You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की: मंहगाई दर 20 फीसद हुई, करेंसी लीरा में 5 प्रतिशत की और गिरावट

तुर्की की मुद्रा लीरा में दुनिया की प्रमुख करेंसियों के मुकाबले भारी गिरावट दर्ज की गई है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, पंकज प्रियदर्शी and विभुराज

  1. पंजाब: बेअदबी के मामले चुनावी राजनीति पर कितना असर डालते हैं?

    पंजाब में हाल के दिनों में बेअदबी के दो मामले सामने आए हैं और दोनों ही घटनाओं में जिन दो लोगों पर आरोप लगे उन्हें लोगों ने पीट-पीट कर मार दिया है. पहली घटना अमृतसर के स्वर्ण मंदिर की है और दूसरी कपूरथला की है.

    पंजाब में आगामी कुछ महीनों के भीतर चुनाव होने हैं. सारी राजनीतिक पार्टियां इस मुद्दे पर बड़े ध्यान से बयान दे रही हैं. मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी स्वर्ण मंदिर पहुँचे और कहा कि कांग्रेस सरकार बेअदबी की घटना की जड़ तक जाएगी.

    दिलचस्प बात ये है कि दोनों ही मामलों में, सभी पार्टियों ने बेअदबी की घटनाओं की जाँच और उसकी तह तक जाने की मांग तो की है लेकिन किसी ने दो लोगों को पीट-पीट कर मारने के विषय में कोई बयान नहीं दिया है.

    शायद ये इस बात का साफ़ संकेत है कि पंजाब कि सियासत में बेअदबी के मामलों की संवेदनशीलता कितनी अधिक है. कई जानकार मानते हैं कि साल 2017 में विधानसभा चुनाव अकाली दल-बीजेपी सरकार की हार में भी ऐसी घटनाओं का अहम रोल था.

  2. चिली: 35 साल के वामपंथी नेता ग्रैबिएल बोरिक की राष्ट्रपति चुनावों में जीत

    वामपंथी उम्मीदवार ग्रैबिएल बोरिक चिली के राष्ट्रपति चुनावों में जीत हासिल करके देश के अब तक के सबसे नौजवान नेता बन गए हैं.

    अब तक चिली के चुनावों में कड़े मुकाबले की उम्मीद की जा रही थी लेकिन 35 साल के पूर्व प्रोटेस्ट लीडर ने अपने विरोधी उम्मीदवार और धुर दक्षिणपंथी नेता एंटोनियो कास्ट को दस अंकों से भी ज़्यादा अंतर से मात दी.

    ग्रैबिएल बोरिक ने अपने समर्थकों से लोकतंत्र की देखभाल करने का वादा किया है और साथ ही ये भी कहा है कि वो चिली में नवउदारवादी आर्थिक मॉडल पर रोकथाम लगाएंगे.

    ग्रैबिएल एक ऐसे देश का नेतृत्व संभालने जा रहे हैं जो हाल के सालों में ग़ैरबराबरी और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ व्यापक स्तर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के कारण उथल-पुथल से गुजरा है.

    ग्रैबिएल की जीत के बाद राजधानी सैंटियागो की सड़कों पर जश्न का माहौल देखा जा सकता है. उनके समर्थक अपने गाड़ियों की हॉर्न बजाते और झंडे लहराते हुए देखे जा सकते हैं.

    ग्रैबिएल बोरिक का भाषण

    अपने भाषण में ग्रैबिएल बोरिक ने कहा कि वे अपना जिम्मेदारी के साथ करेंगे और कुछ चुनिंदा लोगों के विशेषाधिकार के ख़िलाफ़ सख़्त रुख अपनाएंगे.

    अपने समर्थकों से उन्होंने कहा, "हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौती है. मैं जानता हूं कि आने वाले सालों में देश का भविष्य दांव पर रहेगा. इसलिए मैं इस बात की गारंटी देता हूं कि मैं एक ऐसा राष्ट्रपति बनूंगा जो लोकतंत्र की परवाह करता है और वो इसे ख़तरे में नहीं डालेगा. जो बोलने से ज़्यादा सुनेगा, एकीकरण पर जोर देगा और लोगों की रोज़मर्रा की ज़रूरतों का ख्याल रखेगा."

