You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन की विदेश मंत्री ने कहा- यूक्रेन पर अब कभी भी हमला कर सकता है रूस

ब्रिटेन की विदेश मंत्री का कहना है कि अगर रूस ने यूक्रेन पर हमला किया तो उसे गंभीर प्रतिबंध झेलने होंगे.

लाइव कवरेज

पंकज प्रियदर्शी, कीर्ति दुबे and अभय कुमार सिंह

  1. आरबीआई गवर्नर ने कहा- जनवरी में मुद्रास्फ़ीति दर 6% होने की उम्मीद, लेकिन घबराइए मत

    रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने सोमवार को कहा कि जनवरी की मुद्रास्फ़ीति दर 6 फ़ीसदी हो सकती है,लेकिन इसमें घबराने की कोई बात, हम इस पर नज़र बनाए हुए हैं.

    दास ने आरबीआई बोर्ड की बैठक के बाद कहा कि भारत का मुद्रास्फ़ीति का अनुमान मज़बूत है और तेल की क़ीमत से लेकर सभी संभावित परिदृश्यों को हमने अपने ध्यान में रखा है.

    उन्होंने कहा,"क़ीमत में स्थिरता लाना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.‘’

    दास ने कहा ,‘’भारत की बात करें तो अगर आप पिछले अक्तूबर से मुद्रास्फ़ीति की गति को देखें,तो यह लागातार नीचे की ओर जाता दिखेगा. यह मुख्य रूप से सांख्यिकीय कारण हैं, बेस इफ़ेक्ट,जिसके परिणामस्वरूप ख़ास कर तीसरी तिमाही में मुद्रा स्फ़ीति में उछाल आया है.‘’

    ‘’वही बेस इफेक्ट आने वाले महीनों में अलग तरह से असर करेगा. आज का मुद्रास्फ़ीति प्रिंट 6% के क़रीब रहने की उम्मीद है. इससे घबराना नहीं है क्योंकि हमने इसे ध्यान में रखा है.’’

    दास ने यह बात बजट के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात और रिजर्व बैंक बोर्ड के साथ बैठक के बाद कही है.

    पिछले हफ़्ते,रिज़र्व बैंक की मुद्रा नीति समिति ने बैठक के बाद तय किया था कि रिवर्स रेपो दर, बैंक दर और सीमांत स्थायी सुविधा (एमएसएफ) दर में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.

  2. यूपी चुनाव Live: मुरादाबाद में कैसी है मतदान की रफ्तार और क्या हैं चुनावी मुद्दे?

    आम लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता विनीत खऱे. (कैमरा- शाहनवाज़)

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर प्रदेश में एक बजे तक 39.07 फ़ीसदी मतदान

    सोमवार को यूपी की 55 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है. जबकि गोवा और उत्तराखंड की सभी सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं.

  4. पश्चिम बंगाल नगर निगम चुनाव में ममता की टीएमसी को भारी सफलता, विपक्ष का सूपड़ा साफ़

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    उम्मीदवारों की सूची पर विवाद और एक व्यक्ति एक पद के मुद्दे पर पार्टी में उभरे मतभेदों के बावजूद सत्तारूढ़ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की अगुवाई वाले तृणमूल कांग्रेस ने हाल में हुए चार नगर निगमों--विधान नगर, चंदननगर, आसनसोल और सिलीगुड़ी--के चुनावों में भारी जीत हासिल की है.

    इन चारों निगमों के लिए 12 फरवरी को मतदान हुआ था और सोमवार को वोटों की गिनती की गई. चुनाव में विपक्ष का सूपड़ा लगभग साफ़ हो गया है. ख़ासकर सिलीगुड़ी नगर निगम में तृणमूल कांग्रेस की जीत इसलिए अहम है कि पार्टी ने पहली बार उस पर जीत हासिल की है.

    राज्य में तृणमूल कांग्रेस की लहर के बावजूद अब तक वहाँ वाममोर्चा का ही कब्ज़ा रहा था. सिलीगुड़ी में पूर्व मंत्री और मेयर रहे सीपीएम नेता अशोक भट्टाचार्य भी चुनाव हार गए हैं.

