भारत-इसराइल संबंधों को आगे ले जाने का ये सबसे अच्छा समय: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत-इजराइल के राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे होने पर वीडियो मैसेज जारी किया है.

लाइव कवरेज

भूमिका राय, अभय कुमार सिंह and चंदन शर्मा

  1. भारत-इसराइल संबंधों को आगे ले जाने का ये सबसे अच्छा समय: प्रधानमंत्री मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत-इजराइल के राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे होने पर वीडियो मैसेज जारी किया है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने इस वीडियो में कहा कि भारत-इजराइल संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए और आगे के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए इससे बेहतर समय नहीं हो सकता.

    उन्होंने कहा कि दुनियाभर में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं, इस वजह से दोनों देशों के बीच के संबंध का महत्व और बढ़ गया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उन्होंने कहा, "दुनिया में महत्वपूर्ण परिवर्तन हो रहे हैं,भारत-इसराइल संबंधों का महत्व और बढ़ गया है. आपसी सहयोग के लिए नए लक्ष्य रखने का इससे अच्छा अवसर नहीं हो सकता है."

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि भले ही 30 साल पहले दोनों देशों के बीच नए संबंध स्थापित हुए थे लेकिन दोनों देशों का इतिहास बहुत पुराना है.

    अपने वीडियो में मोदी कहते हैं, ''आज का दिन हमारे संबंधों में विशेष महत्व रखता है. 30 साल पहले आज के ही दिन हमारे (भारत और इसराइल) बीच डिप्लोमैटिक रिलेशंस पूरी तरह से स्थापित हुए थे. दोनों देशों के बीच एक नए अध्याय की शुरुआत हुई थी. भले ही अध्याय नया था लेकिन हमारे दोनों देशों का इतिहास बहुत पुराना है.''

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''जैसा कि भारत का मूल स्वभाव है, सैकड़ों वर्षों से हमारा यहूदी समुदाय भारतीय समाज में बिना किसी भेदभाव के एक सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहा है और पनपा है. उसने हमारी विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.''

  2. अमेरिका के पूर्वी तट पर बर्फ़ीले तूफ़ान का कहर, पाँच राज्यों में आपातकाल घोषित

    बर्फ़ीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिका के पूर्वी तट पर बर्फ़ीले तूफ़ान ने कहर बरपाया है. चार साल में पहली बार ऐसा तूफ़ान देखने को मिल रहा है.

    इस बर्फ़ीले तूफान के कैरोलिनास से मेन तक फैलने की आशंका है. अब तक पाँच राज्यों ने आपातकाल का ऐलान कर दिया है.

    बोस्टन की मेयर मिशेल वू का कहना है कि ये तूफ़ान अपने आप में "ऐतिहासिक" हो सकता है.

    बोस्टन में राष्ट्रीय मौसम सेवा (एनडब्ल्यूएस) ने चेतावनी दी है कि "यात्रा केवल आपात स्थिति तक ही सीमित होनी चाहिए."

    चेतावनी में कहा गया है, "अगर आपको यात्रा करनी है, तो अपने साथ सर्दियों में बचने के लिए एक किट रखें. अगर आप फंस जाते हैं, तो अपनी गाड़ी के साथ रहें."

    बर्फ़ीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Reuters

    तूफ़ान का असर इतना है कि ''फ्लाइटअवेयर'' के मुताबिक़, शुक्रवार से रविवार के बीच अब तक 5 हज़ार से ज़्यादा फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं.

    पूर्वानुमानकर्ताओं का कहना है कि ये बर्फ़ीला तूफ़ान बोस्टन क्षेत्र को 2 फीट (61 सेमी) तक बर्फ से ढक देगा. इससे पहले 24 घंटे में 70 सेमी का रिकॉर्ड साल 2003 में बना था.

    विशेषज्ञों का मानना है कि तूफ़ान ''बॉम्बोजेनेसिस'' से गुज़रेगा. ''बॉम्बोजेनेसिस'' का मतलब है कि ठंडी हवा गर्म समुद्री हवा के साथ मिल सकती है, जिससे वायुमंडलीय दबाव में तेजी से गिरावट आएगी. इस प्रक्रिया से कथित तौर पर ''बॉम्ब साइक्लोन'' आएगा.

