You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की: मंहगाई दर 20 फीसद हुई, करेंसी लीरा में 5 प्रतिशत की और गिरावट

तुर्की की मुद्रा लीरा में दुनिया की प्रमुख करेंसियों के मुकाबले भारी गिरावट दर्ज की गई है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, पंकज प्रियदर्शी and विभुराज

  1. राज्य सभा में भड़कीं जया बच्चन ने बीजेपी सांसदों से क्या कहा...

  2. तुर्की की मुद्रा लीरा में गिरावट का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा

    तुर्की की मुद्रा लीरा में दुनिया की प्रमुख करेंसियों के मुकाबले भारी गिरावट दर्ज की गई है.

    ऐसा राष्ट्रपति रिचेप तैयप अर्दोआन की उस घोषणा के बाद हुआ जिसमें उन्होंने कहा था कि वो तेज़ी से बढ़ी मंहगाई पर लगाम लगाने के लिए ऋण दर को नहीं बढाएंगे.

    वहां मंहगाई की दर बीस फीसद तक जा पहुंची है. सोमवार को हुई ट्रेडिंग में लीरा की कीमत पांच फीसद और गिर गई.

    इस तरह से देखा जाए तो पिछले माह में ही मुद्रा डॉलर के मुकाबले अपनी एक तिहाई कीमत खो चुका है.

    रविवार को दिए गए बयान में अर्दोआन ने कहा था कि उनका धर्म उन्हें ऋण का समर्थन करने से रोकता है. उनके मुकाबले ये मंहगाई को थामने का दकियानूसी तरीका है.

  3. जम्मू कश्मीर: परिसीमन से क्या कमज़ोर होगी भारत समर्थक राजनीति?

    भारत प्रशासित कश्मीर में विधानसभा क्षेत्रों को दोबारा निर्धारित करने (परिसीमन) के प्रस्ताव पर कश्मीर के कई राजनीतिक दलों ने नाराज़गी ज़ाहिर की है.

    कई राजनीतिक दलों ने इसे 'कश्मीर विधानसभा पर एक और हमला' बताया है. उनके मुताबिक पहला हमला 5 अगस्त 2019 को हुआ जब केंद्र सरकार ने कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाया.

    परिसीमन आयोग की सोमवार को दिल्ली में मीटिंग हुई. आयोग की अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज हैं. इस बैठक में पांच सांसद मौजूद थे. इनमें से तीन सांसद कश्मीर और दो जम्मू से हैं.

    इस बैठक में जम्मू क्षेत्र में छह नई सीटें और कश्मीर घाटी के लिए एक नई सीट जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया.

  4. भारत- दक्षिण अफ़्रीका सिरीज़: स्टेडियम में नहीं होंगे दर्शक

    भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच क्रिकेट सिरीज़ में दर्शकों के स्टेडियम में दाखिल होने की इजाज़त नहीं होगी. क्रिकेट साउथ अफ़्रीका ने बताया है कि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों और दौरे की सुरक्षा के लिए ये फ़ैसला लिया है.

    क्रिकेट साउथ अफ़्रीका ने कहा है, "आने वाले #SAvIND दौरे के लिए टिकट उपलब्ध नहीं होंगे. दोनों क्रिकेट संस्थाओं ने खिलाड़ियों और दौरे की सुरक्षा के लिए संयुक्त फ़ैसला किया है."

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दक्षिण अफ़्रीका में फिलहाल वैक्सीन लगवा चुके 2000 दर्शकों के खेल मैदानों में आने की इजाज़त है लेकिन कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के ख़तरे को देखते हुए बीसीसीआई और क्रिकेट साउथ अफ़्रीका ने ये फ़ैसला किया है.

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सिरीज़ 26 दिसंबर से शुरू हो रही है. ये मैच सेंचुरियन में खेला जाएगा.

    विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम दक्षिण अफ़्रीका पहुंच चुकी है और खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं. प्रैक्टिस सेशन की तस्वीरें और वीडियो बीसीसीआई ने ट्विटर अकाउंट पर साझा किए हैं.

