दिल्ली के स्कूल छठी क्लास से ऊपर के बच्चों के लिए शनिवार से खुलेंगे
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छठी कक्षा और उससे ऊपर के छात्रों के लिए स्कूलों को 18 दिसंबर से ऑफ़लाइन मोड में फ़िर से खोलने की इजाज़त दे दी है.
लाइव कवरेज
भूमिका राय and चंदन शर्मा
दिल्ली में छठी क्लास से स्कूलों को ऑफ़लाइन खोलने की इजाज़त मिली
इमेज स्रोत, ANI
वायु गुणवत्ता
प्रबंधन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छठी कक्षा और उससे ऊपर के छात्रों के लिए स्कूलों
को 18 दिसंबर से ऑफ़लाइन मोड में फ़िर से खोलने की इजाज़त दे दी है.
हालांकि स्कूलों की
पढ़ाई ऑनलाइन और ऑफ़लाइन दोनों के साथ हाइब्रिड मोड में जारी रहेंगी.
एनसीटी ने अपने बयान
में कहा कि सरकारी, सरकारी सहायता
प्राप्त, ग़ैर-मान्यता प्राप्त, एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली
कैंटोनमेंट बोर्ड के सभी स्कूल 18 दिसंबर से कक्षा छह और उससे ऊपर के लिए फ़िर से
खुल जाएंगे.
आयोग ने दिल्ली की एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में सुधार को देखते हुए किए
गए अनुरोध को ध्यान में रखते हुए यह फ़ैसला लिया.
इमेज स्रोत, ANI
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में
कहा है कि आयोग ने आज एनसीआर और जीएनसीटीडी की राज्य सरकारों की चरणबद्ध तरीक़े से
स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को फ़िर से खोलने के निर्देश
दे दिए हैं.
आयोग ने 16 नवंबर को
सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण
संस्थानों को अगले आदेश तक बंद रखने और आनलाइन पढ़ाई जारी रखने का निर्देश जारी
किया था.
आयोग ने राज्य
सरकारों को यह भी निर्देश दिया कि वो शीतकालीन छुट्टियों और एयर क्वालिटी इंडेक्स
(एक्यूआई) को देखते हुए 27 दिसंबर 2021 से पांचवी तक के छात्रों के लिए स्कूल को
ऑफ़ लाइन मोड में खोलने पर भी फ़ैसला ले सकती हैं.
समीर वानखेड़े का एनसीबी में कार्यकाल 31 दिसंबर तक: रिपोर्ट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, समीर वानखेड़े
आर्यन
ख़ान की गिरफ़्तारी के बाद चर्चा में आए अधिकारी समीर वानखेड़े का नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) में कार्यकाल 31 दिसंबर को ख़त्म होने जा रहा है. समाचार
एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है.
एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, एनसीबी
में सितंबर 2020 से प्रतिनियुक्ति पर काम कर रहे वानखेड़े का कार्यकाल इस साल के ख़त्म
होते ही समाप्त हो जाएगा.
समीर
वानखेड़े फ़िलहाल मुंबई ज़ोन के क्षेत्रीय निदेशक हैं. वे 2008 बैच के भारतीय राजस्व
सेवा (आईआरएस) के अधिकारी हैं. एनसीबी से पहले वे राजस्व ख़ुफ़िया निदेशालय (डीआरआई)
में तैनात थे.
अभिनेता
सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद के माहौल में वानखेड़े ने बतौर क्षेत्रीय निदेशक
ड्रग सिंडिकेट के ख़िल़ाफ कार्रवाई से चर्चा में आए थे. उन्होंने कथित तौर पर बॉलीवुड
हस्तियों को ड्रग की सप्लाई करने वाले सिंडिकेट को निशाने पर ले रखा था.
अब
से क़रीब दो महीने पहले वानखेड़े के नेतृत्व वाली एक टीम ने मुंबई तट पर खड़े एक क्रूज
पर छापेमारी करके कथित तौर पर ड्रग्स बरामद किया था. साथ ही अभिनेता शाहरुख ख़ान के
बेटे आर्यन ख़ान और अन्य लोगों को गिरफ़्तार किया था.
बाद
में एनसीबी के स्वतंत्र गवाहों की साख पर काफ़ी सवाल उठे. साथ ही आरोप लगे कि एनसीबी
के अधिकारियों ने शाहरुख़ ख़ान से पैसे उगाहने की कोशिश की थी.