  3. लता मंगेशकर अभी भी आईसीयू में ही हैं, सेहत में है सुधार

    लता मंगेशकर

    इमेज स्रोत, ANI

    मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ने दिग्गज़ गायिका लता मंगेशकर की सेहत के बारे में जानकारी दी है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने अस्पताल के हवाले से बताया है कि 21 दिन से भर्ती लता मंगेशकर की सेहत में अब सुधार है.

    8 जनवरी कोरोना और निमोनिया से पीड़ित होने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था. वो पहले दिन से अबतक आईसीयू में ही हैं, अब उनकी सेहत में सुधार दिख रहा है.

    लता मंगेशकर का इलाज़ कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया है कि सेहत में सुधार देखने के बाद उनको वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया था. हालांकि, वो आईसीयू में मेडिकल ऑब्जर्वेशन में ही रहेंगी.

    लता मंगेशकर की टीम अफ़वाहों को ख़ारिज़ करने के लिए सेहत से जुड़े अपडेट साझा कर रही है.

    भारतीय सिनेमा की सबसे मशहूर गायिका लता मंगेशकर ने 13 साल की उम्र में साल 1942 में अपना करियर शुरू किया था. लता मंगेशकर को कला जगत में उनके योगदान के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी 2001 में नवाज़ा जा चुका है. उन्होंने भारतीय भाषाओं में 30 हज़ार से अधिक गाने गाए हैं.

  4. दिल्ली हाईकोर्ट ने सुलह के बावजूद यौन उत्पीड़न को लेकर दर्ज़ एफ़आईआर को ख़ारिज़ करने से किया इनक़ार

    दिल्ली हाईकोर्ट

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    दिल्ली हाईकोर्ट ने दो पक्षों के बीच समझौता होने के बावजूद लड़की का पीछा, यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के अभियुक्त के ख़िलाफ़ दर्ज़ एफ़आईआर को ख़ारिज करने से इनकार कर दिया.

    हाईकोर्ट का कहना है कि ये अपराध व्यक्तिगत नहीं है, इससे समाज पर प्रभाव पड़ा है. साथ ही लड़की के गरिमा के साथ जीने के अधिकार पर ये गंभीर हमला है.

    जस्टिस मुक्ता गुप्ता ने पाया कि ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर लड़की की मॉर्फ्ड तस्वीरों का प्रसार किया गया, जिसका नतीजा ये हुआ कि कई लोगों ने उसे पैसे देकर ग़लत काम के लिए पूछा और अब एफ़आईआर को सिर्फ़ इसलिए ख़ारिज़ नहीं किया जा सकता कि समझौता हो गया है.

    जस्टिस मुक्ता ने कहा कि आरोपों की प्रकृति को देखते हुए एफ़आईआर को ख़ारिज़ नहीं किया जा सकता.

    कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है, "इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि याचिकाकर्ता न केवल शिकायतकर्ता को रोकता, परेशान करता, डराता और धमकाता था, बल्कि वी-चैट पर उसकी मॉर्फ्ड तस्वीरें भी प्रसारित करता था. याचिकाकर्ता द्वारा शिकायतकर्ता के ख़िलाफ़ किए गए कथित अपराधों को व्यक्तिगत विवाद नहीं कहा जा सकता है, ये ऐसा विवाद नहीं है जो समाज को बिल्कुल भी प्रभावित नहीं करता है."

    वीडियो कैप्शन, दशकों से यौन शोषण सहती लड़कियां

    एफ़आईआर में क्या-क्या है?

    इस मामले में 354A, 354D, 341 समेत कई आईपीसी धाराओं में एफ़आईआर दर्ज़ की गई है. आरोपों में कहा गया है कि शख्स, लड़की के कोचिंग में ही पढ़ता था. वो लड़की का पीछा किया करता था और दोस्ती के लिए पूछ चुका था जिससे लड़की ने मना कर दिया था.

    आरोप है कि बाद में लड़के ने लड़की पर दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिससे लड़की को कोचिंग सेंटर छोड़ना पड़ा.

    ऐसा दावा है कि लड़की ने जब बतौर मेंहदी आर्टिस्ट काम करना शुरू किया तो काम पर जाते वक्त लड़का उसे रोकता था. इसके बाद लड़की की माँ ने लड़के के घरवालों से संपर्क किया और उसके परिवारवालों ने ये भरोसा दिया कि आगे से ऐसा नहीं होगा.