    चिली के राष्ट्रपति चुनावों के आधिकारिक परिणामों के अनुसार ग्रैबिएल बोरिक को 56 फीसदी मत हासिल हुए हैं जबकि उनके विरोधी को महज 44 फीसदी.

    दोनों ही उम्मीदवारों ने देश के लिए लोगों के सामने पूरी तरह से अलग-अलग एजेंडा सामने रखा था. दोनों ही उम्मीदवार ऐसे राजनीतिक दलों से ताल्लुक रखते थे जो पहले कभी मुल्क की सत्ता पर काबिज़ नहीं रहे थे.

    चिली लातिन अमेरिकी की सबसे स्थिर अर्थव्यवस्थाओं में से एक है लेकिन इसके बावजूद ये दुनिया की सबसे अधिक आर्थिक विषमता वाले देशों में शुमार है.

    संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, चिली के 25 फीसदी संसाधनों पर एक फ़ीसदी आबादी का नियंत्रण है.

    ग्रैबिएल बोरिक ने सामाजिक अधिकारों का विस्तार करके इस ग़ैरबराबरी की समस्या का हल निकालने का वादा किया है.

    उन्होंने चिली की पेंशन व्यवस्था में सुधार की बात कही है. साथ ही वे साप्ताहिक काम के घंटे को 45 से कम करके 40 करना चाहते हैं.

  3. जब पाकिस्तान में इस्लामी देशों की बैठक चल रही थी तब भारत में क्या तय हुआ

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को ऑर्गनाइज़ेशन फ़ॉर इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) के सदस्य देश अफ़ग़ानिस्तान के मानवीय संकट और आर्थिक दिक़्क़तों पर चर्चा कर रहे थे. तभी इन्हीं मुद्दों पर नई दिल्ली में भारत की मेजबानी में भी एक सम्मेलन चल रहा था.

    मध्य एशियाई देशों के पांच विदेश मंत्रियों ने नई दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अध्यक्षता में तीसरे भारत-मध्य एशिया डायलॉग में भाग लिया. इनमें उज़्बेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, कज़ाख़स्तान, ताजिकिस्तान और किर्गिस्तान शामिल हैं.

    इस दौरान भारत और मध्य एशिया के बीच व्यापारिक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर बात हुई और इसके साथ-साथ अफ़ग़ानिस्तान के हालात पर भी विस्तार से चर्चा हुई.

    भारत और पांचों मध्य एशियाई देशों ने एक साझा बयान जारी करते हुए कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन का इस्तेमाल आतंकी हमलों के लिए नहीं होना चाहिए और साथ ही इस बयान में अफ़ग़ान लोगों को तुरंत मानवीय सहायता मुहैया कराने को लेकर भी वादा किया गया है.

  4. विपक्ष की आपत्तियों के बीच आधार को वोटिंग कार्ड से जोड़ने वाला संशोधन विधेयक लोकसभा में पास

    लोकसभा ने चुनाव सुधार संशोधन विधेयक 2021 को पास कर दिया है. इस विधेयक के तहत आधार को वोटर कार्ड से जोड़ने का प्रस्ताव है. इस विधेयक के पास होने के बाद लोकसभा मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई. जैसे ही सोमवार को सरकार ने ये विधेयक लोकसभा में पेश किया, विपक्षी दलों ने इसका जमकर विरोध किया.

    कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने कहा कि आधार निवास का प्रमाण है, नागरिकता का नहीं. जबकि असदउद्दीन ओवैसी ने इसे निजता का उल्लंघन बताया. कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि मतदान वैधानिक अधिकार है और आधार को वोटर आईडी से जोड़ना ग़लत है.

    तृणमूल कांग्रेस के नेता सौगत रॉय ने विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि आधार कार्ड सरकार सभी नागरिकों के लिए जारी करती है. केंद्र सरकार चुनावी प्रक्रिया में दखल देने की कोशिश कर रही है. लेकिन केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष की आपत्तियों को ख़ारिज करते हुए कहा कि सरकार फ़र्जी मतदान को रोकने की कोशश कर रही है और इस मुद्दे पर विपक्ष को सरकार का समर्थन करना चाहिए.