महाराष्ट्र
के मंत्री नवाब मलिक तो समीर वानखेड़े के पीछे ही पड़ गए. उन्होंने वानखेड़े पर कई
तरह के आरोप लगाए. हालाकि वानखेड़े ने उनके सभी आरोपों से इनकार किया.
बाद
में उनके पिता ने नवाब मलिक के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा दायर कर दिया. अदालत ने
भी समीर वानखेड़े के परिवार के ख़िलाफ़ नवाब मलिक के बोलने पर रोक लगा दी.
भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार तीसरे हफ़्ते गिरावट
इमेज स्रोत, JUNG YEON-JE/Getty Images
भारत के विदेशी मुद्रा में हो रही गिरावट लगातार तीसरे हफ़्ते भी जारी रही. पिछले हफ़्ते
की गिरावट के साथ देश का विदेशी मुद्रा भंडार अब 635.828 अरब डॉलर रह गया.
समाचार
एजेंसी पीटीआई ने भारतीय रिज़र्व बैंक के हवाले से यह जानकारी दी है. उसके अनुसार,
10 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 7.7 करोड़ डॉलर की कमी दर्ज़
की गई.
हालांकि
इसके एक सप्ताह पहले इसमें 1.783 अरब डॉलर की कमी हुई थी और यह घटकर 635.905 अरब डॉलर
रह गया था.
ताज़ा
गिरावट का मुख्य कारण विदेशी मुद्रा संपदा (FCA) में आई कमी रहा है. विदेशी मुद्रा
भंडार के कई घटकों में FCA भी सबसे प्रमुख घटक होता है.
आंकड़ों
के अनुसार, पिछले हफ़्ते FCA में क़रीब 32 करोड़ डॉलर की कमी हुई और यह घटकर
572.86 अरब डॉलर रह गया.
विदेशी
मुद्रा भंडार के एक अन्य घटक सोने के भंडार में पिछले हफ़्ते हालांकि 29.1 करोड़ डॉलर
की वृद्धि हुई, जो बढ़कर 38.709 अरब डॉलर हो गया.
COVER STORY: किस हाल में हैं पाकिस्तान में बसे बंगाली?
वीडियो कैप्शन, COVER STORY: किस हाल में हैं पाकिस्तान में बसे बंगाली?
बांग्लादेश आज़ादी का जश्न मना रहा है. ये आज़ादी पाकिस्तानी फ़ौज को हरा कर मिली थी जिसमें भारतीय फ़ौज ने मदद की थी.
बांग्लादेश के विजय दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी शरीक़ हुए. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने इस मौके पर भारत को याद किया और आज़ादी में भारत के सहयोग की तारीफ़ की.
साल 1971 में बांग्लादेश बना था. 9 महीने तक चली लड़ाई के बाद पाकिस्तानी सेना ने भारत के सामने आत्समर्पण किया था, लेकिन इसके बाद भी कई बंगाली पाकिस्तान में रह गए जिन्हें अबतक नागरिकता नहीं मिली है. कवर स्टोरी में बात कुछ ऐसे ही लोगों की.
कोवोवैक्स को डब्ल्यूएचओ ने दी मान्यता, भारत की सीरम इंस्टीट्यूट ने किया है तैयार
इमेज स्रोत, Reuters
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोविड-19 की नई वैक्सीन
कोवोवैक्स को मान्यता दे दी है. इसके साथ ही अब कोविड के लिए मान्यता प्राप्त वैक्सीन
की कुल संख्या नौ हो गई है.
वैक्सीन का नाम कोवोवैक्स टीएम है और इसे भारत की सीरम इंस्टीट्यूट
ऑफ़ इंडिया ने बनाया है. कोवोवैक्स को मान्यता देने से कम आय वाले देशों में अधिक
से अधिक लोगों की वैक्सीन की ज़रूरत पूरी हो सकेगी.
डब्ल्यूएचओ के उपमहानिदेशक डॉ. मारियांजेला सिमो ने कहा,
"इस लिस्टिंग का उद्देश्य ख़ास कर कम आय वाले देशों में वैक्सीन की
पहुंच को बढ़ाना है, जिनमें से 41 देशों ने अब तक 10 फ़ीसद
से भी कम लोगों को वैक्सीन लगाई है, जबकि 98 अन्य देशों में
वैक्सिनेशन की दर 40 फ़ीसद भी नहीं पहुंच पाई है."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त, 1
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने डब्ल्यूएचओ से मिली मान्यता पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए ट्वीट किया.
