You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की सड़क हादसे में मौत

किसान आंदोलन के दौरान चर्चा में रहे पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की मंगलवार शाम दिल्ली के पास सड़क हादसे में मौत हो गयी है.

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, कीर्ति दुबे and अनंत प्रकाश

  1. राहुल गांधी ने कहा- झूठे वादे सुनने हैं, तो मोदी जी, केजरीवाल जी और बादल जी को सुनिए

    कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि वे झूठे वादे नहीं कर सकते. पंजाब के पटियाला में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा- अगर आपको ये सब सुनना है तो आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल का भाषण सुनिए. मुझे सिर्फ़ सच बोलना सिखाया गया है.

    राहुल गांधी ने कहा- जब मैं बोलता हूँ, सोच-समझकर बोलता हूँ. आपको अच्छा लगे या ख़राब लगे. मैं इस स्टेज़ से झूठे वादे नहीं करूँगा. मुझे झूठे वादे करने में कोई रुचि नहीं है. मुझे सिखाया गया है कि मुँह खोलने से पहले सोच-समझकर बोलिए. और जब मुँह खोलो तो सच बोलो, झूठ नहीं.

    कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने कोरोना को लेकर भी मोदी सरकार को घेरा और कहा कि उन्होंने पहले ही कह दिया था कि कोरोना से हिंदुस्तान को भयंकर चोट लगने वाली है. उन्होंने कहा- कोरोना के समय मैंने कहा कि हिंदुस्तान को भयंकर चोट लगने वाली है, लाखों लोग मरने जा रहे हैं, ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर को तैयार रखो. इसका मज़ाक उड़ाया गया. उसी वक़्त पीएम कहते हैं थाली बजाओ. थाली बजाने के बाद कहते हैं अब मोबाइल फ़ोन की लाइट चमकाओ.

    राहुल गांधी ने पंजाब में ड्रग्स का मुद्दा उठाया और कहा कि जब वे ये मुद्दा उठाते थे, तो कहा जाता था कि राहुल गांधी बकवास कर रहे हैं. उन्होंने कहा- आज नेता आते हैं तो कहते हैं कि हमारी सरकार आएगी तो हम ड्रग्स के ख़िलाफ इंस्टीट्यूट खोलेंगे. 2013 में मैं जब पंजाब आया था तब मैंने कहा था कि पंजाब के युवाओं के लिए सबसे बड़ा ख़तरा ड्रग्स है. बीजेपी और अकाली दल ने कहा कि राहुल गांधी बकवास कर रहा है.

  2. विराट कोहली के फ़ॉर्म पर उठते सवालों का रोहित शर्मा ने दिया जवाब

    भारतीय वनडे और टी-20 टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने विराट कोहली के फ़ॉर्म को लेकर चल रही बातचीत पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टी-20 सिरीज़ से पहले पत्रकारों से बातचीत में रोहित शर्मा ने कहा- मुझे लगता है कि विराट के बारे में बातचीत आप लोगों (पत्रकारों) से शुरू होती है. अगर आप कुछ समय के लिए चुप रहेंगे, तो सब चीज़ें ठीक हो जाएँगी. वे मानसिक रूप से काफ़ी मज़बूत हैं. वे एक दशक से ज़्यादा समय से भारतीय टीम के साथ हैं. उन्हें पता है कि दबाव से कैसे निपटा जाता है.

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ को भारत ने 3-0 से जीत ली, लेकिन इस दौरान विराट कोहली के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे. विराट ने इस सिरीज़ में सिर्फ़ 26 रन बनाए. सोशल मीडिया पर तो लोग विराट से ब्रेक लेने की गुज़ारिश करने लगे. विराट कोहली पिछले साल हुए टी-20 विश्व कप के बाद से ही चर्चा में हैं. उन्होंने विश्व कप से पहले ही टी-20 में भारत की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया. भारत विश्व कप के सेमी फ़ाइनल में भी नहीं पहुँच पाया. इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया, जिसको लेकर विराट ने सार्वजनिक रूप से अपनी नाख़ुशी ज़ाहिर की थी. बाद में विराट ने टेस्ट टीम की भी कप्तानी छोड़ दी.

    भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच तीन टी-20 मैचों की सिरीज़ बुधवार 16 फरवरी से शुरू हो रही है. दूसरा मैच 18 और तीसरा मैच 20 फरवरी को खेला जाएगा. मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान पत्रकारों ने रोहित शर्मा से ईशान किशन को बतौर सलामी बल्लेबाज़ मौक़ा देने के बारे में भी पूछा. रोहित से ये सवाल पूछा गया कि क्या ईशान को इसलिए तो ओपनिंग बल्लेबाज़ के रूप में मौक़ा नहीं दिया जा रहा, क्योंकि वे आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से बतौर सलामी बल्लेबाज़ ही खेलते हैं. इस पर रोहित ने कहा- आईपीएल सिर्फ़ दो महीने खेला जाता है, बाक़ी के 10 महीने हम भारत के लिए खेलते हैं. यहाँ आईपीएल को सोचकर कुछ नहीं होता. यहाँ भारतीय टीम पर फ़ोकस होता है.

  3. लालू यादव के मामले पर सुशील मोदी ने कहा- ख़ुशी है कि बिहार को लूटने वोलों को मिल रही है सज़ा

    बिहार में भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि वे ख़ुश हैं कि जिन्होंने बिहार को लूटा, उन्हें सज़ा मिल रही है.

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को झारखंड में सीबीआई की विशेष अदालत ने चारा घोटाले के पाँचवें मामले में दोषी ठहराया है. इस मामले में सज़ा की घोषणा 21 फरवरी को की जाएगी. हालाँकि अदालत ने जगदीश शर्मा समेत 33 दोषियों को मंगलवार को ही सज़ा सुना दी. इन्हें तीन साल तक की सज़ा सुनाई गई है.

    सुशील कुमार मोदी ने कहा- हमलोग ही इस मामले को सामने लेकर आए थे. हमने पटना हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था और सीबीआई जाँच की मांग की थी. मैं ख़ुश हूँ कि जिन्होंने बिहार को लूटा, उन्हें सज़ा दी जा रही है. उन्होंने कहा कि लालू यादव अब बिहार की राजनीति में प्रांसगिक नहीं हैं.

    सुशील कुमार मोदी बिहार के उप मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं. लेकिन 2020 में बिहार विधानसभा का चुनाव होने के बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फ़ैसला किया. उनकी जगह तारकिशोर प्रसाद और रेणू देवी को बीजेपी ने अपने कोटे से उप मुख्यमंत्री बनाया है. लालू यादव को चारा घोटाला के चार अन्य मामलों में पहले ही दोषी ठहराया जा चुका है. यह मामला क़रीब तीन दशक पुराना है. सीबीआई ने इस मामले में 64 केस दर्ज किए थे और लालू यादव का नाम इनमें से छह मुक़दमों में था. इनमें से पाँच केस बिहार विभाजन के बाद झारखंड में ट्रांसफ़र हो गए थे.

  4. पूर्व कैबिनेट मंत्री अश्विनी कुमार ने दिया कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा

    पंजाब में चुनाव से कुछ दिन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है. अश्विनी कुमार पंजाब से ही आते हैं.

    कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे अपने त्यागपत्र में उन्होंने लिखा है, ‘’काफ़ी विचार करने के बाद मैंने तय किया है कि मैं पार्टी के साथ अपने 46 साल पुराने रिश्ते खत्म कर रहा हूँ.‘’

    अश्विनी कुमार कांग्रेस सरकार के पहले कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ नेता हैं, जिन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी छोड़ी है.

    बीते लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद से कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी जिनमें- ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरपीएन सिंह, और प्रियंका चतुर्वेदी शामिल हैं.

    अश्विनी कुमार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के क़रीबी नेताओं में से एक माना जाता है.

    जब कांग्रेस में 23 वरिष्ठ नेताओंने अगस्त 2020 में सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी में व्यापक बदलाव का की अपील की थी उस वक़्त भी अश्विनी कुमार सोनिया गांधी के समर्थन में और इन नेताओं के ख़िलाफ़ कई बयान दिए थे.

    उन्होंने तब कहा था कि जिन मुद्दों पर बात करने की आवश्यकता है, उन पर केवल गांधी के नेतृत्व में ही बात की जा सकती है.

    लेकिन दो साल बाद मंगलवार को अश्विनी कुमार ने अपना इस्तीफ़ा पार्टी अध्यक्ष को सौंप दिया है.

  5. अरविंद केजरीवाल ने कहा- पीएम मोदी लोकसभा में और पंजाब आकर झूठ बोलते हैं

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि भाजपा और कांग्रेस देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही हैं. उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियाँ पीएम की सुरक्षा को लेकर गंदी राजनीति कर रही हैं.