  5. Facebook Live: अयोध्या के प्रस्तावित सौंदर्यीकरण से क्यों नाराज़ हैं स्थानीय व्यापारी

    Live: अयोध्या के प्रस्तावित सौंदर्यीकरण से क्यों नाराज़ हैं स्थानीय व्यापारी.

    जन्मभूमि परिसर से बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव (कैमरा-देवाशीष)

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, एशेज़ में इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से हुआ फिर पस्त, दूसरे टेस्ट में 275 रनों से हारा

    एशेज़ के दूसरे टेस्ट में मेज़बान ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 275 रनों हराकर सिरीज़ में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है. ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिसबेन में हुआ पहला टेस्ट नौ विकेट से जीता था. एडिलेड में हुए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को दूसरी पारी में जीत के लिए 467 रनों का विशाल लक्ष्य मिला था. लेकिन इंग्लैंड की पूरी टीम 192 रनों पर आउट हो गई. इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में सिर्फ़ 236 रन बनाए थे. जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 473 रन बनाकर समाप्त घोषित कर दी थी. जबकि दूसरी पारी भी उन्होंने नौ विकेट पर 230 रन बनाकर समाप्त घोषित कर दी थी. पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्नस लबुशेन ने 103 रन बाए थे. जबकि कप्तान स्टीव स्मिथ ने 93 रनों की पारी खेली थी. ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाज़ों में बेहतरीन गेंदबाज़ी की मिचेल स्टार्क और रिचर्डसन ने.

  7. ऐश्वर्या राय बच्चन की प्रवर्तन निदेशालय में पेशी, पनामा पेपर्स लीक मामले में पूछताछ

    पनामा पेपर्स लीक मामले में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन प्रवर्तन निदेशालय के दिल्ली दफ़्तर पहुँची हैं.

    ईडी ने उन्हें पेश होने के लिए नोटिस दिया था. लेकिन वे दो मौक़ों पर पहुँच नहीं पाई थी. पनामा पेपर्स लीक में भारत के 500 से ज़्यादा नागरिकों के नाम हैं.

    पनामा पेपर्स कही जानेवाली अंतरराष्ट्रीय पड़ताल का हिस्सा कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान बनीं थी. भारत में इंडियन एक्सप्रेस अख़बार इसका हिस्सा थी.

    पनामा पेपर्स में लीक हुए दस्तावेज़ों में कई मशहूर हस्तियों पर ग़ैर क़ानूनी ढंग से विदेश में पैसा रखने के आरोप हैं.

    दुनिया में सबसे अधिक गोपनीयता से काम करने वाली पनामा की कंपनी 'मोसाक फोंसेका' के लाखों कागज़ात वर्ष 2016 में लीक हो गए.

    इन दस्तावेज़ों से पता चलता है कि मोसाक फोंसेका ने किस तरह अपने ग्राहकों को कर बचाने, कर की चोरी, काले धन को वैध बनाने और प्रतिबंधों से बचने में मदद की.

    इन दस्तावेज़ों की जांच 'अंतर्राष्ट्रीय कनसोरशियम ऑफ़ इनवेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट्स' (आईसीआईजे) ने 100 मीडिया कंपनियों के साथ मिलकर की.

  8. धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी मामले में दोषियों को सार्वजनिक फाँसी हो: सिद्धू

    पंजाब कांग्रेस के प्रमुख और क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि पंजाब में अमन के माहौल को खराब करने की साज़िश की जा रही है.

    उन्होंने कहा, "मैं नवजोत सिंह सिद्धू ये एलान करता हूँ कि जहाँ कहीं भी धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की जाएगी, चाहे वो क़ुरान शरीफ़ हो या भगवत गीता हो या फिर गुरु ग्रंथ साहिब, दोषियों को सरेआम फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए, उन्हें संविधान की सबसे बड़ी सज़ा दी जानी चाहिए."

    नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, "इससे भावनाओं को ठेस पहुँचती है. ग़लतियाँ कोई भी कर सकता है लेकिन ये एक कौम को ख़त्म करने की साज़िश है."

    गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में पंजाब में गुरु ग्रंथ साहिब की कथित बेअदबी के दो मामले सामने आए हैं जिनमें बेअदबी के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार माने गए दो लोगों को भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला.