    एफ़आईआर में आरोप है कि लड़की की शादी के 15 दिन बाद लड़के ने एक अज्ञात नंबर से उसके पति को फ़ोन कर ये कहा कि लड़की अच्छी नहीं है और उसे छोड़ देना चाहिए.

    इसके बाद लड़के ने लड़की को कॉल करना शुरू कर दिया और मिलने के लिए बुलाता था और धमकी देता था कि लड़की अगर नहीं आई तो वो उसपर एसिड फेंक देगा.

    एफ़आईआर दर्ज़ होने से एक महीने पहले लड़की का दावा है कि उसके घर पर लोग आने शुरू हो गए, वो लोग बताते कि लड़की की ''गंदी तस्वीर'' एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर है. लड़की के रिश्तेदार के फोन पर कॉल भी आने शुरू हो गए थे.

  5. निर्वाचन आयोग ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए एग्ज़िट पोल पर लगाया प्रतिबंध

    निर्वाचन आयोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    निर्वाचन आयोग ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से संबंधित सभी एग्ज़िट पोल पर 10 फ़रवरी को सुबह सात बजे से 7 मार्च की शाम साढ़े छह बजे तक रोक लगा दी है.

    शनिवार को जारी बयान में यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि एग्ज़िट पोल कराने, प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया इसके पब्लिकेशन या इसके प्रचार पर 10 फरवरी को सुबह 7.00 बजे से 7 मार्च को शाम 6.30 बजे तक प्रतिबंध लगा दिया गया है.

    आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति को दो साल की जेल या ज़ुर्माना या दोनों हो सकता है.

    बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए 7 चरणों में मतदान होंगे. पहले चरण का मतदान 10 फ़रवरी और आख़िरी चरण का मतदान 7 मार्च को होगा. दस मार्च को मतगणना की जाएगी.

  6. नौकरी की तैयारी कर रही एक लड़की ने बताया दर्द

    वीडियो कैप्शन, नौकरी की तैयारी कर रही एक लड़की ने बताया दर्द

    श्वेता एक साल पहले अपने घर-गांव से एसडीएम बनने का सपना लेकर निकलीं थीं.

    वो पटना में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही हैं. देखिए उनके संघर्ष की कहानी.

  7. 'यूपी में का बा' वाली नेहा राठौर का इंटरव्यू

    वीडियो कैप्शन, 'यूपी में का बा' वाली नेहा राठौर का इंटरव्यू

    उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ है. ऐसे में नेहा सिंह राठौर का गाना यूपी में का बा की चर्चा भी खूब हो रही है.

    इस गाने के ज़रिए नेहा सिंह राठौर ने सरकार पर तंज कसा है. जहां विपक्ष उनके गाने की तारीफ कर रहा है और उस गाने को अपने चुनावी कैम्पेन शामिल कर रहा है.

    वहीं बीजेपी ने इसका विरोध किया है और अपनी तरफ से गाने चलाए हैं. देखिए नेहा सिंह राठौर के साथ बीबीसी संवाददाता सारिका सिंह की यह ख़ास बातचीत.

  8. एसबीआई ने वापस लिया गर्भवती महिलाओं को भर्ती के लिए 'अनफिट' बताने वाला सर्कुलर

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने गर्भवती महिलाओं को भर्ती के लिए 'अनफिट' बताने वाला सर्कुलर वापस ले लिया है. इस सर्कुलर की जमकर आलोचना हो रही थी.

    शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बैंक की तरफ़ से कहा गया है,''लोगों की भावनाओं को देखते हुए, एसबीआई ने गर्भवती महिला उम्मीदवारों की भर्ती के संबंध में संशोधित निर्देशों को स्थगित करने का फ़ैसला लिया है. इस मामले में बैंक के मौजूदा निर्देश जारी रहेंगे.''

    बता दें कि एसबीआई ने अपने नियमों के तहत तीन महीने से अधिक की गर्भवती महिला उम्मीदवारों को ‘अस्थायी रूप से अयोग्य’ माने जाने की बात कही थी. इसी नियम की आलोचना हो रही थी.

    अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की तरफ़ से कहा गया है कि मीडिया के कुछ वर्गों नए मानदंडों में संसोधन को महिलाओं के ख़िलाफ़ भेदभावपूर्ण बताया गया.