    पंजाब के लुधियाना में चुनाव प्रचार के लिए गए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री लोकसभा में झूठ बोलते हैं, प्रधानमंत्री यहाँ आकर झूठ बोलते हैं और गृह मंत्री ग़लत आरोप लगाते हैं. अरविंद केजरीवाल ने कहा- मैं पंजाब के सभी लोगों को ये आश्वस्त करना चाहता हूँ कि आप की सरकार आएगी, तो आपकी सुरक्षा की ज़िम्मेदारी हमारी होगी. राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा के साथ हम कोई राजनीति नहीं होने देंगे.

    उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है, तो पंजाब की सरकार भारत सरकार के साथ मिलकर काम करेगी ताकि राज्य में सुरक्षा सुनिश्चिक की जा सके. केजरीवाल ने कहा- पंजाब एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है. पंजाब में ड्रग्स और ड्रोन्स को रोकने के लिए एक ईमानदार सरकार की आवश्यकता है.

    उन्होंने दावा किया की अमृतसर में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया हार रहे हैं. अरविंद केजरीवाल ने कहा- हमने अमृतसर सीट का सर्वे कराया, जिसमें सिद्धू और मजीठिया हार रहे हैं. यहाँ से आप जीत रही है और इसका कारण है कि सिद्धू साहब यहाँ 5-10 साल से हैं लेकिन वे ना किसी का फ़ोन उठाते हैं और ना किसी से मिलते हैं. उन्होंने अमृतसर में एक काम नहीं किया.

  6. BBCISWOTY2022: अपनी पसंदीदा खिलाड़ी को दीजिए वोट

    औरतों ने एक लंबा सफ़र तय किया लेकिन अभी और आगे जाना है: @aditigolf

    अपनी पसंदीदा महिला खिलाड़ी को वोट दीजिए- https://bit.ly/35KN1xF (वोट देने की आख़िरी तारीख़- 28 फरवरी 2022, 11.30 PM, शर्तें क्या हैं, देखें ऑनलाइन)

    #ChangeTheGame #BBCISWOTY

  7. ईडी ने दाऊद इब्राहिम से जुड़े कई ठिकानों पर की छापेमारी

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े कई ठिकानों पर मुंबई और आसपास के इलाक़ों में छापेमारी कर रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर के घर पर ईडी के अधिकारियों की एक टीम ने मंगलवार को सुबह छापा मारा.

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़, दाऊद इब्राहिम के साथ संबंधों को लेकर महाराष्ट्र के एक राजनेता भी ईडी के निशाने पर है. ईडी नेताओं और दाऊद के कथित सहयोगियों के बीच पैसे के लेन-देन की भी जाँच कर रही है.

    इससे 15 दिन पहले एनआईए ने दाऊद इब्राहिम के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की थी. ईडी की छापेमारी पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि अगर उनके पास जानकारी है, तो देश की सुरक्षा के लिए वे ऐसा कर सकते हैं.

    संजय राउत ने कहा- गुजरात में देश का इतना बड़ा बैंक घोटाला हुआ उसे किसने दबाने की कोशिश की? 2 साल से ममाले की एफआईआर तक नहीं हुई, मुख्य आरोपी भाग कैसे गए ये एक चिंता का विषय है.

  8. यूक्रेन में रह रहे भारतीय नागरिकों को वापस लौटने की सलाह

    यूक्रेन की राजधानी कीएफ़ स्थित भारतीय दूतावास ने वहाँ रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है. भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइज़री में कहा गया है कि यूक्रेन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीयों से अपील है कि वे वहाँ से अस्थायी रूप से स्वदेश लौट सकते हैं.

    दूतावास का कहना है कि वहाँ रह रहे भारतीय और ख़ासकर छात्रों से अपील है कि अगर उनका वहाँ रहना बहुत ज़रूरी नहीं तो वे वहाँ से वापस लौट सकते हैं.

    भारतीय नागरिकों से ये भी कहा गया है कि वे यूक्रेन के अंदर भी बेवजह यात्रा न करें. भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों से ये भी अपील की है कि वे अपनी स्थिति के बारे में दूतावास को सूचना देते रहें ताकि दूतावास ज़रूरत पड़ने पर उनकी मदद कर सके.