  9. Live: लखनऊ के चिकन कारीगर किस हाल में?

    Live: लखनऊ के चिकन कारीगर किस हाल में? यूपी की राजधानी लखनऊ से बीबीसी संवाददाता गुरप्रीत कौर (कैमरा- देबलिन)

  10. भारत के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाने की कोशिशों को लेकर चिंतित: मालदीव

    मालदीव सरकार ने भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों से जुड़ी झूठी "भ्रामक और निराधार" जानकारी पर रविवार को एक बयान जारी किया है.

    मालदीव सरकार ने कहा कि वह भारत के प्रति नफ़रत फ़ैलाने की कोशिशों को लेकर ''गंभीर रूप से चिंतित'' है.

    भारत को क़रीबी सहयोगी बताते हुए मालदीव के विदेश मंत्रालय ने "राजनीतिक लोगों" और अन्य व्यक्तियों पर भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को ख़तरे में डालने और नफ़रत फैलाने के आरोप लगाते हुए उनकी निंदा की.

    मंत्रालय ने जारी बयान में कहा, ‘’मालदीव सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सभा करने की आज़ादी की हिमायत करती है, सरकार का दृढ़ विश्वास है कि इन मौलिक अधिकारों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक और ज़िम्मेदार तरीक़े से किया जाना चाहिए."

    ‘’ पड़ोसी देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर में नफ़रत फैलाने और झूठे आरोप लगाने से न केवल हमें लगातार समर्थन देने वाले विश्वसनीय सहयोगियों के साथ संबंध खराब होंगे,बल्कि मालदीव में उनके नागरिकों और विदेशों में रहने वाले मालदीव के नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है.’’

    मालदीव सरकार ने इस बात की फिर से पुष्टि की कि अपने सभी अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ देश के लंबे समय से चले आ रहे संबंध आपसी सम्मान और समझ के सिद्धांतों पर आधारित हैं.

  11. देश-विदेश से जुड़े प्रमुख समाचार एक बार फिर

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पन्ने से जुड़ने के लिए आपका स्वागत है. आइए एक बार फिर आपको देश-विदेश की प्रमुख हेडलाइंस बताते हैं......

    • चीन की टेनिस खिलाड़ी पेंग शुई एक वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता के ख़िलाफ़ सेक्स के लिए मजबूर किए जाने के बयान से पलटीं. लेकिन डब्लूटीए को अब भी उनकी चिंता.
    • लोकसभा में चुनाव क़ानून संशोधन विधेयक पेश. आधार को वोटर कार्ड से जोड़ने का प्रस्ताव, लेकिन विपक्ष इस प्रस्ताव के ख़िलाफ़. राज्यसभा से 12 सांसदों को निलंबित करने के मामले पर भी सरकार और विपक्ष में गतिरोध जारी.
    • भारत में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं. उन्होंने केंद्र से बूस्टर डोज़ की मंज़ूरी की अपील की.
    • उत्तर कोरिया के पूर्व नेता और किम जोंग उन के पिता, किम जोंग-इल की 10वीं पुण्यतिथि पर 11 दिन के शोक का एलान किया गया है. शुक्रवार को इस शोक का ऐलान करते हुए उत्तर कोरिया ने अपने नागरिकों के हंसने, शराब पीने और ख़रीदारी करने पर 11 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया.
    • न्यूज़ीलैंड की क्रिकेट टीम दिसंबर-जनवरी 2022-2023 में पाकिस्तान का दौरा करेगी. पीसीबी प्रमुख रमीज़ राजा ने इस फ़ैसले पर जताई ख़ुशी. सितंबर से सुरक्षा कारणों से न्यूज़ीलैंड ने बीच में ही पाकिस्तान दौरा रद्द किया था. उस समय रमीज़ ने न्यूज़ीलैंड को खरी-खोटी सुनाई थी.
  12. केजरीवाल ने कहा- ओमिक्रॉन से निपटने के लिए तैयार दिल्ली, केंद्र बूस्टर डोज़ को दे मंज़ूरी

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और इसे देखते हुए सभी सक्रिय मामलों को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा.