उन्होंने लिखा, "कोविड-19 के ख़िलाफ़ हमारी लड़ाई में एक और मील का पत्थर. कोवोवैक्स को आपातकालीन उपयोग की मंजूरी मिल गई है."
सीरम इंस्टीट्यूट ने कोवोवैक्स के उत्पादन और आपूर्ति के लिए अमेरिका की बायोटेक कंपनी से गठजोड़ किया है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त, 2
ब्रेकिंग न्यूज़, अमेज़न पर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने लगाया 202 करोड़ रुपये का जुर्माना
इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने एक अहम फ़ैसले में क़रीब दो साल पहले फ़्यूचर कूपन्स प्राइवेट लिमिटेड और अमेज़न के सौदे को दी गई अपनी मंज़ूरी निलंबित कर दी है.
प्रतिस्पर्धा आयोग ने इसके अलावा कई उल्लंघन करने के लिए अमेज़न पर 202 करोड़ रुपये का जुर्माना भी ठोका है.
मालूम हो कि अगस्त 2019 में दोनों कंपनियों के बीच हुए समझौते के तहत अमेज़न को फ़्यूचर कूपन्स प्राइवेट लिमिटेड में 49 फ़ीसदी हिस्सेदारी ख़रीदनी थी.
फ़्यूचर कूपन्स का कन्वर्टिबल वारंट के ज़रिए फ़्यूचर रिटेल में 7.3 फ़ीसदी हिस्सा है.
उसके बाद नवंबर 2019 में प्रतिस्पर्धा आयोग ने सौदे को मंज़ूरी दे दी. लेकिन उस समय प्रतिस्पर्धा आयोग ने यह भी उल्लेख किया था कि यदि किसी भी समय अधिग्रहण करने वाले की जानकारी ग़लत पाई गई तो मंज़ूरी का यह आदेश रद्द हो जाएगा.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
गुरुग्राम में खुले में नमाज़ का मुद्दा मुसलमानों के लिए कितनी बड़ी मुश्किल?
वीडियो कैप्शन, गुरुग्राम में खुले में नमाज़ का मुद्दा मुसलमानों के लिए कितनी बड़ी मुश्किल?
राजधानी दिल्ली के पास हरियाणा के गुरुग्राम में पिछले तीन महीनों से हर शुक्रवार को हिंदूवादी समूहों से जुड़े लोगों का एक समूह बिना नागा सार्वजनिक स्थानों पर पढ़ी जाने वाली मुसलमानों की नमाज़ में दख़ल देने के लिए जुटता है.
फ़ैक्ट्रियों और आवासीय इलाक़ों के पास खाली पड़े प्लॉटों और कार पार्कों में आसपास की फ़ैक्ट्रियों, दुकानों और कंपनियों में काम करने वाले मुसलमान कई साल से जुमे की नमाज़ अदा करते आ रहे हैं.
हिंदूवादी समूह अब ज़ोर-शोर से ये मांग उठा रहे हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर नमाज़ बंद होनी चाहिए.
उत्तर प्रदेश चुनाव: बीजेपी के लिए निषाद समाज का साथ क्यों ज़रूरी है?
इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 'निषाद पार्टी' के साथ एक संयुक्त रैली का आयोजन किया.
लखनऊ के रमाबाई मैदान में हुई इस रैली की ख़ास बात ये थी कि इसमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के बड़े नेता शामिल हुए.
इस महारैली की होर्डिंग में एक ओर बीजेपी के तमाम नेता दिख रहे थे, तो वहीं दूसरे सिरे पर डॉ संजय निषाद की तस्वीर थी.
अमित शाह ने इस रैली में आश्वासन दिया है कि अगर बीजेपी की सरकार दोबारा बनती तो निषाद समुदाय के एजेंडे को पूरा किया जाएगा.
लेकिन दिलचस्प बात ये है कि इस रैली में निषाद समुदाय अपेक्षा कर रहा था कि अमित शाह निषाद समुदाय की अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने की मांग को स्वीकार करेंगे. ऐसा नहीं हुआ. और इसकी नाराज़गी दूर-दूर से उम्मीद लगाकर आए लोगों के बयानों में दिखाई दी.
