नवजोत सिंह सिद्धू ने लुधियाना ब्लास्ट को साज़िश कहा
पंजाब के लुधियाना में कोर्ट परिसर में हुए धमाके के बाद राज्य के शीर्ष अधिकारी और नेता घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं.
राज्य के गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं. मौक़े का मुआयना करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की है. मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी भी इसके बाद लुधियाना पहुंच रहे हैं.
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मौक़े पर मीडिया से कहा है कि मामले की जाँच जारी है जिसके बारे में अभी ज़्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता. बम विस्फ़ोट में इस्तेमाल सामग्री की जांच के लिए फ़ोरेंसिक टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं.
उन्होंने कहा है कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है इसलिए बाहरी तत्वों के इस घटना में शामिल होने की आशंका को ख़ारिज नहीं किया जा सकता. हमारे दुश्मन कभी नहीं चाहते कि पंजाब स्थिर रहे, क्योंकि पंजाब जब स्थिर रहेगा तो देश भी स्थिर रहेगा. ये घटना पंजाब को अस्थिर करने की कोशिश भी हो सकती है.
रंधावा ने बताया, ''पूरे पंजाब को हाई अलर्ट पर रखा गया है. भीड़भाड़ वाले इलाक़े की सुरक्षा कड़ी की जा रही है.''
उन्होंने कहा कि दिक्कत ये है कि इस समय राज्य में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और पूरी फ़ोर्स वहां पर तैनात होती है. हमें इस पर ध्यान देना होगा.
घटनास्थल से कुछ ही किलोमीटर दूर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की रैली हो रही है. इसे लेकर उपमुख्यमंत्री रंधावा ने चिंता जताई और कहा कि चुनाव नजदीक हैं तो हो सकता है कि इस घटना से राज्य को अस्थिर करने की कोशिश हो रही है. इसलिए यह घटना बहुत बड़ी चुनौती है.
उन्होंने कहा कि शाम को मुख्यमंत्री मैरी और डीजीपी पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर बैठक कर रहे थे.
रंधावा ने कहा कि चरमपंथ के दौर में भी पंजाब में कोर्ट परिसर में बम ब्लास्ट हुआ था. चरमपंथियों को लगता होगा कि न्यायपालिका को डराकर वो दहशत फैला सकते हैं पर वे अपने मक़सद में कामयाब नहीं होंगे.
सिद्धू ने कहा- शांति भंग करने की कोशिश हो रही
उधर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का इस मामले पर बयान आया है. उन्होंने इसे लेकर ट्वीट किया है.
सिद्धू ने कहा है, ''लुधियाना कोर्ट परिसर में हुए धमाके ने इसमें कोई संदेह नहीं छोड़ा है कि राज्य में शांति भंग करने वाली कई घटनाओं को अंज़ाम देने की साजिश बनाई जा रही है, ताकि पंजाब में क़ानून और व्यवस्था की समस्या पैदा की जा सके. इस धमाके में मारे गए लोगों को सांत्वना और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं.''
पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी घायलों का हालचाल और स्थिति की समीक्षा करने लुधियाना पहुँचे.