  5. प्रदीप कुमार रावत होंगे चीन में भारत के नए राजदूत

    सीनियर डिप्लोमैट प्रदीप कुमार रावत को चीन में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, 1990 के बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी प्रदीप कुमार रावत इस समय नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत हैं.

    भारत के विदेश मंत्रालय ने एक संक्षिप्त से बयान में बताया, "वे जल्द ही अपनी जिम्मेदारी संभाल लेंगे."

    प्रदीप कुमार रावत चीन में भारत के मौजूदा राजदूत विक्रम मिस्री की जगह लेंगे.

    रावत की नियुक्ति ऐसे समय में हो रही है जब पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच तनाव है. रावत इससे पहले हॉन्ग कॉन्ग और शंघाई में अपनी सेवाएं दे चुके हैं.

  6. पाकिस्तान में ओआईसी की बैठक छोड़कर भारत क्यों आए पांच विदेश मंत्री?

    पाकिस्तान और सऊदी अरब की ओर से आयोजित इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) के सदस्य देशों के विदेश मंत्री परिषद की 17वीं विशेष बैठक रविवार को इस्लामाबाद में हुई.

    इस बैठक में अफ़ग़ानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री ख़ान मोत्ताकी और OIC महासचिव ने हिस्सा लिया. ओआईसी के कुल 57 सदस्य देशों में से 20 के विदेश मंत्रियों ने इस्लामाबाद बैठक में हिस्सा लिया जबकि 10 उप मंत्री या राज्य मंत्रियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया.

    संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों, क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगठनों, जापान, जर्मनी और अन्य ग़ैर-ओआईसी देशों के प्रतिनिधियों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया.

    लेकिन इसी बीच रविवार को भारत में अफ़ग़ानिस्तान में संकट एवं क्षेत्रीय संबंधों के मुद्दे पर बातचीत हुई, जिसमें मध्य एशियाई देशों किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, कजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज़्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने हिस्सा लिया. हालांकि, इन देशों ने पाकिस्तान में हो रही बैठक में अपने प्रतिनिधिमंडलों को भेजा.

  7. यूपी चुनाव: लखनऊ के चिकन कारीगरों का हाल

    उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों की सरगर्मी बढ़ रही है. चुनाव में कई वादे करने वाले नेता एक बार फिर वोट मांगने निकलेंगे. लेकिन बीते सालों में किए गए वादों का क्या हुआ?

    लखनऊ के चिकन कारीगरों से पहले जो वादे किए गए क्या वो पूरे हुए हैं, ये कारीगर किस हाल में हैं?

    यूपी की राजधानी लखनऊ से बीबीसी संवाददाता गुरप्रीत सैनी

  8. उत्तर प्रदेश चुनाव: मोदी और शाह की रणनीति में योगी आदित्यनाथ कहां हैं?

    कांग्रेस नेता राज बब्बर ने शनिवार को एक ट्वीट किया और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से एक ऐसा सवाल पूछा जो उनके लिए मुश्किल भरा माना गया.

    राज बब्बर ने लिखा, "हर जगह चेहरे की राजनीति करने वाली बीजेपी - यूपी में कन्फ्यूज़ क्यों है. योगी जी सीएम पद का चेहरा हैं न?"

    बीजेपी की चुनाव रणनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने लिखा "गृहमंत्री लखनऊ की सभा में डिप्टी सीएम की तारीफ़ ऐसे करते हैं जैसे वही इस बार बीजेपी का चेहरा हैं. अगले ही दिन प्रधानमंत्री शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री को प्रोजेक्ट करते हैं."

    हालांकि, राज बब्बर पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय नहीं हैं.

    लेकिन उन्होंने अपने ट्वीट से जिस ओर इशारा किया है, वह बात उत्तर प्रदेश में बीजेपी की बदलती चुनावी रणनीति के बारे में बताती है.