आज का कार्टून: क्या करें...
कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस नेता के विवादित बयान पर आज का कार्टून.
सपा सांसद शफ़ीक़ुर रहमान ने कहा, लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाना ग़लत
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
केंद्रीय
मंत्रिमंडल के महिलाओं की शादी की उम्र को 18 से बढ़ाकर 21 साल करने के फ़ैसले से समाजवादी
पार्टी के सांसद शफ़ीक़ुर रहमान बर्क़ असहमत हैं.
इसलिए उन्होंने शुक्रवार को एलान
किया कि वो इस विधेयक का समर्थन नहीं करेंगे.
हालांकि
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सांसद का बचाव किया है.
उन्होंने उनके
बारे में कहा है कि वो बुज़ुर्ग हैं और पत्रकार सवाल पूछकर उन्हें कुरेद देते हैं.
अखिलेश ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा महिलाओं के हित की बात की है.
इससे
पहले शफ़ीक़ुर रहमान बर्क़ ने कहा था, ''भारत एक ग़रीब देश है. यहां हर कोई कम उम्र
में अपनी बेटी की शादी करना चाहता है. मैं संसद में इस विधेयक का समर्थन नहीं करूंगा.''
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सांसद का बचाव किया है.
और क्या कहा सपा सांसद ने?
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार उन्होंने कहा, ''इस देश के ग़रीब लोगों की अकेली ख़्वाहिश होती है कि उनकी बेटी की शादी जल्द से जल्द हो जाए ताकि वो अपने घर जा सके. बेटी की शादी यदि 18 तक हो जाती है तो इससे मां बाप भी उसकी परवरिश करने और पढ़ाने के दायित्व से मुक्त हो जाते हैं.''
शफ़ीक़ुर रहमान बर्क़ ने इस फ़ैसले की मंशा पर सवाल उठाते हुए उस तर्क को ख़ारिज कर दिया कि इस क़ानून से महिलाएं आज़ाद हो जाएंगी. उल्टा उन्होंने मीडिया से सवाल किया, "आप उन्हें आज़ाद क्यों बनाना चाहते हैं? ऐसा नहीं होना चाहिए."
उन्होंने दावा किया, ''महिलाओं के लिए देश का माहौल ख़राब है. हमें अपनी बेटियों की देखभाल करनी होगी ताकि उनके साथ कुछ ग़लत न हो. ऐसे में उनके विवाह के लिए 18 साल की उम्र ही काफ़ी है.''
उत्तर प्रदेश के संभल से लोकसभा सांसद बर्क़ ने कहा, ''शादी के बाद महिलाओं पर पाबंदी होगी, लेकिन वे ससुराल में रहकर अपनी पढ़ाई कर सकती हैं. महिलाएं शादी के बाद भी पढ़ने का फ़ैसला कर सकती हैं. उनके ससुराल वाले इस पर आपत्ति नहीं करेंगे. शादी के बाद महिलाएं अपने बच्चे भी पढ़ा सकती हैं.''
इमेज स्रोत, ANI
क्या है मामला?
इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को महिलाओं की शादी की क़ानूनी उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने के प्रस्ताव को अपनी मंज़ूरी दे दी. इसके बाद अब इससे संबंधित विधेयक संसद में पेश किया जाएगा.
जया जेटली की अध्यक्षता वाली नीति आयोग की एक टास्क फ़ोर्स ने पिछले साल के दिसंबर में सरकार को सुझाव दिया था कि लड़कियों की शादी की उम्र लड़कों की ही तरह 21 साल कर देनी चाहिए.
उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर लालक़िले से ऐसा करने का एलान किया था.
बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 17 दिसंबर 2021, सुनिए मोहनलाल शर्मा से
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
बीजेपी का आरोप, केरल के वामपंथी नेताओं ने जनरल रावत का किया अपमान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर
भारतीय जनता पार्टी ने केरल के
"वामपंथी" नेताओं और राज्य सरकार से जुड़े लोगों पर दिवंगत चीफ़ ऑफ डिफ़ेंस
स्टाफ़ जनरल बिपिन रावत जैसे "देश के हीरो के अपमान" का आरोप लगाया है.
मालूम हो कि जनरल बिपिन रावत बीते आठ
दिसंबर को अपनी पत्नी और 12 सहयोगियों के साथ केरल की सीमा के पास तमिलनाडु में हुए
एक हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए.
केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर और
वी मुरलीधरन के साथ बीजेपी के प्रवक्ता अनिल बलूनी और कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़
ने राजधानी नई दिल्ली में शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह आरोप लगाया
है.
राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "केरल
में वामपंथी राजनीतिक गुर्गों ने इस महीने हुए दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में दिवंगत
हुए जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 12 अन्य बहादुर सैनिकों की मौत का उपहास उड़ाया
है. यह पूरी तरह से आपत्ति लायक और घृणा करने वाली बात है कि किसी राज्य की सत्तारूढ़
पार्टी ने हमारे जांबाजो का अपमान किया है."
वहीं बीजेपी के दूसरे नेता केंद्रीय
मंत्री वी मुरलीधरन ने भी आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मारे गए जनरल
रावत और दूसरे सैनिकों को वाम मोर्चे की सरकार की "सक्रिय मिलीभगत" से
"बदनाम" किया जा रहा है.
बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी
ने कहा कि जनरल रावत जैसे नायकों के अपमान के लिए लोगों को अनुचित बातों का इस्तेमाल
करते हुए देखना काफ़ी दुख देने वाला है.
पार्टी के एक और प्रवक्ता और सेना से
रिटायर्ड कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल सत्ता के
लालच में इतना नीचे गिर गए हैं कि वे सेना को भी नहीं बख़्श रहे हैं.
शी-पुतिन मुलाक़ात: रूस-चीन नज़दीकियों के भारत और पश्चिम के लिए क्या हैं मायने?
इमेज स्रोत, Getty Images
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के नेता शी जिनपिंग के बीच वीडियो कॉल के ज़रिए बातचीत हुई है. ये बातचीत दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग का एक और उदाहरण है.
बैठक के बाद रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने एक बयान में कहा है कि रूस-चीन संबंध अप्रत्याशित रूप से सकारात्मक हो गए हैं. बयान में कहा है कि दोनों नेता एशिया-पैसेफ़िक में यथास्थिति को बदलने की अमेरिकी कोशिशों पर चिंता व्यक्त करते हैं.
हाल के दिनों में अमेरिका और पश्चिमी देश, चीन को ताइवान और रूस को यूक्रेन के मुद्दे पर घेरते रहे हैं. इस पृष्ठभूमि में रूस-चीन की बातचीत काफ़ी महत्व रखती है.
बातचीत के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पश्चिमी देशों के बीजिंग विंटर ओलंपिक खेलों के राजनयिक बहिष्कार को ग़लत बताते हुए कहा कि वे ओलंपिक के दौरान स्वयं चीन जाएँगे.
दिल्ली में बदलते रहे हैं सड़कों के नाम, क्या इस बार अकबर रोड का नाम भी बदलेगा?
इमेज स्रोत, Getty Images
राजधानी के दिल लुटियंस दिल्ली के अति विशिष्ट अकबर रोड पर रोज़ की तरह ट्रैफ़िक चल रहा है. इधर सड़क के दोनों तरफ़ बने बंगलों में रहने वालों और आने जाने वालों के गवाह हैं यहाँ पर लगे नीम, इमली और पीपल के बुज़ुर्ग पेड़.
इन्होंने अकबर रोड को तब से देखा है, जब 1931 में नई दिल्ली के उद्घाटन के साथ यह आबाद हो गया था. अब उसी अकबर रोड का नाम बदलने की मांग हो रही है.
मांग करने वाले कह रहे हैं कि अकबर रोड का नाम हाल ही में हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हुए भारत के चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के नाम पर रख दिया जाए.
मुग़ल सम्राट अकबर के नाम पर रखे अकबर रोड के नाम को बदलने की मांग लगातार होती रही है. इस सड़क का नाम बदलने की चाहत रखने वाले यहाँ पर लगे साइन बोर्ड पर काला रंग भी पोत चुके हैं.
फ्रांस ने कहा, भारत को यदि ज़रूरत पड़ी तो दे सकते हैं और रफ़ाल लड़ाकू विमान
इमेज स्रोत, INDIAN AIR FORCE/TWITTER
फ्रांस की रक्षा मंत्री फ़्लोरेंस पार्ली
ने कहा है कि भारत को यदि ज़रूरत पड़ी तो फ्रांस उसे और रफ़ाल विमान दे सकता है. उन्होंने
ये भी कहा कि दो रणनीतिक साझेदारों द्वारा एक ही लड़ाकू विमान का उपयोग करना बड़ी बात
है.
फ्रांस की रक्षा मंत्री फ़्लोरेंस पार्ली
का ये बयान भारत-फ्रांस सहयोग के मसले पर शुक्रवार को अनंता सेंटर द्वारा आयोजित एक
कार्यक्रम के दौरान आया. वो इन दिनों भारत के दौरे पर हैं. शुक्रवार को उन्होंने भारतीय
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाक़ात की.
फ़्लोरेंस पैरी ने ये भी कहा कि फ्रांस
'मेक इन इंडिया' मुहिम की मदद करने और भारतीय निर्माताओं को अपनी वैश्विक सप्लाई चेन
में अच्छे से शामिल करने को तैयार है.
उन्होंने कहा, "मैं बहुत ख़ुश हूं
कि भारतीय वायुसेना रफ़ाल विमानों से बहुत संतुष्ट है. हमें गर्व है कि कोरोना के
बाद भी हम तय कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार 36 विमानों को समय पर डिलीवर कर देंगे. यह एक बड़ी
उपलब्धि है. दोनों का एक ही विमान इस्तेमाल करना भी बहुत बड़ी ताक़त है. हम भारत के
और विमान देने के अनुरोध को पूरा करने को तैयार हैं.''
इससे पहले, फ्रांस के दूतावास ने गुरुवार
को बताया था कि कोरोना के बाद भी फ्रांस ने भारत को 33 रफ़ाल जेट तय कार्यक्रम के
अनुसार पहले ही दे चुका है.
वहीं भारत की योजना अपनी नौसेना में
दूसरे विमानवाहक पोत को शामिल करने की है. फ़्लोरेंस पैरी ने भारत की इस योजना
का जिक्र अपने बयानों में करते हुए साफ़ संकेत दिया है कि फ्रांस इसके लिए और रफ़ाल देने को तैयार है.
मालूम हो कि भारत का पहला स्वदेशी विमानवाहक
पोत विक्रांत अगले साल अगस्त तक भारतीय नौसेना में शामिल हो सकता है. देश का अब तक का अकेला विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य रूस में बना है.
मालूम हो कि भारत ने क़रीब 59 हज़ार
करोड़ रुपये में 36 रफ़ाल लड़ाकू विमान खरीदने का समझौता फ्रांस के साथ सितंबर
2016 में किया था. दासो एविएशन द्वारा बनाए गए पांच रफ़ाल जेट विमानों की पहली खेप
पिछले साल 29 जुलाई को भारत आई थी.
बेटे की शादी में मरियम नवाज़ की ड्रेस जिसकी पाकिस्तान में है ख़ूब चर्चा
इमेज स्रोत, Mariyam Nawaz
इमेज कैप्शन, मरियम नवाज़ अपने बेटे की शादी में कुछ यूं नज़र आईं
पाकिस्तान की सियासी पार्टी पीएमएल-एन की उपाध्यक्ष मरियम नवाज़ के बेटे जुनैद सफ़दर की शादी पिछले एक हफ्ते से चर्चा में है. सोशल मीडिया पर रह-रह कर इस शादी की तस्वीरें शेयर की जा रही हैं.
शादी की सजावट, संगीत, दूल्हा-दुल्हन और शादी में देश की अहम हस्तियों का आना समय-समय पर ख़बरों में रहा है. लेकिन एक बात पर चर्चा सबसे ज़्यादा हो रही है कि दूल्हे की मां मरियम कैसी दिख रही थीं और उनकी पोशाक किसने तैयार की है.
स्थानीय मीडिया हो या फिर सोशल मीडिया, नवविवाहित जोड़े के अलावा शादी के हर फ़ंक्शन में मरियम नवाज़ के अंदाज़, लिबास, मेकअप, जेवरात और व्यक्तित्व पर टिप्पणियों का सिलसिला जारी है.
मरियम नवाज़ शादी की हर फ़ोटो में नए अंदाज़ और ड्रेस में नज़र आ रही हैं जिसे उनके फ़ैंस ख़ूब पसंद कर रहे हैं.
पाकिस्तान: पेशावर हमले के सात साल
वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान: पेशावर हमले को सात साल
सात साल पहले 16 दिसंबर को पाकिस्तान के पेशावर आर्मी स्कूल में हुए चरमपंथी हमले में 134 बच्चों की जान चली गई थी.
हमले को तहरीके तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी के हमलावरों ने अंजाम दिया था. इसे पाकिस्तान में हुए सबसे बड़े चरमपंथी हमलों में से एक माना जाता है.
लेकिन अब पाकिस्तान सरकार उसी घटना के ज़िम्मेदार संगठन टीटीपी से सुलह के लिए बातचीत कर रही है.
इसे लेकर कई लोगों में और ख़ासतौर से पीड़ित परिवारों में ज़बर्दस्त नाराज़गी है. देखिए पेशावर से बीबीसी संवाददाता शुमाइला जाफ़री की रिपोर्ट.
कर्नाटक विधानसभा में रेप वाले विवादित बयान पर छह मिनट का माफ़ीनामा
इमेज स्रोत, ANI
कर्नाटक विधानसभा में रेप पर दिए बयान (मजाक) पर माफ़ी मांगने में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को गुरुवार को केवल छह मिनट लगे क्योंकि वर्तमान अध्यक्ष ने विरोध कर रही महिला सदस्यों को इस मुद्दे पर एक भी शब्द बोलने की अनुमति नहीं दी.
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार को सोशल मीडिया पर यूजर्स का और सदन में कांग्रेस और बीजेपी की महिला सदस्यों का गुस्सा तब झेलना पड़ा जब उन्होंने बुधवार को विधानसभा में कहा कि, "एक बात कही जाती है... जब बलात्कार होना एकदम तय हो तो लेट जाओ और इसका मज़ा लो. यह ठीक वही स्थिति है जिसमें आप अभी हैं."
बुधवार को रमेश कुमार का 'रेप' वाला बयान तब आया जब विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने हाल ही में आई बाढ़ के कारण फ़सलों को हो रहे नुकसान की समस्या पर सदस्यों की प्रतिक्रिया के बाद अपनी पीड़ी ज़ाहिर की थी.
बीजेपी ने पंजाब चुनावों के लिए अमरिंदर सिंह से गठबंधन का एलान किया
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन का एलान कर दिया है.
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को पंजाब के लिए बीजेपी के प्रभारी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत से उनके आवास पर नई दिल्ली में मुलाकात की थी.
इस मुलाकात के बाद दोनों ही पार्टियों के बीच गठबंधन की औपचारिक रूप से घोषणा कर दी गई.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गजेंद्र शेखावत ने मीडिया को बताया, "आज मैं ये स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि बीजेपी और कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब विधानसभा का चुनाव मिलकर लड़ेंगे और हम साथ काम कर रहे हैं."
कैप्टन अमरिंदर सिंह इस एलान के वक्त गजेंद्र शेखावत के साथ खड़े थे.
गजेंद्र शेखावत ने ये भी बताया कि सीटों के बंटवारे की घोषणा उचित वक्त पर कर दी जाएगी.
उन्होंने कहा, "गठबंधन की चुनावों में जीत 101 फीसदी सुनिश्चित है. और सीटों का बंटवारा जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा."
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस का गठन राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे और कांग्रेस छोड़ने के बाद किया था.
इससे पहले बीजेपी का शिरोमणि अकाली दल के साथ भी कृषि क़ानूनों को लेकर गठबंधन टूट गया था.
गजेंद्र शेखावत और अमरिंदर सिंह की मुलाकात इसी महीने चंडीगढ़ में भी हुई थी. पंजाब विधानसभा के चुनाव अगले साल की शुरुआत में हो सकते हैं.
चीन: बीजिंग में चलेंगी बिना ड्राइवर वाली टैक्सी
वीडियो कैप्शन, चीन: बीजिंग में चलेंगी बिना ड्राइवर वाली टैक्सी
चीन की राजधानी बीजिंग में पहली बार व्यावसायिक तौर पर ऑटोमैटिक टैक्सी का इस्तेमाल किया जा रहा है.
ये टैक्सी खुद से चलेंगी और इन्हें रोबोटैक्सीज़ नाम दिया गया है. फिलहाल, यिझुआंग इलाके में 60 स्क्वायर किलोमीटर के दायरे में स्वचलित टैक्सियां चलती हैं.
इन टैक्सियों के लिए एरिया का विस्तार धीरे-धीरे अलग-अलग चरण में किया जाएगा.