ओमिक्रॉन से निपटने में नाकामी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने दी सफाई
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ओमिक्रॉन वेरिएंट से निपटने में अपने प्रशासन की किसी भी तरह की नाकामी से इनकार किया है.
उन्होंने न्यूज़ चैनल एबीसी न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि “कोई भी” इसकी भविष्यवाणी नहीं कर सकता था. हालांकि, उनके शीर्ष सलाहकार डॉक्टर एंथनी फौची ने कहा है कि विशेषज्ञों के मुताबिक वेरिएंट्स आ सकते हैं.
इससे एक दिन पहले व्हाइट हाउस ने कोरोना टेस्ट की कमी के बीच घर पर होने वाले पांच करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किट के आदेश की योजना की जानकारी दी थी.
क्रिसमस को देखते हुए लंबे समय से इस तरह की टेस्ट किट का इंतज़ार किया जा रहा है.
जो बाइडन ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि ये एक नाकामी है. आप तर्क दे सकते हैं कि हमें एक साल पहले, छह महीने पहले, दो महीने पहले, एक महीने पहले पता होना चाहिए था.”
उन्होंने कहा कि काश उन्होंने दो महीने पहले पांच करोड़ टेस्ट किट मंगाने के बारे में सोचा होता.
एक साल पहले जो बाइडन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की कोविड-19 टेस्ट की कमी को लेकर आलोचना की थी.
न्यूयॉर्क में बुधवार को 29 हज़ार मामले दर्ज किए गए. कोरोना मामलों में हफ़्ते की शुरुआत में आए मामलों की तुलना में 30 प्रतिशत का उछाल आया है.
पिछले हफ़्ते उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने लॉसएंजेल्स टाइम्स से कहा था कि व्हाइट हाउस को नहीं लगा था कि डेल्टा या ओमिक्रॉन वेरिएंट आएंगे.
इस पर हंसते हुए राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, “ये बात कैसे गलत है. किसी को उनके आने का पता नहीं था. पूरी दुनिया में किसी को इसकी जानकारी नहीं थी.’’