    नतीजों के एलान के बीच ही सिलीगुड़ी पहुंची मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने नगर निगम चुनाव में टीएमसी उम्मीदवारों के लिए मतदान करने पर आसनसोल, बिधाननगर, सिलीगुड़ी और चंदन नगर के लोगों को बधाई दी.

    ममता ने कहा, “हमें और विनम्र रहना होगा और आम लोगों के लिए काम करना जारी रखना होगा.” उन्होंने पूर्व मंत्री गौतम देब को सिलीगुड़ी नगर निगम का मेयर नियुक्त करने का एलान किया.

    दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए दोबारा चुनाव कराने की मांग की है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि कि मतदान के दौरान हर जगह धांधली हुई है. यह चुनाव के नाम पर नाटक हुआ है.

    उन्होंने राज्य चुनाव आयोग को भेजे पत्र में कहा है कि चुनाव के दौरान राज्य पुलिस पूरी तरह से मूकदर्शक बनी हुई थी और तृणमूल कांग्रेस के गुंडे लगातार बूथ लूट रहे थे. सीपीएम नेता सुजन चक्रवर्ती ने भी चुनाव को लोकतंत्र के लिए मजाक करार देते हुए आरोप लगाया है कि पुलिस पूरी तरह से मूकदर्शक बनी हुई थी.

  5. नरेंद्र मोदी ने कहा- घोर परिवारवादी फिर हारेंगे, यूपी में 10 दिन पहले मनेगी होली

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस बार उत्तर प्रदेश में रंगों वाली होली 10 दिन पहले ही मनाई जाएगी. कानपुर के अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली में उन्होंने कहा- 10 मार्च को ही जब चुनाव नतीजे आएंगे, धूम-धाम से रंगों वाली होली शुरू हो जाएगी. उन्होंने एक बार फिर यूपी में अपराध और माफ़िया का ज़िक्र करते हुए विरोधियों पर निशाना साधा.

    नरेंद्र मोदी ने कहा- इन लोगों का बस चलता तो कानपुर और कानपुर की तरह ही यूपी के हर शहर में एक मोहल्ला, माफियागंज के नाम से बसा देते. याद करिए, पहले किस तरह ग़रीब के, मध्यम वर्ग के, व्यापारी-कारोबारी के घरों पर, ज़मीनों पर अवैध क़ब्ज़ा हो जाता था. उन्होंने कहा- पहले की सरकारों ने यूपी के सामर्थ्य के साथ इंसाफ नहीं किया. उन लोगों ने यूपी को लूटा, दिन रात लूटा और यहाँ के लोगों को अपराधियों-दंगाइयों-माफ़ियाओं के हवाले कर दिया.

    नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूपी में दूसरे चरण का जो ट्रेंड आया है, और पहले चरण की जो वोटिंग हुई है, उसने चार बातें बहुत साफ़ कर दी हैं. पहला- भाजपा की सरकार, योगी जी की सरकार फिर आ रही है, पूरे ज़ोर-शोर से आ रही है.

    "दूसरा- हर जाति के लोग, हर वर्ग के लोग बिना बँटे, गाँव के लोग-शहर के लोग बिना बंटे, बिना किसी भ्रम में पड़े, एकजुट होकर अपने यूपी के तेज़ विकास के लिए वोट कर रहे हैं. तीसरा- हमारी माताओं-बहनों-बेटियों ने बीजेपी की जीत का झंडा खुद उठा लिया है."

    "चौथा- मेरी मुस्लिम बहनें, चुपचाप, बिना किसी शोर-शराबे के, मन बनाकर मोदी को आशीर्वाद देने के लिए घर से निकल रही हैं. हमारी मुस्लिम महिलाएं-बहनें-बेटियां जानती हैं कि जो सुख-दुख में काम आता है, वही अपना होता है."

    नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूपी के लोगों ने इन्हें 2014 में हराया, 2017 में हराया और 2019 में फिर एक बार हराया और अब 2022 में भी घोर परिवारवादी फिर से हारेंगे.