    ये भी जानकारी दी गई है कि भारतीय दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहा है. पिछले कई महीनों से रूस और यूक्रेन के बीच तनाव चल रहा है. हाल में स्थिति और बिगड़ी है. अमेरिका सहित कई पश्चिमी देशों का कहना है कि रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला कर सकता है. हालाँकि रूस इससे इनकार करता रहा है. लेकिन हाल के दिनों में रूस ने यूक्रेन से लगी सीमा पर सैनिकों की संख्या में काफ़ी बढ़ोत्तरी की है.

  9. नीतीश कुमार ने भी रखी हिजाब विवाद पर अपनी राय और कहा- बिहार में ये कोई मुद्दा नहीं

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में हिजाब कोई मुद्दा नहीं है और यहाँ धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाता है. नीतीश कुमार बिहार में भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में शामिल है. कर्नाटक में पिछले दिनों स्कूल में हिजाब पहनने को लेकर काफ़ी विवाद हुआ है और अब ये मामला कर्नाटक हाई कोर्ट में है.

    सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने कहा- बिहार के स्कूलों में बच्चे एक तरह की ड्रेस पहनते हैं. हम एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हैं. हम उनके धार्मिक या सांस्कृतिक मामले में दखल नहीं देते. इसलिए हमें इन बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए. ये मामला अब अदालत में है.

    नीतीश कुमार ने कहा कि अगर कोई सर पर कुछ लगा लेता है, तो इस पर टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं. हमारी नज़र में इसमें कोई ख़ास बात नहीं. बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा- हमलोग सबके लिए काम करते हैं. हमलोग सबकी इज़्ज़त करते हैं. कुछ लोगों का अपना-अपना तरीक़ा है. इसलिए हमलोग उसमें दखल नहीं देते हैं. इसलिए कुछ चीज़ों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है.

  10. योगी आदित्यनाथ मेरी हत्या करवाना चाहते हैं- ओमप्रकाश राजभर

    सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि योगी आदित्यनाथ उनकी हत्या करवाना चाहते हैं.

    उन्होंने कहा- योगी जी मेरी हत्या करवाना चाहते हैं, योगी और बीजेपी ने काले कोट में गुंडों को मुझे मारने के लिए भेजा था.

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए गए एक बयान में ओमप्रकाश राजभर ने कहा, ‘’ सोमवार को मैं वाराणसी के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरने जा रहे अरविंद राजभर के साथ गया था, जहाँ मुझ पर हमला हुआ. योगी जी मेरी हत्या करवाना चाहते हैं, उन्होंने और बीजेपी ने काले कोट में गुंडे भेजे थे.‘’

    ‘’मैं चुनाव आयोग से मुझे और मेरे बेटे अरविंद राजभर को सुरक्षा देने की मांग करता हूँ.‘’

    सोमवार को वाराणसी में अपने बेटे अरविंद राजभर के नामांकन में पहुंचे ओमप्रकाश राजभर को विरोध का सामना करना पड़ा. राजभर अपने बेटे अरविंद के साथ नामांकन भरने वाराणसी कलेक्टेरियट पहुँचे तभी बड़ी संख्या में वकीलों और कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके विरोध में नारेबाज़ी शुरू कर दी.

    ओमप्रकाश राजभर के समर्थकों का दावा है कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई.

    ओमप्रकाश राजभर की पार्टी समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ रही है.

  11. क़तर में खाड़ी देशों के प्रतिनिधियों से तालिबान ने की बात

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि सोमवार को कार्यवाहक विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी के नेतृत्व में अफ़ग़ानिस्तान के प्रतिनिधिमंडल ने क़तर की राज़धानी दोहा में खाड़ी देशों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत शुरू कर दी है.

    अफ़ग़ानिस्तान के न्यूज़ चैनल टोलो न्यूज़ के अनुसार,रविवार को विदेश मंत्रालय के उप-प्रवक्ता जिया अहमद टकल ने बताया, "मौलवी अमीर ख़ान मुत्तक़ी के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय अफ़ग़ान प्रतिनिधिमंडल कतर की राजधानी में पहुंचा है और सोमवार को खाड़ी देशों के राजदूतों के साथ कई मुद्दों पर चर्चा करेगा."

    मंत्रालय के अनुसार,ये प्रतिनिधिमंडल इस दौरे के दौरान यूरोपीय संघ,धार्मिक विद्वानों के संगठनों और क़तर से संचालित होने वाले राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेगा.

    राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक़,कतर उन देशों में से एक है जो अफ़ग़ानिस्तान और दुनियाभर के देशों की सरकारों के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभाना चाहता है.

  12. अमेरिका ने यूक्रेन को एक अरब डॉलर की मदद का किया एलान

    रूस की ओर से यूक्रेन पर किसी भी वक़्त हमले की संभावनाओं के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि अमेरिका यूक्रेन को 1 बिलियन डॉलर की आर्थिक मदद देगा.

    ब्लिंकन ने कहा, ‘’हम यूक्रेन के लिए मज़बूत अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के लिए सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं,यूक्रेन में प्रमुख सुधारों को समर्थन देने के लिए अमेरिका 1 बिलियन डॉलर का कर्ज़ देगा. इससे यूक्रेन को समृद्ध बनने में मदद मिलेगी.’’

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ब्रिटेन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा था कि यूक्रेन संकट के कूटनीतिक समाधान को लेकर सभी उम्मीदें अभी ख़त्म नहीं हुई हैं,यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद एक समझौता अभी भी संभव है.

    दोनों नेताओं ने फ़ोन पर हुई बातचीत में इस पर सहमति व्यक्त की थी.

    रूस ने यूक्रेन की सीमा पर एक लाख सैनिकों को तैनात किया है,लेकिन वह हमले की बात से इंकार करता है.

    लगभग दर्जन भर देशों ने अपने नागरिकों को तुरंत यूक्रेन छोड़ने के लिए कहा है. वहीं अमेरिका का कहना है कि यूक्रेन पर हवाई हमले किसी भी वक़्त शुरू हो सकते हैं. अमेरिका ने अपने सभी नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है.

  13. कनाडा: सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन रोकने के लिए पीएम ट्रूडो ने लगाया आपातकाल

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सोमवार को विरोध प्रदर्शनों को ख़त्म करने के लिए में आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल किया है. अमेरिका से लगने वाली सीमाएं बंद कर दी गई हैं.

    आपातकाल अधिनियम के तहत,सरकार ने प्रदर्शनकारियों के फ़ंड में कटौती करने के उद्देश्य से ये क़दम उठाया है. 50 सालों में ये पहली बार है जब कनाडा में आपातकाल लगाया गया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़,प्रधानमंत्री ट्रूडो ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘’इस तरह नाकेबंदी करना हमारी अर्थव्यवस्था को नुक़सान पहुंचा रहा है और सार्वजनिक सुरक्षा को भी ख़तरे में डाल रहा है. हम अवैध और ख़तरनाक गतिविधियों को जारी रखने की अनुमति नहीं दे सकते हैं और न ही कभी देंगे.‘’

    वहीं,कैनेडियन सिविल लिबर्टीज़ एसोसिएशन ने कहा कि, ''सरकार ने आपातकालीन अधिनियम को लागू करने के मानक को पूरा नहीं किया है,आपातकालीन अधिनियम का उद्देश्य'संप्रभुता,सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता'के ख़तरों से निपटने के लिए होता है.''

    ये प्रदर्शन तब शुरू हुए जब सीमा पार करने वाले ड्राइवरों के लिए कोविड-19 का टीकाकरण या क्वारंटीन करने का आदेश दिया गया. इसके विरोध में कनाडा के ट्रक ड्राइवरों ने "फ़्रीडम कॉन्वॉय" निकाला और साथ ही महामारी प्रतिबंध से लेकर कार्बन टैक्स तक हर चीज़ पर ट्रूडो सरकार की नीतियों का विरोध करने लगे.

    प्रदर्शनकारियों ने छह दिनों के लिए विंडसर,ओंटारियो और डेट्रॉयट के बीच एक महत्वपूर्ण व्यापार मार्ग,अंबेसडर ब्रिज को ब्लॉक कर दिया था जिसे रविवार को पुलिस ने खाली कराया. ओटावा में विरोध प्रदर्शन तीन सप्ताह से जारी हैं.

  14. पंजाब: हेलीकॉप्टर रोके जाने पर चन्नी ने कहा- मैं सीएम हूं, आतंकवादी नहीं

    सोमवार को पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के कारण पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के हेलीकॉप्टर को चंडीगढ़ से होशियारपुर की उड़ान भरने से रोक दिया गया. चन्नी कांग्रेस नेता राहुल गांधी रैली में शिरकत करने जा रहे थे.