  9. परिसीमन आयोग की ड्राफ्ट रिपोर्ट मौजूदा स्वरूप में कबूल नहीं: नेशनल कॉन्फ्रेंस

    नेशनल कॉन्फ्रेंस ने सोमवार को कहा है कि वो जम्मू और कश्मीर के परिसीमन आयोग की ड्राफ्ट रिपोर्ट को मौजूदा स्वरूप में नहीं स्वीकार करेंगे.

    पार्टी के प्रवक्ता ने कहा है कि वो इसकी ड्राफ्ट रिपोर्ट पर दस्तखत नहीं करेंगे.

    परिसीमन आयोग ने अपनी रिपोर्ट में जम्मू क्षेत्र के लिए विधानसभा की छह सीटें और कश्मीर क्षेत्र में एक सीट बढ़ाए जाने का प्रस्ताव रखा है.

    साथ ही परिसीमन आयोग ने जम्मू और कश्मीर विधानसभा में 16 सीटों को अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित रखने का भी प्रस्ताव रखा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज रंजना देसाई की अध्यक्षता वाले आयोग ने सोमवार को अपनी दूसरी बैठक की.

  10. यूपी चुनाव: लखनऊ के चिकन कारीगरों का हाल

    उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों की सरगर्मी बढ़ रही है.

    चुनाव में कई वादे करने वाले नेता एक बार फिर वोट मांगने निकलेंगे. लेकिन बीते सालों में किए गए वादों का क्या हुआ?

    लखनऊ के चिकन कारीगरों से पहले जो वादे किए गए क्या वो पूरे हुए हैं, ये कारीगर किस हाल में हैं?

    यूपी की राजधानी लखनऊ से बीबीसी संवाददाता गुरप्रीत सैनी

  11. आज का कार्टून: डरो मत

    लिंचिंग की घटनाओं पर आज का कार्टून.

  12. अयोध्या के लोग योगी सरकार से क्यों ख़फ़ा हैं?

    अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का काम चल रहा है. सरकार ने मंदिर जाने वाले रास्ते को चौड़ा करने की योजना बनाई है.

    इस रास्ते पर कई दुकानें और लोगों के घर हैं. प्रस्तावित सौंदर्यीकरण से क्यों नाराज़ हैं स्थानीय व्यापारी.

    जन्मभूमि परिसर से बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव.

  13. गुजरात में बीजेपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे 'आप' कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

      • Author, तेजस वैद्य
      • पदनाम, बीबीसी गुजराती संवाददाता

    आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गांधीनगर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय 'कमलम' के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.

    आप नेता और कार्यकर्ता गुजरात के प्रश्न पत्र लीक घोटाले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे.

    'आप' का आरोप है कि इस घोटाले में बीजेपी से जुड़े लोग भी शामिल हैं और उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जानी चाहिए.

    'आप' के नेता और कार्यकर्ता जब बीजेपी दफ़्तर के बाहर नारेबाज़ी कर रहे थे तो उस दौरान वहां तैनात पुलिस से उनकी झड़प हो गई.

    पुलिस ने वहां से 'आप' के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की और इसके लिए लाठीचार्ज भी किया गया.

    इस सिलसिले में कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया है. कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आईं हैं.

    भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने आप नेताओं के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. बीजेपी नेता श्रद्धा झा का कहना था कि आप कार्यकर्ता नशे में थे और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बदतमीजी भी की.

  14. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 20 दिसंबर 2021, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से

  15. इमरान ख़ान के बयान के बचाव में आया तालिबान, करज़ई ने जताई थी आपत्ति

    तालिबान ने कहा है कि उन्हें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की टिप्पणी में कुछ भी अपमानजनक नहीं लगता. पाकिस्तान में ओआईसी के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद काबुल लौटे अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्तकी ने कहा कि वो एक सम्मेलन था और सबकी अपनी एक राय थी.

    इस सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान इमरान ख़ान ने कहा था कि आईएसआईएस पाकिस्तान को अफ़ग़ानिस्तान में रहकर डराता रहा है और अफ़ग़ानिस्तान में स्थिरता की ज़रूरत है. उन्होंने कहा, "अफ़ग़ान सीमा से हम पर, पाकिस्तान पर आईएस ने हमले किए." लेकिन अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने अफ़ग़ानिस्तान सीमा से आईएस के पाकिस्तान पर हमले करने के इमरान ख़ान के दावे ग़लत कहा है.

