और गार्ड्स को बदला नहीं जा सका है, वो रूस के नियंत्रण के एक दिन पहले से वहां पर हैं."

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, इराक़ के इरबिल में गिरी कई मिसाइलें, अमेरिकी वाणिज्यिक दूतावास को कोई नुक़सान नहीं

    इराक़ी सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि देश के उत्तर में मौजूद स्वायत्त कुर्द इलाक़े के इरबिल शहर की तरफ कई मिसाइलें दाग़ी गई हैं.

    एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि हमले में अमेरिकी वाणिज्यिक दूतावास को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है.

    इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया था कि कुछ मिसाइलें इमारत पर गिरी हैं.

    सोशल मीडिया पर आ रहे वीडियो में अमेरिकी वाणिज्यिक दूतावास के पास भीषण धमाके सुने गए हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने कुर्दिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ काउंटर टेररिज़्म के हवाले से कहा है कि इराक़ के बाहर से इरबिल को निशाना बनाते हुए 12 बैलिस्टिक मिसाइलें दाग़ी गई थीं.

    रॉयटर्स का कहना है कि इससे पहले कुर्द अधिकारियों ने कहा इरबिल में कई रॉकेट गिरे हैं.

    वहीं समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार काउंटर टेररिज़्म ने कहा है कि ये मिसाइलें पूर्व की तरफ़ से आई थीं. एएफ़पी ने कहा है कि इससे कुछ नुक़सान ज़रूर हुआ है लेकिन जानमाल का कोई नुक़सान नहीं हुआ है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने इसे 'क्रूर हमला' कहा है.

    एएफ़पी का कहना है कि इराक़ में मौजूद अमेरिकी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन की टुकड़ियों पर पहले भी रॉकेट और ड्रोन हमले होते रहे हैं.

    अमेरिका का आरोप है कि ये मिसाइलें इराक़ के पड़ोसी ईरान की तरफ से दाग़ी गई हैं. अब तक हमले में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    इससे पहले सीरिया की राजधानी दमिश्क के पास इसराइल के एक हमले में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के दो सदस्यों की मौत हुई थी. उस वक़्त ईरान ने हमले की कड़ी निंदा की थी और कहा था कि वो इसका बदला लेगा.

    रायटर्स के मुताबिक अमेरिकी सुरक्षा बलों पर आखिर बार जनवरी 2020 में बैलेस्टिक मिसाइलें दागी गई थीं. ईरान के सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की अमेरिकी हमले में हत्या के जवाब में ये हमले किए गए थे.

    उस समय किसी अमेरिकी की जान तो नहीं गई थी लेकिन सिर पर चोटें आई थीं.

    इराक़ और सीरिया अक्सर अमेरिका और ईरान के बीच टकराव का निशाना बनते रहे हैं. ईरान समर्थित शिया मिलिशिया दोनों देशों में अमेरिकी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते रहते हैं और अमेरिका भी जवाब में हवाई हमले करता है.

    इरबिल के लोगों ने कई बड़े विस्फोटों के वीडियो ऑनलाइन शेयर किए थे. उनका कहना था कि विस्फोट से उनके घर हिल गए थे. हालांकि, रॉयटर्स ने इन वीडियो की पुष्टि नहीं की है.

  14. यूक्रेन-रूस युद्ध: ईबे ने ब्लॉक किए रूस से जुड़े सभी लेन-देन

    ऑनलाइन खरीद-बिक्री से जुड़ी वेबसाइट ईबे ने कहा है कि उसने रूस के पते से जुड़े सभी तरह के लेन-देन को ब्लॉक कर दिया है.

    ईबे पर उत्पाद बेचे और खरीदे जाते हैं और उनके लिए बोली लगती है.

    कैलिफोर्निया की इस कंपनी के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बीबीसी से कहा, "हम यूक्रेन के साथ खड़े हैं और यूक्रेन के लोगों और उस क्षेत्र में अपने विक्रेताओं के समर्थन के लिए कई कदम उठा रहे हैं."

