केंद्र सरकार ने माना, दुनिया के सामने कोरोना की चौथी लहर की चुनौती

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि दुनिया इस समय कोरोना की चौथी लहर का सामना कर रही है. इस समय दुनिया की पॉजिटिविटी रेट 6.1 फ़ीसदी है, लिहाज़ा भारत को सतर्क रहने की ज़रूरत है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी, पंकज प्रियदर्शी and चंदन शर्मा

  1. पाकिस्तान और तालिबान के बीच रिश्तों का भविष्य क्या है ?

    पाकिस्तान तालिबान सेना

    इमेज स्रोत, AAMIR QURESHI/AFP via Getty Images

    पाकिस्तान की तालिबान से गहरी दोस्ती के बारे में शायद ही किसी रणनीतिकार को शको-शुबहा हो. इस विषय पर कई किताबें और लेख लिखे जा चुके हैं.

    निवर्तमान अफ़ग़ान हुक़ूमत तो साफ़ तौर पर तालिबान को पाकिस्तान का प्रॉक्सी बताती थी. ये बात 15 अगस्त 2021 तक शत-प्रतिशत दुरुस्त थी.

    लेकिन तब से लेकर अब काबुल नदी में बहुत पानी बह चुका है. एक भूतपूर्व सशस्त्र विद्रोही गुट, अब सत्तासीन है. क्या अब दोनों के बीच संबंधों का स्वरूप बदलेगा?

  2. दक्षिण कोरिया: 22 साल की सजा काट रहीं पूर्व राष्ट्रपति को दी गई माफ़ी

    दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क गुन हे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क गुन हे

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेई-इन ने पूर्व राष्ट्रपति पार्क गुन हे को माफ़ी दे दी है जो एक बड़े भ्रष्टाचार के मामले में 22 साल जेल की सजा काट रही थीं.

    69 साल की पार्क गुन हे पर महाभियोग चलाया गया था. उन्हें साल 2018 में सत्ता के दुरुपयोग और बलप्रयोग का दोषी पाया गया था.

    वह दक्षिण कोरिया की पहली लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई नेता थीं जिन्हें जबरन सत्ता से हटाया गया.

    पार्क कंधे और पीठ के पुराने दर्द के कारण तीन बार अस्पताल में भर्ती हो चुकी हैं. स्थानीय न्यूज़ एजेंसी योनहाप के मुताबिक नए साल में राष्ट्रपति की विशेष शक्ति का लाभ जिन लोगों को मिल रहा है उस सूची में खराब तबीयत के कारण पार्क गुन हे का नाम भी है.

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेई-इन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेई-इन

    ये घोषणा थोड़ी हैरान करने वाली है क्योंकि इससे पहल मून जेई-इन ने माफ़ी के अनुरोध को खारिज कर दिया था.

    दक्षिण कोरिया की पहली महिला प्रधानमंत्री हान मेयोंग-सूक को भी शुक्रवार को रिहा किया गया. वो रिश्वत लेने के आरोप में दो साल जेल की सजा काट चुकी थीं.

    2018 में पार्क को 18 में से 16 आरोपों में दोषी पाया गया था जिनमें से अधिकतर रिश्वत और बलप्रयोग से जुड़े थे.

    अदालत ने फैसला सुनाया कि उन्होंने अपनी करीबी दोस्त चोई सून-सिल के साथ मिलकर इलेक्ट्रॉनिक्स दिग्गज सैमसंग और रिटेल चेन लोटे जैसी कंपनियों पर चोई के फाउंडेशन को लाखों डॉलर देने का दबाव बनाया था.

    इसके अलावा, पार्क को अपने एक पुराने दोस्त को गोपनीय राष्ट्रपति दस्तावेज लीक करने का दोषी भी पाया गया था. हालांकि, पार्क गुन हे इन सभी आरोपों से इनकार करती रही हैं.

  3. 'ओमिक्रॉन से अस्पताल में भर्ती की ज़रूरत 70 प्रतिशत तक कम'

    ओमिक्रॉन

    इमेज स्रोत, YALCINSONAT1

    एक नए अध्ययन के मुताबिक कोरोना वायरस के अन्य वेरिएंट्स की तुलना में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित होने वाले 50 से 70 प्रतिशित लोगों को अस्पताल में भर्ती की कम ज़रूरत पड़ सकती है.

    यूके हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी का कहना है कि इसकी शुरुआती जानकारियां ‘उत्साहित’ करने वाली हैं लेकिन फिर भी ये वेरिएंट बड़ी संख्या में लोगों को अस्पताल पहुंचा सकता है.

    स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आगे क्या होगा ये तय करना अभी जल्दबाज़ी होगी.

    अध्ययन ये भी दिखाता है कि वैक्सीन की ओमिक्रॉन वायरस से संक्रमति होने से बचाने की क्षमता बूस्टर डोज़ के आठ हफ़्तों बाद कम होनी शुरू हो जाती है.

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मामले हल्के लेकिन संक्रमण ज़्यादा

    ताज़ा विश्लेषण नवंबर से ब्रिटेन में आए ओमिक्रॉन और डेल्टा के मामलों पर आधारित है. इसमें वो 132 लोग भी शामिल हैं जिन्हें इस वेरिएंट के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा.

    ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित होने से 28 दिनों में 14 लोगों की मौत भी हुई है.

    लेकिन इससे ये भी पता चला है कि 31 से 45 प्रतिशत कम लोगों को आपात स्थिति में अस्पताल जाना पड़ा. वहीं, 50 से 70 प्रतिशत कम लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा.

    हालांकि, वायरस का हल्का प्रभाव भी अस्पतालों पर दबाव बढ़ा सकता है क्योंकि ये तेज़ी से फैलता है.

    अगर बड़ी संख्या में लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित होंगे तो वायरस के हल्के लक्षण का फ़ायदा भी नहीं मिलेगा. ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण के एक दिन में एक लाख 19 हज़ार से ज़्यादा मामले सामने आए हैं. यहां 28 दिनों में 147 मौतें हुई हैं.

    फ़िलहाल इसे लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है कि बुज़ुर्गों में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले सामने आने पर क्या होगा. अभी तक जो लोग ओमिक्रॉन के चलते अस्पताल पहुंच रहे हैं उनमें 40 से कम उम्र के लोग ही हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    22 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.