    कहा गया है, ''एसबीआई हमेशा अपनी महिला कर्मचारियों की देखभाल और सशक्तिकरण के लिए सक्रिय रहा है, जो अब हमारे कार्यबल का लगभग 25% हिसा हैं.''

    बयान में आगे लिखा है कि कोविड काल के दौरान सरकारी निर्देशों के मुताबिक़, गर्भवती महिला कर्मचारियों को ऑफ़िस में उपस्थित होने से छूट दी गई थी और घर से काम करने की अनुमति दी गई थी.

  9. बीबीसी इंडिया बोल, 29 जनवरी 2022, बेरोज़गारी चुनावों में बड़ा मुद्दा क्यों नहीं बन पाता?, सुनिए मोहनलाल शर्मा से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  10. 'राजपूतों की पॉलिटिक्स', '80 बनाम 20' के सवाल पर अब क्या बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ?

    योगी आदित्यनाथ

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ

    क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 'राजपूतों की पॉलिटिक्स' करते हैं? योगी आदित्यनाथ के '80 बनाम 20' वाले उनके बयान का मतलब क्या था?

    ऐसे ही कई सवालों के जवाब योगी आदित्यनाथ ने अंग्रेजी अख़बार'हिंदुस्तान टाइम्स'की सीनियर रेज़िडेंट एडिटर सुनीता एरोन के साथ इंटरव्यू में दिए हैं.

    मुख्यमंत्री से जब ये पूछा गया कि जब उनपर ये आरोप लगते हैं कि वो सिर्फ़ राजपूतों की पॉलिटिक्स करते हैं, तो क्या उन्हें दुख होता है? इस सवाल के जवाब में योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि क्षत्रिय जाति में पैदा होना कोई अपराध नहीं है और उन्हें कोई दुख नहीं होता.

    उन्होंने कहा, "क्षत्रिय जाति में पैदा होना कोई अपराध थोड़े न है. इस देश की ऐसी जाति है जिसमें भगवान जन्म लिए हैं और बार-बार जन्म लिए हैं. तो अपनी जाति पर स्वाभिमान हर व्यक्ति को होना चाहिए."

  11. आरएसएस की कथित मानहानि मामले में राहुल गांधी के ख़िलाफ़ 5 फ़रवरी से रोज़ होगी सुनवाई

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Reuters

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की मानहानि के एक मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र की एक अदालत में 5 फ़रवरी से रोज़ाना सुनवाई होगी. यह आदेश महाराष्ट्र के ठाणे ज़िले की भिवंडी की एक अदालत ने दिया है.

    मालूम हो कि आरएसएस के एक कार्यकर्ता राजेश खुंटे ने 2014 में राहुल गांधी के ख़िलाफ़ यह शिक़ायत दर्ज़ करवाई थी. उस समय राहुल गांधी ने भिवंडी में कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के ​पीछे आरएसएस का हाथ था. खुंटे का आरोप है कि राहुल गांधी के इस बयान से आरएसएस की मानहानि हुई है.

    अदालत ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए कहा कि यह मामला उसी श्रेणी का है, इसलिए इसकी जल्दी सुनवाई होनी चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने एक आदेश में कहा था कि जन प्रतिनिधियों से जुड़े मामले जल्द निपटाने चाहिए.

    इस मामले के जज ने दोनों पक्षों के वकील से पूछा कि क्या वे रोज़ाना की सुनवाई के लिए तैयार हैं तो दोनों वकीलों ने इस पर अपनी स​हमति दी.

  12. पेगासस भारत को बेचा गया था, न्यूयॉर्क टाइम्स अख़बार का दावा

    पेगासस

    इमेज स्रोत, GETTY CREATIVE HT-PIX

    अमेरिकी अख़ाबर न्यूयॉर्क टाइम्स ने शुक्रवार को अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि भारत ने इसराइली स्पाईवेयर पेगासस को ख़रीदा था.अंग्रेज़ी अख़बर द टेलिग्राफ़में ये ख़बर दी गई है.

    नरेंद्र मोदी सरकार ने पेगासस की ख़रीद की बात को ना तो स्वीकार किया है और ना ही इसे नकारा है.

    पिछले साल पेगासस जासूसी सॉफ़्टवेयर के ज़रिए कई देशों में नेताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के कॉल रिकॉर्ड करने की बात सामने आई थी. इ

    समें भारत का नाम भी शामिल था. विपक्षी दलों ने इसे लेकर सरकार की आलोचना की थी और जवाब मांगा था.