    प्रवक्ता ने कहा, "पेमेंट वेंडर्स और प्रमुख शिपिंग कैरियर्स की सेवा में रुकावट के चलते हमने रूसी पते से जुड़े सभी लेन-देन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है और यूक्रेन के पते से जुड़े लेनदेन में देरी हो सकती है."

    इससे पहले ईबे ने यूक्रेन में विक्रेताओं के लिए शुल्क माफ़ कर दिया था और कहा था कि उन्हें शिपमेंट में देरी पर लगने वाले जुर्माने से भी बचाया जा रहा है.

    अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में उपभोक्ताओं को सामान खरीदने पर यूक्रेन के लिए दान करने का विकल्प भी दिया गया है.

  15. रूसी सेना ने मेलितोपोल में कथित तौर पर नियुक्त किया नया मेयर

    रूस सेना ने अपने कब्ज़े वाले शहर मेलितोपोल में एक नए मेयर की नियुक्ति की है. यूक्रेन के स्थानीय मीडिया में ये जानकारी दी गई है.

    इससे पहले ख़बरें थी कि शुक्रवार दोपहर को रूसी सेना ने मेलितोपोल के मेयर इवान फेडोरोव का अपहरण कर लिया है.

    नई मेयर और शहर की परिषद की पूर्व डिप्टी गलिना डेनिलचेंकों ने एक टीवी प्रसारण में कहा कि उनका मुख्य काम ‘‘इस नई हक़ीकत का सामना करते हुए बुनियादी तंत्र’’ पर काम करना है.

    उन्होंने कहा कि वह जनप्रतिनिधियों की एक समिति बना रही हैं ताकि शहर को चलाया जा सके. उन्होंने लोगों से अतिवादी गतिविधियों में हिस्सा ना लेने की अपील की.

    उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा, ‘‘हमें लोगों ने चुना है. हमारा सबसे पहला कर्तव्य उनके भले के लिए काम करना है. इस समिति के पास मेलितोपोल में प्रशासनिक ज़िम्मेदारियां होंगी.’’

    बीबीसी स्वतंत्र रूप से गलिना डेनिलचेंकों की नियुक्ति की पुष्टि नहीं करता.

  16. जेलेंस्की का दावा, अब तक 500 रूसी सैनिकों ने किया आत्मसमर्पण

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस के हमले में अब तक यूक्रेन के 1,300 सैनिकों की मौत हुई है.

    देश की राजधानी कीएव में एक संवाददाता सम्मेलन में ज़ेलेंस्की ने कहा कि युद्ध में बड़ी संख्या में रूसी सैनिकों की भी जान गई है. साथ ही उन्होंने कहा कि युद्ध में शुक्रवार को 500 से 600 रूसी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया है, हालांकि बीबीसी उनके इस दावों की पुष्टि नहीं करता.

    उन्होंने कहा कि रूसी सेना में शामिल कई लोगों को ये भी नहीं बताया गया है कि उन्हें युद्ध के मैदान में क्यों भेजा गया है. उन्होंने दावा किया कि एक प्लाटून ने हथियार डालते वक्त कहा कि उन्हें नहीं पता था कि उन्हें लोगों की जान लेने के लिए यहां भेजा गया था.

    देश के डिप्टी प्रधानमंत्री इरीना विरेश्चुक ने कहा है कि शनिवार को मानवीय गलियारों के ज़रिए क़रीब 13,000 यूक्रेनी नगरिकों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों की तरफ भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार को इससे आधी संख्या में लोगों को निकाला जा सका था.

    इरीना विरेश्चुक ने आरोप लगाया कि मारियुपोल शहर पर रूसी सेना के हमले नहीं रुके जिस कारण वहां से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला नहीं जा सका. हालांकि रूस ने इससे पहले यूक्रेन पर आरोप लगाया था यूक्रेनी सेना जानबूझ कर लोगों को शहर में रोके हुए है.

  17. नमस्कार! बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पन्ने में आप सबका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर देश-दुनिया की अहम ख़बरों और अपडेट्स से आपको अवगत कराते रहेंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.