    विपक्षी गठबंधन पर भी उन्होंने तंज़ कसा और कहा कि हर बार ये लोग चुनाव में नया साथी लेकर आते हैं. नए साथी के कंधे के भरोसे चलने की कोशिश करते हैं. ये जो हर चुनाव में जिस साथी लाते हैं, उसको धक्का मारकर निकाल देते हैं. जो साथी बदलते हैं, वो उत्तर प्रदेश का साथ देंगे क्या? इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन किया है.

  6. भारत ने सुरक्षा का हवाला देते हुए चीन के 54 ऐप्स पर लगाया बैन

    भारत सरकार ने चीन के 54 ऐप्स को देश की सुरक्षा के लिए ख़तरा बताते हुए बैन कर दिया है.

    सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 54 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाते हुए एक बयान जारी कर कहा,‘’ ये 54 ऐप कथित तौर पर यूज़र से अलग-अलग महत्वपूर्ण अनुमतियाँ लेते हैं और यूजर का संवेदनशील डेटा जुटाते हैं. इनमें रियल-टाइम डेटा का दुरुपयोग किया जा रहा है और विरोधी देशों में स्थित सर्वरों को ट्रांसमिट किया जा रहा है.‘’

    इन 54 ऐप्स में-स्वीट सेल्फी एचडी, ब्यूटी कैमरा-सेल्फी कैमरा, गरेना फ्री फायर-इल्यूमिनेट, वाइवा वीडियो एडिटर, टेनसेंट एक्सरिवर,ओनमायोजी एरिना, ऐपलॉक और डुअल स्पेस लाइट जैसे नाम शामिल हैं.

    बीते साल जून में, भारत ने देश की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए ख़तरे का हवाला देते हुए टिकटॉक,वीचैट और हेलो सहित 59 चीनी मोबाइल एप्लिकेशन पर प्रतिबंध लगा दिया. उस वक़्त सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया था कि आईटी अधिनियम की धारा 69ए के तहत ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया था.

    मई 2020 से चीन के साथ सीमा पर तनाव के बीच भारत ने अब तक 321 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया है.

    बीते साल जून में पहली बार चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया. ये प्रतिबंध पूर्वी लद्दाख के गलवान घाटी में चीन के साथ हुई हिंसक सैन्य झड़प के 20 दिन बाद लगाया गया था.

    5 मई, 2020 को भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच पूर्वी लद्दाख सीमा गतिरोध शुरू हुआ. इसके बाद 16 जून को गलवान घाटी में दोनों सेनाओं के बीच में हिंसक झड़प हुई, जिसमं भारतीय सेना के एक कर्नल समेत 20 सैनिकों की मौत हुई थी. इसके बाद दोनों पक्षों ने इस इलाके में धीरे-धीरे हजारों सैनिकों के साथ-साथ भारी हथियारों की अपनी तैनाती बढ़ा दी.

  7. नरेंद्र मोदी सरकार के ख़िलाफ़ ममता बनर्जी ने रखा है ये प्रस्ताव

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने कहा है कि उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव से बात की है. उन्होंने कहा- हम देश के संघीय ढाँचे को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.

    ममता बनर्जी पहले भी बीजेपी के ख़िलाफ़ क्षेत्रीय दलों के गठबंधन की वकालत करती रही हैं. कांग्रेस के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कोई भी क्षेत्रीय पार्टी का कांग्रेस के साथ अच्छा रिश्ता नहीं है, कांग्रेस को अपने रास्ते जाना है और हम (टीएमसी) अपने रास्ते जाएँगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने बड़े हितों का ध्यान रखते हुए यूपी में चुनाव नहीं लड़ा. ममता बनर्जी ने कहा कि वे तीन मार्च को रैली करने बनारस जाएँगी. पिछले दिनों भी ममता बनर्जी ने लखनऊ का दौरा किया था और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ़ेंस में देश को बचाने के लिए अखिलेश को जिताने की अपील की थी.

    तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने रविवार को ही ट्वीट कर इसकी जानकारी दे दी थी कि ममता बनर्जी ने उनसे फ़ोन पर बात की है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ममता बनर्जी ने ग़ैर बीजेपी शासित राज्यों में राज्यपाल के अपनी शक्ति के दुरुपयोग पर चिंता जताई.

    स्टालिन के मुताबिक़ ममता ने विपक्षी मुख्यमंत्रियों के बैठक की भी सलाह दी. स्टालिन ने आगे ट्वीट किया है कि उन्होंने ममता बनर्जी से बातचीत में राज्यों की स्वायत्तता को लेकर डीएमके की प्रतिबद्धता जाई. उन्होंने ये भी कहा कि जल्द ही विपक्षी मुख्यमंत्रियों की बैठक होगी.

  8. पंजाब के सीएम चन्नी ने कहा- सत्ता में आया, तो युवाओं के लिए एक लाख नौकरी दूँगा

    पंजाब के मुख्यमंत्री और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि सत्ता में आने पर हम राज्य के युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरी देंगे.

    20 फरवरी को राज्य में विधानसभा के लिए मतदान होने हैं. चन्नी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''अगर मैं सत्ता में वापस आता हूँ, तो युवाओं के लिए एक लाख सरकारी नौकरियाँ दूँगा. मुझे सिर्फ़ तीन महीने मिले, अगर मुझे पाँच साल मिलते तो मैं एक लाख नौकरी देता.‘’

    कांग्रेस ने बीते दिनों ये साफ़ किया कि पंजाब में विधानसभा चुनाव चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में लड़ा जाएगा. बीते साल सितंबर में अमरिंदर सिंह के हटने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम पद की कुर्सी मिली थी.

    पंजाब कांग्रेस में बीते कुछ महीनों से उठा-पटक जारी रही है. चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू और चरणजीत सिंह चन्नी आमने-सामने रहे.

    लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने चन्नी के नाम पर आखिरी मुहर लगाई.

    हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू की बेटी ने चन्नी को सीएम पद का चेहरा बनाए जाने पर कहाव था कि मेरे पिता ईमानदार हैं, ईमानदार को कोई रोक नहीं सकता और बेईमान को तो रुकना ही पड़ता है.

  9. सुरेश रैना को आईपीएल में ख़रीदार न मिलना खटक रहा है कई लोगों को

    आख़िरकार आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों की बोली रविवार को ख़त्म हो गई. ईशान किशन, दीपक चहर और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों पर टीम ने जम कर पैसे लुटाए.

    वहीं कई चर्चित खिलाड़ी ऐसे भी रहे, जिन्हें ख़रीदने में किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई.

    वैसे तो ऐसे कई खिलाड़ी थे, जो नहीं बिक पाए. लेकिन सबसे ज़्यादा चर्चा रही सुरेश रैना की, जो लंबे समय से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे.

    बीच में जब चेन्नई सुपर किंग्स पर पाबंदी लगी, तो वे गुजरात लायंस की ओर से खेले थे. अन्यथा 2008 से ही वे चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे वो अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. लेकिन वे आईपीएल के लिए उपलब्ध थे. पहले दिन वे नहीं बिक पाए और फिर आख़िरकार पूरी प्रक्रिया ख़त्म होने के बाद भी उनमें किसी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई. सुरेश रैना का आईपीएल में रिकॉर्ड ज़बरदस्त रहा है. 205 आईपीएल मैचों में रैना ने 5528 रन बनाए हैं. वे इस समय आईपीएल में सबसे ज़्यादा रन बनाने वालों की सूची में चौथे नंबर पर हैं. 35 साल के रैना ने आईपीएल में एक शतक और 39 अर्धशतक लगाए हैं.

    जाने-माने क्रिकेट कमेंटेटेर हर्षा भोगले ने ट्वीट किया- समय बदल रहा है. आईपीएल के महान खिलाड़ियों में से एक सुरेश रैना नहीं बिक पाए.

    भारतीय टीम में उनके साथी खिलाड़ी रहे हरभजन सिंह ने लिखा- यह देखकर काफ़ी दुख हुआ कि सुरेश रैना के लिए किसी ने भी बीडिंग नहीं की.

    जॉय भट्टाचार्य ने सुरेश रैना के साथ-साथ ईशांत शर्मा, पीयूष चावला और अमित मिश्रा का भी ज़िक्र किया है, जिन्हें कोई ख़रीदार नहीं मिला.

    टीवी कलाकार और बिग बॉस का हिस्सा रहे अली गोनी ने लिखा है कि उन्हें ये भरोसा नहीं हुआ कि सुरेश रैना को किसी ने ख़रीदा नहीं.

    भारत के कुछ चर्चित नाम, जो नहीं बिक पाए

    सुरेश रैना

    पीयूष चावला

    ईशांत शर्मा

    चेतेश्वर पुजारा

    सौरभ तिवारी

    अमित मिश्रा

  10. UP Elections LIVE: रामपुर के ग्रामीण इलाकों में मतदान और चुनावी मुद्दे

    रामपुर के ग्रामीण इलाकों में मतदान और चुनावी मुद्दे. ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता विनीत खऱे. (कैमरा- शाहनवाज़)

  11. बीजेपी पर आक्रामक चंद्रशेखर राव ने कहा- सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाना ग़लत नहीं

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने में कोई हर्ज नहीं है. ये केंद्र सरकार की ज़िम्मेदारी है कि वह सबूत दिखाए. एक लोकतंत्र में अगर राहुल गांधी ने एक पार्टी का नेता और सांसद होने की हैसियत से ये पूछा, तो इसमें क्या ग़लत है?

    रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल के जवाब में चंद्रशेखर राव ने कहा,‘’अगर राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा तो इसमें कुछ गलत नहीं है, क्या ग़लत है? मैं पूछता हूं, भारत सरकार दिखाए सबूत, ये उनकी ज़िम्मेदारी है. बीजेपी गलत प्रोपेगैंडा फैलाती है और इसलिए ही वो सबूत मांग रहे हैं. और हम एक लोकतंत्र हैं ना कि राजशाही देश और यहाँ कोई राजा नहीं है. राहुल गांधी ने ये सवाल कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद की हैसियत से मांगा था इसमें क्या गलत है?’’

    हाल ही में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने उत्तराखंड में एक रैली के दौरान राहुल गांधी के सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सबूत मांगने पर निशाना साधते हुए कहा था, 'क्या हमने आपसे कभी पूछा है कि क्या आप वाक़ई राजीव गांधी के बेटे हैं या नहीं?'’

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी हिमंत बिस्व सरमा की आलोचना की थी.

    चंद्रशेखर राव ने पिछले दिनों बीजेपी पर आरोप लगाया था कि वो चुनाव जीतने के लिए धर्म और सेना का इस्तेमाल करती है. असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने दौरान कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर पुलवामा हमले की बरसी पर एक बार फिर विपक्ष ने हमारे शहीदों का अपमान किया है. उन्होंने कहा- गांधी परिवार के प्रति वफ़ादारी दिखाने के लिए उन्होंने सेना के साथ धोखा किया है. मेरी वफ़ादारी सेना के साथ है. मुझे आप जीवन भर गाली दीजिए. मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता.

    हिमंत बिस्वा सरमा ने उत्तराखंड में चुनाव प्रचार करते समय सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने के लिए राहुल गांधी की आलोचना की थी. सितंबर 2016 में उरी में हुए चरमपंथी हमले में भारतीय सेना के 19 जवान मारे गए थे. इसी महीने भारत सरकार ने दावा किया कि उन्होंने नियंत्रण रेखा पर सर्जिकल स्ट्राइक करके बड़ी संख्या में चरमपंथियों को मारा है. हालाँकि पाकिस्तान ने इससे इनकार किया. इसके बाद 2019 में पुलवामा में सीआरपीएफ़ के काफ़िले पर हुए हमले में 40 से अधिक जवान मारे गए थे.

    इसके बाद भारत ने दावा किया कि बालाकोट में वायु सेना ने हमला करके बड़ी संख्या में चरमपंथियों को मारा है. पाकिस्तान ने ये तो माना कि भारतीय विमानों ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया, लेकिन किसी के मरने की बात से इनकार किया. इसी क्रम में भारत के तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन का लड़ाकू विमान क्रैश हो गया और वो पाकिस्तान की सीमा में पहुंच गए थे. जहाँ पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें पकड़ लिया था. हालााँकि कुछ दिनों बाद पाकिस्तान की सरकार ने उन्हें रिहा कर दिया था.

  12. अमेरिका अफ़ग़ानिस्तान को सारा फ़ंड वापस करे- हामिद करज़ई

    अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने रविवार को काबुल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से अफ़ग़ान बैंक के फ़ंड पर अपने फ़ैसले को पलटने और अफ़ग़ानिस्तान को सारा फ़ंड वापस करने को कहा.

    अफ़ग़ानिस्तान के न्यूज़ चैनल टोलो न्यूज़ के मुताबिक़, करज़ई ने कहा कि यह फ़ंड किसी सरकार का नहीं है,बल्कि अफ़ग़ानिस्तान के लोगों का है और यह देश के केंद्रीय बैंक को लौटा दिया जाना चाहिए और वहीं रखा जाना चाहिए.

    करज़ई की ये टिप्पणी शुक्रवार को राष्ट्रपति बाइडन के उस कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद सामने आई है,जिसमें बाइडन प्रशासन ने अफ़ग़ानिस्तान में मानवीय संकट और आर्थिक स्थिति को देखते हुए फ़्रीज़ की हुई कुल 7 बिलियन डॉलर संपत्ति में से 3.5 बिलियन डॉलर देने का फ़ैसला किया है.

    व्हाइट हाउस ने कहा है कि बचा हुआ 3.5 बिलियन डॉलर अमेरिका के पास ही रहेगा,जो 9/11 हमले के पीड़ितों के चल रहे मुक़दमे के अधीन है.

    करज़ई ने कहा कि ओसामा बिन लादेन को अफ़ग़ान लोग अफ़ग़ानिस्तान नहीं लाए थे,बल्कि विदेशी उन्हें अफ़ग़ानिस्तान लाए थे.

    उन्होंने कहा कि‘’ओसामा पाकिस्तान से अफ़ग़ानिस्तान आए थे और फिर पाकिस्तान लौट गए और वहीं मारे गए,लेकिन आज अफ़ग़ानिस्तान के लोग उनके अपराधों की क़ीमत चुका रहे हैं.’’

  13. गोवा चुनाव Live: गोवा की सभी विधानसभा सीटों पर जारी हैं मतदान, जानिए पोलिंग बूथ का हाल

    गोवा चुनाव Live: गोवा में मतदान जारी. कैसा है माहौल, बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता मयूरेश कोण्णूर.

  14. रामपुर से LIVE: यूपी में 55 सीटों पर दूसरे चरण के मतदान जारी

    रामपुर से LIVE: यूपी में दूसरे चरण की वोटिंग जारी है. मतदान केंद्र के बाहर से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी के विनीत खरे (कैमरा- शहनवाज़)

  15. कांग्रेस को डुबाने के लिए भाई-बहन काफ़ी हैं- योगी

    सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को डुबाने के लिए भाई-बहन ही काफ़ी हैं, उन्हें किसी और की ज़रूरत नहीं है.

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए गए एक इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने कहा,‘’कांग्रेस को डुबाने के लिए दोनों भाई-बहन (राहुल गांधी-प्रियंका गांधी) पर्याप्त हैं,क्यों आप लोग कांग्रेस को समर्थन दे कर कांग्रेस को उत्तराखंड के लिए बोझा बनाना चाहते हैं,मैंने जनता से ये अपील की थी.‘’

    इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपने'यूपी केरल,बंगाल बन जाएगा'वाले बयान पर सफ़ाई देते हुए कहा कि‘’विधानसभा चुनाव का पहला चरण शांतिपूर्ण संपन्न हुआ. क्या यूपी में हिंसा की कोई घटना हुई थी?पहले दंगे होते थे,अराजकता होती थी और गुंडागर्दी अपने चरम पर होती थी. क्या बंगाल में भी शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव होते हैं?’’

  16. यूक्रेन संकट: बढ़ते तनाव के बीच रूस से बात करना चाहता है यूक्रेन

    यूक्रेन ने अपनी सीमा पर बढ़ते तनाव को लेकर रूस और एक प्रमुख यूरोपीय सुरक्षा समूह के सदस्यों के साथ बैठक बुलाई है.

    यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा का कहना कि रूस ने इस जारी सैन्य तैनाती के बारे में बात करने को लेकर हमारे औपचारिक अनुरोधों की अनदेखी की है.

