पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की सड़क हादसे में मौत
- Author, रविंदर सिंह रॉबिन
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
किसान आंदोलन के दौरान चर्चा में आए पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की सड़क हादसे में मौत हो गई है. ये हादसा दिल्ली के नज़दीक केएमपीएल के पास हुआ.
रिपोर्टों के मुताबिक वो दिल्ली से बटिंडा की ओर जा रहे थे जब उनकी कार की टक्कर एक ट्रक से हो गयी.
दिल्ली पुलिस ने बीते साल 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा मामले में दीप सिद्धू को गिरफ़्तार किया था. इस मामले में उन पर इनाम भी घोषित किया गया था.
मामले में अभियुक्त बनाए गए सिद्धू पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी.
बीते साल 26 जनवरी को किसान आंदोलन के दौरान बुलाए गए मार्च में प्रदर्शनकारियों का एक वर्ग किसान ट्रैक्टर परेड के निर्धारित मार्ग से अलग हो गया और लाल क़िले पर पहुँच गया था.
इस समूह ने वहाँ लाल क़िले पर निशान साहिब (सिखों का परंपरागत केसरिया झंडा) और किसानों के हरे-पीले झंडों को फ़हराया.
जब यह घटना हुई, तब दीप सिद्धू वहाँ मौजूद थे और वीडियो बना रहे थे. इसके बाद से ही दीप सिद्धू चर्चा में आए थे.