    केजरीवाल ने केंद्र से अपील की कि वो बूस्टर डोज़ शुरू करे. उन्होंने दिल्ली वासियों से अपील की कि वे घबराएँ नहीं. केजरीवाल ने कहा- जानकार कहते हैं कि ओमिक्रॉन कोविड का हल्का वेरिएंट हैं. ओमिक्रॉन के संक्रमण से अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या है और इससे मरने वालों की संख्या भी कम है. इस बीच दिल्ली में ओमिक्रॉन के चार और नए मामले सामने आए हैं और इस तरह यहाँ ओमिक्रॉन के संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 28 हो गए हैं.

  13. आधार निवास का प्रमाण, नागरिकता का नहीं: शशि थरूर

    चुनाव क़ानून संशोधन विधेयक 2021 को सरकार ने लोकसभा में पेश कर दिया है. लेकिन हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही रोकनी पड़ी. इस बीच कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने भी इस संशोधन विधेयक को लेकर अपनी आपत्ति जताई और कहा कि आधार निवास का प्रमाण है, नागरिकता का नहीं.

    उन्होंने कहा- आधार को सिर्फ़ निवास का सबूत होना था. ये नागरिकता का प्रमाण नहीं है. अगर आप मतदाताओं के लिए आधार मांग रहे हैं, तो आपको वो दस्तावेज़ मिल रहा है, जो निवास का प्रमाण है, नागरिकता का नहीं. दरअसल आप संभवत: उनके लिए वोट की व्यवस्था कर रहे हैं, जो नागरिक नहीं हैं.

    इससे पहले ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी एआईएमआईएम के प्रमुख और सांसद असदउद्दीन ओवैसी ने चुनाव क़ानून संशोधन विधेयक का विरोध करने का फ़ैसला किया है. इस क़ानून के तहत आधार को वोटर आईडी से लिंक करने का प्रस्ताव है. ओवैसी ने इस संबंध में लोकसभा सचिवालय को नोटिस भेजा है.

    ओवैसी ने अपने नोटिस में कहा है कि आधार को वोटर आईडी से लिंक करने का प्रस्ताव निजता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है. नरेंद्र मोदी सरकार की कैबिनेट ने चुनाव क़ानून संशोधन विधेयक 2021 को मंज़ूरी दे दी है और इसे सोमवार को लोकसभा में पेश भी कर दिया गया है. इस बिल के तहत जन प्रतिनिधि क़ानून 1950 और जन प्रतिनिधि क़ानून 1951 में बदलाव का प्रस्ताव है. सरकार का कहना है कि मतदाता सूची में बदलाव और फ़र्जी मतदान को रोकने के लिए आधार को वोटर आईडी से जोड़ने का प्रस्ताव है. फ़िलहाल ये सभी के लिए अनिवार्य नहीं है.

  14. सेक्स के लिए मजबूर करने के बयान से पलट गईं चीन की टेनिस खिलाड़ी पेंग शुई

    चीन की महिला टेनिस खिलाड़ी पेंग शुई ने इससे इनकार किया है कि उन्होंने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. पहले उन्होंने ये आरोप लगाया था कि चीन के एक शीर्ष नेता ने उन्हें यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया. उन्होंने ये आरोप एक ऑनलाइन पोस्ट में लगाया था. लेकिन अब इस आरोप के बाद अपने पहले इंटरव्यू में उन्होंने इससे इनकार किया है. आरोप लगाने के बाद पेंग शुई एकाएक सार्वजनिक जीवन से ग़ायब हो गई थीं. महिलाओं के टेनिस असोसिएशन (डब्लूटीए) ने पेंग शुई की सुरक्षा पर चिंता जताई थी.

    हालाँकि अब पेंग शुई ने कहा है कि उनके ऑनलाइन पोस्ट से कई ग़लतफहमियाँ पैदा हुईं. लेकिन डब्लूटीए ने अब भी पेंग शुई को लेकर चिंता जताई है और कहा है कि उन्हें सेंसर किया जा रहा है. सिंगापुर के चीनी भाषा वाले एक अख़बार लियानहे ज़ाओबाओ को दिए वीडियो इंटरव्यू में पेंग शुई ने कहा- मैंने कभी भी लिखकर या इस तरह नहीं कहा कि किसी ने मेरा यौन शोषण किया है. उन्होंने कहा कि इस पर स्पष्ट रूप से ज़ोर दिया जाना चाहिए. हालाँकि चीनी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म वीबो पर अपने मूल पोस्ट में उन्होंने चीन के शीर्ष नेता ज़ांग गाओली पर आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार उन्हें सेक्स के लिए मजबूर किया. लेकिन ताज़ा इंटरव्यू में पेंग शुई ने इससे इनकार किया है और ये भी कहा है कि उनकी कोई निगरानी नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा कि कोई मेरी निगरानी क्यों करेगा. मैं हमेशा से पूरी तरह स्वतंत्र रही हूँ. शंघाई में होने वाले एक खेल कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ये इंटरव्यू दिया. इस कार्यक्रम के दौरान वे देश के अन्य खिलाड़ियों के साथ मौजूद थी. उनके ताज़ा इंटरव्यू में डब्लूटीए ने सार्वजनिक रूप से उनकी मौजूदगी का स्वागत किया, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई.

  15. संसद में सरकार और विपक्ष के बीच नहीं ख़त्म हो रहा गतिरोध

    सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के हंगामे के बाद उसे दो बजे तक स्थगित कर दिया गया.

    विपक्ष 12 सांसदों को निलंबन को लेकर लागातार विरोध कर रहा है, सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर गतिरोध जारी है.

    इससे पहले बताया जा रहा था कि राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने सरकार और विपक्षी दलों को बातचीत करने के लिए कहा है और इस मुद्दे पर सरकार विपक्षी पार्टियों से पर्दे के पीछे से बातचीत कर रही है ताकि संसद के शीतकालीन सत्र में जारी इस गतिरोध को ख़त्म किया जा सके.

    लेकिन बात बनती नज़र नहीं आ रही. रविवार को टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट किया,‘’सोमवार को सरकार का नया स्टंट! जो नहीं चाहती कि संसद सत्र चले, सरकार ने चार पार्टियों को बुलाया है जिनके 12 सांसद बिना किसी ठोस वजह के निलंबित हुए हैं.''

    ''बाक़ी 10 विपक्षी पार्टियों को इस बुलावे में शामिल नहीं किया गया है. ये सरकार का फेल स्टंट है. पूरे विपक्ष का रुख़ इस बात पर साफ़ है कि पहले सांसदों का निलंबन वापस हो. ‘’

    पिछले हफ़्ते कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने शीतकालीन सत्र को लेकर साझा रणनीति बनाने के लिए बैठक बुलाई थी,हालांकि टीएमसी इस बैठक में शामिल नहीं हुई. बैठक में कांग्रेस के साथ एनसीपी,सीपीएम,शिवसेना,नेशनल कॉन्फ्रेंस और डीएमके ने हिस्सा लिया.

    इसके अलावा राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चार विपक्षी दलों को भेजे गए न्योते को लेकर संसदीय कार्य मंत्री को चिट्ठी लिखी, जिसमें उन्होंने कहा कि विपक्ष 12 सांसदों के निलंबन को लेकर एकजुट हैं.

  16. ओवैसी आधार को वोटर कार्ड से जोड़ने के प्रस्ताव पर नाराज़, लोकसभा में दिया नोटिस

    ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी एआईएमआईएम के प्रमुख और सांसद असदउद्दीन ओवैसी ने चुनाव क़ानून संशोधन विधेयक का विरोध करने का फ़ैसला किया है. इस क़ानून के तहत आधार को वोटर आईडी से लिंक करने का प्रस्ताव है. ओवैसी ने इस संबंध में लोकसभा सचिवालय को नोटिस भेजा है. ओवैसी ने अपने नोटिस में कहा है कि आधार को वोटर आईडी से लिंक करने का प्रस्ताव निजता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है.

    उन्होंने कहा है कि लोकसभा उस संबंध में क़ानून बनाने के लिए अधिकृत नहीं है, जो नागरिकों के मौलिक अधिकारों का उल्लंधन करते हैं. औवैसी ने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के एक फ़ैसला का भी हवाला दिया है. नरेंद्र मोदी सरकार की कैबिनेट ने चुनाव क़ानून संशोधन विधेयक 2021 को मंज़ूरी दे दी है और इसे सोमवार को लोकसभा में पेश भी कर दिया गया है. इस बिल के तहत जन प्रतिनिधि क़ानून 1950 और जन प्रतिनिधि क़ानून 1951 में बदलाव का प्रस्ताव है. सरकार का कहना है कि मतदाता सूची में बदलाव और फ़र्जी मतदान को रोकने के लिए आधार को वोटर आईडी से जोड़ने का प्रस्ताव है. फ़िलहाल ये सभी के लिए अनिवार्य नहीं है.

  17. LIVE: गुरुद्वारे में कथित बेअदबी की घटना और लिंचिंग के बाद कैसा है माहौल?

    कपूरथला में गुरुद्वारे में कथित बेअदबी की घटना और लिंचिंग के बाद कैसा है माहौल? बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता अरविंद छाबड़ा.

  18. न्यूज़ीलैंड की टीम करेगी पाकिस्तान का दौरा, रमीज़ राजा ने अब क्या कहा

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा है कि न्यूज़ीलैंड की टीम दिसंबर-जनवर 2022-23 में पाकिस्तान का दौरा करेगी. इस दौरे में न्यूज़ीलैंड की टीम दो टेस्ट मैच और तीन एक दिवसीय मैच खेलेगी.

    पीसीबी की प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ इसके बाद अप्रैल 2023 में न्यूज़ीलैंड की टीम एक बार फिर पाकिस्तान का दौरा करेगी. इस दौरान वो पाँच एकदिवसीय और पाँच टी-20 मैच खेलेगी. अप्रैल 2023 का दौरा न्यूज़ीलैंड के उस फ़ैसले की भरपाई होगा, जो उसने इस साल सितंबर में लिया था.

    इस साल सितंबर में न्यूज़ीलैंड की टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान का दौरा बीच में रद्द कर दिया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी और वित्तीय नुक़सान का भी हवाला दिया था. पीसीबी के चेयरमैन रमीज़ राजा ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट बोर्ड पर काफ़ी तल्ख़ टिप्पणी की थी. लेकिन अब रमीज़ राजा ने दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच ऐतिहासिक रिश्तों का हवाला दिया है. उन्होंने कहा- मैं दोनों बोर्ड्स के बीच बातचीत और विचार-विमर्श के नतीजे से काफ़ी ख़ुश हूँ.

  19. नरेंद्र मोदी और अमरिंदर सिंह को लेकर की सिद्धू ने टिप्पणी

    पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा है. कपूरथला में एक चुनावी रैली में सिद्धू ने कहा- अमरिंदर सिंह ने कहा था कि सिद्धू के लिए दरवाज़े बंद हैं. लेकिन आज देखिए. वे घर पर बैठे हैं और मोदी के तलवे चाट रहे हैं.

    पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस से अलग हो चुके हैं. उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाई है. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन भी किया है. कांग्रेस में रहते समय भी अमरिंदर सिंह और सिद्धू में कभी नहीं बनी. सिद्धू उसी पुराने बयान का ज़िक्र कर रहे थे.

  20. शेयर बाज़ार खुलते ही सेंसेक्स में 1,000 अंक की गिरावट

    सोमवार को शेयर बाज़ार खुलते ही सेंसेक्स का शुरुआती कारोबार 1,000 से ज़्यादा अंक नीचे गिर गया और निफ्टी 50 इंडेक्स नीचे चला गया.

    वैश्विक बाज़ारों में ओमिक्रॉन के कारण बढ़ती चिंताओं की वजह से कम कीमत पर शेयरों की बिक्री का असर भारतीय शेयर बाज़ारों में भी दिख रहा है.

    ओमिक्रॉन के कारण यूरोप में कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं और बढ़ते मामलों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी संकट मंडरा रहा है. जिस कारण एशियाई शेयर बाज़ारों में लगातार गिरावट और तेल की कीमतों में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई.

    इसमें सबसे बड़ा नुक़सान बजाज फाइनेंस का हुआ जिसके शेयर में लगभग 4% की गिरावट दर्ज की गई.

    इस लिस्ट में टाटा स्टील, एसबीआई, एनटीपीसी, एमएंडएम और एचडीएफसी बैंक का स्थान भी रहा जिन्हें सोमवार को बाज़ार खुलते ही नुकसान का सामना करना पड़ा.