    दरअसल,ये इसलिए हुआ क्योंकि पंजाब में प्रधानमंत्री मोदी की मूवमेंट के कारण इस इलाके को'नो फ़्लाई ज़ोन'घोषित किया गया था.20 फ़रवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री एक रैली को संबोधित करने के लिए जालंधर में थे.

    सीएम चन्नी के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति ना मिलने के कारण वो होशियारपुर की रैली में शामिल नहीं हो सके.

    जिसके बाद इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "मैं सुबह 11 बजे ऊना में था,लेकिन अचानक (होशियारपुर के लिए) उड़ान भरने की अनुमति पीएम मोदी के मूवमेंट के कारण नहीं दी गई,इलाके को नो फ़्लाई ज़ोन घोषित कर दिया गया. मैं मुख्यमंत्री हूं,आतंकवादी नहीं.”

    सीएम के हेलीकॉप्टर को रोकने के मामले पर पंजाब कांग्रेस के नेता सुनील जाखड़ ने कहा, ‘’मुख्यमंत्री का यहां आना तय था लेकिन यह शर्मनाक है कि केंद्र सरकार ने चरणजीत सिंह चन्नी को होशियारपुर आने की अनुमति नहीं दी. अगर चुनाव आयोग इस पर संज्ञान नहीं लेता है,तो मैं समझूंगा कि ये चुनाव एक तमाशा है,एक दिखावा है.‘’

    पिछले महीने प्रधानमंत्री मोदी के पंजाब दौरे के दौरान हुई सुरक्षा गड़बड़ी के बाद ये पंजाब में उनकी पहली रैली थी.

    जालंधर में जनसभा को संबोधित करने वाले पीएम मोदी ने चन्नी सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ने कहा, "मैं देवी तालाब मंदिर में दर्शन करना चाहता था,लेकिन पुलिस प्रशासन ने मुझे हेलीकॉप्टर से वापस जाने के लिए कहा. पंजाब सरकार की यह तो स्थिति है.”

  15. यूक्रेन संकट: अमेरिका-ब्रिटेन ने कहा - समाधान अभी भी संभव

    अमेरिका और ब्रिटेन के नेताओं ने कहा है कि यूक्रेन संकट के कूटनीतिक समाधान को लेकर सभी उम्मीदें अभी ख़त्म नहीं हुई हैं,लेकिन साथ ही चेतावनी दी है कि रूस और यूक्रेन के बीच स्थिति नाज़ुक बनी हुई है.

    40 मिनट की फ़ोन पर बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सहमति व्यक्त की कि यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद एक समझौता अभी भी संभव है.

    रूस ने यूक्रेन की सीमा पर एक लाख सैनिकों को तैनात किया है,लेकिन वह हमले की बात से इंकार करता है.

    सोमवार को रूस के विदेश मंत्री ने कहा कि संकट के राजनयिक समाधान की संभावना "समाप्त नहीं हुई" है.

    लगभग दर्जन भर देशों ने अपने नागरिकों को तुरंत यूक्रेन छोड़ने के लिए कहा है. वहीं अमेरिका का कहना है कि यूक्रेन पर हवाई हमले किसी भी वक़्त शुरू हो सकते हैं. अमेरिका ने अपने सभी नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है.

    ब्रितानी प्रधानमंत्री कार्यालय डाउनिंग स्ट्रीट की ओर से जारी एक बयान के अनुसार,अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपनी बातचीत में कहा कि कूटनीति के लिए एक "महत्वपूर्ण मौका" बना हुआ है.

    बयान में कहा गया,"प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बाइडन ने विश्व नेताओं के साथ अपनी हालिया चर्चाओं पर एक दूसरे को अवगत कराया. दोनों नेता सहमत हैं कि कूटनीति के स्तर पर बातचीत का मौका अभी भी बाकी है,और रूस के लिए यूक्रेन पर हमले की योजना से पीछे हटने के लिए भी संभावना बनी हुई है."

    बयान के अनुसार, "नेताओं ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यूक्रेन में किसी भी तरह की घुसपैठ से रूस के लिए एक लंबा संकट पैदा होगा जिससे रूस और दुनिया दोनों को इसके दूरगामी नुकसान झेलने होंगे"

    माना जा रहा है कि इस तनाव पर ब्रिटेन की प्रतिक्रिया क्या होगी इसपर चर्चाके लिए मंगलवार को जॉनसन दोबरा बैठक कर सकते हैं.

  16. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. बीते 24 घंटों की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिककरें.