ब्रिटेन की विदेश मंत्री ने कहा- यूक्रेन पर अब कभी भी हमला कर सकता है रूस
रूस के हमले की आशंका के बीच यूक्रेन संकट गहराता जा रहा है. ब्रिटेन की विदेश मंत्री का कहना है कि ब्रिटिश सरकार इस बात को लेकर स्पष्ट है कि यूक्रेन पर ज़ल्द ही हमला हो सकता है.
सरकार की एक आपातकालीन बैठक की अध्यक्षता के बाद विदेश मंत्री लिज़ ट्रस ने चेतावनी दी कि रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला कर सकता है, ऐसे में यूक्रेन में रह रहे ब्रिटिश नागरिकों को देश छोड़ देना चाहिए.
उधर रूस की तरफ़ से अंतराराष्ट्रीय मामलों के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि यूक्रेन के पास रूस का सैन्य अभ्यास करना कोई बड़ी बात नहीं है, ये नियमित अभ्यास का हिस्सा है.
इससे पहले भी रूस, यूक्रेन पर हमले की योजना से बार-बार इनकार करता आया है. साथ ही वो अमेरिका समेत पश्चिमी देशों पर झूठ फ़ैलाने का आरोप भी लगा चुका है.
अधिकारी ने ये भी कहा कि रूस युद्ध शुरू नहीं करता है, ख़त्म ज़रूर करता है.
'गंभीर परिणाम भुगतने होंगे'
ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज़ ट्रस का कहना है कि अगर रूस ने यूक्रेन पर हमला किया तो उसे गंभीर प्रतिबंध झेलने होंगे. हालांकि, सरकार अभी भी डिप्लोमेसी के जरिए तनाव को कम करने की कोशिश कर रही है.
नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन पर ट्रस का कहना है कि इसे लेकर जर्मनी बिलकुल साफ़ है कि अगर रूस हमला करता है तो इस प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा.
पिछले ही हफ्ते रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लैवरोव से लिज़ ट्रस की मुलाकात हुई थी. इस मुलाक़ात के बारे में पूछे जाने पर ट्रस ने कहा, ''ज़ाहिर है कि रूस के लोगों को मेरी बात पसंद नहीं आई, लेकिन मैं फिर से कहती हूं कि वो ये जान लें कि किसी भी हमले की बड़ी कीमत उन्हें चुकानी होगी.''
कई देश कर चुके हैं नागरिकों से यूक्रेन छोड़ने की अपील
बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिका, ब्रिटेन समेत 10 से ज्यादा देशों ने यूक्रेन में रह रहे अपने नागरिकों से देश छोड़ देने की अपील की है.
बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक़, सुरक्षा की वजह से वर्ल्ड बैंक भी अपने कर्मचारियों को यूक्रेन से अस्थायी तौर पर बाहर निकाल रहा है.
इस तरह की मची भगदड़ को लेकर हाल ही में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने शांति बनाए रखने की अपील की थी. साथ ही ये भी कहा था कि इस तरह का दहशत का माहौल ही लोगों का सबसे बड़ा दुश्मन है.