  13. दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,483 नए केस, 28 की मौत

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, ANI

    राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 4,483 नए मामले सामने आए हैं. 28 लोगों की मौत हुई है.

    वहीं शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों में कोरोना संक्रमण के 4,044 मामले थे, 25 लोगों की मौत दर्ज़ की गई थी.

    दिल्ली सरकार की तरफ़ से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक़, दिल्ली में संक्रमण दर 7.41% है. कुल सक्रिय मामले 24,800 हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कुल 60,532 कोरोना टेस्ट किए गए हैं. वहीं 57,057 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई है. इनमें से 20,227 लोगों को पहली डोज़ तो 26,326 लोगों को दूसरी डोज़ दी गई है.

  14. जयंत-अखिलेश के गठबंधन पर क्या बोले यूपी के गन्ना मंत्री सुरेश राणा

    सुरेश राणा

    इमेज स्रोत, Twitter/@SureshRanaBJP

    उत्तर प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि इस गठबंधन का असर 'ज़मीन पर नहीं दिखता' है.

    राणा ने बीबीसी हिंदी से ख़ास बातचीत में कहा, "ये गठबंधन दिल्ली में बैठकर हुआ है. सड़क पर गठबंधन नहीं है."

    राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी ने शुक्रवार को कहा था कि वो गृह मंत्री (अमित शाह) के न्योते को गंभीरता से नहीं लेते.

    अमित शाह ने 26 जनवरी को दिल्ली में जाट नेताओं से मुलाक़ात की थी, उसके बाद बीजेपी नेताओं ने राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी के लिए दरवाज़े खुले होने की बात की थी.

    जयंत चौधरी की प्रतिक्रिया को लेकर सुरेश राणा ने कहा, "जयंत चौधरी गंभीरता से लेते हैं या नहीं ये सवाल नहीं है. सवाल ये है कि मतदाता क्या सोचता है? "

  15. अमेरिका और चीन के बीच इस एफ़-35 लड़ाकू विमान को लेकर क्यों हो रही है ज़ोर-आज़माइश

    एफ़-35सी लड़ाकू विमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी नौसेना अपने एक दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान की तलाश में युद्ध स्तर पर काम कर रहा है. उसकी कोशिश है कि चीनी सेना के पहुंचने के पहले वो घटनास्थल तक पहुंच जाए.

    इससे पहले, सोमवार को अमेरिकी जहाज यूएसएस कार्ल विंसन से उड़ान भरते वक़्त 10 करोड़ डॉलर की लागत वाला अमेरिका का एक एफ़-35सी लड़ाकू विमान दक्षिण सागर में गिर गया.

    अमेरिकी नौसेना ने इसे एक "दुर्घटना" बताया है. डेक से टकराने के चलते हुई इस दुर्घटना में सात नाविकों को चोट लगी.

    यह अमेरिकी नौसेना का सबसे नया विमान है और इसमें काफ़ी गोपनीय उपकरण लगे हुए हैं. समुद्र में जिस जगह पर ये दुर्घटना जहां हुई, वो स्थान किसी ख़ास देश की सीमा में नहीं आता.

  16. बिहार: शराबबंदी अभियान में शिक्षकों को लगाने के आदेश का क्यों हो रहा है विरोध

    बिहार

    इमेज स्रोत, NEERAJ SAHAI /BBC

    बिहार में शराबबंदी अभियान को सफल बनाने के काम में शिक्षकों को जोड़ने के एक आदेश से बखेड़ा खड़ा हो गया है.

    विपक्षी दल और शिक्षक संगठन शिक्षकों को एक और ग़ैर शैक्षणिक काम सौंपने का विरोध कर रहे हैं और कह रहे हैं कि इससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ेगा.

    राज्य के मुख्य विपक्षी दल राजद के प्रवक्ता और विधायक भाई वीरेंद्र ने इस आदेश को 'तुग़लक का फ़रमान' क़रार दिया है. उन्होंने कहा कि इस आदेश से राज्य के ताक़तवर शराब माफ़िया से शिक्षकों की जान को ख़तरा होगा

    कांग्रेस के प्रवक्ता असित तिवारी ने कहा, "कुछ वक़्त पहले शिक्षकों से कहा गया था कि वे देखें कि कोई खुले में शौच न करें. तब सरकार के उन दावों पर सवाल उठे कि राज्य में खुले में शौच की समस्या ख़त्म हो गई. और अब सरकार एक और बेवकूफ़ी वाला आदेश लेकर आई है."

    शिक्षकों के संगठन के प्रवक्ता अश्विनी पांडेय ने कहा कि शिक्षा का अधिकार क़ानून शिक्षकों को ग़ैर शैक्षणिक कामों में लगाने की मनाही करता है. हमारी सरकार से गुज़ारिश है कि वह इस आदेश को वापस ले.

    शिक्षक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    क्या है मामला?

    इससे पहले शुक्रवार को राज्य के शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी किया, इसमें शिक्षकों से कहा गया कि उन्हें 'नशामुक्ति' के लिए जागरुक बनाया जाएगा.

    इसमें कहा गया कि शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जाएगा कि वे शराब की बिक्री और सेवन के बारे में प्रशासन से जानकारी साझा करें. इस आदेश में भरोसा दिया गया है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

    इसमें उम्मीद जताई गई है कि स्कूल परिसर को शराब के अवैध कारोबार और सेवन का अड्डा न बनने दिया जाए.

  17. यूक्रेन को रूस से जंग के लिए जर्मनी हथियार क्यों नहीं देना चाहता?

    यूक्रेन की सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जर्मनी के यूक्रेन को हथियार देने से इनकार करने पर दूसरे सहयोगी देशों ने हैरानी और गुस्सा जताया है.

    लेकिन, यूरोप के इस शक्तिशाली देश का हथियार देने से इनकार करना ऐतिहासिक है और इसके कारणों को समझना भी ज़रूरी है.

    राजधानी बर्लिन के पूर्व में एक बड़ा घास का मैदान है जहां की मिट्टी में भयानक कहानियां दफ़न हैं.

    इस मैदान में जब किसान हल चलाते हैं तो उन्हें इंसानी हड्डियां, हथियार और द्वितीय विश्व युद्ध के निशान मिलते हैं.

    वो 1945 का समय था. पूर्व जर्मन तानाशाह हिटलर बर्लिन में बंकर के अंदर छिपे थे. उनके सैनिक पीछे हट रहे थे. सोवियत संघ की सेना पूर्व में मैदानी इलाक़े से आगे बढ़ रही थी लेकिन, सीलो हाइट्स नाम के पहाड़ पर नाज़ी सेना उन्हें रोकने के लिए खड़ी थी.

  18. बजट 2022: भारत का आम बजट कैसे तैयार होता है, जानिए इससे जुड़ी दिलचस्प जानकारियां

    निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी, 2022 को आम बजट पेश करेंगी. आम बजट सुबह 11 बजे पेश होगा. निर्मला सीतारमण चौथी बार बजट पेश करेंगी.

    इससे पहले 31 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा. आइए जानते हैं कैसे तैयार होता है बजट और क्या है इससे जुड़ी दिलचस्प जानकारियां.

    आम या भारत का संघीय बजट क्या है?

    भारतीय संविधान के अनुच्छेद 112 के मुताबिक किसी एक खास साल में केंद्र सरकार के वित्तीय ब्योरे को संघीय बजट कहते हैं. संविधान के मुताबिक सरकार को हर वित्त वर्ष की शुरुआत में संसद में बजट पेश करना होता है.

    वित्त वर्ष की अवधि मौजूदा वर्ष के 1 अप्रैल से अगले साल के 31 मार्च तक होती है. सरकार की ओर पेश वित्तीय ब्योरे में किसी खास वित्त वर्ष में केंद्र सरकार की अनुमानित प्राप्तियों (राजस्व और अन्य प्राप्तियां) और खर्चे को दिखाया जाता है.

  19. मध्य प्रदेश में जल्द ही हिंदी में भी होगी एमबीबीएस की पढ़ाई

    विश्वास सारंग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विश्वास सारंग

    एमबीबीएस की पढ़ाई अब मध्य प्रदेश में हिंदी में भी हो सकेगी. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है.

    राज्य सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि राज्य में एमबीबीएस कोर्स के स्टडी मैटेरियल और लेक्चर हिंदी में भी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

    सारंग ने कहा कि शुक्रवार को हुई एक उच्च स्तरीय समिति ने फैसला किया है कि स्टडी मैटेरियल के अनुवाद के साथ ही साथ एमबीबीएस कोर्स में हिंदी में लेक्चर भी होंगे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    विश्वास सारंग ने पिछले सितंबर में ही इस तरह की समिति गठित करने की घोषणा की थी. उनका कहना है कि बहुत सारे स्तर से लगातार इस बात की मांग उठ रही थी कि हिंदी में भी एमबीबीएस का पाठ्यक्रम होना चाहिए.

    ट्विटर पर वो लिखते हैं, ''मातृभाषा में पढ़ाई होगी तो उसके परिणाम और अधिक सुखद होंगे, इसलिए तय किया गया है कि पाठ्यक्रम में बिना किसी बदलाव के हिंदी में पाठ्यक्रम आ सके, इसकी हमने तैयारी कर ली है.''

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पिछले साल सारंग ने ये ऐलान किया था कि एमबीबीएस के फर्स्ट ईयर फाउंडेशन कोर्स में आरएसएस के संस्थापक केबी हेडगेवार, जनसंघ के नेता दीनदयाल उपाध्याय, स्वामी विवेकानंद और बीआर अंबेडकर पर लेक्चर भी शामिल होगा.

    इसके अलावा मध्य प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने पिछले साल ये घोषणा की थी कि ग्रेजुएशन के पहले साल में आर्ट स्ट्रीम में 'रामचरितमानस' को इलेक्टिव सब्ज़ेक्ट के तौर पर पेश किया जाएगा.

  20. अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने विवादित टिप्पणी पर मांगी माफ़ी, कहा-बयान को गलत समझा गया

    श्वेता तिवारी

    इमेज स्रोत, Instagram/shweta.tiwari

    टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने ''भगवान'' पर अपनी टिप्पणी को लेकर माफ़ी मांगी है. उनके बयान के बाद कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं के आहत होने को लेकर ख़ूब आलोचना हो रही थी.

    श्वेता तिवारी के ख़िलाफ़ भोपाल में एक एफ़आईआर भी दर्ज़ हुई है, इसके एक दिन बाद अभिनेत्री ने माफ़ी मांगी है.

    मामला क्या है?

    श्वेता तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वो अपने इनरवियर का ज़िक्र करते हुए उसे ''भगवान'' से जोड़ती दिख रही थीं.

    बताया जा रहा है कि ये विवादित बयान उन्होंने अपनी वेब सीरीज 'शो स्टॉपर' के प्रचार में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया था. इस मौके पर उनके को-स्टार भी वहाँ मौज़ूद दिख रहे हैं.

    श्वेता तिवारी

    इमेज स्रोत, ANI

    श्वेता तिवारी ने अब क्या कहा है?

    ''कसौटी ज़िंदगी की'', ''परवरिश'' जैसे टीवी सीरियल के लिए जानी जाने वाली श्वेता तिवारी ने अब कहा है कि उनके बयान को गलत समझा गया.

    शुक्रवार को जारी अपने बयान में उन्होंने कहा, ''मुझे ये पता चला है कि एक सहयोगी की पूर्व भूमिका के बारे में मेरे बयान का गलत मतलब समझ लिया गया.जब उस बयान को संदर्भ में देखा जाएगा तो पता चलेगा कि इस बयान में मैं ''भगवान'' का इस्तेमाल ''सौरभ राज जैन'' के लिए कर रही थी. जिन्होंने एक सीरियल में ''भगवान'' का किरदार निभाया था.''

    उन्होंने आगे कहा कि अपनी बातचीत में वो एक किरदार और अभिनेता के बारे में बात कर रही थीं, जिसे गलत समझ लिया गया. श्वेता तिवारी का कहना है कि वो जाने अनजाने में कभी ऐसा कुछ नहीं कहेंगी जिससे लोगों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचे.

    श्वेता ने कहा है, ''मुझे समझ में आया है कि संदर्भ से बाहर बयान को देखें तो अनजाने में कई लोगों की भावना को ठेस पहुंची है. ऐसे में मैं विनम्रतापूर्वक माफ़ी मांगना चाहूँगी.''

    बता दें कि मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस को श्वेता तिवारी की टिप्पणी की जांच करने और एक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था. इसके बाद शुक्रवार को भोपाल में उनके ख़िलाफ एफ़आईआर दर्ज़ की गई.