    हामिद करज़ई ने इमरान ख़ान के दावों को ग़लत बताते हुए कहा है कि आईएस कहीं ओर से नहीं बल्कि शुरुआत से पाकिस्तान में रहकर अफ़ग़ानिस्तान को धमकाता था. उन्होंने कहा, "ये बात सच नहीं है और अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ यह एक स्पष्ट प्रोपेगैंडा है. वास्तव में शुरुआत से अफ़ग़ानिस्तान को आईएस से ख़तरा पाकिस्तान के ज़रिए रहा है."

  16. ऐश्वर्या के ज़िक्र पर भड़कीं जया बच्चन ने बीजेपी सांसदों से कहा- आपके बुरे दिन आने वाले हैं, मैं श्राप देती हूँ

    समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन और सत्ताधारी पक्ष के बीच राज्यसभा में जमकर बहस हुई.

    12 सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर जया बच्चन ने बोलते हुए अन्य विपक्षी नेताओं से कहा- आप किसके आगे बीन बजा रहे हैं.

    जया बच्चन ने कहा- जल्द ही आपके बुरे दिन आने वाले हैं. मैं आपको श्राप देती हूँ. उन्होंने कहा कि उन पर निजी टिप्पणियाँ की गई हैं.

    जया बच्चन का कहना था कि सत्ताधारी पार्टी के सांसदों ने उन पर और ऐश्वर्या पर टिप्पणी की है.

    सोमवार को जया बच्चन की बहू ऐश्वर्या राय बच्चन से प्रवर्तन निदेशालय ने पनामा पेपर्स लीक मामले में दिल्ली में पूछताछ की.

    बाद में सदन से बाहर निकलते समय पत्रकारों से बातचीत में जया बच्चन ने कहा- ऐसा नहीं होना चाहिए था. मैं किसी पर निजी टिप्पणी नहीं करना चाहती थी. लेकिन जिस तरह कुछ बातें बोली गई, उससे मैं अपसेट हो गई थी.

    पनामा पेपर्स लीक मामले में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन से प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली में पूछताछ की है.

    ईडी ने उन्हें पेश होने के लिए नोटिस दिया था. लेकिन वे दो मौक़ों पर पहुँच नहीं पाई थी. पनामा पेपर्स लीक में भारत के 500 से ज़्यादा नागरिकों के नाम हैं. पनामा पेपर्स में लीक हुए दस्तावेज़ों में कई मशहूर हस्तियों पर ग़ैर क़ानूनी ढंग से विदेश में पैसा रखने के आरोप हैं.

  17. ईरान ने कहा, सऊदी अरब से बातचीत हो सकती है अगर....

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद खातिबज़ादेह ने सोमवार को कहा कि सऊदी अरब से और बातचीत इस बात पर निर्भर करेगी कि वो कितनी गंभीरता दिखाता है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व के दो ताक़तवर देश सऊदी अरब और ईरान के बीच इस साल सीधी बातचीत उस माहौल में शुरू हुई जब वैश्विक शक्तियाँ ईरान के साथ परमाणु करार को बचाने और संयुक्त राष्ट्र की अगुआई में यमन की लड़ाई को ख़त्म करने की कोशिशें की जा रही हैं.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सईद खातिबज़ादेह ने कहा, "हम सऊदी अरब को कूटनीतिक और राजनीतिक रुख़ अपनाने और दूसरे देशों के मामलों में दखल न देने की नीति का आदर करने के लिए कहते हैं. इस इलाके के लिए आगे बढ़ने का यही एकमात्र रास्ता है."

    सऊदी अरब ने ईरान के साथ साल 2016 में अपने संबंध ख़त्म कर लिए थे. अब तक हुई बातचीत पर सऊदी अरब ने सद्भावनापूर्ण लेकिन शुरुआती स्तर का बताया है जबकि ईरान के एक अधिकारी ने अक्तूबर में कहा था कि उनके बीच फासले कम हुए हैं.

  18. शेयर बाज़ार पर ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों का साया, भारत में सेंसेक्स 1189 अंक फिसला

    दुनिया भर में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों का साया सोमवार को दुनिया भर के शेयर बाज़ारों पर देखा गया. निवेशकों में चिंता का माहौल है और वैश्विक स्तर पर बिकवाली का माहौल है.

    सोमवार को 30 शेयरों का सूचकांक सेंसेक्स 1189 अंक गिरकर 55,822 पर जाकर रुका. निफ्टी का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा. निफ्टी में 2.18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

    निफ्टी 371 प्वॉयंट गिरकर 16,614 पर ठहरा. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सेंसेक्स में सबसे ज़्यादा गिरावट टाटा स्टील के शेयरों में दर्ज की गई. टाटा स्टील के शेयरों में 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

    इसके बाद सबसे ज़्यादा गिरावट बैंकिंग शेयरों में देखी गई. एसबीआई, इंडसलैंड बैंक, बजाज फाइनैंस, एचडीएफसी बैंक और एनटीपीसी के शेयरों के भाव गिरे हैं. दूसरी तरफ़ हिंदुस्तान लीवर और डॉक्टर रेड्डी ने बाज़ार के चलन के उलट निवेशकों को लाभ पहुंचाया.

    विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामले, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और विकसित अर्थव्यवस्थाओं विकास की रफ़्तार में सुस्ती के कारण दुनिया भर के बाज़ारों में नकारात्मक रुख देखा गया.

    एशिया में शंघाई, हॉन्ग कॉन्ग, तोक्यो और सोल के बाज़ारों में भी भारी नुक़सान हुआ है. यूरोप के शेयर बाज़ारों का भी यही रुख रहा है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, टेनिस खिलाड़ी रफ़ाएल नडाल हुए कोरोना पॉज़िटिव

    स्टार टेनिस खिलाड़ी रफ़ाएल नडाल कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं. नडाल ने ख़ुद इसके बारे में जानकारी दी है. नडाल ने ट्वीट किया है कि अबूधाबी टूर्नामेंट से लौटने के बाद जब वे स्पेन पहुँचे, तो उनका कोरोना टेस्ट हुआ.

    नडाल के मुताबिक़ कोरोना टेस्ट में उनके पॉज़िटिव होने की पुष्टि हुई है. नडाल ने अपील की है कि जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं, वे अपना कोरोना टेस्ट अवश्य कराएँ. उन्होंने कहा है कि वे आने वाले दिनों में टेनिस प्रतियोगिताओं में भाग लेने के बारे में समय आने पर सूचना देंगे. नडाल ने समर्थन के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया.

  20. एलन मस्क टैक्स के रूप में भरेंगे 83 हज़ार करोड़ रुपये

    दुनिया के सबसे धनी लोगों में से एक और इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला के चीफ़ एग्ज़िक्यूटिव ऑफ़िसर एलन मस्क ने ट्विटर पर बताया है कि वे इस साल टैक्स के रूप में 11 अरब डॉलर से ज़्यादा की रकम भरेंगे.

    भारतीय मुद्रा में ये रकम 83 हज़ार करोड़ रुपये से भी ज़्यादा की बनती है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, टाइम मैगज़ीन द्वारा उन्हें 'पर्सन ऑफ़ द ईयर' घोषित किए जाने के बाद इस हफ़्ते की शुरुआत में डेमोक्रेटिक पार्टी के सिनेटर एलिज़ाबेथ वॉरेन ने ट्विटर पर कहा था कि एलन मस्क को टैक्स भरना चाहिए.

    एलन मस्क ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि इतिहास में वे किसी भी अमेरिकी की तुलना में सबसे ज़्यादा टैक्स भरेंगे.

    एलन मस्क दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति हैं और उनकी कंपनी टेस्ला की वैल्यू 1 खरब डॉलर के करीब है.

    पिछले कुछ हफ़्तों में एलन मस्क ने टेस्ला में अपने लगभग 14 अरब डॉलर के शेयर बेचे हैं.