स्वर्ण मंदिर में बेअदबी की कोशिश करने वाले व्यक्ति की पिटाई से मौत

बताया जा रहा है कि यह शख़्स बाड़ को पार करके रुमाला साहिब के पास पहुंचा और वहां पैर रखा, जिसके बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया. अब तक इस शख़्स की पहचान नहीं हो पाई है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश

  1. अखिलेश यादव के क़रीबी सहयोगी राजीव राय के घर पर छापेमारी, अनंत झणाणे, लखनऊ से बीबीसी हिंदी के लिए

    राजीव राय

    इमेज स्रोत, Dr. Rajeev Rai

    इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के मऊ स्थित आवास पर छापेमारी की है. राजीव राय को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को क़रीबी सहोयोगी माना जाता है.

    राजीव राय ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रेड को लेकर कहा, ''मेरी न तो कोई आपराधिक पृष्ठभूमि है और ना ही मेरे पास काला धन है. मैं लोगों की मदद करता हूं और सरकार को ये पसंद नहीं है. ये उसी का नतीजा है. अखिलेश यादव के दो और सहयोगी जैनेंद्र और मनोज यादवके घर पर भी छापेमारी की ख़बर है.

    सुबह लगभग छह बजे आयकर विभाग के अधिकारी मऊ में राजीव राय के सहादतपुरा में निवास पहुँच गए और साथ में भारी तादाद में पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी शुरू की. छापेमारी की ख़बर फैलने से समाजवादी पार्टी के कई सारे कार्यकर्ता राजीव राय के घर पर इकठ्ठा हो गए और नारेबाज़ी करने लगे.

    समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों पर छापेमारी की खबरें आगरा से भी आ रही हैं. आगरा के पंजाबी कॉलोनी निवासी ठेकेदार मनोज यादव के आवास पर शनिवार को तड़के आयकर विभाग ने छापा मारा है. गाड़ियों के काफिले के साथ पहुँची आयकर विभाग की टीमों ने पूरे घर को अंदर से बंद कर लिया है. घर के बाहर स्थानीय पुलिस का पहरा लगा हुआ है. किसी को भी अंदर जाने की इजाज़त नहीं है. सुबह छह बजे से आयकर विभाग की टीमें घर के अंदर जाँच कर रही है.

    इन छापों के बारे में रायबरेली में प्रेस वार्ता करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "अभी तक इन्हीं का इंतज़ार था कि कब आएगा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट. अभी तो इनकम टैक्स आया है, ईडी आएगा, सीबीआई आएगी, न जाने कौन कौन सी संस्थाएं आएंगी. अफ़वाहें फैलाई जाएंगी. साज़िश होगी लेकिन उसके बावजूद भी साइकिल की रफ़्तार कम नहीं होगी.''

    अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ''भाजपा का हार का डर जितना बढ़ता जाएगा, विपक्षियों पर छापों का दौर भी उतना बढ़ता जाएगा. फिर भी सपा का रथ व हर कार्यक्रम बदस्तूर चलता जाएगा. अब तो जनता पूरी तरह भाजपा के ख़िलाफ़ विपक्ष के साथ खड़ी है, अब क्या बाइस के लिए भाजपा सरकार उप्र की बाइस करोड़ जनता के यहाँ छापे डालेगी.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  2. बांग्लादेश 9 साल बाद पाकिस्तान भेज रहा अपना प्रतिनिधिमंडल

    शेख हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बांग्लादेश और पाकिस्तान के द्विपक्षीय रिश्तों में 1971 की जंग से ही बर्फ़ जमी हुई है. इसके बावजूद दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध हैं और दोनों इस्लामिक देशों के संगठन ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) के सदस्य भी हैं.

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में OIC के विदेश मंत्रियों के काउंसिल की विशेष बैठक अफ़ग़ानिस्तान की स्थिति पर आज से शुरू होने जा रही है. इसी बैठक में शामिल होने के लिए बांग्लादेशमंत्री स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को पाकिस्तान भेज रहा है.

    बांग्लादेश के अहम अंग्रेज़ी अख़बार ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री मोहम्मद शहरयार आलम और विदेश सचिव मसूद बिन मोमिन इस्लामाबाद पहुंच रहे हैं.

    ऑनलाइन न्यूज़पेपर बांग्ला ट्रिब्यून से विदेश सचिव मोमिन ने कहा कि वो वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे जबकि शहरयार अगले दिन OIC देशों के विदेश मंत्रियों के काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे.

    पाकिस्तान से चर्चा भी होगी?

    इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    क्या इस दौरे में पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय वार्ता भी होगी? इस सवाल के जवाब में विदेश सचिव मोमिन ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं होनी है.

    2012 में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के अंतरराष्ट्रीय मामलों के सलाहकार गौहर रिज़वी डी8 सम्मेलन में भाग लेने के लिए पाकिस्तान गए थे. 2010 में तत्कालीन विदेश सचिव मिजारुल क़ैस पांचवीं द्विपक्षीय विदेश सचिव बैठक में भाग लेने पाकिस्तान गए थे.

    1971 में नौ महीनों तक चले मुक्ति संग्राम के बाद पूर्वी पाकिस्तान बांग्लादेश के रूप में अस्तित्व में आया था. इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर बर्फ़ रही है.

    जुलाई 2020 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने अपनी समकक्ष शेख़ हसीना को फ़ोन करके कहा था कि ‘सबसे मित्रता और किसी से द्वेष नहीं’ कि उनकी विदेश नीति है.

  3. सऊदी के क्राउन प्रिंस का डाउनटाउन जेद्दा प्रोजेक्ट क्या है?

    क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने 19.98 अरब डॉलर की क़ीमत वाला ‘’मास्टर डिवेलपमेंट डाउनटाउन जेद्दा प्रोजेक्ट’’ लॉन्च किया है.

    इसे "न्यू जेद्दा डाउनटाउन" के नाम से भी जाना जाता रहा है. परियोजना को 50.7 लाख वर्ग मीटर में विकसित किया जाएगा.

    इस परियोजना को केंद्रीय जेद्दा विकास के सार्वजनिक निवेश कोष से तीन चरणों में तैयार किया जाएगा,जिनमें से पहला चरण साल 2027 के अंत तक पूरा किया जाएगा.

    इसके बाद देश और विदेश के लोगों के लिए डाउनटाउन जेद्दा आ सकेंगे.

    सऊदी प्रेस एजेंसी ने बताया कि इसे सर्वजनिक निवेश फंड और देश-विदेश के निवेशकों के फ़ंड से तैयार किया जाएगा.

    इसे बनाने वाली कंपनी वर्तमान में योजना के अनुसार, सभी चरणों के कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रही है.

    "डाउनटाउन जेद्दा" परियोजना का लक्ष्य 2030 तक सऊदी की अर्थव्यवस्था में 47 अरब रियाल जोड़ना है.

    इस परियोजना में-एक ओपेरा हाउस,एक संग्रहालय,एक खेल स्टेडियम,महासागर घाटियां और कोरल फार्म होंगे.इसके आलावा इसमें 10 मनोरंजन और पर्यटन परियोजनाएं भी होंगी.

    प्रोजेक्ट में एक विश्व स्तरीय मरीना और बीच रिसॉर्ट भी शामिल होंगे. इनके अलावा यहां स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय लग्ज़री होटलों,रेस्तरां और कैफे होंगे. लोगों को ख़रीदारी के लिए तरह-तरह के विकल्प मिलेंगे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    परियोजना के परिचालन से स्थानीय निजी क्षेत्र की कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ पर्यटन,खेल,सांस्कृतिक और मनोरंजन जैसे आर्थिक क्षेत्रों के विकास और संचालन में भाग लेने का मौक़ा मिलेगा.

    500 से अधिक इंजीनियरों और सलाहकारों ने मास्टर प्लान का डिजाइन तैयार किया है.

    डाउनटाउन जेद्दा प्रोजेक्ट में कई प्राकृतिक ख़ासियत हैं- इसमें 9.5 किलोमीटर की लंबाई वाला वाटरफ्रंट होगा, इसमें मरीना होगी जहाँ देश के अंदर और बाहर से यॉट आ सकेंगी. इसके अलावा 2.1 किमी की लंबाई वाली रेतीली बीच होगी.

    प्रोजेक्ट का 40 प्रतिशत हिस्सा हरियाली, खुली जगहों और सार्वजनिक सेवाओं के लिए होगा.

  4. राष्ट्रपति कोविंद ने बांग्लादेश में ऐतिहासिक मंदिर का उद्घाटन किया

    राष्ट्रपति

    इमेज स्रोत, President of India

    राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को बांग्‍लादेश में ऐतिहासिक श्री रमणा काली मंदिर का उद्घाटन किया. साल 1971 के युद्ध में पाकिस्तानी सेना ने इस मंदिर को तबाह कर दिया था.

    राष्‍ट्रपति ने इस मंदिर को भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच ‘सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्ते’ का प्रतीक बताया.

    मंदिर का उद्धाटन करने के बाद भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति कोविंद ने भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध, साझा भाषा,संस्कृति और रिश्ते का उल्लेख किया.

    उन्होंने कहा,‘’अत्याचारों से लड़ने और आज़ादी पाने के लिए बांग्लादेश के लोगों द्वारा किए गए भारी बलिदानों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ. विकट परिस्थितियों से लड़ने और अन्याय के ख़िलाफ़ खड़े होने के आपके अदम्य साहस को हम सलाम करते हैं.‘’

    राष्‍ट्रपति कोविंद वर्ष1971 में पाकिस्तान से बांग्लादेश की आजादी की स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा ले रहे हैं. राष्ट्रपति और देश की प्रथम महिला सविता कोविंद ने मंदिर में पूजा-अर्चना की.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    ‘ऑपरेशन सर्चलाइट’ के तहत 1971 में पाकिस्तानी सेना ने मंदिर को पूरी तरह से तोड़ दिया था.मूल रूप से रमना कालीबाड़ी मंदिर मध्यकालीन युग के दौरान बनाई गई थी और यह अपनी लंबी संरचना के लिए प्रसिद्ध थी.

    राष्ट्रपति कोविंद बांग्लादेश के राष्ट्रपति एम. अब्दुल हामिद के निमंत्रण पर अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर ढाका पहुंचे हैं.

  5. अमेरिका ने की पाकिस्तान की तारीफ़, FATF को लेकर भी संतोष

    एंटनी ब्लिंकन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आतंकवाद पर जारी की जाने वाली सालाना रिपोर्ट में अमेरिकी ने आतंकवाद के खिलाफ़ पाकिस्तान के प्रयासों की तारीफ़ की है.

    साल 2020 के लिए आई इस रिपोर्ट में,अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि पाकिस्तान ने अफ़ग़ान शांति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

    उसने तालिबान को शांति अपनाने और हिंसा को कम करने के लिए प्रोत्साहित करने जैसा काम किया है. साथ ही फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) के एक्शन-प्लान में भी बीते साल प्रगति की है.

    हालांकि पाकिस्तान को एफएटीएफ की सभी शर्तों पर खरा ना उतरने के कारण अभी भी ‘ग्रे लिस्ट’ में ही रखा गया है.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान का राष्ट्रीय एक्शन प्लान यह दावा करता है कि देश में किसी भी सशस्त्र मिलिशिया समूह की कोई जगह नहीं है लेकिन कई संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका की लिस्ट में शामिल आतंकवादी समूह साल 2020 में पाकिस्तानी से संचालित होते रहे.

    अमेरिका ने ये भी कहा है पाकिस्तानी सरकार और सेना ने पूरे देश में आतंकवादियों के लिए सुरक्षित ठिकाने देने के का काम किया है.

    रिपोर्ट कहती है कि‘’पाकिस्तान ने कुछ आतंकवादी समूहों को ख़त्म करने के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की."

    रिपोर्ट में "पाकिस्तान के लिए समर्थन" शीर्षक वाले एक अध्याय में कहा गया है कि अमेरिका, अफ़ग़ानिस्तान और व्यापक क्षेत्रीय सुरक्षा में पाकिस्तान की भूमिका को स्वीकार करते हुए पाकिस्तान से अपील करता है कि वह अपने क्षेत्र में आतंकवादी समूहों को ख़त्म करने के लिए काम करे.

  6. ओमिक्रॉन के ख़तरे को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने की ये अपील

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने आगाह किया है कि बेहद ज़रूरी ना होने पर यात्रा ना करें और भीड़-भाड़ वाले आयोजनों से बचें.

    देश के 11 राज्यों में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 100 से ज़्यादा मामले सामने आ चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये जानकारी दी.

    महाराष्ट्र इस नए वेरिएंट से सबसे ज़्यादा प्रभावित है, जहाँ संक्रमण के 40 मामले सामने आए हैं.

    संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि ‘’भारत अभी तुलनात्मक ढंग से नियंत्रित स्थिति में है,लेकिन हमें दुनिया के हालात को देखते हुए सतर्क रहना ज़रूरी है.’’

    वायरस के तेज़ी से बढ़ते संक्रमण पर बात करते हुए आईसीएमआर के प्रमुख बलराम भार्गव ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा,‘’ग़ैर-ज़रूरी यात्रा,सामूहिक समारोहों में जाने से बचें, साथ ही ध्यान रखें की त्योहारों के मौक़े पर लोगों की भीड़भाड़ कम रहे.’’

    लव अग्रवाल ने बताया कि देश के 24 ज़िले चिंता का विषय हैं. पाँच ज़िलों में पॉजिटिविटी रेट 10 फ़ीसदी से ज़्यादा है. पिछले चार हफ़्तों से देश में पॉजिटिविटी रेट एक फ़ीसदी से भी कम है.

    टीकाकरण के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन की रफ़्तार के मामले में भारत पहले स्थान पर है. भारत में 87.6 फ़ीसदी लोगों को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज़ लग चुकी है. अमेरिका के मुक़ाबले क़रीब तीन गुना वैक्सीन भारत में लगाई जा चुकी है.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    वैक्सीन के अप्रभावी होने के साक्ष्य नहीं

    वैक्सीन के असर को लेकर लव अग्रवाल ने कहा कि अब तक इस बात के ‘कोई साक्ष्य नहीं सामने आए हैं’ कि ओमिक्रॉन पर वैक्सीन असरदार नहीं है.

    एंटी-वायरल कोविड-19 दवाओं पर उन्होंने कहा,“इन दवाओं पर चर्चा चल रही है,हमने पाया है कि इन गोलियों को रोग के निदान से पहले ही बहुत जल्दी दिया जाना चाहिए. हालांकि वैज्ञानिक डेटा अभी भी बड़े पैमाने पर इस बात की पुष्टि नहीं करता कि ये दवाएं उपयोगी होंगी."

    ओमिक्रॉन अब 91 देशों में फैल चुका है.

    लव अग्रवाल ने कहा, "डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि दक्षिण अफ़्रीका में ओमिक्रॉन, डेल्टा की तुलना में तेज़ी से फैल रहा है जबकि डेल्टा का संक्रमण वहाँ कम था. ये माना जा रहा है कि जहाँ भी कम्युनिटी ट्रांसमिशन होगा, वहाँ ओमिक्रॉन का संक्रमण डेल्टा वेरिएंट से आगे निकल जाएगा."

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    17 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.