    उन्होंने कहा कि''हमारा अगला क़दम रूस की योजनाओं के बारे में'पारदर्शिता'के लिए अगले 48 घंटों के भीतर बैठक करना है,हमने बैठक करने के लिए अनुरोध किया है.''

    रूस ने यूक्रेन से लगने वाली सीमा पर लगभग एक लाख सैनिकों की तैनाती की है,लेकिन वह यूक्रेन पर हमला करने की बात से इंकार करता रहा है.

    लेकिन कुछ पश्चिमी देशों ने चेतावनी दी है कि रूस सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. बीते सप्ताह अमेरिका ने कहा कि रूस यूक्रेन पर "किसी भी समय" हवाई बमबारी शुरू कर सकता है.

    अमेरिका सहित लगभग दर्जनों देशों ने अपने सभी नागरिकों को तुरंत यूक्रेन छोड़ने की चेतावनी भी दी है. कई देशों ने यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित अपने दूतावास से कर्मचारियों को वापस बुलाना शुरू कर दिया है.

    सीबीएस न्यूज ने तीन सूत्रों का हवाला देते हुए बताया है कि अगले 48 घंटों के भीतर अमेरिका कीव से अपने सभी कर्मचारियों को वापस बुलाने की तैयारी कर रहा है.

  17. यूपी की 55 और गोवा-उत्तराखंड की सभी सीटों पर आज वोटिंग

    सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण का मतदान हो रहा है. इसके तहत 55 सीटों पर मतदान किया जा रहा है. इसके अलावा गोवा-उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर भी सोमवार को मतदान हो रहा है.

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 9 ज़िलों में मतदान किया जा रहा है जिसमें सहारनपुर,बिजनौर,मुरादाबाद,सम्भल,रामपुर,अमरोहा,बदायूं,बरेली और शाहजहांपुर की 55 विधानसभा सीटें शामिल हैं. उत्तर प्रदेश में कुल सात चरणों में चुनाव होने हैं.

    उत्तर प्रदेश में मतदान की प्रक्रिया 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान चलेगी.

    साल 2017 के चुनाव में इन 55 सीटों में से बीजेपी ने 38 सीटें जीती थीं,वहीं समाजवादी पार्टी को 15 सीटें और कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं. यहां ये जानना महत्वपूर्ण है कि साल 2017 का चुनाव सपा और कांग्रेस ने गठबंधन में लड़ा था. जबकि इस बार सपा और आरएलडी गठबंधन में चुनाव लड़ रही हैं.

    गोवा का चुनाव,तृणमूल भी मैदान में

    गोवा की बात करें तो यहां की सभी 40 सीटों पर सोमवार को वोटिंग की जा रही है और कुल 301 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इस बार यहां चुनाव बहुकोणीय है. बीजेपी,कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस भी इस बार यहां अपने उम्मीदवारों के साथ चुनावी मैदान में हैं.

    गोवा के मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 105 मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिला अधिकारी करेंगी और सभी पोलिंग बूथ को इको-फ़्रेंडली तरीके से सजाया गया है.

    उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर मतदान

    इन दो राज्यों के अलावा सोमवार को उत्तराखंड के भी सभी 13 ज़िलों के 70 विधानसभा सीटों पर मतदान है. यहां मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होंगे और शाम छह बजे तक वोट किया जा सकेगा.

    राज्य में बीजेपी की सरकार है,लेकिन इन पांच सालों के कार्यकाल में बीजेपी ने एक के बाद एक तीन मुख्यमंत्री बदले और पार्टी में आंतरिक उठा-पटक की तस्वीर सामने आई.

    इस पांच साल की अवधि में 9 मार्च,2021 को त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफ़ा दिया और तीरथ सिंह रावत को नया मुख्यमंत्री चुना गया. हालांकि,चार महीने के भीतर तीरथ सिंह रावत से भी इस्तीफ़ा दे दिया और पुष्कर सिंह धामी ने उनकी जगह ली.

    यहां 70 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए 632 उम्मीदवार मैदान में हैं.

    सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को सामने आएंगे.

  18. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.बीते 24 घंटों की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिककरें.